Wednesday, November 18, 2026
4:51 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश समेत दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश समेत दो गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। शहर में लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच बीटा-2 कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। इनमें एक बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, ढकिया बाबा गोलचक्कर के पास देर रात नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू पुत्र सुरेंद्र निवासी बडेसरा, अलीगढ़ (वर्तमान पता हल्दौनी मोड़, कुलेसरा) और मोनू पुत्र तुलसी निवासी घटकना, हमीरपुर (वर्तमान पता भंगेल) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद हुए। जांच में पता चला कि बरामद बाइक नोएडा के सदरपुर इलाके से चोरी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, दीपू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसका साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू 7 जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार हुआ था, जबकि दीपू उस समय फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

वहीं, दूसरा आरोपी मोनू भी पहले आपराधिक मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों के खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp