छत्तीसगढ/कबीरधाम- कवर्धा जिले के मठपारा इलाके में एक 18 वर्षीय युवक को किशोरों को नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली सॉल्यूशन ट्यूब बेचते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आशु सिन्हा, जो स्थानीय ऑटो पार्ट्स दुकानदार का बेटा है, अपने ही पिता की दुकान से चोरी करके ये पदार्थ निकालता था और 3 से 4 गुना कीमत पर बच्चों और किशोरों को बेचता था।
डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने बताया कि आरोपी अपने नाबालिग दोस्तों के साथ रामनगर के जेवडन रोड स्थित एक किराए के मकान में बैठकर सॉल्यूशन ट्यूब की अवैध बिक्री करता था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया गया। सौदे की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आशु को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर कुल 62 नग सॉल्यूशन ट्यूब जब्त की गईं। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। खासकर किशोरों को नशे के जाल में फंसाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी सख्ती बरती जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी को भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखा जा सके।