Tuesday, November 17, 2026
4:44 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नितिन नबीन के कुमाऊं दौरे को लेकर तैयारियां तेज, मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की बैठक

Category Archives: राष्ट्रीय

नितिन नबीन के कुमाऊं दौरे को लेकर तैयारियां तेज, मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की बैठक

गणेश जोशी ने दिए जरूरी निर्देश

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगामी 10 सितंबर को प्रस्तावित कुमाऊं दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हल्द्वानी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर ‘गौरव सेनानी मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गणेश जोशी ने कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुमाऊं दौरे और प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कुमाऊं दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा परिवार के सदस्यों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। साथ ही, ‘गौरव सेनानी मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व सैनिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कमी न रहे।


जर्जर भवनों का होगा सर्वे, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही किया जाए भवन को जर्जर घोषित- जिलाधिकारी

देहरादून। जनपद में जर्जर और संभावित रूप से असुरक्षित भवनों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वर्चुअल बैठक कर अधिकारियों को ऐसे भवनों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हीकरण करने और उनकी तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी भवन को जर्जर या गिरासू घोषित करने से पहले उसकी संरचनात्मक स्थिति का विशेषज्ञों से गहन परीक्षण कराया जाए। भवन की मजबूती, सुरक्षा और आसपास रहने वाले लोगों पर संभावित खतरे समेत सभी तकनीकी एवं विधिक पहलुओं का आकलन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों के साथ नगर निगम और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर भवनों का सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। सूची में भवन की मौजूदा स्थिति, संरचनात्मक सुरक्षा तथा आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी शामिल करने को कहा गया है।

डीएम ने नगर निगम, नगर पालिका परिषदों, लोक निर्माण विभाग और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को संयुक्त रूप से विशेषज्ञ तकनीकी टीमें गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों के माध्यम से भवनों का तकनीकी सर्वेक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित रूप से खतरनाक भवनों के कारण किसी भी तरह की दुर्घटना या जनहानि न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से अत्यधिक जर्जर और संवेदनशील भवनों के मामले में तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हीकरण और जांच की पूरी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। भवनों को गिरासू घोषित करने की कार्रवाई निर्धारित तकनीकी मानकों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजयनाथ शुक्ला, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वान्ठा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढोंडियाल, उप जिलाधिकारी चकराता प्रेमलाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।


पौधे नहीं, भविष्य की हरियाली तैयार कर रहा एमडीडीए

रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण, सुरक्षा के लिए वायरिंग और दो साल के रखरखाव की व्यवस्था

पौधे लगाना पहला कदम, उन्हें पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी – बंशीधर तिवारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून की हरियाली को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। प्राधिकरण ने रायपुर स्थित आर्मी फायरिंग रेंज में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र के विस्तार की पहल की है। खास बात यह है कि एमडीडीए ने पौधारोपण को महज एक अभियान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पौधों की सुरक्षा और उनके आगामी दो वर्षों तक रखरखाव की भी जिम्मेदारी तय की है। पौधों को सुरक्षित रखने के लिए रोपण क्षेत्र के चारों ओर लोहे की वायरिंग भी कराई गई है।

पौधारोपण से आगे, पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी
रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आर्मी अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया। फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का चयन क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय विविधता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई पूरी की है। एमडीडीए की इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू पौधारोपण के बाद की व्यवस्था है। अक्सर पौधारोपण अभियान के बाद पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पौधे नष्ट हो जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने इस बार शुरुआत से ही सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था की है। पौधों को नुकसान से बचाने के लिए लोहे की वायरिंग की गई है, जबकि दो वर्ष तक उनके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

विकास की रफ्तार के साथ हरियाली की भी चिंता
देहरादून तेजी से विस्तार कर रहा है। बढ़ती आबादी, नई आवासीय गतिविधियों और निर्माण कार्यों के बीच शहर की प्राकृतिक पहचान और हरित क्षेत्रों को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे समय में एमडीडीए की यह पहल विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्राधिकरण का प्रयास है कि नियोजित विकास के साथ शहर के पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिले। फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण इसी व्यापक सोच का हिस्सा है। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ने के साथ जैव विविधता को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

सेना के साथ हरित अभियान का संदेश
रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में सेना के अधिकारियों के साथ किया गया पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास का संदेश भी देता है। सैन्य क्षेत्र जैसे स्थान पर हरित आवरण को बढ़ाने की यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम है। प्राधिकरण की ओर से रोपित पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि अभियान का असर लंबे समय तक दिखाई दे।

पौधे लगाना पहला कदम, उन्हें पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी – बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून की पहचान सिर्फ एक विकसित शहर के रूप में नहीं, बल्कि उसकी प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और स्वच्छ वातावरण से भी है। तेजी से बढ़ते शहरी विकास के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना केवल पहला चरण है, उन्हें सुरक्षित रखना और पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करना वास्तविक जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए वायरिंग और दो वर्ष के रखरखाव की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक दायित्व है। विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए प्रकृति और हरियाली को साथ लेकर चलना ही भविष्य के देहरादून की मजबूत नींव तैयार करेगा।

संरक्षण पर फोकस, तभी सफल होगा अभियान – मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण और रखरखाव को भी प्राथमिकता दे रहा है। रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे की वायरिंग की गई है और दो वर्ष तक नियमित रखरखाव की व्यवस्था की गई है। इससे पौधों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उनके बेहतर विकास में मदद होगी। देहरादून की हरियाली को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रखने की दिशा में एमडीडीए का यह प्रयास यह संदेश देता है कि शहर का विकास तभी सार्थक है, जब उसकी हरियाली भी साथ-साथ बढ़े।


शिक्षक केवल विद्यार्थी का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है- मुख्यमंत्री

‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक मार्गदर्शन देना भी जरूरी- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को सम्मानित किया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों एवं छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान गंगा सम्मान समारोह केवल सम्मान और छात्रवृत्ति वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान देने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का सराहनीय प्रयास है। किसी बच्चे की शिक्षा में सहयोग करना केवल उसकी आर्थिक सहायता करना नहीं, बल्कि उसके सपनों को पूरा करने में सहभागी बनना है।

मुख्यमंत्री ने स्व. कुसुम कांता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संगीत, साहित्य और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन-मूल्यों और सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए कुसुम कांता फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण के क्षेत्र में मंथन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि विद्यार्थी को दृष्टि, आत्मविश्वास और संस्कार देने के साथ उसकी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। एक शिक्षक कक्षा में केवल एक विद्यार्थी का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसे संस्कार और जीवन-मूल्य देने का आह्वान किया, जो उन्हें अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाले देश के अग्रणी राज्यों में रहा है। राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को सुविधाएं देने के साथ अपना समय, अच्छे संस्कार और अनुशासन देने तथा प्रत्येक परिस्थिति में उनका सकारात्मक मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे का उज्ज्वल भविष्य केवल अच्छी शिक्षा से नहीं बनता, इसके लिए विद्यालय और परिवार दोनों का साथ चलना आवश्यक है। आने वाली पीढ़ी के निर्माण में माता-पिता और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली असफलताओं से सीखते हुए लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। कठिन रास्ते ही अक्सर बड़ी मंजिलों तक लेकर जाते हैं। विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे भविष्य में शिक्षक, वैज्ञानिक, चिकित्सक, इंजीनियर, खिलाड़ी, उद्यमी, प्रशासनिक अधिकारी अथवा किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा, मेहनत और अच्छे संस्कारों के बल पर उत्तराखंड और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपनी धर्मपत्नी स्व. कुसुम कांता का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा, साहित्य, संगीत और समाज सेवा के प्रति उनका विशेष अनुराग था। एक शिक्षिका के रूप में उन्होंने शिक्षा और संस्कारों को सदैव महत्वपूर्ण स्थान दिया। उनके जीवन-मूल्यों और सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा एवं समाज हित में किए जा रहे कार्य ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं।

डॉ. निशंक ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण का आधार है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और कर्तव्यबोध विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के हित में करने का आह्वान किया। उन्होंने कुसुम कांता फाउंडेशन और मंथन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रो. सुधारानी पाण्डेय, कुसुम कांता फाउंडेशन की संस्थापक विदुषी निशंक, आर्यन देव उनियाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


दिव्यांगजनों की प्रतिभा और उपलब्धियों को मिलेगा सम्मान

उत्कृष्ट कर्मचारी, स्व-रोजगार में रत दिव्यांग, सेवायोजक एवं खिलाड़ी राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए कर सकते हैं आवेदन

देहरादून। दिव्यांगजनों की प्रतिभा, कार्यकुशलता और उल्लेखनीय उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड ने राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न श्रेणियों में दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर 2026 को आयोजित समारोह में चयनित व्यक्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इन पुरस्कारों के लिए उत्कृष्ट एवं दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, स्व-रोजगार करने वाले दिव्यांग व्यक्ति, दिव्यांगजनों के सेवायोजक/प्लेसमेंट अधिकारी और उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से संबंधित पात्र व्यक्तियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

आवेदकों को आवेदन पत्र के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, नवीनतम फोटो, विस्तृत बायोडाटा या जीवन परिचय, विशेष उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज और संस्तुति प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा आवेदक को 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ-पत्र भी देना होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि उसे इससे पहले किसी राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है।

26 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

पात्र आवेदकों को आवेदन और सभी जरूरी दस्तावेज तीन मूल प्रतियों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार तैयार करने होंगे। आवेदन 26 सितंबर 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, 26 ईसी रोड, सर्वे चौक के समीप, देहरादून में जमा किए जा सकते हैं।

समाज कल्याण विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों और संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करें।


कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री से की शिष्टाचार भेंट

आंगनवाड़ी सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम बनाने की पहल तेज, बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने केंद्रीय मंत्री के सामने रखा प्रस्ताव

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

भेंट के दौरान प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण एवं उन्हें सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किए जाने से संबंधित विषय प्रमुखता से रखा गया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वर्तमान में जनपद उधम सिंह नगर एवं हरिद्वार में कुछ आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कैबिनेट मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के अन्य जनपदों में भी पर्याप्त भवन एवं स्थान उपलब्ध वाले आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की अनुमति एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस विषय पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आवश्यक स्तर पर विचार किए जाने का आश्वासन दिया।

वहीं मंत्री रेखा आर्या द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के टेक होम राशन (THR) से संबंधित विषय भी रखा गया। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विभिन्न कारणों से भारत सरकार से टेक होम राशन की प्राप्ति में आ रही कठिनाइयों के चलते वित्तीय स्तर पर समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस विषय का शीघ्र समाधान किए जाने का अनुरोध किया।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में FRS के माध्यम से बच्चों की गणना में विभिन्न विषम परिस्थितियों के कारण अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाने तथा गणना से छूटे हुए लगभग 60 प्रतिशत बच्चों से संबंधित विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया। इस संबंध में आवश्यक समाधान एवं आगामी कार्यवाही का अनुरोध किया गया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने, बच्चों को बेहतर पोषण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा दोनों विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही करते हुए शीघ्र समाधान किया जाएगा।


बीरोंखाल में श्रमिक पंजीकरण शिविर, सैकड़ों श्रमिकों ने लिया हिस्सा

बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन बीरोंखाल ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग की ओर से आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में हिस्सा लिया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रमिक और स्थानीय लोग पहुंचे। इस दौरान श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में श्रमिकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। पहाड़ों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्य श्रमिकों की मेहनत के बिना संभव नहीं हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की आधारशिला हैं।

महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। ब्लॉक स्तर पर लगाए जा रहे श्रमिक शिविर इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल एवं स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र श्रमिकों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

महाराज ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित योजनाओं का लाभ सभी पात्र श्रमिकों को समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए। इनमें पुत्री विवाह अनुदान, बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं। साथ ही सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक रहें। महाराज ने कहा कि श्रमिकों की खुशहाली, सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर महाराज ने लघु सिंचाई विभाग की जिला योजना के तहत चार लाख रुपये की लागत से बडियान स्थित मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।

कार्यक्रम में एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन वडोला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिगोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशपाल गोरला, बीकेटीसी सदस्य नीलमपुरी, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष नागेंद्र, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष चनीलाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता, सूबेदार मनवर सिंह और संग्राम सिंह समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।


देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास गहरी खाई में मिला व्यक्ति का शव

सड़क किनारे मिली कार और खाई में पड़ा था शव

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पानीवाला बैंड के पास सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सड़क किनारे एक कार खड़ी होने और खाई में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को भी बुलाया गया।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को पानीवाला बैंड के समीप सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी होने की सूचना मिली। बताया गया कि सड़क से नीचे नदी के नजदीक गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में की। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अजय कुमार मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।

कार से शराब की आधी बोतल और मोबाइल मिला

घटनास्थल पर पुलिस को सड़क किनारे खड़ी कार मिली। तलाशी के दौरान कार से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, शव सड़क से काफी नीचे खाई में होने के कारण उसे बाहर निकालना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था।

इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के जवानों ने खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही।

एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार, शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


मुख्यमंत्री धामी से मिले नन्हे पर्वतारोही रियांश पंत और प्रिशा रावत

रियांश-प्रिशा ने 5,895 मीटर ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर फहराया तिरंगा, सीएम धामी ने दी बधाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की।

मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। दोनों बच्चों ने अपनी इस उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जनपद के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण कर तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल एवं अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून की बड़ी छलांग, 37वें से 12वें स्थान पर पहुंची राजधानी

धामी सरकार के सतत प्रयासों और जनभागीदारी को मिली बड़ी सफलता

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून ने वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 30 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देहरादून ने देशभर में 12वां स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि शहर ने पिछले तीन वर्षों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए 37वें स्थान से 12वें स्थान तक का सफर तय किया है।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रैंकिंग में देहरादून की स्थिति में लगातार सुधार दर्ज हुआ है। वर्ष 2024 में शहर इस श्रेणी में 41वें स्थान पर था। वर्ष 2025 में सुधार के साथ यह 19वें स्थान पर पहुंचा और अब 2026 में देहरादून ने 12वां स्थान हासिल कर लिया है। लगातार सुधरती रैंकिंग को शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से वायु गुणवत्ता सुधार को लेकर धूल नियंत्रण, सड़क सफाई, वाहनों के प्रदूषण की निगरानी, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने, जनजागरूकता और पर्यावरणीय मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया है। इन प्रयासों को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर शहर के प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करने की दिशा में काम किया गया।

देहरादून के संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धूल नियंत्रण के लिए ड्रोन के माध्यम से जल छिड़काव किया गया। वहीं प्रमुख सड़कों और सड़क किनारे जमा धूल को हटाने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन किया गया। सड़क की धूल से हवा में बढ़ने वाले प्रदूषक कणों को कम करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।

खुले में कूड़ा जलाने पर भी निगरानी

वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में खुले में कूड़ा और अन्य अपशिष्ट जलाना भी शामिल है। इसे रोकने के लिए नगर क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाए गए। लोगों को खुले में कचरा जलाने से होने वाले पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। प्रशासन और नगर निकाय की ओर से नागरिकों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की गई।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी नियमित अभियान चलाए गए। प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) की जांच के जरिए मानकों से अधिक उत्सर्जन करने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाई गई। साथ ही स्वच्छ परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

लगातार मॉनिटरिंग से मिली मदद

वायु गुणवत्ता सुधार के लिए देहरादून में निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों से प्राप्त वायु गुणवत्ता संबंधी आंकड़ों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों, नगर निकायों और आम लोगों के सामूहिक प्रयासों से प्रदूषण नियंत्रण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।

देहरादून की यह उपलब्धि राज्य सरकार के स्वच्छ, स्वस्थ और सतत विकास वाले उत्तराखंड के विजन को भी मजबूती देती है। सरकार का जोर विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन कायम करने पर है। देहरादून की रैंकिंग में लगातार सुधार इस बात का संकेत है कि योजनाबद्ध प्रयासों, तकनीक और जनभागीदारी के जरिए वायु गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस उपलब्धि में देहरादून नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, संबंधित विभागों, सफाई एवं पर्यावरण कर्मियों के साथ शहर के नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। खुले में कचरा नहीं जलाने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता ने सरकारी प्रयासों को मजबूती दी है।

देहरादून के अलावा उत्तराखंड के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ऋषिकेश और काशीपुर में भी पिछले वर्षों की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अन्य शहरों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजनाएं लागू कर स्वच्छ वायु अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादूनवासियों, नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देहरादून का 37वें से 12वें स्थान पर पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि शहर की जागरूक जनता की भागीदारी, नगर निगम के प्रयासों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सतत निगरानी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। स्वच्छ वायु केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। देहरादून की उपलब्धि सरकार और जनता को स्वच्छ वायु की दिशा में और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करती है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp