Tuesday, November 17, 2026
5:33 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

चतरा में नाबालिग बच्ची की हत्या का खुलासा, तंत्र-मंत्र के नाम पर वारदात का आरोप, मौसी समेत तीन गिरफ्तार

चतरा में नाबालिग बच्ची की हत्या का खुलासा, तंत्र-मंत्र के नाम पर वारदात का आरोप, मौसी समेत तीन गिरफ्तार

चतरा में नाबालिग बच्ची की हत्या का खुलासा, तंत्र-मंत्र के नाम पर वारदात का आरोप, मौसी समेत तीन गिरफ्तार

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में हुई इस वारदात के पीछे कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने की मंशा सामने आई है। पुलिस ने मामले में बच्ची की मौसी सोहरी देवी, उसके भैसुर बिंदु भारती और भैसुर के बेटे जुगेश भारती को गिरफ्तार किया है। वहीं, बिहार निवासी एक मौलाना को मुख्य आरोपित बताया गया है, जो फिलहाल फरार है।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को बच्ची की मां सिताबिया देवी ने प्रतापपुर थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 103/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई। पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए 13 नवंबर को बच्ची का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर झाड़ियों और धान के खेत के पास से बरामद किया। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ की गई, जिसमें हत्या की साजिश से जुड़े कई तथ्य सामने आए।

पुलिस जांच के अनुसार, बच्ची की मौसी सोहरी देवी कथित तौर पर घर में झाड़-फूंक और ओझा-गुनी का काम करती थी। आरोप है कि उसने सिद्धि प्राप्त करने की मंशा से अपने रिश्तेदार बिंदु भारती और उसके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी।

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे दीपावली की अमावस्या की रात को विशेष रूप से चुने जाने की बात भी जांच में सामने आई है। इसके अलावा बच्ची के माता-पिता और आरोपित परिवार के बीच पहले से आपसी विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्याकांड से जोड़कर जांच कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आरोपितों के घर से कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। इनमें लाल रंग की टूटी चूड़ियां, बाली, खून लगा प्लास्टिक, घास और कथित टोटके में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल है। इसके अलावा सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप, हल्दी, खून लगी हंसिया, करणी और लोहे की छेनी भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में बिहार निवासी एक मौलाना की भूमिका भी सामने आई है, जिसे मुख्य आरोपित बताया जा रहा है। हालांकि, वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp