Thursday, November 19, 2026
7:45 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

23 मार्च को  ‘जन सेवा थीम’ पर आयोजित होंगे बहुउद्देशीय शिविर

Category Archives: राष्ट्रीय

23 मार्च को  ‘जन सेवा थीम’ पर आयोजित होंगे बहुउद्देशीय शिविर

भाजपा सरकार के तीन वर्ष पर प्रदेश में होंगे कई कार्यक्रम

सीएस ने सभी डीएम को दिए निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं कि 23 मार्च को वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राज्य के जनपद मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत “जन सेवा थीम” पर बहुदेशीय शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किये जाएगे ।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश जारी किये हैं कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जनपदों में चिकित्सा शिविर एवं बहुदेशीय शिविर का आयोजन 22 मार्च से 25 मार्च 2025 तक किया जायेगा।
मुख्य कार्यकम 22 मार्च को जनपद अल्मोड़ा में तथा 23 मार्च 2025 को जनपद देहरादून में आयोजित किया जायेगा। समस्त जनपदों के जनपद मुख्यालयों में भी 23 मार्च 2025 को कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है. जिसमें सूचना विभाग द्वारा तैयार विकास पुस्तिका का विमोचन, बहुद्देशीय शिविर तथा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा।

जनपद मुख्यालयों में कार्यक्रम की अध्यक्षता सम्बन्धित जनपद के प्रभारी मंत्री के द्वारा की जायेगी। जिन जनपदों में कतिपय कारणों से प्रभारी मंत्री की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, वहां कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद करेंगे।
सम्बन्धित जिलाधिकारी कार्यक्रम की अध्यक्षता हेतु प्रभारी मंत्री/सांसदगण से निवेदन कर समन्वय स्थापित करेंगे।
बहुद्देशीय शिविर में आम जन को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की उपलब्धता, विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली जनोपयोगी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाओं का वितरण आदि सुनिश्चित किया जायेगा।

इसके साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरीज का भी प्रचार-प्रसार किया जाय। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 11:00 बजे किया जाना है।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश जारी किए हैं कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री/ सांसद द्वारा पहले जनता को सम्बोधित किया जायेगा।

जनपद देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को मुख्यमंत्री लगभग 12:30 बजे सम्बोधित करेंगे। जिसका सजीव प्रसारण समस्त जनपद मुख्यालयों एवं तहसील/ ब्लॉक मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रन में भी प्रसारित किया जायेगा। जनपद स्तर पर बहुद्देशीय शिविर / चिकित्सा शिविर एवं कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था सम्बन्धित जिले के जिलाधिकारी द्वारा की जायेगी, इसमें टेंट, फर्नीचर, जलपान, भोजन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।

कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखण्ड की लोक परम्पराओं, लोक नृत्य, लोक गायन, लोक कला जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही साथ जनसामान्य हेतु सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित पठनीय सामग्री भी उपलब्ध कराई जायेगी।

जनपद मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय सम्मानित जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। 23 मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के अतिरिक्त 24 मार्च से 30 मार्च, 2025 तक जन सेवा थीम पर प्रत्येक विधानसभा / ब्लॉक स्तर पर भी बहुदेशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

विधानसभा क्षेत्र/ब्लॉक मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथि निश्चित कर बहुद्देशीय शिविरों के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा,ताकि अधिकतन जन सहभागिता सुनिश्चित हो सके तथा आमजन को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। विधानसना/ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सांसदगण / विधायकगण एवं सम्मानित जन प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जायेगा।
कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु जो भी कार्य आवश्यक होंगे, जिलाधिकारी अपने स्तर से निर्णय लेंगे।


जेल में बंद भाजपा नेता व पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को मिली जमानत 

निर्दलीय विधायक के कार्यालय पर चलाई थी गोलियां

जमानत के बाद चैंपियन के समर्थकों में जोश

हरिद्वार। बीती 27 जनवरी से जेल में बंद भाजपा नेता व पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को जमानत मिल गयी। हरिद्वार जिला अदालत में चैंपियन के वकील की ओर से पेश जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद चैंपियन को जमानत दे दी गयी।

गौरतलब है कि 26 जनवरी को प्रणव चैंपियन व समर्थकों ने खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग करने के आरोप में जेल भेजा गया था।

इस बीच, 15 फरवरी को जेल में तबियत बिगड़ने पर चैंपियन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि खानपुर विधायक उमेश कुमार व चैंपियन के बीच सोशल मीडिया में जंग हो गयी थी। उमेश कुमार के लंढोरा के रंगमहल के बाहर गाली गलौज करने के बाद चैंपियन व समर्थकों ने 26 जनवरी को विधायक के कार्यालय पर गोली चला दी थी। जमानत मिलने के बाद चैंपियन ने समर्थकों का आभार जताया। और कहा कि कठिन समय में सभी समुदाय के लोग उनके साथ जुड़े रहे।


यूटीयू में सॉफ्टवेयर डेवलप किए जाने के नाम पर करोड़ों का घोटाला

सचिव डॉ. रंजित सिन्हा को रिश्वत देने की पेशकश की गई

देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में सॉफ्टवेयर डेवलप किए जाने के नाम पर करोड़ों का घोटाला पकड़ में आने के बाद मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से शासन में तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. रंजित सिन्हा को रिश्वत देने की पेशकश की गई। यह बात सामने आने के बाद शासन में हड़कंप मचा हुआ है। सचिव की ओर से संबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट किए जाने की संस्तुति की गई है।

बता दें कि पिछले दिनों यूटीयू में सॉफ्टवेयर डेवलप किए जाने के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला तकनीकी शिक्षा सचिव की जांच में पकड़ में आया था। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने लखनऊ की एक कंपनी से अनुबंध कर ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग), यूएमएस (यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम) सॉफ्टवेयर का निर्माण कराया था। इसके लिए कंपनी को करीब दो करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। लेकिन शासन की जांच में मामला पकड़ में आने के बाद कंपनी की ओर से मामले का रफा-दफा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चार मार्च को कंपनी के प्रतिनिधि ने सचिवालय में आकर सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा से मुलाकात की और उन्हें मामले को रफा-दफा करने के लिए घूस की पेशकश की। जिस पर सचिव बुरी तरह से बिफर गए और उन्होंने तत्काल कंपनी प्रतिनिधि को कार्यालय से जाने को कहा।  इसके तत्काल बाद सचिव की ओर से कुलसचिव यूटीयू को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने पत्र में कहा है कि ‘स्पष्ट करें कि क्या संबंधित व्यक्ति को विश्वविद्यालय की ओर से सचिवालय भेजा गया था। यदि हां तो, इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण शीघ्र उन्हें उपलब्ध कराएं। यदि नहीं तो, तत्काल कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई करें’। संबंधित प्रकरण की सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजित सिन्हा ने पुष्टि की है।

(साभार)


मल्टीथीम पब्लिक पार्क के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति सचिवालय की मोहर 

राष्ट्रपति आशियाना’’ – 132 एकड़  में अंतरराष्ट्रीय स्तर का पार्क बनेगा
जून माह में  राष्ट्रपति करेंगी शिलान्यास
प्रकृति, मनोरंजन एवं सामाजिक सद्भाव का प्रतीक सिद्ध होगा  राष्ट्रपति का यह तोहफा
लंदन हाईड पार्क की तर्ज पर डिजाईन कांनसेप्ट डीएम व सीडीओ ने किया था प्रेषित
देहरादून।  जिले में अवस्थित ‘‘राष्ट्रपति आशियाना एवं उपवन वाटिका‘‘ राजपुर रोड़, देहरादून को आम जनमानस के भ्रमण/विहार हेतु खोला जाना प्रस्तावित है।
आम जनमानस के सुचारू आवागमन हेतु परिवहन सुविधा एवं उक्त के व्यापक प्रचार-प्रसार के दृष्टिगत जिलाधिकारी  सविन बंसल की अध्यक्षता में मंथन सभागार  में स्थानीय स्टेक होल्डर्स के साथ  विस्तृत विमर्श  बैठक आहूत की गयी है।
  ‘‘राष्ट्रपति आशियाना एवं उपवन वाटिका’’ 132 एकड़ भूमि को पार्क के रूप में विकसित करने तथा जनता के लिए भ्रमण विहार खोलने के जिलाधिकारी देहरादून के प्रस्ताव राष्ट्रपति सचिवालय ने स्वीकार किया है। जिस पर आगे की कार्ययोजना के लिए जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैं।
 इससे पूर्व राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव द्वारा राजपुर रोड पर स्थित राष्ट्रपति आशियाना कार्यालय में राज्य के उच्च अधिकारियों के साथ एक बैठक कर विश्व स्तरीय सार्वजनिक पार्क के निर्माण पर चर्चा की गई।
‘‘राष्ट्रपति आशियाना’’ में अब तक प्रतिबन्धित 132 एकड़ भूमि फार्म को मल्टीथीम पब्लिक पार्क खोले जाने के डीएम के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति सचिवालय ने मोहर लगा दी है। डीएम ने राष्ट्रपति सचिव को जनवरी माह की मुलाकात में दृढ आग्रह किया था। लंदन हाईड पार्क की तर्ज पर डिजाईन कांनसेप्ट प्रेषित किया गया है।
राजपुर रोड में स्थित राष्ट्रपति आशियाना के 132 एकड़ क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का सार्वजनिक पार्क स्थापित किया जाएगा।
इस पार्क में उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह पार्क उत्तराखंड की जनता के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना के रूप में स्थापित होगा। इस नवीनतम डिज़ाइन से बनने वाले पार्क में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ये पार्क हरियाली, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगा।  पार्क की आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ सड़क, बिजली, पानी, यातायात, पार्किंग, संचार, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में पार्क को और अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए  स्थानीय स्टेक होल्डर्स से सुझाव मांगे। प्राप्त होने वाले सुझावों को पार्क निर्माण के लिए तैयार की जाने वाली डीपीआर में शामिल किया जाएगा।
जनता इस तरह दे सकती है अपने सुझाव
इस पार्क का निर्माण देहरादून की जनता की अपेक्षाओं के अनुसार किया जाएगा, जिसके लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर एक सार्वजनिक फीडबैक फॉर्म उपलब्ध कराया गया है. इस फॉर्म को भरकर जनता पार्क निर्माण के लिए अपने सुझाव दे सकती है।
ज्ञातब्य है कि  देहरादून में स्थित राष्ट्रपति आशियाना पूरे 21 एकड़ में फैला हुआ है। आगामी 20 जून ये भवन जनता के लिए खोला जाएगा. भवन के साथ-साथ परिसर में आगंतुक सुविधा केंद्र, घुड़सवारी, कला प्रदर्शनी, कैफेटेरिया और स्मारिका स्टोर भी उपलब्ध होंगे। माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 20 जून को इस पार्क की नींव रखेंगी। पार्क का निर्माण होने के बाद, वर्ष 2026 में राष्ट्रपति इसे राज्य की जनता को समर्पित करेंगी।

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतरीन इलाज

154 एम्बुलेंस, हेलीकॉप्टर और बोट एम्बुलेंस होंगे तैनात- स्वास्थ्य सचिव

ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य निगरानी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार चारधाम यात्रा 2025 के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में विभाग ने यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार चारधाम और यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व विस्तार किया जा रहा है।

केदारनाथ और बद्रीनाथ में नए अस्पतालों की शुरुआत
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि इस बार केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में दो नए अस्पताल खोले जा रहे हैं। केदारनाथ में 17 बेड और बद्रीनाथ में 45 बेड के अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जो तीर्थयात्रियों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर 25 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

नई स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
इस साल यात्रा मार्ग में 20 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) और 31 स्वास्थ्य जांच केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो तीर्थयात्रियों की उच्च ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करेंगे। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जैसे ट्रांजिट जिलों में 37 स्थायी स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया गया है और नई स्क्रीनिंग इकाइयों की स्थापना की योजना बनाई गई है।

154 एम्बुलेंस तैनात, हेलीकॉप्टर और बोट एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा मार्ग पर 154 एम्बुलेंस तैनात करने का निर्णय लिया है, जिनमें 17 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं। इसके अलावा, एम्स ऋषिकेश द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस और टिहरी झील में बोट एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

सुरक्षा को लेकर नई रणनीतियाँ
पिछले साल 34,000 से अधिक मेडिकल आपातकालीन मामले सामने आए थे, जिसमें 1,011 मरीजों को एम्बुलेंस द्वारा और 90 मरीजों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया था। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि इस साल स्वास्थ्य मित्रों (फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर) की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य निगरानी

स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी रूप से उन्नत किया जा रहा है। इस वर्ष ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल को अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें एक बटन जोड़ा जाएगा, ताकि तीर्थयात्री आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अलावा, प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस के माध्यम से तीर्थयात्रियों की 28 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मापदंडों की तुरंत जांच की जाएगी।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष लाखों श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी। उच्च ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण महज कुछ श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबधी दिक्कते हुईं। इस बार स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार किया गया है। इसके लिए केंद्र सरकार से धनराशि स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहन के रूप में मंजूर की गई है और गुप्तकाशी में 50 बेड के अस्पताल के लिए बजट स्वीकृत किया गया है।

आगे की योजना और यात्रियों की सुरक्षा

इस बार तीर्थयात्रियों के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य घोषणा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि यात्रा से पहले ही हाई-रिस्क तीर्थयात्रियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा, आपातकालीन कॉल सेंटर को और मजबूत किया जाएगा और यात्रा मार्ग पर होटल, धर्मशाला, खच्चर चालकों और अन्य स्थानीय सेवाओं से जुड़े लोगों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का यह प्रयास है कि चारधाम यात्रा 2025 को श्रद्धालुओं के लिए न केवल आध्यात्मिक बल्कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी सुरक्षित और सुकूनदायक बनाया जाए।


उत्तराखंड शासन ने एक बार फिर पीसीएस अधिकारियों के किए तबादले, देखें सूची

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने एक बार फिर से पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन ने बीते दिन भी कई आईपीएस आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए थे जिसके बाद एक बार फिर 15 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।


प्रदेश में औषधीय गुणों से भरपूर शहद के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है – मुख्यमंत्री धामी 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शासकीय आवास पर शहद निष्कासन कार्य के पहले चरण में 57 किलोग्राम शहद निकाला गया और इस बार लगभग 200 किलोग्राम शहद निकालने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में उच्च गुणवत्ता वाले जैविक और औषधीय गुणों से भरपूर शहद के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लेते हुए अधिकारियों को ‘शहद महोत्सव’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं ताकि मधुमक्खी पालन से जुड़े सभी उत्पादों को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार उत्तराखण्ड के प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग कर स्थानीय लोगों को सशक्त बनाते हुए जैविक शहद उत्पादन में राज्य को अग्रणी बनाने के लिए क्रियाशील हैं।


मुख्य सचिव ने बीएसएनएल को 4जी सेचुरेशन स्कीम का कार्य समयसीमा पर पूर्ण करने के दिए निर्देश

देहरादून। एक अप्रैल 2025 से आरम्भ होने वाले नेशनल ब्राॅण्डबैण्ड मिशन 2.0 (एनबीएम) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 7वीं स्टेट ब्राॅडबैण्ड कमेटी की बैठक मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित की गई।
राज्य के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सर्वव्यापी एवं समान ब्राॅण्डबैण्ड सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर सीएस राधा रतूड़ी ने राज्य में नेशनल ब्राॅण्डबैण्ड मिशन 2.0 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी एवं   प्रतिस्पर्धात्मक   कनेक्टिविटी हेतु सेटेलाइट ब्राॅण्डबैण्ड को प्रोत्साहित करने तथा पिटकुल व यूपीसीएल की मदद से आप्टिकल ग्राउण्ड वायर के उपयोग के प्रोत्साहन हेतु निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने बीएसएनएल को 4जी सेचुरेशन स्कीम का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने को कहा है।
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा ई-सेवाएं प्रदान करने को लेकर एफटीटीएच की उपयोगिता के सम्बन्ध में आईटी विभाग को नियमित माॅनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। भारत नेट स्कीम के तहत राज्य के 1819 ग्राम पंचायतों में 14516 एफटीटीएच कनेक्शन दिए जा चुके हैं।  सीएस रतूड़ी ने बीएसएनएल से अवशेष 19 ऑएनटी में विद्युत कनेक्शन शीघ्र प्रदान करने के कहा है।
भारतनेट स्कीम की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने भारतनेट इन्फ्रास्ट्रक्चर पर आधारित विभिन्न ग्रामीण योजनाओं एवं सेवाओं के संचालन की माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बिजली के खम्बों पर एरियल केबल्स के रेगुलराइजेशन हेतु पाॅलिसी फ्रेमवर्क को जल्द से जल्द लागू करने हेतु आईटी विभाग, यूपीसीएल, शहरी विकास विभाग एवं स्मार्ट सिटी को निर्देश दिए हैं।
बैठक में अपर सचिव निकिता खण्डेलवाल,  विनीत कुमार सहित एडीजी टेलीकाॅम राकेश कुमार सहित आईटी विभाग, बीएसएनएल, यूपीसीएल एवं पिटकुल के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कलस्टर विद्यालयों में परिवहन सुविधा के लिए 15 बसों का किया फ्लैग ऑफ

स्कूली बच्चों के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें विद्यालय आवागमन में समय की होगी बचत – मुख्यमंत्री धामी 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से उत्तरकाशी जनपद के कलस्टर विद्यालयों में परिवहन सुविधा के लिए 15 बसों का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली बच्चों के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें विद्यालय आवागमन में समय की बचत होगी। इस तरह के नवाचार से बच्चों को पठन-पाठन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह सराहनीय प्रयास किया गया है।

उत्तरकाशी जनपद के नगरीय क्षेत्र के 15 कलस्टर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाये जाने के लिए जिलाधिकारी उत्तरकाशी द्वारा जिला खनिज न्यास फाउण्डेशन की मद एवं अन्टाईड फण्ड से 15 बस क्रय की स्वीकृति प्रदान की गयी।
प्रति बस के लिए 20 लाख की दर से कुल 03 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई। जिन प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए यह बस की सुविधा दी जा रही है। उनमें विकासखण्ड नौगांव के लिए पांच, विकासखण्ड भटवाडी और विकासखण्ड डुण्डा के लिए तीन-तीन विकासखण्ड पुरोला के लिए दो जबकि विकासखण्ड चिन्यालीसौड और विकासखण्ड मोरी के लिए एक-एक बस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भरत चौधरी, प्रमोद नैनवाल, सचिव शिक्षा रविनाथ रमन, जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. एम.एस. बिष्ट, महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी उत्तरकाशी शैलेन्द्र अमोली उपस्थित थे।


मैं देशवासियों को नमन करता हूं जिनकी वजह से महाकुंभ का सफल आयोजन हुआ – पीएम मोदी 

महाकुंभ में हमने अपनी राष्ट्रीय चेतना के जागरण के विराट दर्शन किए – पीएम 

लोग सुविधा-असुविधा की चिंता छोड़कर महाकुंभ में हुए शामिल – पीएम मोदी 

नई दिल्ली। पीएम मोदी मंगलवार को लोकसभा में महाकुंभ के आयोजन पर बोले। उन्होंने इस दौरान इस आयोजन में योगदान देने वालों का धन्यवाद किया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आज मैं इस सदन के माध्यम से देशवासियों को नमन करता हूं जिनकी वजह से महाकुंभ का सफल आयोजन हुआ है। महाकुंभ की सफलता में अनेक लोगों का योगदान है.. मैं सभी कर्मयोगियों का अभिनंदन करता हूं। मैं देश भर के श्रद्धालुओं, उत्तर प्रदेश व विशेष रूप से प्रयागराज की जनता का धन्यवाद करता हूं।”

पीएम ने कहा कि पिछले वर्ष अयोध्या के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह ने हम सभी को यह अहसास कराया कि देश अगले 1000 वर्षों के लिए कैसे तैयार हो रहा है। इस वर्ष महाकुंभ ने हमारी सोच को और मजबूत किया है, तथा देश की सामूहिक चेतना हमें देश के सामर्थ्य के बारे में बताती है।

पीएम ने कहा, “मानव जीवन के इतिहास में ऐसे कई मोड़ आते हैं, जो पीढ़ियों को दिशा देते हैं।” पीएम मोदी ने महाकुंभ पर बोलते हुए कहा कि आयोजन के दौरान लोग सुविधा-असुविधा की चिंता छोड़कर इसमें शामिल हुए। पीएम ने कहा कि पीढ़ी दर पीढ़ी हमारे संस्कारों के आगे बढ़ने का क्रम जारी है। आज भारत का युवा अपनी परंपरा अपनी आस्था और परंपरा को गर्व के साथ अपना बना रहा है। एक देश के रूप में हम बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने का भरोसा बढ़ा। अपने विरासत से जुड़ने की परंपरा आज के भारत की सबसे बड़ी पूंजी है।

पीएम मोदी ने कहा कि युवा पीढ़ी भी पूरे भाव से महाकुंभ से जुड़ी। महाकुंभ पर सवाल उठाने वालों को जवाब मिला है। देश के कोने-कोने में आध्यात्मिक चेतना उभरी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाकुंभ को भारत के इतिहास में अहम मोड़ करार देते हुए मंगलवार को लोकसभा में कहा कि दुनिया ने देश के विराट स्वरूप को देखा और यह ‘सबका प्रयास’ का साक्षात स्वरूप था। उन्होंने निचले सदन में प्रयागराज महाकुंभ को लेकर दिए एक वक्तव्य में यह भी कहा कि महाकुंभ से ‘एकता का अमृत’ और कई अन्य अमृत निकले हैं।

उनका कहना था, ‘‘मैं देश के श्रद्धालुओं, उत्तर प्रदेश की जनता और विशेषकर प्रयागराज की जनता का धन्यवाद करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि जिस तरह से गंगा को लाने के लिए भगीरथ प्रयास हुआ था उसी तरह का महाप्रयास महाकुंभ में दिखाई दिया। प्रधानमंत्री का कहना था, ‘‘मैंने लाल किले से ‘सबका प्रयास’ पर जोर दिया था। पूरे विश्व ने महाकुंभ के माध्यम से भारत के विराट स्वरूप के दर्शन किए। ‘सबका प्रयास’ का यही साक्षात स्वरूप है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महाकुंभ में हमने अपनी राष्ट्रीय चेतना के जागरण के विराट दर्शन किए हैं। यह हमें नए संकल्पों की सिद्धि के लिए प्रेरित करती है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘महाकुंभ ने उन शंकाओं और आशंकाओं को उचित जवाब दिया है जो हमारे सामर्थ्य को लेकर कुछ लोगों के मन में रहती हैं।’’

उन्होंने कहा कि महाकुंभ से अनेक अमृत निकले हैं और एकता का अमृत इसका बहुत पवित्र प्रसाद है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ ऐसा आयोजन रहा जिसमें देश के हर क्षेत्र से, हर कोने से आए लोग एक हो गए और ‘अहम्’ त्याग कर ‘वयम्’ के भाव से प्रयागराज में जुटे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘देश के इतिहास में कई ऐसे पल आए हैं जिन्होंने देश को नई दिशा दी और देश को झकझोर कर जागृत कर दिया।’’

मोदी ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो सर्वधर्म सम्मेलन में दिए गए भाषण, गांधीजी के ‘दांडी मार्च’ और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ‘दिल्ली चलो’ का नारा देने जैसे ऐतिहासिक अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘मैं प्रयागराज महाकुंभ को भी ऐसे ही एक अहम पड़ाव के रूप में देखता हूं जिसमें जागृत होते भारत का प्रतिबिंब दिखा।’’

उन्होंने अपनी हालिया मॉरीशस यात्रा का जिक्र करते हुए बताया, ‘‘मैं पिछले सप्ताह त्रिवेणी का पवित्र जल मॉरीशस लेकर गया था, जब उस जल को वहां के गंगा तालाब में प्रवाहित किया गया तो वहां बहुत ही उत्साह और आस्था का माहौल था।’’ प्रधानमंत्री ने लोकसभा में कहा कि महाकुंभ से प्रेरणा लेते हुए हमें नदी उत्सव की परंपरा को नया विस्तार देना होगा, हमें इस बारे में जरूर सोचना चाहिए जिससे वर्तमान पीढ़ी को पानी का महत्व समझ में आएगा और नदियों की साफ-सफाई के साथ-साथ नदियों की रक्षा भी होगी। उन्होंने कहा कि भारत की नई पीढ़ी महाकुंभ से जुड़ी और यह युवा पीढ़ी आज गर्व के साथ अपनी आस्था और परंपराओं को अपना रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp