Wednesday, November 18, 2026
5:43 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दीपम सेठ बने उत्तराखण्ड के नये डीजीपी

Category Archives: राष्ट्रीय

दीपम सेठ बने उत्तराखण्ड के नये डीजीपी

देखें, नये डीजीपी का आदेश

देहरादून। आईपीएस दीपम सेठ उत्तराखण्ड के नये डीजीपी बने। 1995 बैच के आईपीएस को हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एसएसबी से रिलीव किया था।

आज यहां जारी आदेश में कहा गया कि अभिनव कुमार, आई.पी.एस-1996 को पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के अतिरिक्त प्रभार से अवमुक्त करते हुए दीपम सेठ, आई.पी.एस.-1995 को पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के पद पर नियुक्त किया जाता है।

बीते साल 30 नवंबर को आईपीएस अभिनव कुमार को कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया था। अब दीपम सेठ स्थायी डीजीपी के तौर पर कार्य करेंगे।


उत्तर प्रदेश में अचानक उठे विवाद को लेकर राज्य सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण- प्रियंका गांधी

प्रशासन ने बिना किसी जांच के जल्दबाजी में की कार्रवाई- प्रियंका गांधी वाड्रा

चार लोगों की मौत, 20 सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल 

उत्तर प्रदेश। संभल में जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के काम के दौरान हुई हिंसा पर कांग्रेस महासचिव और वायनाड से नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य सरकार के रवैये पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बिना किसी जांच या दोनों पक्षों को विश्वास में लिए जल्दबाजी में कार्रवाई की।

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “संभल, उत्तर प्रदेश में अचानक उठे विवाद को लेकर राज्य सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इतने संवेदनशील मामले में बिना दूसरा पक्ष सुने, बिना दोनों पक्षों को विश्वास में लिए प्रशासन ने जिस तरह ​हड़बड़ी के साथ कार्रवाई की, वह दिखाता है कि सरकार ने खुद माहौल खराब किया। प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया और कर्तव्य का पालन भी जरूरी नहीं समझा। सत्ता में बैठकर भेदभाव, अत्याचार और फूट फैलाने का प्रयास करना न जनता के हित में है, न देश के हित में। माननीय सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का संज्ञान लेकर न्याय करना चाहिए। प्रदेश की जनता से मेरी अपील है कि हर हाल में शांति बनाएं रखें।”

बता दें कि रविवार को संभल में जामा मस्जिद के सर्वेक्षण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ हिंसक झड़प हो गई। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए। इस हिंसा के बाद प्रशासन ने 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया है। वहीं, जिला प्रशासन ने आगामी 30 नवंबर तक जिले में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। बयान में कहा गया है कि अब किसी भी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि को जिले में दाखिल होने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।


बेकाबू ट्रक की टक्कर से यूकेडी नेता समेत दो की मौत

ऋषिकेश। नटराज चौक के समीप बेकाबू ट्रक ने वेडिंग प्वाइंट के बाहर खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे राज्य आंदोलनकारी एवं उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में दिल्ली का एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद चालक फरार हो गया, ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सभी लोग भाजपा नेता के बेटे के रिसेप्शन में शिरकत करने आए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है।

नटराज चौक से लगभग 100 मीटर आगे देहरादून हाईवे पर दो वेडिंग प्वाइंट हैं। इनमें से एक वेडिंग प्वाइंट में रविवार रात भाजपा नेता के बेटे का रिसेप्शन था। इस कारण वेडिंग प्वाइंट के बाहर कई वाहन खड़े थे और चहल-पहल भी थी। ऋषिकेश निवासी उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार (69), माजरी लालतप्पड़ निवासी गुरजीत सिंह (35) और रोहिणी दिल्ली निवासी जतिन भी रिसेप्शन में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि तीनों साथ में वेडिंग प्वाइंट से बाहर निकले। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। नटराज चौक से लगभग 100 मीटर आगे देहरादून हाईवे पर दो वेडिंग प्वाइंट हैं।

इनमें से एक वेडिंग प्वाइंट में रविवार रात भाजपा नेता के बेटे का रिसेप्शन था। इस कारण वेडिंग प्वाइंट के बाहर कई वाहन खड़े थे और चहल-पहल भी थी। ऋषिकेश निवासी उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार (69), माजरी लालतप्पड़ निवासी गुरजीत सिंह (35) और रोहिणी दिल्ली निवासी जतिन भी रिसेप्शन में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि तीनों साथ में वेडिंग प्वाइंट से बाहर निकले।

इसके बाद त्रिवेंद्र सिंह पंवार अपनी कार में बैठने जाने लगे। गुरजीत सिंह उनके लिए कार का दरवाजा खोल रहे थे। तभी सीमेंट के कट्टों से लदा एक बेकाबू ट्रक वहां से गुजरा और वेडिंग प्वाइंट के बाहर खड़े वाहनों को चपेट में लेते हुए त्रिवेंद्र सिंह पंवार, गुरजीत सिंह और जतिन को कुचल दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने गुरजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि त्रिवेंद्र सिंह पंवार की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। एम्स में चिकित्सकों ने त्रिवेंद्र सिंह पंवार को भी मृत घोषित कर दिया। जतिन की हालत भी गंभीर है, उसका एम्स में उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि रात में नो एंट्री के खुलने के इंतजार में कई ट्रक फ्लाईओवर के पास खड़े रहते है। यह ट्रक भी वहीं खड़ा था और नो एंट्री खुलने के बाद तेज रफ्तार में शहर की ओर आ रहा था। ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ने के लिए आसपास के सभी थानों में सूचना दे दी गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।


अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला संस्कृति व हस्तशिल की समृद्ध विरासत को देता है नयी पहचान- सीएम धामी

सीएम धामी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड दिवस में हिस्सा लिया

बीते सात दिनों में 1 करोड़ 16 लाख के उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की बिक्री

देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रगति मैदान में आयोजित 43वाँ भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2024) ‘उत्तराखण्ड दिवस समारोह’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विभिन्न उत्पादों पर आधारित स्टालों का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश विदेश, कही भी चले जाएं, वो अपनी संस्कृति लोक परंपरा खानपान अपनत्व की भावना को हमेशा जीवित रखते हैं। उनके घरों पर ऐपण और गंगा दशहरा हमेशा देखने को मिलता है। उन्होंने कहा यह अंतर्राष्ट्रीय मेला हमें अपनी संस्कृति हस्तशिल्प और समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर लाने और प्रस्तुत करने का मौका देती है। मेले में लगे विभिन्न स्टालों में राज्य के बेहतरीन उत्पादों को लाया गया है। उत्तराखंड प्रवासी, राज्य के विकास में अपना योगदान दे सकें इसके लिए उत्तराखंड प्रवासी परिषद के गठन का भी निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासियों से उत्तराखंड के विकास में सहभागी बनने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है, जिसपर हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से देश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। बीते 10 वर्षों में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसी अनेकों योजनाओं ने भारत को स्टार्टअप के हब के रूप में स्थापित किया है, जिससे देश में रोजगार स्वरोजगार पैदा हो रहे हैं। आज भारत दुनिया की 5वी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्थापना के 24 वर्ष पूर्ण कर चुका है। अब राज्य रजत जयंती में प्रवेश कर चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के उन शब्दों को धरातल में उतार रही है। हमारा राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन के निर्माण से पहाड़ों में रेल पहुंचने का सपना पूरा हो रहा है। उड़ान योजना के तहत राज्य के अनेक स्थलों पर हेली सेवा प्रारंभ की जा रही है। हमारा राज्य सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रहा है। प्रदेश के मेडिकल कॉलेज के साथ 20 मॉडल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। उधम सिंह नगर में एम्स का सैटरलाइट सेंटर भी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के साथ स्थानीय उद्योगों को भी सशक्त बनाया जा रहा है। कृषि, बागवानी, हस्त शिल्प जैसे अनेकों क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने में राज्य की महिलाएं बढ़ चढ़कर भाग ले रही हैं। प्रदेश की महिलाएं अपने साथ अन्य लोगो को भी रोज़गार दे रही हैं। प्रदेश की तरक्की में महिला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश में 1 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन गई हैं। राज्य में कई नीतियों के माध्यम से रोजगार के द्वार खोले जा रहे हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जिस उद्देश्य से राज्य निर्माण हुआ है, उस उद्देश्य को पूरा करने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा इस तरह के कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखंड राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की कल्पना में अपना योगदान दे रहा है। उत्तराखंड के प्रोडक्ट आज देश विदेश तक जा रहे हैं। हमारा राज्य नया डेस्टीनेशन के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने योग दिवस के अवसर पर आदि कैलाश में योग करके पूरी दुनिया के अंदर आदि कैलाश को पहुंचाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह भव्य मेला आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के विजन अनुसार यहां लोकल उत्पादों को बढावा दिया गया है। आज देश विदेश में उत्तराखंड के उत्पादों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे ने बताया कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के बीते 7 दिनों में 1 करोड़ 16 लाख के उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की बिक्री हुई है। इसके साथ 2 करोड़ के ऑर्डर भी हस्त शिल्पकारों को मिले हैं। देश में राज्य के उत्पादों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य को पर्यटन, कृषि , उद्योग, ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर महानिदेशक उद्योग प्रतीक जैन, स्थानिय आयुक्त अजय मिश्रा, निदेशक संस्कृति विभाग बीना भट्ट व अन्य लोग मौजूद रहे।


यूपी में नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बसपा ने किया बड़ा ऐलान 

कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ेगा बसपा 

जब तक चुनाव आयोग फर्जी मतदान रोकने के लिए कोई सख्त निर्णय नहीं उठाता तब तक बसपा किसी भी उपचुनाव में भाग नहीं लेगी- मायावती 

उत्तर प्रदेश। यूपी में नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने अब कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव आयोग फर्जी मतदान रोकने के लिए कोई सख्त निर्णय नहीं उठाता है तब तक बसपा किसी भी उपचुनाव में भाग नहीं लेगी।

उन्होंने कहा कि पहले बैलेट से फर्जी मतदान होते थे अब यह ईवीएम से भी होने लगा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि सिर्फ उपचुनाव ही नहीं लड़ेंगे। बाकी चुनाव में भाग लेंगे। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती के इस बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब यूपी में उपचुनाव होने भी नहीं हैं। हालांकि, अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर कोर्ट का फैसला होने के बाद उपचुनाव हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि फर्जी मतदान लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। पहले लोकसभा, फिर राज्यों के विधानसभा और अब उपचुनाव में भी ये काम खुलकर किया जा रहा है। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में भी इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं जो कि देश के लिए खतरे की घंटी है। ऐसी स्थिति में हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि जब तक इसे रोकने के लिए चुनाव आयोग कोई सख्त निर्णय नहीं लेता है तब तक बसपा किसी उपचुनाव में भाग नहीं लेगी।


हर्ष फायरिंग के दौरान नौ वर्षीय बच्चे को लगी गोली, मौके पर हुई मौत 

रुड़की। देर रात शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान किसी ने हर्ष  फयरिंग कर दी। हर्ष फायरिंग के दौरान गोली नौ वर्ष के बच्चे को जा लगी। जिससे मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव में मुस्लिम समाज के एक परिवार में एक शादी समारोह चल रहा था। देर रात किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी। एक गोली नौ वर्ष के रियान पुत्र वसीम को लग गई। तुरंत ही उसे एक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची खानपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पीएम के लिए रुड़की अस्पताल भेज दिया है।

खानपुर थाना कार्य प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे के शरीर पर गोली लगने का निशान मिला है। प्रथमदृष्टा बच्चे की मौत गोली लगने से हुई लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं बच्चे की मौत से विवाह की खुशियां मातम में बदल गई।


केदारनाथ विधानसभा सीट पर मिली जीत से सीएम धामी के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी गदगद

सीएम धामी ने रोड शो कर जनता का किया आभार व्यक्त

नकारात्मकता को झटका देकर जनता ने विकास पर लगायी मुहर-  सीएम धामी 

देहरादून। केदारनाथ विधानसभा सीट पर मिली जीत से सीएम धामी के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता भी गदगद है। कार्यकर्ताओं ने जहां जश्न मनाना शुरू किया वहीं सीएम धामी ने रोड शो कर जनता का आभार व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि नकारात्मकता को झटका देकर जनता ने विकास पर मुहर लगाई है।

केदारनाथ उपचुनाव में प्रचंड जीत के बाद देहरादून में आयोजित विजयी रैली में सीएम धामी शामिल हुए। भाजपा आशा नौटियाल केदारनाथ के इतिहास में सबसे अधिक वोट पाने वाली प्रत्याशी बन गई है। आशा नौटियाल की जीत पर सीएम धामी ने कहा कि जनता से अपना प्रत्याशी चुन लिया है।

सीएम ने कहा कि अब चुनावों में मतदाता नकारात्मक प्रचार के बजाय काम करने वाली सरकारों को दोबारा जनादेश देने से हिचकते नहीं है। शनिवार को घोषित केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव परिणाम में भी यही देखने को मिला, केदारनाथ की जनता ने पवित्र धाम और यात्रा को लेकर किए गए कांग्रेस के नकारात्मक प्रचार को नकारते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों पर मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी तरह नकारात्मक मुद्दों पर फोकस किया। क्षेत्रवाद से लेकर जातिवाद का दांव खुलकर चला गया, लेकिन मतदाताओं ने तमाम तरह के नकारात्मक प्रचार को सिरे से खारिज करते हुए, केदारनाथ धाम से लेकर पूरे यात्रा मार्ग के लिए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगाने का काम किया है।

सीएम धामी ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का प्रचार मुख्य रूप से चारधाम यात्रा को कैंचीधाम की ओर मोड़ने, दिल्ली में एक ट्रस्ट की ओर से बनाए जा रहे मंदिर को केदारनाथ धाम से जोड़ने, केदारनाथ मंदिर को दान में मिले सोना पर सवाल उठाने के साथ ही पहाड़ की दो प्रमुख जातियों को आमने सामने रखने पर केंद्रित था। कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने खुलकर इन मुद्दों को हवा दी।  कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत तो यहां तक कह गए कि यह मुकाबला उनके और भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के बीच नहीं बल्कि ‘धाम’ और ‘धामी’ के बीच है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत तमाम नेता मुख्यमंत्री पर हमलावर रहे। इस तरह कांग्रेस पूरी तरह विकास और जनसरोकार के मुद्दों को हासिए पर रखकर नकारात्मक मुद्दों पर निर्भर होती चली गई।

चुनाव परिणाम आने के बाद सीएम धामी उत्साहित नजर आए। रोड शो कर उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया।


प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 116वें एपिसोड को किया संबोधित

पीएम मोदी ने युवाओं से एनसीसी से जुड़ने की अपील की

नए युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई तरह के चलेंगे विशेष अभियान – पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 116वें एपिसोड को संबोधित किया। इसमें पीएम मोदी ने युवाओं से एनसीसी से जुड़ने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एनसीसी दिवस है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं खुद एनसीसी का कैडेट रहा हूं और इसके अनुभव मेरे लिए अनमोल हैं। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। देश में कहीं भी आपदा होने पर एनसीसी कैडेट आगे बढ़कर मदद करते हैं।

प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देश युवा दिवस मनाता है। अगले साल स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती है। इसे खास तरीके से मनाया जाएगा और 11-12 जनवरी को दिल्ली में भारत मंडपम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने का आहवान किया है, जिनके परिवार का कोई भी व्यक्ति राजनीति में नहीं है, ऐसे एक लाख युवाओं को, नए युवाओं को, राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई तरह के विशेष अभियान चलेंगे।’


देहरादून के इस इलाके में देर रात अवैध रुप से चल रहे बार और डांस क्लब पर पुलिस ने मारा छापा

40 युवकों और 17 युवतियों को पकड़ा गया 

देहरादून। गजियावाला डांडा गांव स्थित एक पार्टी हॉल में देर रात पुलिस और आबकारी विभाग ने छापा मारा। इस दौरान टीम ने अवैध रूप से चल रहा बार और डांस क्लब पकड़ा।

वहीं, 40 युवकों और 17 युवतियों को भी पकड़ा। साथ ही इनका चालान भी किया गया। उधर, अवैध बार चलाने के आरोप में मुख्य अभियुक्त रजनी केसवाल समेत पांच लोगों पर आबकारी अधिनियम के तहत नामजद मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी को अवैध रूप से संचालित पार्टी की गोपनीय सूचना मिली थी। बताया गया था कि इसमें शराब भी परोसी जाएगी। जिसके बाद देर रात एसएसी और टीम के साथ एक निजी आवास पर छापा मार दिया।
इस दौरान युवक और युवितयां अवैध रूप से पार्टी करते पाए गए। वहां भारी मात्रा में विदेशी शराब की खाली बोतलें व शराब बरामद हुई। मौके पर रेड टीम द्वारा पूछताछ कर भवन स्वामी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।

 


जनता के लिए खुलेगा दून का ‘राष्ट्रपति आशियाना’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर जनता के लिए खोलने की तैयारी शुरू

राष्ट्रपति सचिवालय में अपर सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने की उच्च स्तरीय बैठक

देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड पर स्थित एतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना आगामी अप्रैल माह से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर शनिवार को राष्ट्रपति सचिवालय के अधिकारियों ने देहरादून पहुंच, राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक कर, आशियाना में जनता के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर अब देहरादून स्थित 186 साल पुराने, राष्ट्रपति आशियाना को आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। 21 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस परिसर का इस्तेमाल अभी राष्ट्रपति बाडीगॉर्ड (पीबीजी) द्वारा किया जा रहा है। परिसर को आम जन के लिए खोलने से पहले आवश्यक तैयारी के लिए शनिवार को आशियाना परिसर में राष्ट्रपति सचिवालय में अपर सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने उच्च स्तरीय बैठक मे उत्तराखंड सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। तय किया गया कि आम लोग परिसर के मुख्य भवन तक प्रवेश कर सकेंगे। इस दौरान लोगों को राष्ट्रपति आशियाना के साथ ही भारतीय सेना की 251 साल पुरानी रेजीमेंट पीबीजी के इतिहास और इसके 186 साल पुराने अस्तबल से रूवरू होने का भी मौका मिलेगा।

सैर के मध्य लोग परिसर के खूबसूरत बाग, कैफेटिरिया का भी आनंद उठा सकेंगे। बैठक में परिसर को आम जन के लिए खोलने से पहले बिजली, पानी, पार्किंग की सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीबीजी के सीओ कर्नल अमित बेरवाल, ओएसडी स्वाति शाही के साथ ही उत्तराखंड शासन के सचिव शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, पंकज कुमार पांडे, डीएम देहरादून स्वीन बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित हुए। इससे पहले राष्ट्रपति के निर्देश पर हैदराबाद स्थित राष्ट्रपति नीलायम और मशहोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास को भी आम लोगों के लिए खोला जा चुका है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp