Friday, November 20, 2026
12:57 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रखी 8 करोड़ के विकास कार्यों की नींव

Category Archives: राष्ट्रीय

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रखी 8 करोड़ के विकास कार्यों की नींव

अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में 8 करोड रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों की नींव रखी। इसके अलावा उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जिला योजना वर्ष 2024-25 के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में चौबटिया नागपानी देहोली सिवाली रोड का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 8.00 लाख रुपए की लागत से तैयार हुए इस मार्ग के बनने से इस क्षेत्र में लोगों का आवागमन सुगम और सहज बनेगा। इसके बाद मंत्री रेखा आर्या ने जिला योजना वर्ष 2024-25 के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में ईड़ा जैरासी मोटर मार्ग का सेतु तक विस्तार कार्य का लोकार्पण किया। इस कार्य में 10.60 लाख रुपए की लागत आई है।

रेखा आर्या ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत / सोमेश्वर में चौबटिया कुनलाखेत बमस्यूँ मोटर मार्ग का पुनः निर्माण कार्य (लम्बाई 5.00 किमी) का शिलान्यास किया। इस सड़क निर्माण कार्य की लागत ₹ 309.16 लाख रहने का अनुमान है।
गुरुवार दोपहर बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर में शेरविद्यापीठ पम्पिंग पेयजल योजना का सुदृढीकरण कार्य(लागत -489.93 लाख) का भी शिलान्यास किया।

विभागीय अधिकारियों को इन दोनों योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों की आवागमन और पेयजल की समस्या दूर हो सके।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरीश परिहार, पूर्व मंडल अध्यक्ष भोपाल परिहार, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य धन सिंह रावत, तारा परिहार, रमेश कांडपाल, महेंद्र रावत, गोपाल सिंह, पूरन सिंह, मगन सिंह , कृष्ण सिंह ढोंढ़ियाल आदि उपस्थित रहे।


यूपीसीएल ने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कसी कमर, जारी किए निर्देश

देहरादून। चारधाम यात्रा एवं बढ़ती गर्मी के चलते राज्य में बिजली की मांग में संभावित रिकॉर्ड वृद्धि को देखते हुए उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु कमर कस ली है। प्रबन्ध निदेशक, यूपीसीएल द्वारा सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि आम जनता और श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे।

यूपीसीएल द्वारा जारी निर्देशों की प्रमुख बातें:

सभी अधिकारीगण अपने कार्यक्षेत्र में तैनात रहकर 24×7 विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें।

ट्रांसफार्मर व लाइनों की नियमित मॉनिटरिंग तथा क्षमता वृद्धि के निर्देश।

ओवरलोडिंग से बचाव हेतु ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की समुचित उपलब्धता बनाए रखें।

वोल्टेज सामान्य बनाए रखने हेतु टैप चेंजर, केपेसिटर बैंक की स्थिति नियमित जांचें।

किसी भी फॉल्ट की सूचना पर तत्काल कार्यवाही कर सप्लाई बहाल की जाए।

चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता के साथ 24 घंटे बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित हो।

विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव हेतु सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

मुख्य अभियंता (वितरण) को अल्पकालीन व दीर्घकालीन योजना तत्काल तैयार करने के निर्देश।

बिजली बचत हेतु प्रदेशवासियों से अपील

प्रबन्ध निदेशक, यूपीसीएल ने प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं से बिजली की बचत हेतु निम्न सुझावों का पालन करने की अपील की है:

1. पंखा, ट्यूबलाईट, एसी व फ्रिज जैसे उपकरणों का विवेकपूर्ण उपयोग करें।

2. एसी की सेटिंग 24-25 डिग्री पर रखें।

3. कमरे छोड़ते समय सभी बिजली उपकरण बंद करें।

4. दिन के समय प्राकृतिक रोशनी में अनावश्यक लाइट न जलाएं।

5. गीजर, टीवी, कम्प्यूटर आदि का अनावश्यक उपयोग टालें।

6. बच्चों को भी विद्युत बचत की आदत डालें।

बिजली की उपलब्धता बढ़ाने हेतु बाज़ार से उचित दामों पर बिजली खरीदी जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में विद्युत संकट न उत्पन्न हो। यूपीसीएल द्वारा यात्रियों एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए चौबीसों घंटे कार्य किया जा रहा है।


प्रदेश के सभी विद्यालयों में इसी सत्र से बैगलेस-डे लागू – डॉ. धन सिंह रावत

ब्लॉक, जनपद व राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी नामित योजना की करेंगे मॉनीटिरिंग

प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को पढ़ाई के बदले होंगी विभिन्न गतिविधियां

विभागीय मंत्री डा. रावत ने कार्यशाला में ‘गतिविधि पुस्तिका’ का किया विमोचन

देहरादून।  सूबे के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से बैगलेस-डे लागू कर दिया गया है। प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को यह दिवस मनाया जायेगा, जिसमें छात्र-छात्राएं बिना स्कूली बस्ते के अपने-अपने विद्यालय जायेंगे तथा पढ़ाई के बजाय अन्य सृजनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे। इसके लिये विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से एससीईआरटी द्वारा ‘गतिविधि पुस्तिका’ तैयार की गई है। जिसका कार्यशाला में विभागीय मंत्री सहित अन्य अतिथियों द्वारा विधिवत विमोचन किया गया।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सभागार में आज विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में बैगलेस-डे को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य में संचालित विभिन्न विद्यालयी बोर्डों के प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं निजी स्कूल संचालकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यशाला में नई शिक्षा नीति-2020 की अनुशंसा के अनुरूप राज्यभर में संचालित सभी विद्यालयी शिक्षा बोर्डों के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में इसी सत्र से बैगलेस-डे लागू किये जाने की घोषणा की। डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश में संचालित समस्त विद्यालयों में प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को बैगलेस-डे रहेगा। इस दिन छात्र-छात्राएं बिना बस्ते के स्कूल जायेंगे तथा पढ़ाई के बदले विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस दिन मुख्यतः तीन प्रकार की गतिविधियां संचालित की जायेंगी, जिसमें जैविक, मशीनी व मानवीय गतिविधियां शामिल रहेंगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अंतर्गत एससीईआरटी द्वारा ‘गतिविधि पुस्तिका’ तैयार की गई है जिसमें बैगलेस-डे पर संचालित गतिविधियों का विस्तृत विवरण दिया गया है। यह पुस्तिका सभी शिक्षा बोर्डो सीबीएसई, आईसीएसई, भारतीय शिक्षा बोर्ड, संस्कृत शिक्षा, मदरसा बोर्ड आदि को ई-फार्मेट सहित उपलब्ध करा दी जायेगी। इसके इतर सभी बोर्ड इस दिवस पर अपने-अपने विद्यालयों में अन्य बेहतर गतिविधियों का भी संचालन कर सकते हैं। इस व्यवस्था को प्रदेश भर में कड़ाई से लागू करने के लिये ब्लॉक स्तर पर खण्ड शिक्षा अधिकार, जिला स्तर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी व राज्य स्तर पर महानिदेशक शिक्षा नोडल अधिकारी रहेंगे।

विभागीय मंत्री ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी बैगलेस-डे पर अपने-अपने क्षेत्र में विद्यालयों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। इससे पहले विभागीय मंत्री डॉ रावत ने विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के लिये विभिन्न गतिविधियों पर आयोजित पर प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। जिसमें उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किये गये विभिन्न मॉडलों की खूब सराहना की।

कार्यशाला में निजी एवं राजकीय विद्यालयों में बस्ते का बोझ कम करने पर भी चर्चा की गई। जिसको आगामी जुलाई माह से लागू करने पर सहमति बनी। विशेषकर सीबीएसई एवं आईसीएसई के स्कूल संचालकों को इस व्यवस्था को लागू करने के लिये आपस में विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लेने को कहा। कार्यशाला में सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सीबीएसई बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. मनोज, निजी विद्यालय संगठन के अध्यक्ष प्रेम कश्यप एवं राकेश ऑबराय ने बैगलेस-डे को छात्रहित में बताते हुये विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा नई शिक्षा नीति-2020 के तहत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिये पढ़ाई के साथ-साथ सृजनात्मक गतिविधियां का संचालन अतिआवश्यक है, जो बैगलेस-डे के दिन सुगमता के साथ संचालित की जा सकती है।

कार्यशाला में विभागीय सचिव रविनाथ रमन, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, मिशन निदेशक एनएचएम स्वाती एस भदौरिया, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा झरना कमठान, निदेशक मुकुल सती, अपर निदेशक गढ़वाल कंचन देवराड़ी, अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला, विभिन्न बोर्डों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारियों के साथ ही निजी विद्यालयों के संचालक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक स्वाती एस भदौरिया द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राज्यभर के विद्यालयों में संचालित स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएचएम के तहत बाल आरोग्य पोर्टल तैयार किया गया है, जिसमें प्रत्येक छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका हेल्थ रिकॉर्ड दर्ज किया जायेगा। जिसको लॉगइन शिक्षा विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों व महानिदेशक विद्यालय शिक्षा को दिया जायेगा। जो जरूरत पड़ने पर प्रत्येक छात्र-छात्राओं का हेल्थ रिकॉर्ड देख सकता है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये 148 टीमों का गठन किया गया है, जो कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में जाकर छा़त्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श के साथ ही उपचार के लिये निर्धारित चिकित्सालयों में भेजने की भी संस्तुति करेंगे। विद्यालय में हेल्थ टीम के आने की सूचना भ्रमण से पूर्व पोर्टल पर अपलोड कर दी जाती है। इस टीम के चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टॉफ व पैरामेडिकल स्टॉफ मौजूद रहता है। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी इस संबंध में अपने-अपने विद्यालयों के प्राचार्यों को सूचित करायेंगे।


धामी सरकार की सख्ती, डेंगू पर सभी विभाग होंगे एकजुट, स्वास्थ्य सचिव ने जारी की एडवाइजरी

डेंगू रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने जारी की एडवाइजरी

डेंगू नियंत्रण में सभी विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण

देहरादून। राज्य में डेंगू की रोकथाम को लेकर चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग पूरी तरह सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों के क्रम में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ.आर.राजेश कुमार ने डेंगू से बचाव हेतु सभी संबंधित विभागों को एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि डेंगू का मच्छर साफ जमा हुए पानी में पनपता है। यदि समय रहते ऐसे स्थलों की पहचान कर ली जाए जहां पानी एकत्र हो सकता है और उसे हटाया जाए, तो डेंगू को फैलने से रोका जा सकता है।

इसी दृष्टिकोण से उन्होंने सभी संबंधित विभागों को एडवाइजरी प्रेषित की है, जिसमें यह कहा गया है कि डेंगू नियंत्रण में सभी विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एडवाइजरी में अंतरविभागीय समन्वय के साथ समन्वित प्रयास करने पर ज़ोर दिया गया है। एडवाइजरी प्राप्त करने वाले विभागों में शहरी विकास, नगर निगम/नगर पालिकाएं, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, सूचना, आपदा प्रबंधन, सिंचाई, कृषि, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, मौसम विभाग, पर्यटन, वन एवं जलापूर्ति विभाग प्रमुख रूप से शामिल हैं।

स्वास्थ्य सचिव ने की बैठक 

उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक में कहा, “हमारी प्राथमिकता डेंगू के मामलों को घटाना और नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। डेंगू मच्छर, विशेषकर एडिस एजिप्टी, घरों के आस-पास पानी जमा होने वाली जगहों पर प्रजनन करते हैं, इसलिए इन स्थानों का सफाई और निगरानी करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।” डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह समय सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का है ताकि राज्य को डेंगू मुक्त बनाया जा सके। सभी विभागों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने स्तर से सतर्कता एवं जागरूकता फैलाएं और संभावित मच्छरजनित स्थलों की नियमित निगरानी करें।स्वास्थ्य सचिव ने विभिन्न विभागों को डेंगू की रोकथाम के लिए संयुक्त प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निगम, ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, जल निगम, और अन्य विभागों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थानों की सफाई सुनिश्चित करें और नागरिकों को इस बाबत जागरूक करें।

समूह आधारित स्वच्छता अभियान और निगरानी

उत्तराखंड में डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हर जिले में मच्छरों के उत्पत्ति स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट कर रहे हैं। इसके अलावा, शहरी विकास विभाग द्वारा निर्माण स्थलों, पुराने टायरों, खाली प्लॉटों और पानी के जमा होने वाले स्थानों की सफाई की जा रही है। नगर निगम और ग्रामीण विकास विभाग के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें घरों और सार्वजनिक स्थानों से पानी के किसी भी प्रकार के संचय को रोकने पर जोर दिया जा रहा है। पानी की टंकियों, कूलरों और बर्तन आदि को सप्ताह में कम से कम एक बार साफ करने की सलाह दी जा रही है।

शिक्षा विभाग का योगदान : छात्रों के माध्यम से जागरूकता

शिक्षा विभाग ने स्कूलों के माध्यम से छात्रों को डेंगू के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया है। छात्र घर जाकर अपने परिवार को डेंगू से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देंगे। स्कूलों में विशेष रूप से सेहत और स्वच्छता पर आधारित पाठ्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि बच्चों के माध्यम से गांव और शहरों में व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके।

जल निकासी और कचरा प्रबंधन

सिंचाई और जल निगम विभाग द्वारा जल निकासी की प्रक्रिया को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि वर्षा के पानी के जमा होने से मच्छरों के प्रजनन स्थल न बनें। कचरा प्रबंधन में भी सुधार किया जा रहा है ताकि मच्छरजनित बीमारियों से निपटा जा सके। इसके तहत कचरे के उचित निस्तारण और खुले स्थानों पर जल भराव की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जन भागीदारी और मीडिया का सहयोग

जन जागरूकता अभियान के तहत, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा टेलीविजन, रेडियो और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से डेंगू से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है। मच्छरों के प्रजनन स्थानों को नष्ट करने के लिए नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है और उनका सक्रिय सहयोग प्राप्त किया जा रहा है।साथ ही, जनप्रतिनिधियों और पंचायतों से भी अपील की गई है कि वे स्थानीय स्तर पर मच्छरों के प्रजनन स्थानों की पहचान करके उनकी सफाई करें और नागरिकों को डेंगू के बारे में जागरूक करें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य अभियान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों और क्लीनिकों में डेंगू के मामलों की पहचान और उपचार के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। रोगियों को इलाज के साथ-साथ डेंगू के लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन स्थल की पहचान कर रही है और उन्हें नष्ट कर रही है।


संस्कृत भाषा के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किये जाएं – मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। संस्कृत भाषा के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किये जाएं। यज्ञ, कर्मकांड, वेद में सर्टिफिकेट कोर्स की व्यवस्था की जाए। संस्कृत का अध्ययन कर रहे बच्चों को 16 संस्कार के बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। पहले चरण में 100 बच्चों को और उसके बाद हर साल एक लक्ष्य निर्धारित कर युवाओं को 16 संस्कारों का प्रशिक्षण दिया जाए। संस्कृत के क्षेत्र में शिक्षण, लेखन एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्द्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों को प्रत्येक वर्ष सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाए। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उत्तराखण्ड संस्कृत अकादमी की सामान्य समिति की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड योग, आयुष, ऋषि-मुनियों और संस्कृत की भूमि रही है। राज्य की द्वितीय राजभाषा संस्कृत को राज्य में तेजी से बढ़ावा देने के लिए स्कूल और कॉलेज में संस्कृत में वाद-विवाद, निबंध लेखन, श्लोक प्रतियोगिताएं कराई जाए। संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए जनपदों में नोडल अधिकारी बनाये जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए की कि सभी कार्यालयों में नाम पट्टिका संस्कृत भाषा में भी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए जिन राज्यों में अच्छा कार्य हुआ है, उन राज्यों की बैस्ट प्रैक्टिस का अध्ययन कर, राज्य में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए कार्य किये जाएं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार संस्कृत को जोड़ने के लिए और प्रभावी प्रयास किये जाएं।

संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अभी राज्य के प्रत्येक जनपद के एक गांव में कुल 13 गांवों को संस्कृत ग्राम बनाया जा रहा है। इसे चरणबद्ध तरीके से ब्लॉक स्तर तक विस्तारित किया जायेगा। उन्होंने राज्य में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत के छात्रों को छात्रवृत्ति योजना और पुजारियों को प्रोत्साहन योजना जैसी व्यवस्था बनाये जाने का सुझाव दिया। बैठक में समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में संस्कृत के प्रश्न जोड़े जाने चाहिए। संस्कृत में शोध को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

राज्य में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए बैठक में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। संस्कृत को आम बोलचाल की भाषा बनाने के लिए 01 लाख लोगों को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सरल संस्कृत सम्भाषण प्रशिक्षण दिया जायेगा। संस्कृत वेदों के अध्ययन की सुविधा के लिए वेद अध्ययन केन्द्र बनाये जायेंगे। संस्कृत के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले संस्कृत विद्यालयों को पुरस्कृत किया जायेगा। संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न समसामयिक विषयों पर लघु फिल्म बनाने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। संस्कृत के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए देश -विदेश के विश्वविद्यालयों, संस्कृत अकादमी, संस्कृत संस्थानों द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों, गतिविधियों से सबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए राज्य में सम्मेलन किया जायेगा।

सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार ने राज्य में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए किये जा रहे कार्यों और आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक के दौरान दो मिनट का मौन रखकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले में मारे गये निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, प्रमुख सचिव न्याय प्रदीप पंत, सचिव वी.षणमुगम, कलपति उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, अपर सचिव ललित माहन रयाल एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।


यह मोदी का सशक्त भारत है, करारा जवाब मिलेगा- महाराज

पर्यटकों की हत्या कायराना और जघन्य कृत्य

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर बड़े आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बहुत ही कायराना और जघन्य कृत्य है। मानवता पर एक काला धब्बा है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों और उनके आकाओं को अब इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

महाराज ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सशक्त भारत है। इनको इस नरसंहार का ऐसा करारा जवाब दिया जाएगा कि वह फिर कभी भी इस प्रकार का दुस्साहस नहीं कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म पूछकर निरपराध पर्यटकों को गोली मारने वाले किसी भी मज़हब के पैरोकार नहीं हो सकते हैं। अब दुनिया को, देश को जागना होगा। आतंकी मानसिकता के पैरोकारों और उसके समर्थकों से सहानुभूति रखने वालों को बेनकाब करना होगा। हिंदू मां बहनों के सामने ही उनके सिंदूर उजाड़ने की जो क्रूर, कायराना और बर्बरता पूर्ण घटना हुई है उसकी भारी कीमत आतंकवादियों और उनके आकाओं को चुकानी पड़ेगी।


आतंकियों को और साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार से आतंकियों को दिया सख्त संदेश 

देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का किया दुस्साहस – प्रधानमंत्री मोदी

आतंकियों को पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे – प्रधानमंत्री

मधुबनी। पहलगाम में आतंकी हमले की घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार से आतंकियों को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में इस हमले की साजिश रचने वालों और इसे अंजाम देने वालों को चेताते हुए कहा कि उन्हें सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि  22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है।

कोटि-कोटि देशवासी दुखी हैं। सभी पीड़ित परिवारों के इस दुख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इन परिवारजनों का अभी इलाज चल रहा है। वे जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है। इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने अपना भाई खोया, किसी ने अपना जीवनसाथी खोया। इनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड़ बोलता था, कोई मराठी, कोई गुजराती था, कोई यहां बिहार का लाल था। आज उन सभी की मृत्यु पर करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख और आक्रोश एक जैसा है।

यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। सजा मिलकर रहेगी। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज बिहार की सरजमीं से मैं पूरी दुनिया से यह कहना चाहता हूं कि भारत इन लोगों की पहचान करेगा, उन्हें ढूंढेगा और हर आतंकी तथा उनकी मदद करने वालों को सजा देगा। हम उन्हें पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता। इंसाफ मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दुनिया में जो भी इंसानियत के पक्ष में है, वह हमारे साथ है। इस वक्त दुनिया में जो हमारे साथ खड़ा है, हम उनके शुक्रगुजार हैं।


धामी सरकार की सतर्कता चारधाम यात्रा के लिए सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित

भाषा नहीं बनेगी बाधा, स्क्रीनिंग, स्टाफ और विशेषज्ञ, हर धाम पर स्वास्थ्य सुरक्षा का संकल्प

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अगुवाई में यात्रा मार्ग पर व्यापक चिकित्सा प्रबंध

देहरादून। चारधाम यात्रा की मुकम्मल तैयारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बहुभाषी एडवाइजरी व होर्डिंग की सहायता से श्रद्धालुओं की मदद की योजना तैयार की है। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार का कहना है कि विशेषज्ञों के समन्वय से संपूर्ण यात्रा मार्ग पर एक सुगठित, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु अपने आध्यात्मिक सफर को स्वस्थ और सुरक्षित रूप से पूर्ण कर सके—हर पड़ाव पर एक मज़बूत और सुलभ स्वास्थ्य सेवा के सहयोग से।

सभी चिकित्सा इकाइयों को पूर्ण रूप से तैयार रखने के निर्देश

सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार ने चारधाम यात्रा मार्ग पर तैनात सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ सचिवालय स्थित अपने सभा कक्ष में समीक्षा बैठक की।
स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थाई और अस्थाई सभी चिकित्सा इकाइयों को आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों और प्रशिक्षित मानव संसाधन के साथ पूरी तरह से तैयार रखा जाए। साथ ही यात्रा के दौरान डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

श्रद्धालुओं के लिए बहुभाषी हेल्थ एडवाइजरी और होर्डिंग्स

श्रद्धालुओं को सहज व स्पष्ट स्वास्थ्य जानकारी प्रदान करने के लिए बहुभाषी हेल्थ एडवाइजरी तैयार की जा रही है, जो 13 विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध होगी। यह एडवाइजरी यात्रा मार्ग पर होटलों, रेस्टोरेंट्स, पार्किंग स्थलों आदि पर QR कोड के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रदान की जाएगी। साथ ही जाम संभावित क्षेत्रों एवं प्रमुख ठहराव स्थलों पर बड़े होर्डिंग्स के माध्यम से भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का प्रचार किया जाएगा।

केदारनाथ चिकित्सालय आधुनिक सुविधाओं से लैस

17 बेड वाले श्री केदारनाथ चिकित्सालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था ने यात्रा आरंभ से पूर्व इसकी दो मंज़िलें पूर्ण रूप से संचालित करने का भरोसा दिया है। इस वर्ष अस्पताल को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है—जिनमें एक्स-रे, रक्त जांच, ईसीजी, मल्टीपैरामॉनीटर और ऑर्थो स्पेशलिस्ट की सेवाएं भी शामिल हैं। आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का डुलान तेज़ी से किया जा रहा है और अधिकांश उपकरण पहले ही पहुंच चुके हैं।

फाटा और पैदल मार्ग की चिकित्सा इकाइयों को भी किया गया सशक्त

फाटा स्थित अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जा रही है, जिसमें एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं पैदल मार्ग पर स्थित 12 चिकित्सा इकाइयों में प्रशिक्षित चिकित्सक एवं फार्मेसी अधिकारी मय उपकरण तैनात किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, 12 चिन्हित हेलिपैड और पार्किंग स्थलों पर स्क्रीनिंग टीमों की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है।

चमोली जनपद में तैयार हैं चिकित्सा व्यवस्थाएं
चमोली जिले में यात्रा रूट पर स्थित 20 चिकित्सा इकाइयों को 30 अप्रैल तक पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाएगा। सभी आवश्यक उपकरण, दवाएं और स्टाफ यहाँ तैनात किए जा रहे हैं। चार प्रमुख विभागीय स्क्रीनिंग पॉइंट—गोचर बैरियर, पांडुकेश्वर बाजार, ट्रॉमा सेंटर कर्णप्रयाग, और पांडुवाखाल (गैरसैंण)—पर तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं। श्री बद्रीनाथ धाम में स्वामी विवेकानंद संस्था द्वारा अलग से एक स्क्रीनिंग पॉइंट भी संचालित किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, CHO, वार्ड बॉय और सफाई कर्मियों की सुबह-शाम की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम पर स्वास्थ्य विभाग की मुकम्मल तैयारी
चारधाम यात्रा के पहले चरण में शामिल मां गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम पर स्वास्थ्य विभाग की सभी चिकित्सा इकाइयों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इन दोनों धामों सहित स्क्रीनिंग पॉइंट्स पर आवश्यक चिकित्सा एवं सहायक कार्मिकों की तैनाती 28 अप्रैल से रोस्टरवार विधिवत रूप से की जाएगी। गंगोत्री धाम व जानकीचट्टी में महानिदेशालय स्तर से फिजिशियन की विशेष तैनाती की जा रही है। यात्रा मार्गों पर विभागीय एवं 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी चिकित्सा इकाइयों में जीवनरक्षक दवाइयां एवं आवश्यक उपकरण पहले ही पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न प्रकार की IEC गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं, जिससे वे सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा का अनुभव कर सकें। स्क्रीनिंग पॉइंट्स पर सभी 50 वर्ष से ऊपर के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रुप से किए जाने हेतु निर्देश दिए जा चुके है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की रोटेशनल तैनाती
इस बार यात्रा मार्ग पर 69 चिकित्सा अधिकारी पहले से ही तैनात हैं। इनके अतिरिक्त अन्य जनपदों से हर 15 दिन में रोटेशनल आधार पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। तैनात किए जाने वाले विशेषज्ञों में 2 ऑर्थो सर्जन, 2 फिजीशियन, 5 निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट), 5 जनरल सर्जन, 10 अतिरिक्त ऑर्थो सर्जन और भारत सरकार से नियुक्त विशेषज्ञ (विशेष रूप से बद्रीनाथ/जोशीमठ के लिए) शामिल हैं। इस व्यवस्था के तहत कुल 121 स्टाफ नर्स, 26 फार्मासिस्ट, 309 ऑक्सीजन बेड, 6 ICU बेड, 13 विभागीय एम्बुलेंस, 17 ‘108’ सेवा एम्बुलेंस, 1 ब्लड बैंक और 2 ब्लड स्टोरेज यूनिट्स की तैनाती की जा रही है।

मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) का संचालन और विस्तार
बद्रीनाथ, गोविंदगढ़ और पालना भंडार में स्थापित MRP इस वर्ष भी संचालित रहेंगे। इसके अलावा, 5 नए स्थानों—गोचर, नांगसू, मंडल, कटोरा और हनुमानचट्टी—में भी MRP बनाए जा रहे हैं। इन स्थलों पर प्लेटफार्म निर्माण कार्य प्रगति पर है और संबंधित एजेंसियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग भी मुस्तैद
श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाएगी। लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि बिना पंजीकरण वाले खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने एक खाद्य सुरक्षा मोबाइल वैन भी तैनात की है, जो यात्रा मार्ग पर सतत निरीक्षण करेगी और संदिग्ध खाद्य सामग्री की ऑन-स्पॉट जांच भी करेगी।

स्क्रीनिंग पॉइंट्स पर बहुभाषी स्टाफ और पुख्ता इंतज़ाम
चारधाम यात्रा मार्ग पर गोचर बैरियर, पांडुकेश्वर, कर्णप्रयाग और पांडुवाखाल जैसे प्रमुख स्क्रीनिंग पॉइंट्स पर आवश्यक मानव संसाधन की तैनाती की जा चुकी है। इनमें फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, CHO, वार्ड बॉय और सफाई नायक की सुबह-शाम ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। बद्रीनाथ धाम में स्वामी विवेकानंद संस्था द्वारा एक अलग स्क्रीनिंग सेंटर भी संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यहां तैनात स्टाफ बहुभाषी हो ताकि देशभर से आने वाले तीर्थयात्रियों को आसानी से सेवा मिल सके और उन्हें तुरंत प्राथमिक जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जा सके।

चारधाम यात्रा को लेकर समीक्षा बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य अनुराधा पाल, महानिदेशक स्वास्थ्य डाॅ सुनीता टम्टा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डाॅ आशुतोष सयाना, निदेशक गढ़वाल मंडल डाॅ शिखा जंगपांगी, निदेशक एनएचएम डाॅ मनु जैन, अपर आयुक्त एफडीए ताजबर सिंह जग्गी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डाॅ मनोज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डाॅ आर के सिंह सहित उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग, के मुख्यचिकित्सा अधिकारी वर्चुवल रूप से समीक्षा बैठक में मौजूद रहे।


दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने लू का यलो अलर्ट किया जारी, तापमान में भी होगी बढ़ोतरी

41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन हुआ दर्ज

पूरे सप्ताह खूब झुलसाएगी गर्मी 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आने वाले हफ्ते मे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। इस कारण से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। कुल मिलाकर पूरे सप्ताह गर्मी खूब झुलसाएगी। 26 अप्रैल को पहाड़ों में नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के बाद भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

दिल्ली में बीते दो दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है। तापमान कम होने के बावजूद सूरज के तेवर कड़े हैं। सूरज मानो आग बरसा रहा हो, दिन में गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। सोमवार को ही 41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ था। वहीं अब मौसम विभाग ने 24-26 अप्रैल के बीच तापमान बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई है। तापमान बढ़ने से गर्मी का अहसास ज्यादा होगा। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


मंत्री रेखा आर्या ने विकास कार्यों के लिए दिए 15.5 लाख

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में की जनसुनवाई बैठक

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में जन सुनवाई बैठक आयोजित कर लोगों की समस्याओं को दूर कराया। इस दौरान जनता की मांग पर वि​भिन्न विकास कार्यों के लिए उन्होंने विधायक नि​धि से 15.5 लाख रुपये की धनरा​​शि देने की घोषणा भी की।

बुधवार सुबह कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्राम सभा भिडारकोट में जन बैठक के दौरान आम लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान लोगों ने ग्राम सभा में महिला मंगल दल को विभिन्न सामान देने, गांव के प्राथमिक विद्यालय में चार दीवारी निर्माण करने, सड़कों का डामरीकरण कराने और बिजली की लाइन शुरू करने जैसी मांगे उठाई।इन मांगों को पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही रेखा आर्या ने ग्राम सभा में चमूवा मंदिर में निर्माण कार्यों के लिए डेढ़ लाख रुपए, सोम मंदिर में टिन शेड डलवाने के लिए डेढ़ लाख रुपए और एक संपर्क मार्ग में सीसी सड़क निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए की धनराशि विधायक निधि से स्वीकृत की।

इसके बाद सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुलसीवी और ग्राम नैणी में जन समस्याओं को सुना और उनके जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कुलसीवी स्थित शिव मंदिर के लगभग 2 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग निर्माण के लिए ढाई लाख रुपए, गोलू मंदिर की चारदीवारी निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और यहां राजकीय इंटर कॉलेज में निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम नैणी में कालिका का मंदिर के स्थल विकास के लिए ₹3 लाख और नैणी पिपलेस्वर महादेव मंदिर मे सड़क के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर दीपक बोरा, जगत सिंह, भूपेंद्र सिंह, रामचंद्र जोशी, रतन सिंह, दिलीप सिंह, कुंदन सिंह, हिमांशु मेहरा, दीवान सिंह, उमा देवी, रमादेवी, राधा देवी , कन्नू शाह, भुवन जोशी, राजू रावत, विजय अधिकारी, गोविंद बिष्ट, मोहन अधिकारी, गणेश राम, दीवान सिंह, नारायण सिंह, रोहित सिंह, मोहित बिष्ट आदि मौजूद रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp