Wednesday, October 21, 2026
12:50 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऑनलाइन प्राप्त खतौनी को विभाग अस्वीकार न करें – जिलाधिकारी

Category Archives: उत्तराखंड

ऑनलाइन प्राप्त खतौनी को विभाग अस्वीकार न करें – जिलाधिकारी

नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए जनपद के समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि उत्तराखण्ड सरकार के अधिकृत ई-भूलेख पोर्टल (ebhulekh.uk.gov.in) से आम जनमानस द्वारा स्वयं डाउनलोड की गई कम्प्यूटरीकृत खतौनी को स्वीकार किया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में भू-अभिलेखों के कम्प्यूटरीकरण की व्यवस्था लागू है तथा सभी तहसीलों से कम्प्यूटरीकृत खतौनी की नकलें जारी की जा रही हैं। आम नागरिक निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा कर पोर्टल से खतौनी प्राप्त / डाउनलोड कर सकता है।

उन्होंने कहा कि संज्ञान में आया है कि कतिपय विभागीय कार्यालयों द्वारा ई-भूलेख पोर्टल से आम जनमानस द्वारा स्वयं प्राप्त खतौनी को स्वीकार न करते हुए संबंधित व्यक्ति को पुनः तहसील कार्यालय से खतौनी की प्रति प्राप्त कर प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया जा रहा है, जिससे अनावश्यक रूप से आम जनमानस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, यदि ऑनलाइन प्राप्त खतौनी का विवरण पोर्टल पर उपलब्ध अभिलेख से मिलान योग्य है, तो केवल इस आधार पर उसे अस्वीकार न किया जाए कि वह व्यक्ति द्वारा स्वयं ऑनलाइन डाउनलोड की गई है।

किसी विभाग द्वारा भूमि संबंधी खतौनी प्रस्तुत किये जाने की आवश्यकता होने पर संबंधित व्यक्ति को अनावश्यक रूप से वही खतौनी पुनः तहसील कार्यालय से प्राप्त करने हेतु बाध्य न किया जाए, जब तक कि संबंधित सेवा / प्रकरण में किसी विशिष्ट अधिनियम, नियम, शासनादेश अथवा सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अंतर्गत प्रमाणित प्रति / मूल अभिलेख की आवश्यकता स्पष्ट रूप से निर्धारित न हो।

उन्होंने कहा है कि यदि ऑनलाइन प्राप्त खतौनी में अभिलेखीय विसंगति, नाम / खाता संख्या / खसरा संख्या संबंधी संदेह अथवा कोई तथ्यात्मक अंतर पाया जाता है, तो संबंधित विभाग द्वारा व्यक्ति को अनावश्यक रूप से तहसील भेजने के स्थान पर उक्त खसरा खतौनी का वेरिफिकेशन ebhulekh.uk.gov.इन पर किया जाए अथवा अंतरविभागीय समन्वय की कार्यवाही की जाए।


विकासनगर में चोरी की बाइक 24 घंटे में बरामद, आरोपी गिरफ्तार

हरबर्टपुर में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया बाइक चोर

विकासनगर। जुडली आदूवाला क्षेत्र में घर के बाहर से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस बाइक को विकासनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने बाइक चोरी की थी। वह बाइक के पार्ट्स निकालकर बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को जुडली, आदूवाला निवासी सुनील कुमार ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि 22 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या UK-16-E-8820 चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

पुलिस की जांच और सुरागरसी के आधार पर 24 अगस्त की सुबह हरबर्टपुर-विकासनगर स्थित अतिथि फार्म हाउस के सामने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मौ. मुकीम उर्फ मक्की को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने बाइक चोरी की थी। वह बाइक के पार्ट्स निकालकर उन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय मौ. मुकीम उर्फ मक्की पुत्र अलाउद्दीन, निवासी बड़ा रामपुर, शंकरपुर, कोतवाली सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद कर ली है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी हरबर्टपुर मयंक त्यागी, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल और पीआरडी ऋतिक शामिल रहे।


हरिद्वार पुलिस की महिला खिलाड़ियों का जलवा, कुश्ती-आर्म रेस्लिंग में जीते 9 पदक

महिला कांस्टेबल पूजा भट्ट ने अपने भार वर्ग की सभी प्रतिस्पर्धाओं में हासिल किया प्रथम स्थान

हरिद्वार। उधम सिंह नगर में 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित 24वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस कुश्ती क्लस्टर (बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती) प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम की महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के सदस्य और कोचिंग स्टाफ ट्रॉफी के साथ पुलिस कार्यालय हरिद्वार पहुंचे। यहां एसएसपी नवनीत सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए तैयारियां अभी से शुरू कर दी जाएं।

एसएसपी ने मौके पर मौजूद प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन को टीम के खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयारी कर सकें।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

महिला कुश्ती

कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
कांस्टेबल कविता बुटोला ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कांस्टेबल भारती रावत ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

आर्म रेस्लिंग

कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
कांस्टेबल भारती रावत ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कांस्टेबल कविता बुटोला ने 70+ किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया।
कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76+ किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

बॉडी बिल्डिंग

कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।

हरिद्वार पुलिस की खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को विभाग में उत्साह और गौरव का विषय माना जा रहा है। अब खिलाड़ियों की नजर आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं पर है।


कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पूरा होगा PNG नेटवर्क, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रदेश में चल रहे पीएनजी पाइपलाइन और कनेक्शन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गैस कंपनियों, संबंधित एजेंसियों और जिलाधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने और निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।

कुंभ से पहले हरिद्वार में पूरा होगा पीएनजी का काम

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले पीएनजी से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।

उन्होंने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि भविष्य में होने वाले सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में पहले से ही पीएनजी पाइपलाइन के लिए प्रावधान किया जा सके। इससे बार-बार सड़क खोदने की जरूरत कम होगी और सरकारी संसाधनों के साथ समय की भी बचत होगी।

पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बनेगी स्पष्ट नीति

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए भूमि आवंटन, किराये और लीज से संबंधित स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीति बनने से विभिन्न जिलों में पीएनजी प्लांट और अन्य जरूरी ढांचे के लिए जमीन उपलब्ध कराने में आने वाली दिक्कतों को दूर किया जा सकेगा।

प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग से जुड़े प्रावधानों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क या अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की खुदाई के बाद उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द पूर्व स्थिति में लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

हर सप्ताह के लिए तय होगा लक्ष्य

मुख्य सचिव ने कहा कि पीएनजी से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रत्येक एजेंसी को विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार करना होगा। परियोजनाओं के अंतिम लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हर सप्ताह के लिए अलग-अलग टारगेट निर्धारित किए जाएं और साप्ताहिक प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समय में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

गोवर्धन योजना की सब्सिडी का लाभ लेने पर जोर

बैठक में भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों और गैस एजेंसियों से केंद्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बीएल राणा, अपर आयुक्त पीएस पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


मानसून की चुनौती के बीच चारधाम यात्रा जारी, 48 लाख पार हुआ श्रद्धालुओं का आंकड़ा

 देहरादून – मौसम की खराब परिस्थितियों और मानसून की चुनौतियों के बावजूद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। इस वर्ष यात्रा में अब तक 48 लाख से अधिक तीर्थयात्री बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं।

मानसून के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा करना जोखिमपूर्ण माना जाता है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की स्थिति बन रही है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं से मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही धामों की यात्रा करने की अपील कर रही है। मौसम विभाग की ओर से भी समय-समय पर बारिश को लेकर अलर्ट जारी किए जा रहे हैं।

इसके बावजूद प्रतिदिन करीब पांच से छह हजार श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

19 अप्रैल से 22 अगस्त तक चारधाम और हेमकुंड साहिब में 48.11 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक बदरीनाथ धाम में 16.57 लाख, केदारनाथ में 14.66 लाख, गंगोत्री में 7.48 लाख, यमुनोत्री में 6.69 लाख और हेमकुंड साहिब में 2.71 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए सरकार ने पंजीकरण अनिवार्य किया है। पर्यटन विभाग ने इस वर्ष 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया था, जबकि 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। 22 अगस्त तक यात्रा के लिए 61.71 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

इनमें केदारनाथ धाम के लिए करीब 20 लाख, बदरीनाथ धाम के लिए 18.43 लाख, गंगोत्री के लिए 10.62 लाख, यमुनोत्री के लिए 10.11 लाख और हेमकुंड साहिब के लिए 2.55 लाख पंजीकरण शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के साथ सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। हर वर्ष चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है और इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या नया कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य के प्रमुख तीर्थस्थलों पर सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।


श्री दरबार साहिब पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, जल्द होगा एसएमआई अस्पताल का 100 करोड़ से अधिक बकाया भुगतान

देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार से संबंधित 100 करोड़ रुपये से अधिक के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बकाया भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था कर रही है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए जल्द ही अस्पताल को लंबित राशि का भुगतान किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के सफल संचालन में अस्पताल की भूमिका की सराहना करते हुए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को बधाई दी।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा तथा श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की उच्च शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये संस्थान मानवता की सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में इसी तरह सराहनीय योगदान देते रहेंगे।
श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें श्री दरबार साहिब का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।


20 हजार बहनों का स्नेह और आशीर्वाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की जनसेवा का प्रमाण – मुख्यमंत्री

मंत्री; बोले- बहनों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी ताकत,बहनों का स्नेह मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रक्षाबंधन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर और भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

रक्षाबंधन समारोह में लगभग 20 हजार बहनों एवं मातृशक्ति ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह में वीर नारियों की विशेष उपस्थिति रही। गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समारोह में समां बांधा। कार्यक्रम में विजया राहटकर ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की धर्म पत्नी निर्मला जोशी और भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने भी मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

समारोह में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने अपने सम्बोधन में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि हमारे देश में पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश और संस्कारों के प्रतीक हैं। भाई की कलाई पर बहन द्वारा बांधा गया रक्षा सूत्र केवल धागा नहीं बल्कि प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का संकल्प है।उन्होंने आगे कहा कि रक्षा का अर्थ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना भी है। विजया राहटकर ने कहा कि पहाड़ की बेटियां आज ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ बनकर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का संदेश पूरे देश में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के संकल्प के रूप में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व हमें संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को भव्य रक्षाबंधन समारोह के सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रक्षा बंधन का महत्व विशेष है। यहां की महिलाओं ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि समारोह में हजारों की संख्या में बहनों की उपस्थिति कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रति उनके अपार स्नेह और विश्वास को दर्शाती है। सुधा यादव ने कहा कि सैनिक के रूप में देश की सेवा करने के साथ-साथ गणेश जोशी ने समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय और बेमिसाल कार्य किए हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन उनके जीवन का सबसे आत्मीय और भावनात्मक पर्व है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन मेरे लिए केवल एक पर्व नहीं है। यह वह दिन है जब मैं स्वयं को केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि एक भाई, एक बेटा और परिवार के जिम्मेदार सदस्य के रूप में महसूस करता हूं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग कई वर्षों से मसूरी विधानसभा क्षेत्र की हजारों बहनों द्वारा उन्हें राखी बांधने की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। बहनों का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक बहन मेरे परिवार का हिस्सा है। आप सभी का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि रक्षाबंधन पर बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र केवल प्रेम और विश्वास का प्रतीक न रहे, बल्कि बहनों के लिए वास्तविक सुरक्षा का कवच भी बने। उन्होंने कहा कि बहनों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना उनके लिए राजनीतिक दायित्व नहीं, बल्कि पारिवारिक जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विश्वास दिलाया कि उनका भाई गणेश जोशी सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उत्तराखंड की समस्त माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह अटूट स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के उस पवित्र संकल्प का पर्व है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन समारोह में करीब 20 हजार बहनों द्वारा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को राखी बांधना उनके प्रति बहनों के अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता गणेश जोशी के साथ बहनों के आत्मीय जुड़ाव और उनके प्रति सम्मान को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं और बेटियों को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा का अंत, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिलाओं को आवास योजना में प्राथमिकता, शौचालयों का निर्माण, मातृत्व अवकाश में वृद्धि तथा बेटियों के लिए सेना और सैनिक स्कूलों के द्वार खोलना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नारी तू नारायणी’ के भाव को शासन की नीतियों और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री विनय रोहिला, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही।


रक्षाबंधन पर मातृशक्ति के बीच पहुंचे सीएम धामी, महिलाओं को दी रोडवेज में मुफ्त यात्रा की सौगात

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रदेश की मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास ही उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी के संकल्प का भी प्रतीक है।

महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी मातृशक्ति होती है। उत्तराखंड की महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों में भी परिवार, समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। प्रदेश में 7 हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से अधिक क्लस्टर संगठन भी महिलाओं की सामूहिक शक्ति को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। साथ ही सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है।

34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर सख्ती की जा रही है।

“मुख्यमंत्री नहीं, एक भाई के रूप में आया हूं”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की किसी भी बहन या बेटी को कोई परेशानी हो तो वह निःसंकोच अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती है। सरकार उनकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां बेटियां सुरक्षित हों, बहनें आत्मनिर्भर हों, माताएं सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करें और युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त हों।
28 और 29 अगस्त को महिलाओं की रोडवेज यात्रा मुफ्त
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। इससे महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

चौधरी फार्म में आयोजित कार्यक्रम में आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को बल: शिवराज सिंह चौहान ने कहा- एक राष्ट्र-एक चुनाव आज देश की जरूरत

हरिद्वार में संत समागम में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर संवाद में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की सहभागिता

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश: बार-बार चुनाव विकास में बाधक

हरिद्वार:  हरिद्वार के प्राचीन अवधूत मण्डल आश्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संत समागम को सम्बोधित करते हुए “एक राष्ट्र-एक चुनाव” की ताकत और आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बार-बार होने वाले चुनावों को देश की प्रगति के लिए बाधक बताते हुए संत समाज से इस संवैधानिक परिवर्तन के लिए जनजागरण का आह्वान किया। उत्तराखंड मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी इस मौके पर उपस्थित रहे और केंद्रीय मंत्री के साथ जुड़कर समर्थन व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए इस आग्रह और संकल्प का खुलकर समर्थन करते हुए “एक राष्ट्र-एक चुनाव” की परिकल्पना को देश के हित में आवश्यक करार दिया। श्री चौहान ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव राष्ट्र की विकास गति और जनसेवा को प्रभावित कर रहे हैं और समय, पैसा तथा प्रशासनिक ऊर्जा का भारी क्षय कर रहे हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि लगातार चुनावों के कारण स्कूलों में पढ़ाई रुकती है, प्रशासनिक मशीनरी चुनाव की तैयारियों में लग जाती है और जनता तक विकास कार्यों की गति धीमी पड़ जाती है। उन्होंने चुनावों की तैयारी पर लगने वाले समय और खर्च, जो रिपोर्ट के मुताबिक लाखों करोड़ तक पहुँचते हैं, को रोका जा सके तो देश लाभान्वित होगा। श्री चौहान ने कहा कि यदि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ हों तो संसाधनों की बचत होगी, चुनाव सम्बंधी समय की बचत होगी और प्रशासनिक ध्यान विकास पर केंद्रित रहेगा।

उन्होंने संत समाज से अपील की कि वे अपनी उपस्थिति और कहने की शक्ति से जनजागरण में मदद करें। श्री चौहान ने कहा कि संतों के आशीर्वाद और उनके शिष्यों के व्यापक प्रभाव से यह विचार देश में तेजी से फैल सकता है और राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित के लिए एक मजबूत जनप्रेरणा बन सकती है।उन्होंने यह भी निवेदन किया कि संत अपने प्रवचनों में “एक राष्ट्र-एक चुनाव” का समर्थन करें ताकि जनता में उत्साह पैदा हो और संवैधानिक संशोधन का मार्ग सुगम बने। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस विषय पर उठाए गए कदमों और विधेयक का उल्लेख करते हुए उनका समर्थन किया और कहा कि यह काम सिर्फ एक पार्टी का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है, देश आगे रहेगा तो पार्टियाँ भी बनी रहेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से कहा कि उत्तराखंड सरकार और वे व्यक्तिगत रूप से इस विचार को समर्थन देते हैं और साथ मिलकर जनसमर्थन बढ़ाने में योगदान देंगे। श्री चौहान ने उपस्थित संत समाज और जनता से आशीर्वाद मांगा और वंदे मातरम के पूरे स्वरूप का समर्थन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि संत समाज का साथ मिलने पर “एक राष्ट्र-एक चुनाव” का संकल्प पूरा हो सकता है और इससे भारत के समृद्धि, विकास व आत्मनिर्भरता के मार्ग खुलेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण में वंदे मातरम के महत्व पर विशेष जोर दिया और कहा कि यह गीत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, न कि किसी पार्टी या समुदाय का। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के पूर्व मुस्लिम लीग के दबाव में वंदे मातरम के दो टुकड़े कर दिए गए थे और वही विभाजन का एक कारण बना; अब और भारत विभाजित नहीं होने दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने संत समाज से आह्वान किया कि वे अपने प्रवचनों में वंदे मातरम के पूरे स्वरूप का समर्थन करें और जनता में यह भावना जगाएं कि देश की मातृभूमि की वंदना में कोई विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब संतों की आवाज़ से जनजागरण होगा, तो कोई भी वंदे मातरम के पूरे गान का विरोध करने का साहस नहीं कर पाएगा।


सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान डूबे व्यक्ति की तलाश में उतरी SDRF, 2 किलोमीटर दूर मिला शव

देहरादून:  सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान तेज बहाव में बहे व्यक्ति की तलाश में SDRF ने सर्च अभियान चलाकर शव बरामद कर लिया। SDRF जवानों ने करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास से शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह CCR/आपदा कंट्रोल रूम देहरादून से सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक व्यक्ति के पानी में बहने की सूचना SDRF को मिली। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा स्थित SDRF टीम एडिशनल एसआई मनोज जोशी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद SDRF टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान शुरू किया। लगातार तलाश के दौरान जवानों ने सहस्त्रधारा झरने से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास उक्त व्यक्ति का शव बरामद कर लिया।

शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की पहचान नौथ राम (लगभग 50 वर्ष), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp