Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

देहरादून में बढ़ती गुंडागर्दी: एक खूबसूरत शहर की चिंता

देहरादून में बढ़ती गुंडागर्दी: एक खूबसूरत शहर की चिंता

देहरादून में बढ़ती गुंडागर्दी: एक खूबसूरत शहर की चिंता

समीक्षा सिंह 

देहरादून, जिसे हम सभी अपने सुकून और शांति के शहर के रूप में जानते हैं, अब एक गंभीर समस्या का सामना कर रहा है। गर्मियों के मौसम में जैसे-जैसे टूरिज़्म बढ़ता है, वैसे-वैसे इस खूबसूरत शहर में गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। तेज़ म्यूजिक, शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाले, सड़क पर बदसलूसी और स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार अब आम बात हो गई है।
स्थानीय लोग पहले से ही ट्रैफिक की परेशानी से जूझ रहे हैं, लेकिन अब वे खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। कई ऐसे मामले सामने आए हैं जो इस चिंता को और बढ़ाते हैं। हाल ही में 30 मई को राजपुर रोड पर कुछ युवकों ने एक मर्चेंट नेवी ऑफिसर और उनके परिवार को गाड़ी रोककर गालियां दीं और धमकाया। उसी दिन एक Fortuner गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने एक परिवार को रास्ता रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ये घटनाएं केवल कुछ उदाहरण हैं, जो शहर की वर्तमान स्थिति का आईना हैं।
यह स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि गाड़ी चलाते हुए भी लोग डर महसूस करते हैं। तेज़ म्यूजिक, बिना कारण हॉर्न बजाना, रफ़ ड्राइविंग और साइड न देना अब रोज़मर्रा की बातें हो गई हैं। खासकर बाहर से आने वाले लोग, जिनकी गाड़ियाँ हरियाणा, यूपी या दिल्ली नंबर की होती हैं, वे खुलकर बदतमीज़ी करते दिखते हैं। यह सब देखकर लगता है कि वो शहर जहां कभी शांति का वास था, अब डर और असुरक्षा की गली बन गया है।
सोशल मीडिया पर भी इस समस्या की झलक देखने को मिलती है। एक युवक ने अपनी आपबीती साझा की कि कैसे वह और उसकी गर्लफ्रेंड मालदेवता से लौट रहे थे और HIT कॉलेज के पास कुछ लड़कों ने शराब पीकर गलत इशारे किए और गंदी बातें कहीं। इस तरह की घटनाएं सिर्फ पोस्ट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह देहरादून की सड़कों पर रोजाना हो रही वास्तविकता हैं।
सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए ‘ऑपरेशन लगाम’ नाम से एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस की संख्या बढ़ाई गई है, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है, और कानून तोड़ने वालों को सजा दी जा रही है। यह एक सकारात्मक कदम जरूर है, लेकिन यह पूरी समस्या का समाधान नहीं है।
अब वक्त है और कड़े कदम उठाने का। पुलिस बल को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि हर कोने पर निगरानी हो सके। ड्रोन कैमरों के जरिए सड़क पर नजर रखी जानी चाहिए ताकि किसी भी गलत हरकत को तुरंत रोका जा सके। बदतमीज़ी करने वालों को भारी जुर्माना और जेल की सजा मिलनी चाहिए ताकि किसी को भी कानून तोड़ने से पहले दस बार सोचने पर मजबूर होना पड़े।
देहरादून सिर्फ एक शहर नहीं, हमारी पहचान है। अगर हम सब मिलकर आवाज़ नहीं उठाएंगे, तो यह गुंडागर्दी और असुरक्षा का माहौल और बढ़ता ही जाएगा। इसलिए, इस बदलाव के लिए आपकी आवाज़ भी जरूरी है। आइए, हम सब मिलकर अपने शहर को फिर से सुरक्षित और सम्मानजनक बनाएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp