Friday, September 25th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

रांसी स्टेडियम में गूंजा युवा जोश, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का उत्साहपूर्ण शुभारंभ

Category Archives: उत्तराखंड

रांसी स्टेडियम में गूंजा युवा जोश, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का उत्साहपूर्ण शुभारंभ

गढ़वाल की 11 विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे 3,964 खिलाड़ी, 11 खेल स्पर्धाओं में दिखाएंगे प्रतिभा और दमखम

पौड़ी- खेल महाकुंभ-2026 के तहत शुक्रवार को रांसी स्टेडियम, पौड़ी में खेल प्रतिभाओं का उत्साह और जोश देखने को मिला। गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित, खेल महाकुंभ-2026 का ध्वजारोहण एवं सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण कर उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा क्षेत्रों से 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ी अंडर-14 एवं अंडर-19 आयुवर्ग में प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत बैंग्वाड़ी की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों ने जोश और अनुशासन के साथ मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। खिलाड़ियों के उत्साह से रांसी स्टेडियम का माहौल खेलमय नजर आया। सांसद अनिल बलूनी ने खिलाड़ियों को ईमानदारी, निष्पक्षता एवं खेल नियमों का पालन करने की शपथ दिलाते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसमें नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, रामनगर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, लैंसडाउन और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के अंडर-14 एवं अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे, जिससे उन्हें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

शुभारंभ अवसर पर सांसद ने नरेन्द्रनगर एवं लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों की अंडर-19 टीमों के बीच फुटबॉल मैच का शुभारंभ फुटबॉल को किक मारकर किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्ठू, कबड्डी, वॉलीबॉल, मुर्गा झपट, गोली (कंचा) और रस्साकशी सहित 11 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनके भीतर आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर सांसद ने चमोली जनपद के मजेठा गांव की युवा एथलीट मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। मानसी नेगी ने गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर रेस वॉक में 47 मिनट 30.94 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया था। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, कोटद्वार के गणेश कोहली, जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, शांति देवी, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


मछली पालन से स्वरोजगार की मिसाल पेश कर रहे पाबौ के राजेंद्र चमोली

सात तालाबों में कर रहे मछली उत्पादन, तीन महिलाओं को भी दिया रोजगार का अवसर

पौड़ी- उत्तराखंड में स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच पौड़ी गढ़वाल के पाबौ विकासखंड के बिडोली गांव निवासी राजेंद्र चमोली मछली पालन को आय का बेहतर जरिया बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। पिछले पांच वर्षों से मछली उत्पादन से जुड़े राजेंद्र ने अपने इस कार्य से तीन महिलाओं को भी जोड़ा है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिल रहा है।

मत्स्य विभाग के सहयोग से शुरू हुई राजेंद्र की यह पहल अब सात तालाबों तक पहुंच चुकी है। इनमें पंगास और ग्रास कार्प का उत्पादन किया जा रहा है। राजेंद्र वर्ष में दो से तीन बार मछली का उत्पादन कर स्थानीय बाजारों में बिक्री करते हैं। वर्तमान में एक उत्पादन चक्र में करीब 4 कुंतल मछली का उत्पादन हो रहा है, जिसकी स्थानीय बाजारों में आसानी से बिक्री हो जाती है। उत्पादन को और बढ़ाने तथा विविधता लाने के लिए राजेंद्र अब गोल्डन फिश का बीज डालने की भी तैयारी कर रहे हैं।

मछली उत्पादन से होने वाली आय में से महिलाओं को भुगतान करने के बाद राजेंद्र सालाना करीब 3 लाख रुपये की बचत कर रहे हैं। वहीं, उनके साथ जुड़ी महिलाएं भी मछली पालन से अच्छी आमदनी अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि राजेंद्र चमोली पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेरणा मत्स्यजीवी सहकारी समिति से जुड़े हैं। इससे पूर्व वह सब्जी उत्पादन का कार्य करते थे। विभागीय सहयोग एवं मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उन्हें मछली पालन के लिए लाभान्वित किया गया, जिसके बाद उन्होंने मछली उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाया।

राजेंद्र की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका के नए अवसर तैयार करने की मिसाल बन रही है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के स्वरोजगार एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के प्रयासों के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसरों को मजबूती मिल रही है।


जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भारत स्काउट गाइड की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा का शुभारंभ

पांच दिवसीय कैंप में जिलेभर के चयनित स्काउट-गाइड प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

सभी विकासखंडों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के लिए बनेगा वार्षिक कैलेंडर

पौड़ी- भारत स्काउट गाइड की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं भारत स्काउट गाइड की जनपदीय पदेन अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान स्काउट-गाइड ध्वज फहराया गया तथा स्काउट-गाइड गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा 25 से 29 सितंबर तक भारत स्काउट गाइड भवन एवं राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर में आयोजित की जा रही है।

जिलाधिकारी ने राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही प्रतिभागी बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों के ठहरने, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कैंप की गतिविधियों में पूरे मनोयोग से प्रतिभाग करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि कक्षा में सीखने के अवसर और अनुभव एक सीमा तक ही होते हैं, जबकि स्काउट-गाइड गतिविधियां बच्चों को समाज के साथ जुड़ने और सेवा भाव विकसित करने का अवसर देती हैं। स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों में सेवा, अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है, जो उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने बच्चों से स्काउट-गाइड की विभिन्न गतिविधियों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि देश के अलग-अलग स्थानों पर राष्ट्रीय स्तर के शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां उन्हें प्रतिभाग करने के साथ नए अनुभव हासिल करने और विभिन्न गतिविधियों से सीखने का अवसर मिलता है। बच्चों ने राष्ट्रीय शिविरों के अपने अनुभव भी जिलाधिकारी के साथ साझा किए।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को स्काउट-गाइड की गतिविधियों के लिए वार्षिक कैलेंडर एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडों में विद्यालयों को चिन्हित करते हुए वर्षभर स्काउट-गाइड गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने को कहा। साथ ही वार्षिक बैठक आयोजित कर गतिविधियों की रूपरेखा पहले से तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी स्काउट-गाइड से जुड़कर सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के गुण विकसित कर सकें।

जिला स्काउट गाइड के सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार कैंप में पूरे जनपद से चयनित स्काउट एवं गाइड प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। कैंप के दौरान प्रतिभागियों की राज्य पुरस्कार से संबंधित विभिन्न दक्षताओं एवं निर्धारित मानकों के आधार पर जांच परीक्षा ली जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

प्रादेशिक संगठन आयुक्त बी.एस. बिष्ट ने बताया कि भारत स्काउट गाइड से बच्चों का जुड़ाव महज विद्यालयी स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्रवेश की प्रक्रिया तीन वर्ष की आयु से ही शुरू हो जाती है। स्काउट-गाइड के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित करने पर जोर दिया जाता है।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, सदस्य आशीष नेगी, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, प्रशिक्षक तथा स्काउट-गाइड उपस्थित रहे।


निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय का किया घेराव

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से सचिवालय तक नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला। इसके बाद सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया गया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, अनुशासन समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी समेत पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहे।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्तों को पद से हटाने, उनके पूर्व फैसलों को निरस्त करने तथा नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस ने निर्वाचन आयुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।

मतदाता सूची और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना उसकी प्रमुख जिम्मेदारी है। पार्टी का आरोप है कि हाल के दिनों में निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और चुनावी पारदर्शिता को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए हैं।

कांग्रेस ने विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई। पार्टी का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान विपक्षी दलों की शिकायतों पर निर्वाचन आयोग की ओर से अपेक्षित संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस ने उत्तराखंड में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नामों को लेकर दाखिल की जा रही आपत्तियों पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों से ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़ी संख्या में फार्म-7 दाखिल कर मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किए जाने की शिकायतें मिली हैं। पार्टी ने ऐसे मामलों की जांच की मांग की है।

फार्म-7 का विवरण सार्वजनिक करने की मांग

कांग्रेस ने मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सभी फार्म-7 आवेदनों का विधानसभा और बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही ऐसे लोगों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई, जिन्होंने असामान्य संख्या में फार्म-7 दाखिल किए हैं।

पार्टी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल की जाती हैं तो यह भी सत्यापित किया जाना चाहिए कि संबंधित व्यक्ति का उन मतदाताओं और क्षेत्र से वास्तविक संबंध है या नहीं। कांग्रेस ने मांग की कि किसी भी वैध मतदाता का नाम केवल फार्म-7 या आपत्ति के आधार पर तब तक न हटाया जाए, जब तक बीएलओ और ईआरओ स्तर पर वास्तविक भौतिक सत्यापन तथा संबंधित मतदाता को सुनवाई का पूरा अवसर न दिया जाए।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति के समक्ष रखीं ये मांगें

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने सहित कई मांगें राष्ट्रपति के समक्ष रखीं। इनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शी प्रक्रिया, नाम हटाने से पहले निष्पक्ष जांच और सुनवाई, राजनीतिक दलों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पक्षपात या मनमानी की शिकायतों की स्वतंत्र जांच शामिल है।

इसके अलावा मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों, आपत्तियों और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक से अधिक सार्वजनिक करने, पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने और अपात्र नामों को नियमों के अनुसार हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की संवैधानिक स्वतंत्रता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक संस्थागत सुधार और जवाबदेही की व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता या निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठने वाला सवाल लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा है। पार्टी ने राष्ट्रपति से पूरे मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक संवैधानिक और विधिक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में विधायक ममता राकेश, फुरकान अहमद, लखपत बुटोला, रवि बहादुर, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व विधायक रंजीत रावत, ओम गोपाल रावत, ललित फर्स्वाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, मीडिया चेयरमैन एवं उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, सुजाता पॉल, लालचंद शर्मा, गोदावरी थापली, अभिनव थापर, जसविंदर सिंह गोगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


जनवरी तक तैयार हो जायेगा जीएनटीआई स्टेडियम- डाॅ. धन सिंह रावत

श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिये 3 करोड़ की विकास योजना स्वीकृत

कहा, धारी देवी रेलवे स्टेशन में बनेगा बहुउद्देशीय पार्किंग व आधुनिक पार्क

देहरादून। श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम आगामी जनवरी माह तक नये व आधुनिक रूप में बनकर तैयार हो जायेगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके अलावा श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिये 3 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दे दी गई है साथ ही विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिये गये हैं।

सूबे के कैबिनेट मंत्री व श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। डाॅ. रावत ने ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को आगामी जनवरी माह तक जीएनटीआई स्टेडियम को पूरी तरह तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाय तक यह स्टेडियम पुनः स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का एक मुख्य केंद्र बन सके। इसके अलावा उन्होंने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ ही बहुउद्देशीय पार्किंग व आधुनिक पार्क के निर्माण के निर्देश भी रेलवे आधिकारियों को दिये।

बैठक में श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 3 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। डाॅ. रावत ने स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने समय पर प्रस्ताव नहीं भेजे तो उनके विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। बैठक में डाॅ रावत ने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल विपिन रावत स्टेडियम में माॅडल पार्किंग के निर्माण के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिये। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों के लिये बेहतर व आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की जायेगी, जिसमें सैकड़ों वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। इसके अलावा उन्होंने श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे व रीवर फ्रंट के सौन्दर्यीकरण के निर्देश भी जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को दिये।

वर्चुअल बैठक में कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप, जिला अधिकारी पौड़ी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सामरिक और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा’ के ग्राम मल्ली स्थित कलेक्शन सेंटर का किया उद्घाटन : समूह की महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों को सराहा

पीएम श्री रा.ई. कॉलेज मातली पहुंचकर शिक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, छात्र-छात्राओं को दिया मार्गदर्शन

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ की वर्तमान व्यवस्थाओं तथा विस्तार योजनाओं के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिये। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन को गति प्रदान करने के साथ–साथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत ग्राम मल्ली पहुंचकर ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन ‘ तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व लखपति दीदीयों से सीधा संवाद कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके आर्थिक स्वावलंबन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने अवगत कराया कि ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा द्वारा यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना एवं आईएफएडी के वित्तीय व तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने क्लस्टर द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी बहुआयामी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत उपस्थित रहे।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कक्षाओं में पहुंचकर अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मुख्य सचिव ने राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया एवं विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राजीव (कक्षा 12), शुभम (कक्षा 11) सहित गृह परीक्षा सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट छात्र लविश एवं अस्मित को सम्मानित कर बधाई दी। इसके साथ ही परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट एवं अनुष्का को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा अन्य छात्रों को निरंतर प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम व अनुशासन के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री के आह्वान पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में सहयोग के लिए आगे आया कॉरपोरेट सेक्टर

नेस्ले इंडिया ने सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया द्वारा सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं।

नेस्ले इंडिया द्वारा धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन में आधुनिक संसाधनों, जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कचरा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद ऊधम सिंह नगर की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ एमओयू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इनमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 134 ई-रिक्शा एवं 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ ही सीएसआर एवं अन्य योजनाओं से उपलब्ध कराए गए वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत द्वारा कॉम्पेक्टर का भी संचालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहनों का किया सम्मान

मातृशक्ति और बच्चों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता,हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार का लक्ष्य- रेखा आर्या

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने 8 लाभार्थी बहनों को प्रदान की महालक्ष्मी किट ,4 बहनों को कराई गोदभराई की रस्म

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने आज जनपद के आंगनबाड़ी केंद्र विण बगरैली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 8 लाभार्थी बहनों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई, जबकि 4 बहनों की गोदभराई की रस्म भी पूर्ण कर उन्हें लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभागीय मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ सामूहिक भोजन कर उनके साथ संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि माताओं, बहनों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का संकल्प है कि इन योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को लोगों से अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत माताओं, बहनों, बच्चों और आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और आशा बहनें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान आज से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मल बसेड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज अधिकारी, बीडीओ राजेंद्र अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक राकेश देवलाल सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहे।


पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत- मुख्यमंत्री

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने किया भावपूर्ण स्मरण

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महान विचारक एवं एकात्म मानववाद और अन्त्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों का स्मरण करते हुए उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का मूल आधार माना। उनका अन्त्योदय का विचार आज भी समाज के समग्र और समावेशी विकास के लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत 26 सितम्बर से विद्यालयों में शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तैयारियों की समीक्षा की

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने विभागीय तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर 26 सितंबर से विभिन्न प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इनमें छात्र-छात्राएं ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ‘25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों’ जैसे विषयों पर निबंध लेखन, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जनपद स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने नए और रचनात्मक विचार सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि युवा विकसित भारत की कल्पना किस रूप में करते हैं और देश के विकास में अपनी भूमिका को कैसे देखते हैं।

वहीं, उच्च शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को विकसित भारत को लेकर अपने विचार, सुझाव और रचनात्मक सोच साझा करने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने और सभी शिक्षण संस्थानों तक कार्यक्रमों की जानकारी समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने, विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं की स्पष्ट जानकारी देने और जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित प्रविष्टियों का विवरण समय से तैयार करने के निर्देश दिए।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp