Friday, November 20, 2026
3:01 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

महाराज ने मृतक के शव के साथ अमानवीय हरकत का लिया संज्ञान

Category Archives: राष्ट्रीय

महाराज ने मृतक के शव के साथ अमानवीय हरकत का लिया संज्ञान

स्वास्थ्य मंत्री व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से दोषियों को दण्डित करने को कहा

पौड़ी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र स्थित विकासखण्ड बीरोंखाल के सुखई में वाहन दुर्घटना में मारे गए कुंड निवासी संदीप के शव को अस्पताल प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा में बांध कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की अमानवीय घटना का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही के लिए कहा है।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज के विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल स्थित विकासखण्ड बीरोंखाल के सुखई में बुधवार को वाहन दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें एक महिला बिलेश्वरी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि कुंड निवासी संदीप की रामनगर में इलाज के दौरान मृत्यु के बाद उसके शव को अस्पताल प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा में बांध कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की अमानवीय घटना सामने आने के पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए महाराज ने दूरभाष पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और नैनीताल के सीएमओ डा. हरीश पंत से बात कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही के लिए कहा। घटनाक्रम के बाद फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सीएमएस के जवाब तलब किये गये हैं।


एक जून से खुलेगी विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी, ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत

नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के अंतर्गत आने वाली विश्व धरोहर फूलों की घाटी एक जून से पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। इस अद्भुत प्राकृतिक स्थल को देखने के लिए पर्यटकों ने पहले ही पंजीकरण कराना शुरू कर दिया है। वन विभाग द्वारा इस बार ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे पर्यटकों को सुविधा और समय की बचत होगी।

फूलों की घाटी रेंज की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने जानकारी दी कि अब तक 12 से अधिक लोग ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं, और ये सभी जून माह में घाटी घूमने की योजना बना रहे हैं।

पिछले वर्षों तक केवल घांघरिया में ऑफलाइन पंजीकरण की ही व्यवस्था थी, लेकिन इस बार ऑनलाइन विकल्प भी जोड़ा गया है। हालांकि, जो पर्यटक ऑन द स्पॉट पंजीकरण कराना चाहते हैं, उनके लिए घांघरिया में ऑफलाइन व्यवस्था भी जारी रहेगी।

प्रशासनिक तैयारियों के साथ घाटी को पर्यटकों के लिए पूरी तरह तैयार किया जा रहा है ताकि वे इस अद्वितीय जैव विविधता और रंग-बिरंगे फूलों की खूबसूरती का आनंद सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से ले सकें।


मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन का शिक्षा माफियाओं पर प्रहार जारी

फीस बढ़ोतरी पर कार्रवाई, द प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल पर प्रशासन ने कसा शिकंजा

बिना मान्यता चला रहे थे स्कूल, जिला प्रशासन ने लगाया भारी जुर्माना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में शहर के नामी-गिरामी स्कूलों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। अभिभावकों से फीस वसूली की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कई स्कूलों की जांच की, जिससे कई अनियमितताएं उजागर हुईं।

प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई भानियावाला स्थित द प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल पर की गई है। स्कूल पर ₹5,20,000 की शास्ति लगाई गई है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल बिना मान्यता नवीनीकरण के प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक संचालित हो रहा था। 100 से अधिक अभिभावकों ने फीस बढ़ोतरी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल की मान्यता मार्च 2020 से मार्च 2025 तक वैध थी, लेकिन नवीनीकरण के लिए आवेदन अब तक नहीं किया गया था। शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 की धारा 18(5) के तहत स्कूल पर प्रतिदिन ₹10,000 की दर से 52 दिनों का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि वह तीन दिनों के भीतर शास्ति की धनराशि जमा करें, अन्यथा वसूली भू-राजस्व की भांति की जाएगी।

प्रशासन की सख्ती के चलते कई अन्य स्कूल भी अब बैकफुट पर हैं और फीस बढ़ोतरी जैसे मामलों में सतर्कता बरत रहे हैं। यह पहली बार है जब जिले में शिक्षा माफियाओं के खिलाफ इतनी प्रभावशाली कार्रवाई देखने को मिल रही है।


केरल में मानसून ने रिकॉर्ड समय से पहले दी दस्तक, मौसम विभाग ने जताई भारी बारिश की संभावना

अलग-अलग राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

नई दिल्ली। केरल में इस बार मानसून ने अपने तय समय से लगभग एक सप्ताह पहले दस्तक दे दी है। यह इस दशक में सबसे जल्दी मानसून का आगमन माना जा रहा है। पिछले 16 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है जब मानसून 23 मई से पहले राज्य में पहुंचा है। आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को शुरू होता है, लेकिन इस बार मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सभी अनुकूल परिस्थितियां बनने के कारण मानसून जल्दी सक्रिय हो गया है।

पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है, जो कम दबाव वाले क्षेत्र और मानसून सिस्टम के संयोजन का परिणाम है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि इस साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा, जो 2001 और 2009 के बाद सबसे तेज़ आगमन है। इसके पूर्व सबसे पहला रिकॉर्ड 1918 में 11 मई का है, जबकि सबसे देरी से 1972 में 18 जून को मानसून आया था।

दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने केरल, तटीय दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई तक केरल और तटीय कर्नाटक में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश जारी रहेगी। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले पांच दिनों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण भी मौसम सक्रिय है। यह दबाव रत्नागिरी के पास 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है और आज सुबह तटीय इलाकों को पार करने की उम्मीद है।

पिछले वर्षों में मानसून का आगमन

पिछले साल मानसून 30 मई को केरल में पहुंचा था। इससे पहले के सालों में मानसून का आगमन इस प्रकार रहा:

2023: 8 जून

2022: 29 मई

2021: 3 जून

2020: 1 जून

2019: 8 जून

2018: 29 मई

आईएमडी ने अप्रैल में अनुमान लगाया था कि 2025 का मानसून सामान्य से अधिक वर्षा लेकर आएगा। इस बार अल नीनो की संभावना को खारिज किया गया है, जो सामान्यतः वर्षा में कमी का कारण बनता है।

देश में मानसून की गति

दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून तक केरल में पहुंचता है, उसके बाद लगभग 8 जुलाई तक पूरे देश में फैल जाता है। सितंबर के मध्य में यह उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू करता है और अक्टूबर के मध्य तक पूरी तरह समाप्त हो जाता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, केरल में मानसून के जल्दी या देर से आने का देश के अन्य हिस्सों में बारिश के पैटर्न पर कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ता।

राज्यों के लिए मौसम पूर्वानुमान

महाराष्ट्र: तटीय जिलों में भारी बारिश की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी। मुंबई में गरज के साथ बिजली, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा की आशंका।

गोवा: रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के कारण रेड अलर्ट।

दिल्ली-एनसीआर: 70 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी।

झारखंड: तेज हवा और गरज के साथ बारिश का अनुमान। तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच सामान्य से कम रहेगा।


हेमकुंड साहिब यात्रा का शुभारंभ: पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था रवाना,

गोविंदघाट से पंज प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का जत्था आज शनिवार को बैंड बाजों की धुन के साथ घांघरिया के लिए रवाना होगा। हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। कपाट खुलने को लेकर तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और शुक्रवार को 500 से अधिक श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं।

हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं। वहीं ऋषिकेश से पंज प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का जत्था शुक्रवार को गोविंदघाट गुरुद्वारा पहुंचा। शनिवार को गोविंदघाट गुरुद्वारे में अरदास के बाद पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होगा।

घांघरिया में रात्रि प्रवास करने के बाद अगले दिन रविवार को वह हेमकुंड के लिए रवाना होंगे और निर्धारित समय पर विधि विधान के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे। गुरुद्वारे के प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे अखंड पाठ होगा उसके बाद 15 मिनट का शबद कीर्तन और 7:50 पर अरदास होगी।

पहले दिन के लिए चार हजार से अधिक ने पंजीकरण करवाया
आठ बजे यात्रा शुभारंभ का हुकमनामा लिया जाएगा। उसके बाद बैंडबाजों की धुन के साथ पंज प्यारों की अगुवाई में सरोपे पहनाकर सभी संगतों को हेमकुंड के लिए रवाना किया जाएगा। बताया कि पहले दिन के लिए चार हजार से अधिक ने पंजीकरण करवाया है।

तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं जिसमें से 500 से अधिक घांघरिया पहुंच गए हैं। इस साल कपाट खुलने के समय पंजाब से सतनाम, हरविंदर सिंह और गढ़वाल स्काउट की बैंड पार्टी मौजूद रहेगी। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।


आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज में कोई रुकावट नहीं- डॉ. आर. राजेश कुमार

मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर आयुष्मान भारत योजना को और सुदृढ़ किया जाएगा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड धारकों को देहरादून के तीन प्रमुख निजी अस्पतालों में पूरी तरह से इलाज की सुविधा पूरी तरह जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि जॉली ग्रांट हॉस्पिटल, श्री महंत इन्द्रेश हॉस्पिटल और ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में गोल्डन कार्ड से इलाज की सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी और इन अस्पतालों में आने वाले पात्र मरीजों को सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य यही है कि राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर और उचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है और राज्य सरकार इस योजना को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि भविष्य में भी गोल्डन कार्ड से मिलने वाली सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि राज्य के हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सके |

अपने हर नागरिक को ससमय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार का लक्ष्य और सर्वोच्च दायित्व है | हमारी सरकार निर्धन और जरूरतमंदों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निशुल्क उपचार की सुविधा आसानी से पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है |

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री


“ग्रामीण पर्यटन का सफल उदाहरण बना रुद्रप्रयाग का सारी गांव”

गांव में संचालित हो रहे हैं करीब 50 होम स्टे, वर्षभर रहती है पयर्टकों की आवाजाही

रुद्रप्रयाग।  रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ, चोपता ट्रैक पर मौजूद सारी गांव उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार की मिसाल कायम कर रहा है। सारी गांव में इस वक्त करीब 50 होम स्टे संचालित हो रहे हैं, जिसमें ढाई सौ से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष -अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है।

सारी गांव में होम स्टे की शुरुआत, 1999 में माउंटेन गाडड मुरली सिंह नेगी ने की, तब उन्होंने अपने पुराने घर की मरम्मत करते हुए, इस क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए आने वाले पयर्टकों को ठहरने और खाने की सुविधा प्रदान की। चूंकि यहां वर्ष भर पयर्टकों की आवाजाही रहती है, इस कारण जल्द ही अन्य लोगों ने भी अपने परम्परागत घरों के दरवाजे पयर्टकों के लिए खोल दिए। ग्रामीण शुरुआत से ही, पयर्टकों को पहाड़ी जीवनशैली के अनुरूप आवास और भोजन उपलब्ध कराते थे, जो पर्यटकों को नया अनुभव देता था। अब वर्तमान में यहां होम स्टे की संख्या 50 तक पहुंच गई है, जिसमें से 41 पर्यटन विभाग के पास पंजीकृत हैं, कई लोगों ने प्रदेश सरकार की दीन दयाल उपाध्याय पयर्टक होम स्टे योजना के तहत भी होम स्टे शुरु किए हैं। इसके अलावा 30 लोगों को ट्रेकिंग ट्रक्शन सेंटर होम-स्टे योजनान्तर्गत के तहत अनुदान मिला है।
स्थानीय ग्रामीण जीएस भट्ट बताते हैं कि गत वर्ष गांव में करीब सात हजार पयर्टक ठहरने के लिए आए। स्वरोजगार के चलते गांव में पलायन बहुत कम है, साथ ही अन्य गांवों के विपरीत सारी गांव पूरी तरह जीवंत बना हुआ है।

“मुख्यमंत्री धामी ने भी किया रात्रि विश्राम”
दिसंबर माह में रुद्रपयाग जिले के दौरे पर पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी सारी गांव पहुंच कर होम स्टे में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव में पयर्टन और स्वरोजगार के मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि इसे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम वासियों के साथ ही भोजन भी किया। रुद्रप्रयाग से सारी गांव की दूरी लगभग 60 किलोमीटर है।

ट्रैकिंग रूट

तुंगनाथ ट्रैक: सारी से तुंगनाथ ट्रैक की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है। यह ट्रैक आपको तुंगनाथ मंदिर तक ले जाता है, जो भगवान शिव को समर्पित है।

चोपता ट्रैक: सारी गांव से चोपता ट्रैक की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। यह ट्रैक आपको चोपता घाटी तक ले जाता है, जो इन दिनों लाल बुरांश से सजा हुआ है।

देवरिया ताल ट्रैक- सारी गांव से ही देवरिया ताल ट्रैक भी शुरु होता है, जिसकी दूरी करीब तीन किमी है।

“सफलता के आंकड़े”
191 परिवार वर्तमान में निवासरत हैं सारी गांव में
1200 करीब की आबादी है गांव की
50 से अधिक होम स्टे संचालित हो रहे हैं गांव में
250 करीब लोगों को मिला हुआ है स्वरोजगार

“सरकार होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चल रही है। अच्छी बात यह है कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में अब होमस्टे का कारोबार खूब फल फूल रहा है, जो ग्रामीणों की आर्थिक की का भी बड़ा जरिया बन रहा है।”

“पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड।”


अलंकरण समारोह में अमित शाह ने BSF की भूमिका को बताया विश्वस्तरीय

देशभक्ति और समर्पण के दम पर बना BSF सबसे प्रभावशाली सीमा सुरक्षा बल

केंद्रीय गृह मंत्री ने 2,000 से अधिक शहीदों को देश के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए किया नमन

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अलंकरण समारोह में भाग लिया और जवानों की वीरता व समर्पण की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश की सबसे चुनौतीपूर्ण सीमाओं — बांग्लादेश और पाकिस्तान — की सुरक्षा की जिम्मेदारी जब बीएसएफ को सौंपी गई, तो इस बल ने अपनी क्षमताओं से उसे पूरी तरह न्याय दिया।

शाह ने बीएसएफ के इतिहास और बलिदान को याद करते हुए कहा, “1965 से लेकर अब तक, देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए 2,000 से अधिक जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। मैं उनके इस सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र की ओर से नमन करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि बीएसएफ इस बात का प्रतीक है कि देशभक्ति और समर्पण के बल पर किसी भी कठिनाई को पार कर विश्व का श्रेष्ठ बल कैसे बना जा सकता है।


त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची पोर्टल शुरू

secvoter.uk.gov.in पर खोजें अपना नाम

देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन के लिये पंचायत निर्वाचक नामावलियों में नाम खोजने की सुविधा हेतु मतदाता सूची पोर्टल secvoter.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गयी है। पंचायतों के मतदाता अपना नाम आयोग के उक्त पोर्टल पर ‘‘पंचायत मतदाता खोजें’’ पर क्लिक कर खोज सकते हैं।

इस संबंध में सचिव राज्य निर्वाचन आयोग राहुल कुमार गोयल द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि घर-घर जाकर कराये गये विस्तृत पुनरीक्षण के अनुसार दिनांक 17.01.2025 को अन्तिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अंकित मतदाताओं के नाम खोजे जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम कतिपय कारणों से निर्वाचक नामावली के अन्तिम प्रकाशन में सम्मिलित होने से रह गये थे उन मतदाताओं के नाम आयोग द्वारा दिनांक 01.03.2025 से दिनांक 22.03.2025 तक प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में (हरिद्वार जनपद को छोड़कर) ग्रामवार बैठक बुलाकर निर्वाचक नामावली प्रकाशित करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया था। उसके बाद भी ग्राम पंचायत के संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (वार्ड) की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित करने हेतु उपलब्ध कराये गये आवेदनों पर जनपदों द्वारा आयोग से स्वीकृति प्राप्ति के बाद उक्त पोर्टल पर खोजे जा सकेंगे।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपदों के माध्यम से प्रयास किये गये हैं कि किसी भी पात्र निर्वाचक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित होने से ना छूटे तथापि अभी भी पात्र मतदाता अपने निकटतम विकास खण्ड अथवा तहसील कार्यालय में प्रपत्र भरकर नाम जोड़ने / संशोधन करने हेतु आवेदन कर सकते हैं।


मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने उठाए 18 महत्वपूर्ण कदम

मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 तक सीमित

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने देश में मतदान प्रकिर्या में सरल एवं सुगमता के दृष्टिगत बीते कुछ समय में अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए हाल में विभिन्न प्रावधानों में जरूरी बदलाव किए हैं।

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 तक सीमित कर दी गई है। ऊंची इमारतों/कॉलोनियों में अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किए जा सकेंगे। मतदाता सूची अपडेशन के लिए, मृत्यु पंजीकरण का डेटा सीधे आरजीआई डेटाबेस से प्राप्त किया जाएगा और सत्यापन के बाद अपडेट किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटर इनफार्मेशन स्लिप को अधिक मतदाता अनुकूल बनाया जाएगा। मतदाता की क्रम संख्या और भाग संख्या अब अधिक प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी

उत्तराखंड समेत देशभर में राजनैतिक दलों के साथ बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया की देश के मान्यता प्राप्त दलों के साथ उत्तराखंड में सीईओ स्तर पर 2, डीईओ स्तर पर 13 और ईआरओ स्तर पर 70 सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देशभर में मान्यता प्राप्त दलों के साथ 4719 बैठकें आयोजित की गईं जिसमें राजनीतिक दलों के 28,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय और प्रदेश के राजनीतिक दलों के प्रमुखों के साथ आयोजित की गई। जिसमें आम आदमी पार्टी, भारतीय जानता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, सीपीआई (एम) और एनपीपी शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग द्वारा नए एकीकृत डैशबोर्ड – ईसीआईनेट की शुरूआत की गई है। जिसका उद्देश्य सभी हितधारकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएँ प्रदान करना है इसके ज़रिए 40 से अधिक ऐप/वेबसाइटों को एक ऐप के माध्यम से संचालित किया है। उन्होंने बताया कि आयोग ने डुप्लिकेट वोटर आइडी कार्ड की समस्या का समाधान किया है। जिसके तहत विशिष्ट इपिक नंबर के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।

मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव कराने की पूरी प्रक्रिया में 28 हितधारकों की पहचान की गई है, जिसमें मतदाता, चुनाव अधिकारी, राजनीतिक दल, उम्मीदवार और अन्य शामिल हैं, जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, मतदाता पंजीकरण नियम 1960, चुनाव संचालन नियम, 1961 और ईसीआई द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों पर आधारित हैं। इनमें से प्रत्येक हितधारक के लिए आयोग के अधिनियमों, नियमों और निर्देशों के आधार पर ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार की जा रही हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp