Friday, November 20, 2026
6:46 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री ने दिए सारकोट की तर्ज पर प्रत्येक जिले में दो-दो आदर्श गांव बनाने के निर्देश

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री ने दिए सारकोट की तर्ज पर प्रत्येक जिले में दो-दो आदर्श गांव बनाने के निर्देश

चारधाम यात्रा मार्गों पर कानून-व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराने की दी हिदायत
पर्यटन विकास की योजनाओं पर तेजी से काम करने के भी दिए निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की तर्ज पर राज्य के प्रत्येक जिले में दो-दो आदर्श गांव बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में उच्चाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा है कि इन गांवों में समग्र विकास एवं आजीविका संवर्द्धन की योजनाओं को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित करने पर विशेष ध्यान दिया जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत‘ विजन के अनुरूप ‘विकसित उत्तराखंड‘ की दिशा में तेजी से कार्य करने के लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता व प्रतिबद्धता से जुटे रहें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों पर कानून-व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि धामों व यात्रा मार्गों पर अशांति पैदा करने वाले एवं अवांछित गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोषित दो स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थानों का शीघ्र चिन्हांकन कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहसिक पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने हेतु नए डेस्टिनेशन विकसित करने पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जाय। ताकि क्षेत्रीय युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन ढांचे को मजबूती प्रदान करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन हेतु अल्पकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाय। उन्होंने हनोल एवं जागेश्वर के मास्टर प्लान तथा हरिपुर कालसी घाट निर्माण की योजना पर तेजी से कार्य करने के साथ ही यात्रा मार्ग से जुड़े गांवों को होमस्टे योजना से लाभान्वित करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जिले में बनाए जाने वाले दो-दो आदर्श ग्रामों में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मौनपालन, डेयरी विकास, मशरूम उत्पादन जैसे संभावनाशील क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के साथ ही इन गांवों के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए इंटीग्रेेटेड एप्रोच अपनाकर प्रभावी कदम उठाए जांय। स्थानीय शैली एवं संस्कृति का पूर्ण ध्यान रखते हुए इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पादित सौर ऊर्जा के माध्यम से इन गांवों को रोशन करने की व्यवस्था की जाय। इन गांवों में स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था करने और स्वयं सहायता समूहों को पर्याप्त प्रोत्साहन देकर आजीविका के अवसरों में वृद्धि तथा आर्थिक विकास को गति देने वाली गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाय।
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक  ए.पी. अंशुमान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भूस्खलन, मलबे में दबे कई यात्री; SDRF ने किया रेस्क्यू

उत्तरकाशी: मानसून की दस्तक के साथ ही उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं शुरू हो गई हैं। सोमवार दोपहर यमुनोत्री धाम के जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग पर चल रहे कई यात्री मलबे की चपेट में आ गए।

एसडीआरएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक यात्री को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए जानकीचट्टी स्थित पीएचसी भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश व बचाव कार्य लगातार जारी है।

जानकीचट्टी पुलिस चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन पैदल मार्ग पर आवाजाही को फिलहाल रोक दिया गया है।

बचाव टीमों ने रास्ते में फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम साफ होने तक यात्रा स्थगित रखें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, एक की मौत

ई-रिक्शा में सवार चार में से एक की मौत, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

देहरादून-  उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। देहरादून-शिमला बाईपास स्थित हरभजवाला क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ई-रिक्शा में चालक समेत कुल चार लोग सवार थे। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


जोशीमठ के पाताल गंगा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने से कार सवार दो व्यक्ति हुए घायल एक की हुई मौत

  जोशीमठ-  पाताल गंगा में एक यात्री वाहन के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट जोशीमठ से निरीक्षक श्री कर्ण सिंह के नेतृत्व में रवाना हुई।

घटनास्थल पर SDRF और जिला पुलिस द्वारा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें पाया गया कि एक बलेनो कार (वाहन संख्या HR-22T-5713) पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गई थी जिसमें कुल तीन लोग सवार थे।

संयुक्त रेस्क्यू के दौरान एक पुरुष और एक बच्चे को घायल अवस्था में बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जबकि एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतका का शव जिला पुलिस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

घायलों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई:
1. अंकित (पुत्र श्री बजरंग लाल, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा)
2. ख्वाहिश (उम्र 10 वर्ष)

मृतक महिला की पहचान शिल्पा (उम्र 36 वर्ष) के रूप में की गई है।


बस्तियों में 2016 से पहले निर्मित घरों को न दें नोटिस: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। देहरादून के राजपुर स्थित काठबंगला में वर्ष 2016 से पहले निवास करने वाले लोगों को नोटिस दिये जाने के सम्बन्ध में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर निगम एवं एमडीडीए के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार के अध्यादेश को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2016 से पूर्व निर्मित घरों को न तो नोटिस दिया जाए और न ही तोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यहां के कई निवासी नगर निगम को पिछले लम्बे समय कर भुगतान भी कर रहे हैं। मंत्री ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा गरीबों को छत दी है और हमारी कोशिश होगी कि किसी भी गरीब का घर न टूटे।

बैठक में एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, पूर्व पार्षद मंजीत रावत, रामसेवक सहित नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


2036 ओलंपिक में छा जाने का लें संकल्प: रेखा आर्या

अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर सैकड़ों पदक विजेताओं को किया सम्मानित

सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दिए पुरस्कार

देहरादून- अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले सैकड़ो खिलाड़ियों को सम्मानित किया । यह आयोजन सोमवार को परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में किया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ ट्राईकलर गुब्बारे उड़ाकर की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में अब अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित हो रही है और जल्द ही खेल लिगसी प्लान के तहत प्रदेश को 23 नई एकेडमी मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के समय में आयोजित हुए दोनों ओलंपिक खेलों में भारत के प्रतिभागी खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ी है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण, पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न जॉब और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के जरिए खिलाड़ियों का उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करने का काम किया है। रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि को खेल भूमि बनाने का सपना तब साकार हो सकता है जब हम ऐसी खेल संस्कृति विकसित करें कि यहां हर घर से एक खिलाड़ी पैदा हो।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2036 का ओलंपिक आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस मौके पर हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि इस ओलंपिक में उत्तराखंड से ज्यादा से ज्यादा एथलीट शामिल हो सके और इसी हिसाब से अभी से तैयारी शुरू करनी होगी।

इसके पहले बच्चों ने आर्टिस्टिक जिम्नास्ट का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया ।मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को ओलंपिक दिवस की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगई, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


विकास की रफ़्तार तेज़ है, लेकिन ज़िंदगी अब भी नाज़ुक है

वंशिका 

सफ़र हमेशा खास होता है — कभी खुशी से भरा, तो कभी बहुत ही दर्दनाक। ज़िंदगी कब क्या मोड़ ले ले, इसका कोई अंदाज़ा नहीं होता। अहमदाबाद प्लेन हादसे ने हर किसी को अंदर तक झकझोर दिया है। जो लोग नए सपनों के साथ एक नई शुरुआत करने जा रहे थे, उन्हें क्या पता था कि चंद पलों में सब कुछ बदल जाएगा। उनकी ज़िंदगी, उनके सपने — सब अधूरे रह गए। इस घटना ने एक बार फिर से ये सिखा दिया कि ज़िंदगी कितनी नाज़ुक और अनिश्चित है। हमें हर पल को पूरी तरह जीना चाहिए, क्योंकि कौन जाने अगला पल हमारे साथ हो या नहीं।

हम 21वीं सदी में जी रहे हैं — एक ऐसा समय जहाँ तकनीक ने दुनिया को हमारी हथेलियों में ला दिया है। तेज़ रफ्तार विमान, एडवांस सुरक्षा सिस्टम, जीपीएस, ऑटो-पायलट — सब कुछ है। लेकिन इतने विकास के बावजूद भी हम इंसानी ज़िंदगी को पूरी तरह सुरक्षित नहीं बना पाए। टेक्नोलॉजी बहुत कुछ कर सकती है, लेकिन एक जीवन की कीमत नहीं चुका सकती। मशीनें गलती कर सकती हैं, लेकिन उनका दर्द महसूस करने वाला इंसान ही होता है।

ऐसे हादसे सिर्फ एक परिवार को नहीं तोड़ते, वे पूरे समाज की आंखें खोलते हैं। हर मुस्कुराता चेहरा जो उस प्लेन में बैठा था, अपने पीछे कई अधूरे रिश्ते, बातें और ख्वाहिशें छोड़ गया। यह एक चेतावनी भी है — कि हम अपने अपनों को समय दें, दिल से जिएं और छोटी-छोटी बातों के लिए शुक्रगुज़ार रहें।

ज़िंदगी बहुत कीमती है, और बहुत छोटी भी। इसे टालने, पीछे हटने या ग़ुस्से में बिताने के लिए नहीं मिली। हर दिन, हर सफ़र, और हर रिश्ता — एक मौका है जीने का, महसूस करने का। इसीलिए जितना हो सके, खुलकर जिएं, प्यार करें और दूसरों के लिए भी दुआ करें। और सबसे ज़रूरी बात — तकनीक पर भरोसा करें, लेकिन इंसानियत को कभी मत भूलें।


हाईकोर्ट की सख्ती: त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों पर अंतरिम रोक

आरक्षण व्यवस्था पर स्थिति स्पष्ट न होने पर हाईकोर्ट ने लगाई अंतरिम रोक

नैनीताल। उत्तराखंड में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों पर नैनीताल हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। यह रोक आरक्षण व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार द्वारा स्थिति स्पष्ट न कर पाने के चलते लगाई गई है। कोर्ट ने साफ कहा कि जब तक पंचायत चुनावों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक चुनाव प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।

सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि राज्य सरकार पंचायत चुनावों में आरक्षण को लेकर न तो स्पष्ट नीति प्रस्तुत कर सकी और न ही न्यायालय को भरोसेमंद विवरण दे सकी। इस पर कोर्ट ने गहरी नाराजगी जताते हुए सरकार को निर्देश दिए कि वह जल्द से जल्द आरक्षण संबंधी नीति स्पष्ट करे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने हाल ही में पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू कर दी थी और 12 जिलों में पंचायत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह प्रक्रिया रोक दी गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला राज्य की सियासत और पंचायत स्तर पर प्रतिनिधित्व के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। विपक्ष पहले से ही सरकार पर पंचायतों में आरक्षण को लेकर मनमानी और अनियमितता के आरोप लगा रहा था, जिसे अब न्यायालय की टिप्पणी से बल मिल सकता है।

अब सबकी निगाहें सरकार की अगली रणनीति और अदालत में उसकी प्रस्तुति पर टिकी हैं।


उत्तराखंड में 22 से 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन सतर्क

देहरादून-  मौसम विज्ञान विभाग ने 22 से 26 जून के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी और चंपावत में कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अधीन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसओईसी) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि सभी विभागीय नोडल अधिकारी और आपदा प्रबंधन से जुड़े आईआरएस अधिकारी अलर्ट पर रहें।

संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी
भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील मार्गों पर मलबा हटाने के उपकरण पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, यातायात नियंत्रण के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।

स्थानीय प्रशासनिक अमला रहेगा तैनात
राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

तेज हवाओं के भी आसार
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अनुमान है कि यह मौसम प्रणाली 28 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय रहेगी और तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।


भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे बंद, सुबह 9 बजे बहाल — कई सड़क मार्ग अब भी प्रभावित

चमोली- बीती रात भारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पीपलकोटी के समीप भनेरपाणी और पागलनाला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया था। मार्ग पर मलबा जमा हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि सोमवार सुबह 9 बजे तक मार्ग को पूरी तरह से सुचारु कर दिया गया।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि एनएचआईडीसीएल की टीम ने सुबह 7 बजे से मलबा हटाने का कार्य आरंभ कर दिया था। क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के दौरान भूस्खलन की स्थिति उत्पन्न होती है। फिलहाल एनएचआईडीसीएल द्वारा हाईवे सुधारीकरण कार्य भी पिछले छह माह से जारी है।

इधर, रविवार देर शाम से शुरू हुई मूसलधार बारिश सोमवार सुबह 5 बजे थमी, लेकिन इसके बाद सड़कों के बंद होने की घटनाएं सामने आने लगीं।

  • नंदप्रयाग-नंदानगर सड़क कांडई पुल के पास अवरुद्ध हो गई है।

  • वहीं ज्योतिर्मठ-औली मार्ग, कर्णप्रयाग-गैरसैंण-पांडुवाखाल हाईवे, ज्योतिर्मठ-मलारी-नीती हाईवे और सिमली-थराली-ग्वालदम मार्ग यातायात के लिए खुले हुए हैं।

नदियों का बढ़ता जलस्तर चिंता का कारण

  • अलकनंदा नदी का जलस्तर 952.80 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 957.42 मीटर है।

  • नंदाकिनी नदी 867.70 मीटर पर बह रही है (खतरे का निशान 871.50 मीटर)

  • पिंडर नदी 768.75 मीटर तक पहुंच चुकी है, जबकि खतरे का स्तर 773 मीटर है।

वर्षा की मात्रा
चमोली जनपद में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा चमोली तहसील में 93.6 मिमी दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में वर्षा इस प्रकार रही:

  • गैरसैंण: 20 मिमी

  • पोखरी: 5 मिमी

  • ज्योतिर्मठ: 10.4 मिमी

  • थराली: 2.5 मिमी

  • नारायणबगड़: 22 मिमी


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp