Friday, November 20, 2026
6:36 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

Category Archives: राष्ट्रीय

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

चारधाम ट्रांजिट कैंप में सभी जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर जताई प्रतिबद्धता

देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल ने चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकरण काउंटर, चिकित्सा कक्ष, यात्री प्रतिक्षालय, भोजन, आवास, शुद्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर व्यवस्था में गुणवत्ता और सेवा का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी विभाग को अतिरिक्त फंड की आवश्यकता होगी, तो जिला प्रशासन उसे उपलब्ध कराएगा। विशेष रूप से ट्रांजिट कैंप में दी जा रही भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सा केंद्र में सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ रूप से संचालित करने के लिए कहा गया।

जिलाधिकारी ने हर हैंगर व टेंट में शुद्ध पेयजल, चाय और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रांजिट कैंप के अलावा होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा आदि में भी श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, जल व स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

इस निरीक्षण के दौरान एमएनए ऋषिकेश, उप जिलाधिकारी योगेश मेहर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) समेत चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


बालासोर में बाढ़ का कहर, 50 गांव जलमग्न

चांडिल डैम से छोड़े गए पानी ने चार ब्लॉकों में मचाई तबाही, 50,000 से ज्यादा लोग प्रभावित

नावों की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाए जा रहे लोग

बालासोर। ओडिशा के बालासोर जिले में अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। झारखंड स्थित चांडिल डैम से बिना पूर्व सूचना के छोड़े गए पानी के चलते बालियापाल, भोगराई, बस्ता और जलेश्वर ब्लॉकों में व्यापक जलभराव हो गया है। अब तक 50 से अधिक गांव जलमग्न हो चुके हैं और 50,000 से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को तेज बहाव में एक युवक बह गया, जिसकी तलाश में बचाव टीमें जुटी हैं।

नदी के जलस्तर में गिरावट, पर संकट बरकरार

रविवार को सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह 10 बजे राजघाट पर जलस्तर 9.94 मीटर था, जो खतरे के निशान (10.36 मीटर) से थोड़ा नीचे है। हालांकि शनिवार को जलस्तर 11 मीटर पार कर गया था, जिससे खेतों में पानी भर गया और सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया।

राजनीतिक आरोप और प्रशासनिक तैयारी

बालासोर के सांसद प्रताप सारंगी ने झारखंड प्रशासन पर बिना अलर्ट के डैम से पानी छोड़ने का आरोप लगाया और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि यह अचानक आई बाढ़ हजारों लोगों के लिए संकट बन गई। सड़कें डूब जाने के कारण नावों से राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

राहत व बचाव कार्य जारी

राज्य सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाते हुए दमकल विभाग की 5, ODRAF की 3 और NDRF की 1 टीम को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है। नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। कई ग्रामीण बांधों पर अस्थायी आश्रयों में रह रहे हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासन की सतर्कता

प्रशासन ने स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय कर प्राथमिक चिकित्सा, ORS और हायलीन टैबलेट की व्यवस्था की है। भोगराई, दहमुंडा, घंटुआ और जमकुंडा जैसे क्षेत्रों के दर्जनों गांवों में दवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं।

स्थिति सामान्य होने में लगेंगे कुछ दिन

हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन का मानना है कि पूरी तरह सामान्य स्थिति बनने में 4 से 5 दिन लग सकते हैं। राहत सामग्री का वितरण जारी है और लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल? ओवैसी ने पाकिस्तान की मंशा पर खड़े किए सवाल

सेना प्रमुख मुनीर और ट्रंप की मुलाकात पर भी उठाए गंभीर सवाल

नई दिल्ली। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हमले के बहाने पाकिस्तान और डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे ही आक्रामक कदमों के लिए पाकिस्तान ने डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की बात की थी? उन्होंने इस्राइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर भी चिंता जताई।

ईरानी ठिकानों पर अमेरिकी हमले:
बताया गया है कि अमेरिका ने बी-2 स्टील्थ बॉम्बर से 30,000 पाउंड वजनी बंकर बस्टर बमों का उपयोग करते हुए ईरान के फोर्डो, नतांज और इस्फाहान स्थित परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। यह कदम उस वक्त सामने आया, जब इस्राइल के हमलों के बावजूद ईरान के भूमिगत परमाणु ठिकानों को खास नुकसान नहीं पहुंचा था।

ओवैसी ने पाकिस्तान की भूमिका पर उठाए सवाल:
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस व्यक्ति (डोनाल्ड ट्रंप) को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की बात की है, वह अब ईरान जैसे देश के खिलाफ युद्ध जैसी कार्रवाई करवा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इसी उद्देश्य से पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को अमेरिका में ट्रंप के साथ लंच पर आमंत्रित किया गया था?

डोनाल्ड ट्रंप को नामित करने की पृष्ठभूमि:
गौरतलब है कि पाकिस्तान 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए डोनाल्ड ट्रंप का नाम प्रस्तावित करने की तैयारी में है। पाकिस्तानी दावे के मुताबिक, ट्रंप की मध्यस्थता ने भारत-पाक संघर्ष के दौरान बड़े युद्ध को टालने में भूमिका निभाई थी। हालांकि, भारत ने इस दावे को कई बार खारिज किया है और कहा है कि संघर्षविराम भारत की सैन्य कार्रवाई के दबाव में आया था।


देहरादून में बढ़ती गुंडागर्दी: एक खूबसूरत शहर की चिंता

समीक्षा सिंह 

देहरादून, जिसे हम सभी अपने सुकून और शांति के शहर के रूप में जानते हैं, अब एक गंभीर समस्या का सामना कर रहा है। गर्मियों के मौसम में जैसे-जैसे टूरिज़्म बढ़ता है, वैसे-वैसे इस खूबसूरत शहर में गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। तेज़ म्यूजिक, शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाले, सड़क पर बदसलूसी और स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार अब आम बात हो गई है।
स्थानीय लोग पहले से ही ट्रैफिक की परेशानी से जूझ रहे हैं, लेकिन अब वे खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। कई ऐसे मामले सामने आए हैं जो इस चिंता को और बढ़ाते हैं। हाल ही में 30 मई को राजपुर रोड पर कुछ युवकों ने एक मर्चेंट नेवी ऑफिसर और उनके परिवार को गाड़ी रोककर गालियां दीं और धमकाया। उसी दिन एक Fortuner गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने एक परिवार को रास्ता रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ये घटनाएं केवल कुछ उदाहरण हैं, जो शहर की वर्तमान स्थिति का आईना हैं।
यह स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि गाड़ी चलाते हुए भी लोग डर महसूस करते हैं। तेज़ म्यूजिक, बिना कारण हॉर्न बजाना, रफ़ ड्राइविंग और साइड न देना अब रोज़मर्रा की बातें हो गई हैं। खासकर बाहर से आने वाले लोग, जिनकी गाड़ियाँ हरियाणा, यूपी या दिल्ली नंबर की होती हैं, वे खुलकर बदतमीज़ी करते दिखते हैं। यह सब देखकर लगता है कि वो शहर जहां कभी शांति का वास था, अब डर और असुरक्षा की गली बन गया है।
सोशल मीडिया पर भी इस समस्या की झलक देखने को मिलती है। एक युवक ने अपनी आपबीती साझा की कि कैसे वह और उसकी गर्लफ्रेंड मालदेवता से लौट रहे थे और HIT कॉलेज के पास कुछ लड़कों ने शराब पीकर गलत इशारे किए और गंदी बातें कहीं। इस तरह की घटनाएं सिर्फ पोस्ट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह देहरादून की सड़कों पर रोजाना हो रही वास्तविकता हैं।
सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए ‘ऑपरेशन लगाम’ नाम से एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस की संख्या बढ़ाई गई है, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है, और कानून तोड़ने वालों को सजा दी जा रही है। यह एक सकारात्मक कदम जरूर है, लेकिन यह पूरी समस्या का समाधान नहीं है।
अब वक्त है और कड़े कदम उठाने का। पुलिस बल को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि हर कोने पर निगरानी हो सके। ड्रोन कैमरों के जरिए सड़क पर नजर रखी जानी चाहिए ताकि किसी भी गलत हरकत को तुरंत रोका जा सके। बदतमीज़ी करने वालों को भारी जुर्माना और जेल की सजा मिलनी चाहिए ताकि किसी को भी कानून तोड़ने से पहले दस बार सोचने पर मजबूर होना पड़े।
देहरादून सिर्फ एक शहर नहीं, हमारी पहचान है। अगर हम सब मिलकर आवाज़ नहीं उठाएंगे, तो यह गुंडागर्दी और असुरक्षा का माहौल और बढ़ता ही जाएगा। इसलिए, इस बदलाव के लिए आपकी आवाज़ भी जरूरी है। आइए, हम सब मिलकर अपने शहर को फिर से सुरक्षित और सम्मानजनक बनाएं।


देहरादून में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की दर्दनाक मौत

हरियाणा से घूमने आए युवकों की कार हादसे का शिकार, एक अस्पताल में भर्ती

देहरादून। आशारोड़ी के पास रविवार तड़के लगभग 03:10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हरियाणा से देहरादून आ रही सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार (HR 42 E 2701) आगे चल रहे सीमेंट लदे ट्रोले (HR 63 F 5353) से पीछे से टकरा गई।

हादसे के समय सभी युवक हरियाणा से उत्तराखंड की ओर यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए कोरोनेशन और दून अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. अंकुश पुत्र अजीत, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत (हरियाणा)

  2. पारस पुत्र जयकरण, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत

  3. अंकित पुत्र राजेश, निवासी मेरिडा, तहसील जुलाना, जिला जींद

  4. नवीन पुत्र नरेश, निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक

घायल:
विनय पुत्र विजय, निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत

पुलिस ने ट्रोले को कब्जे में ले लिया है और चालक आफताब पुत्र जुल्फिकार (निवासी शेखपुरा कदीम, सहारनपुर) से पूछताछ की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।


मसूरी में ओवररेटिंग को लेकर हिंसक झड़प, दो लोग घायल

पर्यटन सीजन में शराब के दाम पर बढ़ते विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी। पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ ही मसूरी में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। शनिवार देर रात घंटाघर स्थित एक बीयर शॉप पर ओवररेटिंग को लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से एक को 24 टांके लगे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीयर के अधिक दाम वसूलने को लेकर युवकों और दुकानदार के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। युवकों का आरोप है कि दुकानदार और उसके सहयोगियों ने बोतलों और चाकू से हमला किया। उग्र भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी और शटर क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना पर पहुंची मसूरी पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। एसआईआई किशन कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि दुकानदार लंबे समय से ओवररेटिंग कर रहा था और विरोध करने पर मारपीट की गई। वहीं दुकानदार का कहना है कि युवक शराब पर अतिरिक्त छूट मांग रहे थे और मामूली असहमति को विवाद का रूप दे दिया।

गौरतलब है कि मसूरी सहित पूरे राज्य में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने पूर्व में निगरानी के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीन पर इसका खास असर नजर नहीं आया है।


नभ नेत्र ड्रोन से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी

कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक में विभिन्न विषयों पर की चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का नभ नेत्र ड्रोन इस साल कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में तैनात रहेगा। ड्रोन के जरिए हरिद्वार के भीड़भाड़ वाले स्थलों, सड़कों, घाटों तथा पुलों की निगरानी की जाएगी। राज्य तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से नभ नेत्र ड्रोन के विजुअल्स की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी। यूएसडीएमए स्थिति कंट्रोल रूम में कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप ने यह निर्देश दिए।

11 जुलाई से प्रारंभ हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि आईआरएस की अधिसूचना जारी कर दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित आपदाओं एवं आकस्मिकताओं का प्रभावी तरीके से सामना करने में आईआरएस उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कांवड़ यात्रा से संबंधित जनपदों के अधिकारियों से आईआरएस प्रणाली को अपनाने तथा इसके तहत ही यात्रा को लेकर आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से योजना का निर्माण करने को कहा।

स्वरूप ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सुगम एवं सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय बहुत जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों में सिंगल प्वाइंट आफ कांटेक्ट हेतु एक जिम्मेदार अधिकारी को नामित करने तथा उनकी सूची एसईओसी और डीईओसी के साथ साझा करने के निर्देश दिए। बता दें कि कांवड़ यात्रा के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मास्टर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और यहीं से यात्रा की संपूर्ण निगरानी की जाएगी। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, ड्यूटी आफिसर संयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो0 ओबैदुल्लाह अंसारी आदि मौजूद थे।

मॉक ड्रिल में कांवड़ पर रहेगा फोकस
30 जून को यूएसडीएमए द्वारा बाढ़ को लेकर आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल के दौरान हरिद्वार में सुरक्षित कांवड़ यात्रा तथा गंगा घाटों में सुरक्षा के इंतजामों को परखने के लिए विशेष रूप से मॉक ड्रिल की जाएगी। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप ने खासतौर पर इसके निर्देश दिए।

कांवड़ियों के मोबाइल में सचेत एप डाउनलोड कराया जाएगा
कांवड़ यात्रा पर आने वाले कांवड़ियों के मोबाइल फोन में सचेत एप डाउन लोड कराया जाएगा। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी ने कहा कि सचेत एप कांवड़ियों को मानसून अवधि में मौसम संबंधी सूचनाएं तथा अलर्ट प्रदान करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने एंट्री प्वाइंट्स में सचेत एप डाउन लोड करने संबंधी होर्डिंग तथा बार कोड लगाए जाने के निर्देश दिए। टोल फ्री नंबर 112, 1070, 1077 के बारे में भी कांवड़ियों को अवगत कराया जाएगा ताकि वे किसी आपात स्थिति में इन नंबरों में फोन कर मदद मांग सकें।

गंगा घाटों में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की भी तैनाती
गंगा घाटों में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरफ, जल पुलिस के अलावा 60 आपदा मित्र भी गंगा घाटों में तैनात रहेंगे। कांगड़ा घाट में सुरक्षा के खास इंतजाम किए जाएंगे। एनडीआरएफ की एक टीम कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में तैनात रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर देहरादून से अतिरिक्त टीमों को रवाना किया जाएगा।

कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित आकस्मिकताएं
एससीईओ प्रशासन आनंद स्वरूप ने कांवड़ यात्रा के दौरान आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से संभावित आकस्मिकताओं जैसे, भगदड़, नदी में डूबना, भंडारा स्थल, अस्थायी कैंपों में अग्निकांड, बारिश, बाढ़ और जलभराव, संक्रामक बीमारियों का प्रसार, जाम की समस्या, दुर्घटनाएं आदि को नियंत्रित करने हेतु तैयारी रखने तथा किसी भी आकस्मिकता की स्थिति में तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए।

वन्य जीवों से सुरक्षा के भी होंगे विशेष इंतजाम
कांवड़ यात्रियों की वन्य जीवों से सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने तथा वहां सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही अधिक ऊंचाई वाली कांवड़ को बिजली की तारों से खतरा न हो, इसके लिए भी समुचित प्रबंध करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।


स्पेस मीट की तैयारी को लेकर यूसैक में संगोष्ठी आयोजित, 21 विभागों के अधिकारियों ने की भागीदारी

प्राकृतिक संसाधनों और आपदाओं के प्रबंधन में सैटेलाइट डेटा की अहम भूमिका पर जोर

देहरादून। उत्तराखण्ड अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (यूसैक) के सभागार में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आगामी जुलाई में प्रस्तावित “स्पेस मीट” कार्यशाला की रूपरेखा तय करना और विभिन्न विभागों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा करना रहा। संगोष्ठी में राज्य के 21 रेखीय विभागों के 40 अधिकारियों, वैज्ञानिकों और अभियंताओं ने सहभागिता की।

इस संगोष्ठी का आयोजन यूसैक द्वारा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य फोकस हिमालयी राज्यों की जरूरतों के अनुरूप अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उसके अनुप्रयोगों पर केंद्रित रहा। संगोष्ठी में विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं पर आधारित एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने की दिशा में चर्चा की गई, जो “विकसित भारत 2047” की थीम पर प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यशाला के लिए उत्तराखण्ड का रोडमैप तैयार करेगा।

यूसैक के निदेशक प्रोफेसर एम. पी. एस. पंत ने बताया कि सभी रेखीय विभागों को आठ प्रमुख थीमों—कृषि, पर्यावरण एवं ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट, जल संसाधन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, विकास योजना और संचार एवं नेविगेशन—में बांटते हुए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के मौजूदा और भविष्य के उपयोग का लेखा-जोखा तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर इसरो के क्षेत्रीय सुदूर संवेदन केंद्र नॉर्थ के वैज्ञानिक डॉ. अभिनव शुक्ला ने प्रस्तावित राष्ट्रीय स्पेस मीट की जानकारी साझा की, जबकि भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण ठाकुर ने भारतीय अंतरिक्ष मिशनों और उनके अनुप्रयोगों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

संगोष्ठी का संचालन यूसैक की वैज्ञानिक डा. सुषमा गैरोला द्वारा किया गया। संगोष्ठी में यूसैक के वैज्ञानिकों. डा. अरूणा रानी, डा. आशा थपलियाल डा. प्रियदर्शी उपाध्यायए डा. गजेन्द्र सिंह रावत, डा. नीलम रावत, पुष्कर कुमार, शशांक लिंगवाल, डा. दिव्या उनियाल, आर.एस. मेहता,  सुधाकर भट्ट, प्रदीप सिंह रावत, देवेश कपरूवाण, सौरभ डंगवाल, गोविन्द सिंह नेगी, विकास शर्मा, कुशलानंद सेमवाल, चन्द्रमोहन फर्स्वाण, श्रीमती मीना पंत आदि उपस्थित थे।

स्पेस मीट से पहले यह संगोष्ठी एक महत्वपूर्ण प्रयास है जो राज्य की विकास योजनाओं में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।


भारत अपने हिस्से का पानी राजस्थान जैसे जल-संकटग्रस्त राज्यों के खेतों तक पहुंचाएगा- गृह मंत्री अमित शाह

सिंधु जल संधि पर भारत का निर्णायक रुख, पाकिस्तान को अब नहीं मिलेगा पानी

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए सिंधु जल संधि पर दोटूक रुख अपनाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान की हरकतों के चलते अब इस ऐतिहासिक संधि की बहाली संभव नहीं है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान की आतंकवाद समर्थक नीति और शांति प्रयासों की अनदेखी को देखते हुए भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत अपने अधिकार क्षेत्र के पानी को अब पूरी तरह उपयोग करेगा और यह जल अब राजस्थान जैसे जल-संकटग्रस्त राज्यों के खेतों तक पहुंचेगा। शाह ने बताया कि केंद्र सरकार इस उद्देश्य से विशेष नहर परियोजना पर काम शुरू कर रही है।

पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने इसे सीधे तौर पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंक करार दिया था। शाह ने कहा कि यह हमला कश्मीर में अमन को बाधित करने की साजिश थी, लेकिन घाटी की जनता ने आतंक के खिलाफ एकजुट होकर जवाब दिया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जवाबी हमले भी किए।

साल 1960 की सिंधु जल संधि के तहत भारत की सिंधु, झेलम और चेनाब नदियों का 80 फीसदी पानी पाकिस्तान को जाता रहा है, लेकिन अब भारत ने इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए साफ कर दिया है कि आतंक के साए में यह समझौता नहीं चल सकता।

शाह ने दोहराया कि आतंक और वार्ता एक साथ नहीं चल सकतीं। भारत ने अपने निर्णय से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अब रणनीतिक संसाधनों को भी राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में इस्तेमाल करेगा। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कुछ भी कहे, लेकिन भारत की नीति अब निर्णायक है—जो केवल जवाब नहीं, स्थायी हल की ओर बढ़ रही है।


कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दी राष्ट्रपति को विदाई

देहरादून। 2 दिन के उत्तराखंड प्रवास के बाद शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली रवाना हो गई। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व अन्य लोगों ने उन्हें विदा किया।

2 दिन के प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपना जन्मदिवस एनआईवीएच के दृष्टिहीन बच्चों के साथ मनाया। इसके बाद शनिवार को वह देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुई।

दोपहर के समय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देहरादून से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंची, जहां पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सुबोध उनियाल, टिहरी लोक सभा सीट से सांसद माला राजलक्ष्मी शाह ने उन्हें विदाई दी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड आगमन पर राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया और निकट भविष्य में पुनः देवभूमि आने का न्योता दिया। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति ने देवभूमि के लोगों के आतिथ्य सत्कार की प्रशंसा की।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp