Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

फेल छात्रों को दूसरा मौका, 22 जुलाई से परीक्षा

फेल छात्रों को दूसरा मौका, 22 जुलाई से परीक्षा

फेल छात्रों को दूसरा मौका, 22 जुलाई से परीक्षा

आयुषी

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा के माध्यम से न केवल छात्र-छात्राएं अपने अंकों में सुधार कर सकेंगे, बल्कि हाईस्कूल में दो विषयों और इंटरमीडिएट में एक विषय में फेल विद्यार्थियों को भी पास होने का एक और मौका मिलेगा। परीक्षा 22 जुलाई से शुरू होकर 29 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम और परीक्षा वर्ष 2025 तृतीय की अंक सुधार परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है।

उन्होंने कहा कि अंक सुधार परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो अपने प्राप्तांकों में सुधार करना चाहते हैं या निर्धारित विषयों में असफल होने के कारण परीक्षा दोबारा देना चाहते हैं।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई को पहले दिन हाईस्कूल की हिंदी तथा इंटरमीडिएट की हिंदी, कृषि, अंग्रेजी और संस्कृत विषय की परीक्षा होगी। 23 जुलाई को हाईस्कूल की उर्दू और अंग्रेजी तथा इंटरमीडिएट की इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, ड्राइंग एंड पेंटिंग, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र और सैन्य विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।24 जुलाई को हाईस्कूल की संस्कृत तथा इंटरमीडिएट की गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, लेखाशास्त्र, व्यावसायिक अध्ययन और कंप्यूटर साइंस की परीक्षा होगी। इसके बाद 27 जुलाई को हाईस्कूल की गणित और गृह विज्ञान, 28 जुलाई को विज्ञान तथा 29 जुलाई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

वहीं, 29 जुलाई को इंटरमीडिएट की कृषि वनस्पति विज्ञान (द्वितीय प्रश्न पत्र) सहित अन्य निर्धारित विषयों की परीक्षाएं भी संपन्न होंगी।बोर्ड सचिव ने बताया कि हाईस्कूल में दो विषयों तक फेल छात्र-छात्राएं तथा इंटरमीडिएट में एक विषय में फेल विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होकर पास होने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा ऐसे छात्र-छात्राएं, जिन्हें लगता है कि उनके अंक अपेक्षा से कम आए हैं, वे भी अंक सुधार के लिए इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंक सुधार परीक्षा में हाईस्कूल के लगभग 13 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 11 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए पूरे प्रदेश में 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp