Sunday, November 29, 2026
7:28 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ बर्दाश्त नही – सीएम धामी ने हैली सर्विस ऑपरेटर्स को कड़े शब्दों में किया स्पष्ट

Category Archives: उत्तराखंड

सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ बर्दाश्त नही – सीएम धामी ने हैली सर्विस ऑपरेटर्स को कड़े शब्दों में किया स्पष्ट

हेली सेवा के सुरक्षा मानकों को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। सीएम धामी ने उत्तराखण्ड में सेवाएं दे रहे सभी हैली सर्विस प्रोवाइडर्स और ऑपरेटर्स को कड़े शब्दों में स्पष्ट किया है कि हैली सेवाओं के सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नही किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने साफ तौर पर कहा कि हैली सेवा लेने वाले यात्रियों की अधिकाधिक आंकड़ों से आत्ममुग्ध हुए बिना सुरक्षा मानकों को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गत वर्षों में हुए हैली दुर्घटनाओं की आडिट व निरन्तर समीक्षा के भी निर्देश दिए है ताकि इनकी पुनरावृति ना हो । उन्होंने कहा कि राज्य के नोडल के रूप में यात्रियों की सुरक्षा हमारा का सबसे बड़ा दायित्व हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हैलीकॉप्टर के नियमित फिटनेस जांच का सख्ती से पालन, हैलीकॉप्टर टिकट बुकिंग हेतु ठोस व प्रभावी एसओपी बनाने एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चलने वाले हैलीकॉप्टर के इंजन के सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने कड़े निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड में अपनी सेवाएं दे रहे सभी हैलीकॉप्टर सर्विस प्रोवाइडर्स तथा ऑपरेटर्स, यूकाडा, एएआईबी एवं डीजीसीए के साथ प्रदेश की हैली सर्विस सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे।

मौसम के कारण हैली सेवाओं में बाधाओं, मौसम की सटीक जानकारी एवं सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री धामी ने केदार वैली के साथ ही अन्य सभी चारधाम वैली में वैदर कैमरा लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यूकाडा को भविष्य में केवल डबल इंजन हैलीकॉप्टर्स संचालित करने हेतु ठोस पॉलिसी तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यूकाडा एवं सम्बन्धित स्टेकहॉल्डर्स को वैष्णो देवी में संचालित की जा रही हैली सर्विस मॉडल का अध्ययन करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अत्यधिक अनुभवी पायलटों को ही राज्य में हैली सेवाओं में रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने हैली ऑपरेटर्स को यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाऐ रखने की भी सख्त नसीहत दी है ताकि दुनियाभर से आने वाले पर्यटक देवभूमि से सुखद अनुभव लेकर जाए। उन्होंने हैली ऑपरेटर्स एवं प्रशासन को चारधाम मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में हैली सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य में बहुत से हैलीपेड निर्माणाधीन हैं। इस वर्ष अभी तक 66000 से अधिक यात्री हैली शटल सेवाओं की सुविधा का लाभ उठा चुके हैं ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूकाडा को राज्य हेतु अगले 10 वर्षाे के लिए हैली सेवाओं की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी आज की बैठक में दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं चारधाम राज्य होने के कारण हैली सेवाओं की मांग राज्य में अधिकाधिक बढ़ने वाली है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण भविष्य में हैली सेवाओं राज्य का आधार होंगी।

बैठक में प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, आर मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सचिन कुर्वे, अपर सचिव श्रीमती सोनिका एवं राज्य में सेवाएं दे रहे सभी हैली एवं चाटर्ड सर्विस ऑपरेटर्स मौजूद थे।


संकट और आपदा के वक्त मिलेगी तुरंत आर्थिक मदद- रेखा आर्या

मुख्यमंत्री महिला एवं बाल विकास बहुमुखी सहायता निधि नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी

अंग्रेजी शराब पर सैस के जरिए जुटाया जाएगा फंड

देहरादून। आपदा या किसी आकस्मिक दुर्घटना में अनाथ बेसहारा हुए बच्चों, किशोरियों, आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और वृद्ध महिलाओं को अब तुरंत आर्थिक मदद मिल सकेगी। इसके लिए कैबिनेट ने बुधवार को मुख्यमंत्री महिला एवं बाल बहुमुखी सहायता निधि की नियमावली को मंजूरी दे दी है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस कॉरपस फंड के लिए पैसा शराब बिक्री पर सैस के जरिए जुटाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इसके तहत आपदा या दुर्घटना में अनाथ हुए बच्चों, महिलाओं, किशोरियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांग किशोरियों और वृद्ध महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी। यह आर्थिक मदद जरूरत के अनुसार रहने, खाने की सुविधा जुटाने, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट जैसे उद्देश्यों के लिए दी जाएगी। इसके अतिरिक्त आपदा या दुर्घटना के चलते अगर किसी पात्र का रोजगार संकट में आता है तो उसे भी इसके तहत मदद दी जा सकेगी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें तुरंत मदद मिलेगी। नियमावली में इसके तहत आने वाले आवेदनों के निस्तारण की समय सीमा पहले ही निर्धारित कर दी गई है। पात्र से आवेदन मिलने पर ब्लॉक स्तरीय संयुक्त टीम अधिकतम ₹5000 की धनराशि तुरंत जारी कर सकेगी। इसके बाद ₹10000 से ₹25000 तक की सहायता राशि पर जनपद स्तरीय कमेटी निर्धारित 15 कार्य दिवस के भीतर निर्णय लेगी और पीड़ित को डीबीटी के जरिए मदद दी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि जिन मामलों में और ज्यादा आर्थिक मदद की जरूरत है उसके लिए राज्य स्तर पर कमेटी गठित की जाएगी और यह कमेटी ₹500000 तक की धनराशि के प्रस्ताव को स्वीकृत करेगी।

यह भी मिलेगा लाभ

– पात्र महिलाओं, बच्चों के लिए फूड किट, न्यूट्रिशन किट, मेडिकल किट शौच संबंधी किट की व्यवस्था

– प्राकृतिक आपदा और दुर्घटना में घायल या गर्भवती महिला और बच्चों को हायर सेंटर ले जाने के लिए एंबुलेंस, भोजन, आवास की त्वरित व्यवस्था

– गर्भवती महिला और परिवार के सदस्य के लिए एक सप्ताह की आवासीय और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था के लिए सहायता

– कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हॉस्टल की आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं को कोचिंग के लिए सहायता

– मनरेगा में कार्य स्थल पर महिलाओं और उनके बच्चों को न्यूट्रिशन किट और टेंपरेरी शेल्टर की व्यवस्था

– कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम करने वाली माता और उनके 6 साल तक के बच्चों के लिए दुर्घटना के समय तुरंत नगद सहायता


ऋषिकेश की नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता व उनके परिजनों से मिली महिला आयोग की अध्यक्ष

कुसुम कण्डवाल ने नाबालिग पीड़िता के परिवार से मिलकर दिया आश्वासन, बोली आरोपियों के विरुद्ध करेंगे कड़ी कार्रवाई

ऋषिकेश।  ऋषिकेश शहर में एक नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप की जानकारी के बाद राज्य महिला आयोग ने मामले में संज्ञान लिया है। मामले जानकारी मिलने पर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की और पीड़िता का हाल जाना। इस मौके पर उनके साथ पार्षद सुरेन्द्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।

परिजनों ने बताया कि उक्त आरोपी द्वारा बहला फुसलाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया। जिसे उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से अपनी बातों में फसा लिया था। मामले में ऋषिकेश पुलिस ने अपराध में संलिप्त दो आरोपी युवकों को पोक्सो के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।

मामले में आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने एसपी देहात जया बलूनी से फोन पर वार्ता करते हुए ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे बाहरी लोगों के सत्यापन व जांच के सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा ऐसे संदिग्धों पर कड़ी कार्रवाई की जाए जो बाहर से आकर हमारे शहर व समाज का माहौल खराब कर रहे है तथा नाबालिगों को अपनी हवस का शिकार बना रहे है।

वहीं उन्होंने रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुई नाबालिग के मामले में भी एसपी देहात जया बलूनी व एसओ डोईवाला से आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कड़ी कार्रवाई व पीड़िता की सुरक्षा इत्यादि के लिए निर्देश दिए है। मामले में रायवाला निवासी एक युवक डोईवाला क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी को बहला फुसला कर अपने साथ भाग ले गया था। जिसमे पुलिस द्वारा नाबालिग को गाजियाबाद से बरामद कर लिया है तथा से उक्त युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

वहीं आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने समाज के लोगो से भी अपील की है कि वो अपने बच्चों की मॉनिटरिंग अवश्य करें क्योंकि माइनर बच्चे नासमझ होते है, कभी कभी उनका किसी के बहकावे में आने का खतरा होता है जिसका फायदा आपराधिक प्रवत्ति का व्यक्ति उठाता है, ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों की मॉनिटरिंग की जाए उनका सोशियल मीडिया कनेक्शन, उनके दोस्त, सम्पर्क इत्यादि की जानकारी लेनी चाहिए साथ ही उन्हें गुड टच व बेड टच की जानकारी अवश्य दें, ताकि वो किसी अपराध का शिकार होने से बच सकें।


देहरादून स्मार्ट सिटी मिशन: विकास की ओर एक स्मार्ट कदम

तकनीक, सुविधाएं और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर राजधानी को बनाया जा रहा है आधुनिक — लेकिन चुनौतियाँ भी कम नहीं

प्रियांश कुकरेजा 

देहरादून स्मार्ट सिटी मिशन, जो भारत सरकार की स्मार्ट सिटी योजना के तहत 2017 में शुरू हुआ, उत्तराखंड की राजधानी को एक आधुनिक, पर्यावरण-संवेदनशील और तकनीकी रूप से सशक्त शहर बनाने का उद्देश्य रखता है। इस परियोजना के तहत 39 में से 18 परियोजनाएँ ₹503 करोड़ की लागत से पूरी हो चुकी हैं, जबकि 39 अन्य परियोजनाएँ ₹1,537 करोड़ के बजट के साथ कार्यान्वयन के चरण में हैं। इनमें प्रमुख कार्यों में स्मार्ट स्कूल, मल्टी-यूटिलिटी डक्ट (जिससे बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी सुविधाएँ एक ही जगह से मिलेंगी), स्मार्ट शौचालय, सौर ऊर्जा समाधान और वर्षा जल संचयन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 24 जल एटीएम लगाए गए हैं ताकि लोगों को साफ पीने का पानी आसानी से मिल सके। शहर में “सदैव दून” नाम से एक आधुनिक कमांड सेंटर भी शुरू किया गया है, जहाँ से 500 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। इसके ज़रिए ट्रैफिक, सुरक्षा, सफाई और आपातकालीन सेवाओं पर तुरंत कार्रवाई हो सकती है।

सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं जिससे ट्रैफिक जाम कम हो सके। स्मार्ट पार्किंग सिस्टम से लोग मोबाइल ऐप के ज़रिए पार्किंग की स्थिति देख सकते हैं। शहर के कुछ पुराने इलाकों जैसे पलटन बाजार और परेड ग्राउंड का सौंदर्यीकरण भी इस योजना का हिस्सा है ताकि वहां आने-जाने वालों को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।

हालांकि, परियोजना की प्रगति में कुछ चुनौतियाँ भी सामने आई हैं। जैसे कि, निर्माण कार्यों के लिए लगभग 19,000 पेड़ काटे गए हैं जिससे पर्यावरण पर असर पड़ा है। इसके अलावा, कुछ काम तय समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं और लोग यह भी कह रहे हैं कि उन्हें परियोजनाओं के बारे में पहले से जानकारी नहीं दी गई और उनकी राय नहीं ली गई।

देहरादून स्मार्ट सिटी मिशन एक बहुत ही अच्छा और ज़रूरी कदम है, लेकिन इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि इसे किस तरह से लागू किया जाता है। अगर प्रशासन पारदर्शिता बनाए रखे, नागरिकों को शामिल करे और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखे, तो यह शहर को केवल ‘स्मार्ट’ ही नहीं बल्कि अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, और रहने लायक भी बना देगा। नई तकनीकों और सुविधाओं का आना निश्चित रूप से शहर के भविष्य को बेहतर बनाएगा, लेकिन यह तभी फायदेमंद होगा जब यह सबका ध्यान रखते हुए किया जाए।


धामी कैबिनेट की बैठक में इन 6 प्रस्तावों पर लगी मुहर

महिला और बाल कल्याण के लिए बनेगा विशेष कोष

देखें, कैबिनेट द्वारा लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय

देहरादून। धामी कैबिनेट की बैठक में कई विभागों से जुड़े मसलों पर निर्णय लिए गए।
उत्तराखण्ड महिला एवं बाल विकास समिति को विदेशी मदिरा/बियर पर उपकर (सेस) की धनराशि को खर्च करने का अधिकार होगा।

इस निधि के तहत आपदा/दुर्घटना में अनाथ हुए बच्चों, निराश्रित महिलाओं के जीविकोपार्जन व वृद्ध महिलाओं के लिए जीवन निर्वहन की समुचित व्यवस्था का निर्माण किया जायेगा।

बैठक में उत्तराखण्ड राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख परिषद् के गठन का निर्णय लिया गया।

देखें कैबिनेट के फैसले-

1 – कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अन्तर्गत स्वायत्तशासी राज्य अनुदानित संस्था उत्तराखण्ड जैव प्रौद्योगिकी परिषद के संशोधित विभागीय संरचना/ढांचे के सम्बन्ध में निर्णय।

उत्तराखण्ड जैव प्रौद्योगिकी परिषद् के गठन के पश्चात् न्यूनतम आवश्यकता के आधार पर पूर्व में परिषद् के हल्दी, पंतनगर स्थित मुख्यालय हेतु 34 पद एवं एडवांस सेन्टर फॉर कम्प्यूटेशनल एण्ड एप्लाईड बॉयोटेक्नोलॉजी, देहरादून हेतु 12 पद सहित कुल 46 पद सृजित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गयी थी। परिषद् के स्वीकृत विभागीय संरचना/ढांचे में पदों की संख्या में परिवर्तन किए बिना विभागीय संरचना/ढांचे में मुख्यालय एवं देहरादून सेन्टर/अन्य सेन्टर हेतु समस्त पदों को एकीकृत (एकल संवर्ग) रूप में रखे जाने एवं भर्ती के स्रोत में परिवर्तन किये जाने का कैबिनेट द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है।

2 – भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के संरचनात्मक ढांचे में अतिरिक्त पद सृजित किये जाने के सम्बन्ध में लिया गया निर्णय।

उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड द्वारा जनहित याचिका (Suo Moto) 174/2024 Developing Cracks in Houses, fertile lands of poor Villagers and drying up of drinking water sources due to land subsidence in some villages of District Bageshwar V/s State of Uttarakhand & other में सुनवाई के दौरान दिये गये निर्देशों के समादर में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के ढांचे में विभागीय आवश्यकतानुसार पर्याप्त कार्मिकों की उपलब्धता कराये जाने हेतु अतिरिक्त पदों के सृजन को कैबिनेट ने दी मंजूरी। इस प्रकार से कुल 18 पदों को बढ़ाया गया है।

3 – उत्तराखण्ड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम, 2012 के प्राविधानानुसार जनपद देहरादून के तहसील सदर एवं विकासनगर के अंतर्गत आसन नदी के प्रारम्भिक बिन्दु भट्टा फॉल से आसन बैराज (कुल लगभग 53.00 किमी0 लम्बाई) तक आसन नदी के दोनों तटों पर बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण की अधिसूचना के सम्बन्ध में लिया गया निर्णय।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण, नई दिल्ली में योजित मूल आवेदन संख्याः 477/2022 राजेन्द्र गंगसारी बनाम उत्तराखण्ड राज्य व अन्य में  अधिकरण द्वारा पारित आदेश दिनांकः 19.03.2024 के अनुपालन में उत्तराखण्ड राज्य में नदियों के बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण की व्यवस्था हेतु अधिनियमित उत्तराखण्ड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम, 2012 के अन्तर्गत जनपद देहरादून के तहसील सदर एवं विकासनगर के अंतर्गत आसन नदी के प्रारम्भिक बिन्दु भट्टा फॉल से आसन बैराज (कुल लगभग 53.00 किमी० लम्बाई) तक आसन नदी के दोनों तटों पर चिन्हित भूमि को प्रतिषिद्ध तथा निर्बन्धित क्षेत्रों के सम्बन्ध में जारी अनन्तिम अधिसूचना संख्या-1141, दिनांकः 19.11.2024 के क्रम में अन्तिम अधिसूचना निर्गत किये जाने एवं राज्य की विभिन्न नदियों के बाढ मैदान परिक्षेत्रण हेतु पूर्व में निर्गत विभिन्न अधिसूचनाओं में उल्लिखित प्रतिषिद्ध तथा निर्बन्धित क्षेत्रों में अंकित अनुमन्य कार्यों में एस०टी०पी० का निर्माण, रोपवे टावरों का निर्माण, मोबाइल टावर का निर्माण, हाई टेंशन विद्युत ट्रॉन्समिशन हेतु टावर का निर्माण कार्य तथा ऐलिवेटेड रोड कॉरिडोर के लिए नींव एवं उपसंरचना आदि से सम्बन्धित निर्माण कार्यों को कैबिनेट द्वारा अनुमोदन दिया गया।

4 – लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड के चयनित 05 निरीक्षण भवनो का पी०पी०पी० माध्यम से संचालन द्वारा मुद्रीकरण (Monetization) किये जाने का कार्य यू०आई०आई०डी०बी को आवंटित किये जाने का निर्णय।

लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के अन्तर्गत स्थापित विभिन्न निरीक्षण भवनों/गेस्ट हाउस में से प्रथम चरण के अन्तर्गत 05 चयनित निरीक्षण भवनों (रानीखेत, उत्तरकाशी, दुग्गलबिट्टा, हर्षिल व ऋषिकेश) को पी०पी०पी० मोड में संचालित करते हुये उनका मुद्रीकरण का कार्य यू०आई०आई०डी०बी द्वारा किये जाने के प्रस्ताव पर मंत्रिमण्डल द्वारा इस प्रतिबंध के साथ अनुमोदन प्रदान किया गया कि उक्त निरीक्षण भवनो से संबधित भूमि का स्वामित्व लोक निर्माण विभाग के पास रहेगा तथा यू०आई०आई०डी०बी उक्त कार्य हेतु Transaction Advisor के रूप में कार्य करते हुये नियमानुसार अपना शुल्क प्राप्त करेगा।

उक्त मुद्रीकरण के फलस्वरूप जंहा लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवनों का बेहतर रख-रखाव संभव होगा एवं विभाग को अधिक राजस्व भी प्राप्त हो सकेगा, वहीं उस क्षेत्र मे आने वाले पर्यटको को बेहतर आवासीय सुविधायें प्राप्त होगी।

5 – वर्तमान में राज्य में परा-चिकित्सा स्नातक पाठ्यक्रमों हेतु उत्तराखण्ड पराचिकित्सा अधिनियम, 2009 एवं परा-चिकित्सा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों हेतु स्टेट मेडिकल फैकल्टी के प्राविधान प्रभावी हैं, के अन्तर्गत विभिन्न 22 पराचिकित्सा विधाओं में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया जाता है।
देश में सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देख-रेख व्यवसायियों हेतु शिक्षा और सेवाओं के मानकों को विनियमित करने, आचार संहिता, प्रवेश परीक्षाएं, पाठ्यक्रम मानकीकरण, पंजीकरण के मानकों में एकरूपता लाने, अन्तर्राज्यीय पंजीकरण को सरल एवं सुलभ बनाये जाने तथा कुल 10 श्रेणियों में समूहीकृत 56 व्यवसायी उपाधियों को मान्यता प्रदान किये जाने हेतु राष्ट्रीय सहबद्ध और स्वास्थ्य देख-रेख वृत्ति आयोग अधिनियम-2021 (THE NATIONAL COMMISSION FOR ALLIED AND HEALTHCARE PROFESSION ACT-2021) (2021 का अधिनियम संख्यांक 14) के अध्याय-3 की धारा 22 के अन्तर्गत उत्तराखण्ड राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख परिषद् का गठन करने का कैबिनेट द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है।

6 – मुख्यमंत्री महिला एवं बाल बहुमुखी सहायता निधि (कॉर्पस फण्ड) के क्रियान्वयन के संबंध में लिया गया निर्णय।

कैबिनेट द्वारा मुख्यमंत्री महिला एवं बाल बहुमुखी सहायता निधि (कॉर्पस फण्ड) सम्बन्धी नियमावली के अन्तर्गत विभाग को प्राप्त विदेशी मदिरा/बियर पर उपकर (सेस) की धनराशि को कॉर्पस फण्ड के रूप में विभागान्तर्गत संचालित उत्तराखण्ड महिला एवं बाल विकास समिति के माध्यम से संचालित किये जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत राज्य की महिलाओं एवं बच्चों के विकास हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के प्राप्त अंतरालों (Gap Filling) को भरा जायेगा व आवश्यकता एवं प्रस्थिति के अनुसार नवाचार योजनाओं का क्रियान्वयन भी किया जायेगा।

प्रमुख रूप से उक्त निधि के तहत आपदा/दुर्घटना में अनाथ हुए बच्चों, निराश्रित महिलाओं के जीविकोपार्जन व वृद्ध महिलाओं के लिए जीवन निर्वहन की समुचित व्यवस्था का निर्माण किया जायेगा।


मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात

देहरादून\नई दिल्ली। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें गंगाजल एवं पारंपरिक औद्योनिक उत्पाद भेंट किये।

मुलाकात के दौरान, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को 14 और 15 जून को देहरादून में आयोजित होने वाले एग्री मित्रा उत्तराखण्ड 2025 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया, जिसपर केन्द्रीय मंत्री ने स्वीकृति प्रदान की। इस दौरान प्रदेश में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को हो रही क्षति से निपटने के लिए घेरबाड़ योजना के संबंध में भी चर्चा की, जिसमें केन्द्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि कृषि मंत्रालय की टीम देहरादून में ही बैठक करने के बाद इस समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक निर्णय लेगी।


रुद्रप्रयाग में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, आदमखोर गुलदार को किया ढेर

महिला की हत्या के बाद वन विभाग ने की कार्रवाई, ग्रामीणों में थी गहरी नाराजगी

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक के मखेत गांव में गुलदार के आतंक का अंत हुआ है। ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले आदमखोर गुलदार को वन विभाग ने देर रात मार गिराया। पिछले कुछ महीनों में कई हमलों के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे गांव में थोड़ी राहत की सांस ली गई है।

मंगलवार की शाम मखेत गांव की एक महिला खेत में काम कर रही थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, महिला रामेश्वरी देवी अपने घर के पास बाग में निराई-गुड़ाई में व्यस्त थीं, जब गुलदार ने झपट्टा मारा और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर झाड़ियों की ओर घसीट ले गया।

जब उनका बेटा चंद्रशेखर दुकान से लौटकर घर पहुंचा और मां को घर पर नहीं पाया, तो उसने पिता से पूछताछ की। पिता ने बताया कि वह खेत में गई हैं। खेत पर पहुंचने पर उसे वहां खून के धब्बे दिखे। उसने तुरंत शोर मचाया, जिससे गांववाले जुटे और खोजबीन शुरू हुई। कुछ ही देर में महिला का शव खेत से करीब दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में मिला।

गांव वालों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। उनका कहना है कि यह अकेली घटना नहीं है। इससे पहले भी, 30 मई को डांडा गांव में रूपा देवी और 25 फरवरी को देवल गांव में एक बुजुर्ग महिला को गुलदार अपना शिकार बना चुका है। बावजूद इसके वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था।

हालांकि, इस बार वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात एक बजे के बाद गुलदार को मार गिराया। आदमखोर की मौत के बाद ग्रामीणों में हल्की राहत तो है, लेकिन वे चाहते हैं कि भविष्य में ऐसे हमलों से बचाव के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।


गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याएं जल्द होंगी दूर

राज्य के सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को गोल्डन कार्ड योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज

देहरादून। राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार में आ रही दिक्कतों को शीघ्र दूर किया जायेगा। इसके लिये दोनों संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त करने के उपरांत ठोस प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में रखा जायेगा। जिसमें विभिन्न बीमारियों के पैकेज में सुधार एवं राज्य के कुछ बड़े हॉस्पिटल्स को इम्पैनल किया जायेगा। इसके अलावा प्रदेशवासियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर किया जायेगा। जिसके तहत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये परिवार रजिस्टर की नकल को भी मान्य किये जाने हेतु प्रस्ताव कैबिनेट में रखा जायेगा।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने गोल्डन कार्ड धारकों को उपचार में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिये शीघ्र कर्मचारी एवं पेंशनर्स संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त करते हुये कैबिनेट हेतु ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया है। जिसको ध्यान में रखते हुये गोल्डन कार्ड के पैकेज में सुधार करने के साथ ही जिन पेंशनर्स व कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड योजना को छोड दिया था उन्हें दोबारा योजना में शामिल करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। डॉ. रावत ने कहा कि गोल्डन कार्ड योजना से प्रदेश के कुछ बड़े सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है ताकि राज्य कर्मचारियों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। इसके लिये भी अधिकारियों को इन हॉस्पिटल संचालकों से बैठक कर विचार-विमर्श करने के निर्देश दिये।

विभागीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के शत-प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का है। लेकिन कई लोगों के पास राशन कार्ड न होने के कारण उनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिये सरकार ने परिवार रजिस्टर की नकल को मान्यता देने का निर्णय लिया है। जिसका प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में रखा जायेगा ताकि सभी प्रदेशवासियों को आयुष्मान का लाभ मिल सके।

बॉक्स

आयुष्मान योजना का लाभ छोड़ सकते हैं सम्भ्रांत लोग

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश के सम्पन्न एवं सक्षम लोगों से अपील की है कि वह चाहें तो अपना आयुष्मान योजना का कार्ड निरस्त कर योजना का लाभ छोड़ सकते हैं ताकि प्रदेश के अन्य जरूरतमंद लोगों को इस योजना का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इसके लिये उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को जनपद स्तर पर सम्भ्रांत वर्ग के लोगों के साथ बैठक कर प्रस्ताव पर विचार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों परिवार ऐसे हैं जो अपना उपचार किसी भी बड़े निजी अस्पताल में करा सकते हैं। यदि ऐसे लोग आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ न लें तो उनके स्थान पर जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार मिलने के साथ ही योजना के अंतर्गत होने वाले व्यय भार में भी कमी आयेगी।

बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, सीईओ राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण रीना जोशी, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, निदेशक वित्त एसएचए अभिषेक कुमार आनंद, सीएमओ देहरादून डॉ. मनोज शर्मा, सीएमओ हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. अजीत जौहरी, डॉ. अनिल नेगी, डॉ. जे.एस.चुफाल, डॉ. मनीषा कटियार, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. एन.एस. नपच्याल आदि उपस्थित रहे जबकि अन्य जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।


राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और 34 के सुधार को मिली ₹720.67 करोड़ की मंजूरी

चारधाम यात्रा मार्ग पर सफर होगा पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान

मुख्यमंत्री धामी ने जताया प्रधानमंत्री मोदी और मंत्री गडकरी का आभार

देहरादून। जिले में सड़क कनेक्टिविटी और यातायात सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-7 के देहरादून-लाल टप्पर-नेपाली फार्म खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के नेपाली फार्म-मोतीचूर खंड (कुल लंबाई 36.82 किमी) के सुधार कार्य हेतु ₹720.67 करोड़ की लागत से परियोजना को स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच तेज़ और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगी, बल्कि चारधाम यात्रा मार्ग को भी अधिक सुलभ एवं सुगम बनाएगी।

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मौजूदा व्यस्त जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेशन (Grade Separation) और स्थानीय यातायात को मुख्य मार्ग के ट्रैफिक से अलग कर सड़क सुरक्षा में व्यापक सुधार करना है। इसके अंतर्गत अतिरिक्त सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात का दबाव कम होगा।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे का तीव्र विकास हो रहा है और यह परियोजना राज्य के विकास की दिशा में एक और मजबूत कदम है।


गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याएं जल्द होंगी दूर

राज्य के सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को गोल्डन कार्ड योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज

देहरादून। राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार में आ रही दिक्कतों को शीघ्र दूर किया जायेगा। इसके लिये दोनों संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त करने के उपरांत ठोस प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में रखा जायेगा। जिसमें विभिन्न बीमारियों के पैकेज में सुधार एवं राज्य के कुछ बड़े हॉस्पिटल्स को इम्पैनल किया जायेगा। इसके अलावा प्रदेशवासियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर किया जायेगा। जिसके तहत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये परिवार रजिस्टर की नकल को भी मान्य किये जाने हेतु प्रस्ताव कैबिनेट में रखा जायेगा।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने गोल्डन कार्ड धारकों को उपचार में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिये शीघ्र कर्मचारी एवं पेंशनर्स संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त करते हुये कैबिनेट हेतु ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया है। जिसको ध्यान में रखते हुये गोल्डन कार्ड के पैकेज में सुधार करने के साथ ही जिन पेंशनर्स व कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड योजना को छोड दिया था उन्हें दोबारा योजना में शामिल करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। डॉ. रावत ने कहा कि गोल्डन कार्ड योजना से प्रदेश के कुछ बड़े सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है ताकि राज्य कर्मचारियों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। इसके लिये भी अधिकारियों को इन हॉस्पिटल संचालकों से बैठक कर विचार-विमर्श करने के निर्देश दिये।

विभागीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के शत-प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का है। लेकिन कई लोगों के पास राशन कार्ड न होने के कारण उनके आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिये सरकार ने परिवार रजिस्टर की नकल को मान्यता देने का निर्णय लिया है। जिसका प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में रखा जायेगा ताकि सभी प्रदेशवासियों को आयुष्मान का लाभ मिल सके।

बॉक्स

आयुष्मान योजना का लाभ छोड़ सकते हैं सम्भ्रांत लोग

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश के सम्पन्न एवं सक्षम लोगों से अपील की है कि वह चाहें तो अपना आयुष्मान योजना का कार्ड निरस्त कर योजना का लाभ छोड़ सकते हैं ताकि प्रदेश के अन्य जरूरतमंद लोगों को इस योजना का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। इसके लिये उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को जनपद स्तर पर सम्भ्रांत वर्ग के लोगों के साथ बैठक कर प्रस्ताव पर विचार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों परिवार ऐसे हैं जो अपना उपचार किसी भी बड़े निजी अस्पताल में करा सकते हैं। यदि ऐसे लोग आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ न लें तो उनके स्थान पर जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार मिलने के साथ ही योजना के अंतर्गत होने वाले व्यय भार में भी कमी आयेगी।

बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, सीईओ राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण रीना जोशी, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, निदेशक वित्त एसएचए अभिषेक कुमार आनंद, सीएमओ देहरादून डॉ. मनोज शर्मा, सीएमओ हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. अजीत जौहरी, डॉ. अनिल नेगी, डॉ. जे.एस.चुफाल, डॉ. मनीषा कटियार, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. एन.एस. नपच्याल आदि उपस्थित रहे जबकि अन्य जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp