देहरादून – जौलीग्रांट क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना पाल मोहल्ला की है, जहां किराए पर रह रहे दंपति के बीच शुक्रवार शाम कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने महिला के पेट पर कई वार किए।
घटना के बाद घायल प्रतिभा को तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है और जौलीग्रांट में मजदूरी करता था। मृतका के भाई विवेक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।