Thursday, November 19, 2026
8:20 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

चारधाम यात्रा – आपदाओं से निपटने के लिए यूएसडीएमए ने कसी कमर

Category Archives: राष्ट्रीय

चारधाम यात्रा – आपदाओं से निपटने के लिए यूएसडीएमए ने कसी कमर

एनडीएमए और यूएसडीएमए मिलकर करेंगे मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन ने ली बैठक

मॉक ड्रिल के जरिये विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखा जाएगा

चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता- सुमन

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण ने आगामी चारधाम यात्रा को लेकर अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा संयुक्त रूप से चारधाम यात्रा के दौरान संभावित आपदाओं का प्रभावी तरीके से सामना करने और चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अप्रैल माह में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। सचिव आपदा प्रबन्धन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने मॉक ड्रिल के आयोजन को लेकर यूएसडीएमए, यूएलएमएमसी तथा यू-प्रिपेयर के विशेषज्ञों के साथ विभागीय बैठक कर सभी पहलुओं पर चर्चा की।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि चार धामयात्रा के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग तथा यूएसडीएमए के स्तर पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनडीएमए से चारधाम यात्रा के दौरान आपदा केंद्रित मॉक ड्रिल को लेकर टेंटेटिव शेड्यूल प्राप्त हुआ है, उसे देखते हुए यूएसडीएमए ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में विभिन्न जनपदों तथा रेखीय विभागों के साथ भी बैठक कर मॉक ड्रिल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन एवं कुशल नेतृत्व में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी आपदा की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को हर हाल में सुनिश्चित करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पर्यटन विभाग, ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग, यूकाडा, लोक निर्माण विभाग, बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन आदि विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यूएसडीएमए का प्रयास है कि सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय इतना मजबूत हो कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी आपदा के समय बहुत कम समय में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि आपदाओं के दौरान रिस्पांस टाइम को कम किया जा रहा है और उत्तराखण्ड में रिस्पांस टाइम लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी एनडीएमए और यूएसडीएमए द्वारा चारधाम यात्रा के सफल संचालन तथा आपदा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। पिछली बार मॉक ड्रिल में जो कमियां रह गई थी, इस बार उन्हें दूर किया जाएगा तथा एनडीएमए से गत वर्ष प्राप्त सुझावों को शामिल करते हुए सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यूएसडीएमए के विशेषज्ञों को मॉक ड्रिल के लिए जल्द से जल्द विभिन्न समितियां गठित करने तथा विभिन्न रेखीय विभागों की चारधाम यात्रा के दौरान क्या भूमिका है, इसे स्पष्ट करते हुए संबंधित विभागों को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न रेखीय विभागों तथा उनके अधिकारियों को यह जानकारी दी जाएगी कि आईआरएस प्रणाली के तहत आपदाओं का प्रभावी तरीके से सामना करने में किस विभाग तथा किस अधिकारी की क्या भूमिका है।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, वित्त नियंत्रक अभिषेक आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो0 ओबैदुल्लाह अंसारी, यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार तथा यूएसडीएमए, यूएलएमएमसी और यू प्रिपेयर के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

 


उपनल व संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए ठोस नीति बनेगी- सीएम

तीन साल के जश्न से निकलीं रोजगार की तीन गारंटी

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण

दस करोड़ रूपये तक के सरकारी कार्य स्थानीय ठेकेदारों को ही

परेड ग्राउंड में सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों-युवाओं, उपनल और संविदाकर्मियों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और स्नातक डिग्री प्राप्त युवाओं को राज्य सरकार आर्थिक सहायता देगी। एक समर्पित मंच के माध्यम से उनके रोजगारपरक कौशल को विकसित करने लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए, सरकार एक उच्चस्तरीय समिति का गठन करेगी। उपनल एवं संविदाकर्मियों को नियमित नियुक्ति के लिए शीघ्र ही एक ठोस नीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा, दस करोड़ रूपये तक के सरकारी कार्य प्रदेश के स्थानीय ठेकेदारों को ही दिए जाएंगे।

सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की जोशपूर्ण उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में सबसे पहले उत्तराखण्ड के अमर बलिदानियों और सरदार भगत सिंह जी, राजगुरू जी और सुखदेव जी को शहीद दिवस पर भावांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की है। विभिन्न चुनौतियों के बावजूद इन तीन वर्षों में हमारे प्रदेश ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिनकी गूंज आज पूरे देश में सुनाई दे रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग जो बोलने में सावधानी नहीं रखते उनके कारण प्रदेश में कभी-कभी क्षेत्रवाद या जातिवाद की बातें सुनाई देती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का कोई भी व्यक्ति यदि संकीर्ण क्षेत्रवाद या जातिवाद की बात करता है तो वो न केवल उन आंदोलनकारी के साथ अन्याय करता है, जिन्होंने इस प्रदेश के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया बल्कि वो अपनी मातृ-भूमि के खिलाफ भी कार्य करता है।

तीन वर्ष की उपलब्धियों और प्रमुख निर्णयों को सिलसिलेवार सामने रखा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों को सिलसिलेवार सामने रखा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले तीन वर्षों से जहां एक ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में कार्य किया है, वहीं प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित 30 से अधिक नई नीतियां बनाकर उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास का एक विस्तृत रोडमैप तैयार कर कई नई योजनाएं लागू की हैं। इसका परिणाम है कि हर क्षेत्र में उत्तराखण्ड की प्रगति साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर प्रदान करना, प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को दस फीसदी क्षैतिज आरक्षण, वृद्धावस्था पेंशन की सुविधा, सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को पुनः प्रारंभ करना, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करना, 207 प्रकार की पैथेलॉजिकल जांचों की निःशुल्क सुविधाओं का खास तौर पर जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के सतत् विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के इंडेक्स में उत्तराखण्ड को मिले पहले स्थान के साथ ही
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर्स तथा स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी का जिक्र करते हुए बेरोजगारी दर में रिकार्ड कमी की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखण्ड ने राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे सतत आर्थिक सुधारों का ही ये परिणाम है कि 2023-24 की तुलना में इस वर्ष राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में 13.59 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। इतना ही नहीं प्रति व्यक्ति आय में हमने 11.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने जी-20 बैठकों, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि देवभूमि से समान नागरिक संहिता की पवित्र गंगा प्रवाहित होने से पूरे देश में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने अपने संबोधन में नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। दंगा और धर्मांतरण विरोधी कानूनों की भी चर्चा की। भू-कानून के संबंध में उन्होंने कहा कि इससे देवभूमि की इस पुण्य धरा को भू-माफियाओं से बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हमने जनता से जो वायदे किए, उन्हें पूरा किया। अब तक हम 2022 में जारी अपने दृष्टि पत्र के करीब 70 प्रतिशत से अधिक वादों को धरातल पर उतारने में सफल रहे हैं। अन्य वादे भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।

‘सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष’ पुस्तिका का विमोचन

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष’ का विमोचन किया। इसमें सरकार द्वारा 03 साल में जनहित में लिये गये फैसले, योजनाएं और उपलब्धियां शामिल की गई हैं। ‘देवभूमि रजत उत्सव- संकल्प से सिद्धि’ कलेण्डर का डिजिटल विमोचन और कंटेंट क्रिएटर कंपटीशन का डिजिटल शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।

बाल भिक्षावृत्ति निवारण: शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने वाले 13 बच्चों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बाल भिक्षावृति निवारण प्रयास के अन्तर्गत इंटेन्सिव केयर सेंटर साधूराम इण्टर कॉलेज देहरादून में प्रवेशरत शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े 13 बच्चों को सम्मानित किया गया। लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई भूमि के भू स्वामियों को अनुग्रह अनुदान के रूप में कुल 10 करोड़ की धनराशि वितरित की गई। अटल आवास योजना के तहत लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने चेक और चाबी सौंपी। राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया और सराहनीय कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये।

कार्यक्रम के दौरान सरकार के 03 वर्ष पूरे होने पर कलाकारों द्वारा राज्य की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सरकार के 03 वर्ष पूरे होने पर कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो में प्रतिभाग किया और विभिन्न स्टॉल का अवलोकन भी किया।

सभी जिलों में हुए कार्यक्रम

सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सभी जनपदों में सजीव प्रसारण किया गया। जनपदों और ब्लॉक स्तर तक अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविरों और शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लोगों का लाभान्वित किया गया। प्रभारी मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बतौर मुख्य अतिथि जनपद स्तरीय कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया ।

इस अवसर पर देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, भाजपा के महानगर देहरादून अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डीजीपी दीपम सेठ, जनप्रतिनिधिगण, शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून अजय सिंह एवं बड़ी संख्या में जनता उपस्थित थी।


युवाओं के बीच पहुंच मुख्यमंत्री ने लगाए पुश- अप्स

सीएम ने पीएम के फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ाया आगे

मुख्यमंत्री का राज्यवासियों से आह्वान- आधा घंटा करें व्यायाम

खाएं पौष्टिक आहार और नशे से रहें दूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर फिट इण्डिया रन का फ्लैग ऑफ किया।

खिलाड़ियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने पुश-अप्स लगाकर उत्साहवर्धन किया। उन्हें फिट रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर, उन्हें फिट इंडिया की शपथ भी दिलवाई।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड युवा कल्याण विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे ड्रोन कोर्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ड्रोन भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज राज्य सरकार के 3 वर्ष पूरे हुए हैं। यह 3 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनहित को समर्पित रहे। उन्होंने युवाओं को देखकर अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि वो भी बचपन में अधिकांश समय शारीरिक, खेल गतिविधियां में बीतते थे। उन्होंने कहा आज जिन भी खिलाड़ियों ने देश का नाम बढ़ाया है, उनकी यात्रा असाधारण परिस्थितियों में शुरू हुई। उन्होंने युवाओं से जीवन में अपने सपनों के प्रति पक्की इच्छाशक्ति और विकल्प रहित संकल्प रखने का आवाहन किया।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों खासकर युवाओं से रोजाना आधा घंटा व्यायाम करने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने एवं नशे से दूर रहने का आवाहन किया है। उन्होंने कहा सभी युवाओं ने मिलकर उत्तराखंड का अभिमान बढ़ाना है। आम नागरिक की फिटनेस ही उत्तराखंड राज्य की ताकत है। उन्होंने कहा हम सबने मिलकर फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। उन्होंने सभी से स्वयं को फीट रखने एवं अपने आसपास के लोगों को भी स्वस्थ रहने के लिये प्रेरित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट, स्वस्थ्य और मजबूत भारत के सपने को साकार करने का रास्ता है। फिट इंडिया, स्वस्थ मन और जीवंत आत्मा का भी आधार है। फिट उत्तराखंड से ही समृद्ध उत्तराखंड बनेगा। जहां हर व्यक्ति उन्नति कर राज्य की प्रगति में योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की स्वस्थ्य जीवनशैली के लिए फिट इंडिया मूवमेंट शुरू किया। यह फिट इंडिया मूवमेंट अब जन आंदोलन बना गया है जो हर घर, गांव और शहर तक पहुंचा है। राज्य सरकार भी इस मिशन में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा सरकार, राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से ही पूरे देशवासियों को मोटापे, ओबेसिटी, एवं सही खाना पान को लेकर जागरूक किया था। उन्होंने कहा राज्य द्वारा 38 वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की गई। जिसकी तारीफ प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में भी की थी। 38 वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 103 पदक प्राप्त कर पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया। राज्य सरकार द्वारा राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि को दुगना एवं राज्य के सभी पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के अंतर्गत विभिन्न विभागों में सेवायोजित किए जाने का भी निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित एवं खेल उपकरण भी क्रय किए जा रहे हैं। जो राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे। उत्तराखंड राज्य के बालक-बालिकाओं को फिट रखने एवं खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना जैसी अनेकों योजनाओं शुरू की गई रहैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल किट देने, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रदेशीय टीमों के खिलाड़ियों को रेल/बस किराया दिये जाने, खिलाड़ियों को खेल में चोटिल/दुर्घटना हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने की सुविधा भी दी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, जिला अधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, राजेश ममगाई एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


धामी सरकार के 3 साल बेमिसाल, ऊर्जा क्षेत्र में उत्तराखंड की नई उड़ान

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिटकुल को A++ रेटिंग, अधिकारियों- कर्मचारी संगठनों ने सीएम धामी के नेतृत्व को सराहा

एमडी PC ध्यानी बोले सरकार के ‘सरलीकरण, समाधान, संतुष्टि’ के मूलमंत्र से पिटकुल ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के तीन बेमिसाल वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) में सक्रिय कर्मचारी संगठनों और एसोसिएशनों के साथ मैराथन द्विपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने की। इस दौरान पिटकुल की प्रगति, ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिटकुल को A++ रेटिंग

बैठक के दौरान विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन की सराहना की। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रभावी मार्गदर्शन में पिटकुल ने विद्युत पारेषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके चलते इसे A+ से A++ रेटिंग प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि उत्तराखंड का पारेषण तंत्र न केवल सुदृढ़ हो रहा है बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी को अभिनंदन पत्र सौंपते हुए पिटकुल के सुचारू संचालन, पारदर्शी प्रशासन और कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम

प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बैठक में कहा कि उत्तराखंड सरकार की ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता के चलते पिटकुल निरंतर प्रगति कर रहा है और आर्थिक रूप से भी लाभ अर्जित कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार के कुशल नेतृत्व में कई वर्षों से लंबित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
✅ लक्सर स्थित कैवेंडिश लिमिटेड की ट्रांसमिशन लाइन का ऊर्जीकरण
✅ लण्ढौरा स्थित गोल्ड प्लस लिमिटेड के स्विचिंग उपकेंद्र का निर्माण
✅ 132 केवी काशीपुर और 220 केवी जाफरपुर रेलवे ट्रैक्शन सबस्टेशन का ऊर्जीकरण
✅ हरिद्वार के रुड़की, भगवानपुर और भूपतवाला उपकेंद्रों की क्षमतावृद्धि
✅ 132 केवी लालकुआं रेलवे ट्रैक्शन सबस्टेशन का ऊर्जीकरण

एमडी पी.सी. ध्यानी बोले CM धामी के नेतृत्व में नए आयाम स्थापित कर रहा पिटकुल

पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऊर्जावान और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड ऊर्जा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार के ‘विकल्प रहित संकल्प’ और ‘सरलीकरण, समाधान, संतुष्टि’ के मूलमंत्र के तहत पिटकुल ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पहली बार पिटकुल ने A++ रेटिंग प्राप्त की है, जो सरकार की नीतियों की सफलता का प्रमाण है।

राज्य में पारेषण तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे उद्योगों, पर्यटन और आम जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। कई वर्षों से लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया गया है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में पिटकुल पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है और भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएं जारी रखेगा।”


कांग्रेस ने भाजपा सरकार के तीन साल को बताया निराशाजनक

वरिष्ठ नेताओं ने कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने धामी सरकार के 3 साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सरकार की नाकामियों को गिनाते हुए कहा कि “8 साल की नकारा सरकार नौकरी नारी पर करें प्रहार पूरे उत्तराखंड में मची है हाहाकार” ।
भाजपा संगठन के लोगों ने महिलाओं पर प्रहार करने का काम किया है। चाहे वह आशाकर्मी,आंगनबाड़ी या अन्य विभागीय कर्मी हों, उन्हे खून के आंसू रुलाने का काम किया है। हमारी बहनें लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार को जगाने का काम कर रही है मगर यह सरकार उनका दमन करने पर तुली हुई है। एक ओर, सरकार महिला दिवस व अपनी सरकार के तीन वर्ष के जश्न मना रही है वहीं रुद्रप्रयाग जनपद की केदारनाथ विधानसभा की रुद्रपुर ग्राम पंचायत गांव वालों की गौचर भूमि पर पिटकुल के उपसंस्थान को बनाने की जिद पर अडी हुई है। और विरोघ में धरने पर बैठी हुई महिलाओं के साथ पुलिस प्रशासन अत्याचार करता है।

महिलाओं का आरोप है कि पुलिस प्रशासन उन पर बर्बरता के साथ साथ मुकदमो की धमकी भी दे रहा है।
वहीं, उपनल कर्मियों को कोर्ट के आदेश आने के बाद भी सरकार इस मामले पर कोई निर्णय नही ले पाई है।
उन्होने कहा कि धामी सरकार के घोटालों की लम्बी लिस्ट है चाहे वह पेपर लीक का मामला हो या पटवारी पेपर लीक प्रकरण हो। आने वाले समय में बीजेपी के नेताओं के और घोटाले सामने आएंगे।
कोविड के समय में ब्लड जांच के नाम पर जो भ्रष्टाचार भाजपा के लोगों द्वारा किया गया उसको भाजपा सरकार ने मिट्टी में दफना दिया है ।
करन माहरा ने कहा कि भू- कानून और मूल निवास का विषय एक दूसरे से जुडा हैं। सरकार ने ऐसा भू कानून बनाया है जो मूल निवास को चुनौती देता है। निकाय चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट में इतनी बड़ी गड़बड़ी पाई गई है । कांग्रेस जल्दी ही इस गड़बड़ी को प्रमाण सहित जनता के सामने लेकर आएगी।
हमारी 6 माह की आन्दोलन और जनजागरण की व्यापक रुपरेखा तैयार हुई है ।
इस रणनीति को जल्द सामने लाएंगे जिसके तहत कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जनमुद्दो के लिए व्यापक आन्दोलन करेगी।

पूर्व मुख्यंमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य के 3 महत्वपूर्ण वर्षो में भाजपा शासन के दौरान राज्य के हर वर्ग चाहे वह युवा हो, किसान हो या मातृशक्ति व्यापारी या वृद्धजन हो सभी को भाजपा सरकार ने धोखा देने का काम किया है।
कुल मिलाकर भाजपा सरकार का पूर्व व वर्तमान मिलाकर यह 8 वर्ष का कार्यकाल गंभीर निराशाजनक है ।
सरकार ने लगातार जन आकांक्षा और जन भावना के साथ खिलवाड़ किया है।
युवा आज हाथों में डिग्रीया लेकर भी बेरोजगार है। सरकार रोजगार देने के मोर्च पर विफल साबित हूई है।
महिला सुरक्षा भगवान भरोसे है। किसानों को उनके हाल पर छोड दिया गया है। उद्योग के नाम पर बडे-बडे आयोजन जरुर हूए मगर धरातल पर कुछ नही उतरा।
हालत यह है कि राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं भी जर्जर हालात में है। आज पहाडों से पलायन भी एक बडी समस्या बनी हुई है जिस के कारण आज तमाम गांव मानव रहित होते जा रहे है।
बजट प्रावधान और बजट खर्च में भारी अन्तर देखने को मिल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा जिस विकास की बात करती है वह धरातल कभी नही उतरता है। विकास के नाम पर भाजपा के भ्रष्टाचार ने जल, जंगल और जमीन तक को बेचने का काम किया है।
सरकार ने भूमाफिया को संरक्षण देने का काम किया है। उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून में नदियों को बाहरी ठेकेदारों के हाथों में सौंप दिया है । बाहर के लोग आकर यहां पर अराजकता का माहौल बना रहे हैं । शराब माफिया का कब्जा पूरे उत्तराखंड में हो गया है।
विभागीय बजट को खर्च करने तक की जिम्मेदारी सरकार पूरी नहीं कर पा रही है। विकास के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह किया जा रहा है।
यशपाल आर्य ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने का वादा भाजपा सरकार ने किया था परंतु वह वादा केवल वादा ही रह गया।
सरकार एक तरफ आधा अधूरा भूकानून तो लेकर आई जिसमें दो जिलों में अलग कानून और बाकी 11 जिलों में अलग कानून काम करेगा जो समझा से परे है। वहीं दूसरी तरफ मूल निवास के मामले में सरकार चुप्पी साधे हुए हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिह ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को सरकार पर विश्वास था कि वह जनता के हित में काम करेगी प्रदेश का विकास करेगी परंतु सरकार ने जनभावना के विपरीत आचरण किए है।
सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरों टोलरेंस की बात करती है लेकिन वह अपने संगठन के मंत्रियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले को नहीं देखती हैं। उस मामले को दबाने का प्रयास करती हैं। सत्ता में बैठे लोग प्रदेश में खुली लूट करने का काम कर रहे हैं। आज प्रदेश में महिला अपराधों के मामले में भारतीय जनता पार्टी के लोग ही सबसे अधिक संख्या में शामिल है।
पत्रकार वार्ता में मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह विष्ट ,प्रतिमा सिंह भी मौजूद रहे।


आगामी दिनों में तापमान में और इजाफे की उम्मीद, रात का न्यूनतम तापमान भी होने लगा सामान्य 

देहरादून। उत्तराखण्ड के मैदानी इलाकों में चटक धूप खिलने से तपिश बढ़ने लगी है। इसका असर रात के न्यूनतम तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। जहां तेज धूप खिलने से दिन का अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी का अहसास होने लगा है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य होने से ठंड भी खत्म होने लगी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। चटक धूप खिलने से मैदान से लेकर पहाड़ तक के तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। सामान्य तापमान में तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। जबकि मार्च के आखिरी दिनों में यह बढ़ोतरी और भी अधिक होने से दिन के समय गर्मी परेशान करेगी।

तापमान की बात करें तो शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री इजाफे के साथ 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री के साथ सामान्य रहा।


मुख्यमंत्री धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविर में किया प्रतिभाग 

हमारी सरकार राज्य हित से जुड़े निर्णय लेने में पीछे नहीं हटेगी – मुख्यमंत्री धामी 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम अल्मोड़ा में आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। सेवा सुशासन और विकास की थीम पर आधारित इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले अमर बलिदानियों एवं आन्दोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि बीते तीन सालों में हमने राज्य को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया है। विभिन्न क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत अल्मोड़ा की इस पुण्य धरा में आयोजित यह कार्यक्रम जन उपयोगी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में शपथ लेते ही उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक हम राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में विकसित और आत्मनिर्भर नहीं बना देते है तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। हमने अब तक विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य करने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राज्य हित से जुड़े निर्णय लेने में पीछे नहीं हटेगी इसी का प्रमाण है कि हमने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करके देश में नया कीर्तिमान बनाया है। राज्य में सशक्त भू कानून लाकर उत्तराखंड को संरक्षित करने का काम किया है। पिछले तीन वर्षों में उत्तराखण्ड में सेवा, सुशासन और विकास के नये आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार द्वारा पिछले तीन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल, हवाई कनेक्टविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों को इन्फ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने का काम मजबूती के साथ किया है। पिछले तीन वर्षों में सरकार द्वारा औद्यौगिक नीति, स्टार्टअप नीति सहित ऐसी 30 नितियां बनाकर राज्य में निवेश को आकर्षित करने का कार्य किया है। जहां हम एक ओर राज्य की मुख्य समस्या पलायन से निपटने की दिशा में भी लगातार प्रयास कर रहे हैं वहीं रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होम स्टे योजना, लखपति दीदी योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से रोजगार को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने का कार्य राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में लगे विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह स्टाल मात्र औपचारिकता न रहे बल्कि इनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के करबला में स्वामी विवेकानंद द्वार का भी किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के करबला में पहुंचकर राम कृष्ण मिशन द्वारा निर्मित स्वामी विवेकानंद द्वार का भी लोकार्पण किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए उनके आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी हमारे ही नहीं बल्कि विश्व के आदर्श हैं। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

गौ सेवा कर जिला बछिया योजना का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर पशुपालन विभाग द्वारा प्रारंभ की गई जिला बछिया योजना का भी शुभारंभ कर गौमाता की पूजा की तथा गुड एवं चारा खिलाकर गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ योगेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को इस योजना की जानकारी दी तथा कहा कि इस योजना के तहत किसानों को ऐसी गाय दी जाएंगी जो यहां की भौगौलिक एवं वातावरणीय परिस्थितियों के अनुकूल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को एक मजबूत एवं सशक्त राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल को बेमिसाल बताया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने की संकल्पना को दोहराया।

स्टालों के माध्यम से लोगों ने उठाया लाभ

इस कार्यक्रम में 50 विभागीय स्टाल लगाए गए थे। इन स्टालों के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में राज्य में नवनिर्मित लागू कानून समान नागरिक संहिता के स्टाल के माध्यम से लोगों के विवाह पंजीकरण जैसे अनेक कार्य किए गए। चिकित्सा विभाग के स्टालों के माध्यम से लोगों की निशुल्क जांचें की गई तथा दवाएं दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग उपकरण वितरित किए गए।

इस दौरान विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, रानीखेत प्रमोद नैनवाल, अल्मोड़ा मनोज तिवारी, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्ताेलिया, अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी,पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा आम जनमानस उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधान सभा क्षेत्र धारचूला के भैंसकोट कालासैम मंदिर के सौन्दर्यीकरण हेतु वर्तमान वित्तीय वर्ष ₹ 74.99 लाख, जनपद पिथौरागढ़ के विधान सभा क्षेत्र धारचूला के बर्नियागांव से जैती/जी० जी० आई० सी० नमजला पहुंच मार्ग एवं पुलिया निर्माण हेतु ₹ 42.50 लाख, विधान सभा पिथौरागढ़ के अंतर्गत मड से असूरचूला मंदिर तक ट्रैकिंग रूट निर्माण कार्य हेतु ₹ 95.90 लाख, जनपद पिथौरागढ़ के विधान सभा क्षेत्र डीडीहाट के सांवलीसेरा से हंशेश्वर शमशान घाट तक शवयात्रा मार्ग निर्माण हेतु 74.97 लाख, जनपद पिथौरागढ़ के विधान सभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के ग्राम बारमों से खंडेनाथ मंदिर तक सी०सी० रास्ता निर्माण कार्य 88.46 लाख, की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पिथौरागढ़ के विधान सभा क्षेत्र डीडीहाट ग्राम हड़खोला के धारमा तोक में अतिथि गृह से हरिचन्द देवता मंदिर तक 400 मीटर पैदल मार्ग पर इण्टर लॉकिंग टाईल्स से निर्माण हेतु ₹ 15.05 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम सभा रूद्रपुर में निर्मित माँ वसन्ती देवी दुर्गा मंदिर के सौन्दर्यकरण हेतु 25 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।


मुख्यमंत्री धामी ने जिम कॉर्बेट मैरियट रिजॉर्ट शुभांरभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से किया प्रतिभाग 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट मैरियट रिजॉर्ट शुभांरभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने मेरियट समूह को नए रिजॉर्ट के शुभारंभ अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पुण्य भूमि प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से भरपूर है। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क पूरे विश्व के वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। प्रतिवर्ष हजारों पर्यटक यहां आकर राज्य की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हैं। इस नए रिसॉर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन संभावनाओं को नया आयाम मिलेगा और इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डेस्टिनेशन उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित कर रही है। राज्य सरकार ने नई पर्यटन नीति के अंतर्गत निवेशकों को आकर्षित करने में सफलता प्राप्त की है। कई बड़े होटल समूह और रिसॉर्ट उत्तराखंड में निवेश कर रहे हैं। तीर्थाटन और पर्यटन हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। जिससे प्रदेश में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और व्यवसाय के अवसर प्राप्त होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, राज्य में धार्मिक, साहसिक, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, एग्रो टूरिज्म और फिल्म पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों को विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। केदारखंड की भांति मानसखंड कॉरिडोर योजना के अंतर्गत कुमाऊं क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है। राज्य में इस वर्ष से शीतकालीन यात्रा भी प्रारंभ की गई है। जिसको प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर्षिल- मुखबा के दौरे पर आए थे।

मुख्यमंत्री ने कहा सरकार, राज्य में साहसिक पर्यटन जैसे ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और माउंटेनियरिंग को बढ़ावा दे रही है। राज्य में फिल्म शूटिंग को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम प्रारंभ किया गया है।उत्तराखंड देश-विदेश के निवेशकों के लिए एक पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है। रामनगर, मसूरी और नैनीताल के साथ ही औली, चौकोरी, मुन्स्यारी जैसे पर्यटक स्थलों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र में स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान रामनगर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मेयर दीपक बाली, विनय जिंदल , श्रीमती रेखा जिंदल, विकास जिंदल ,अरूण कुमार, बांके गोयनका एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


दस साल की वित्तीय स्थिति की पूरी योजना तैयार की जाए- मुख्यमंत्री

आय के संसाधन बढ़ाने के लिए आर्थिक विकास की रूपरेखा तैयार की जाए।

सरकारी प्रक्रियाओं में सरलीकरण और डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

कर चोरी की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जाए।

राज्य स्थापना से अब ट्रेड टैक्स/वैट/जीएसटी कलक्शन में 48 गुना से अधिक की हुई वृद्धि।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य में आगामी 10 साल की वित्तीय स्थिति की पूरी योजना तैयार की जाए। इस दीर्घकालिक योजना में आर्थिक और सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 10 सालों की राज्य के आय के संसाधन बढ़ाने के लिए आर्थिक विकास की रूपरेखा तैयार की जाए। राज्य की आर्थिकी से जुड़े पर्यटन, तीर्थाटन, ऊर्जा,कनेक्टिविटी, उद्योग, कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, समाजिक कल्याण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से कार्य किये जाएं। अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। राज्य में 2047 तक की वित्तीय स्थिति के लिए भी विस्तृत योजना बनाई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बजट प्रबंधन के लिए नीति निर्माण में डेटा एनालिटिक्स और रिसर्च का उपयोग किया जाए। योजना बनाने में विशेषज्ञों और आम जन के सुझाव भी लिये जाएं। सरकारी प्रक्रियाओं में सरलीकरण के साथ डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में और तेजी से कार्य किये जाएं। राज्य में राजस्व प्राप्ति के लिए कर राजस्व, गैर कर राजस्व, औद्योगिक निवेश, डिजिटल कर संग्रह और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय बजट 2024-25 में लक्ष्य के सापेक्ष 85 प्रतिशत राजस्व प्राप्ति हो चुकी है। जबकि राजस्व व्यय 90.50 प्रतिशत हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिये कि राज्य में जीएसटी कलक्शन बढ़ाने के लिए और प्रभावी प्रयास किये जाएं। कर चोरी की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जाए। छापामारी की कार्रवाई निरंतर की जाए। एआई और डेटा एनालिटिक्स के उपयोग पर अधिक ध्यान दिया जाए। जीएसटी फाइल करने के लिए सरल और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य स्थापना के बाद से ट्रेड टैक्स/वैट/जीएसटी कलक्शन में 48 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। कलक्शन 233 करोड़ से बढ़कर 11289 करोड़ हुआ है। राज्य के कर स्रोतों में जीएसटी और वैट की भागीदारी 62 प्रतिशत, एक्साइज की 19 प्रतिशत ट्रांसपोर्ट की 05 प्रतिशत, स्टैंप की 08 प्रतिशत और खनन की 05 प्रतिशत भागीदारी है। राज्य में आईटीसी फ्रॉड के 848 मामलों और 165 फेक फर्मों को चिन्हित किया गया है। राज्य में फेक जीएसटी रजिस्ट्रेशन को चिन्हित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत 51 जीएसटी रजिस्ट्रेशन गैर मौजूद पाये जाने पर उनका पंजीकरण निरस्त किया गया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, राज्य कर आयुक्त डॉ. अहमद इकबाल, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी एवं जीएसटी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp