नई दिल्ली – द्वारका जिले में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला तस्कर और उसके सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जो मजदूरों, फेरीवालों और ई-रिक्शा चालकों को नशा उपलब्ध करा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूजा और नदीम के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि नदीम पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामलों में शामिल रहा है और दिसंबर 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से नशे का कारोबार शुरू कर दिया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नदीम 11 अप्रैल को हस्तसाल विहार इलाके में पूजा को हेरोइन की खेप देने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हेरोइन के साथ करीब 53 हजार रुपये नकद भी बरामद किए। दोनों आरोपी उत्तम नगर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और ड्रग्स सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।