Friday, November 20, 2026
11:20 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री धामी ने सड़क किनारे भूना भुट्टा, वृद्धा को अपने हाथों से किया भेंट

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री धामी ने सड़क किनारे भूना भुट्टा, वृद्धा को अपने हाथों से किया भेंट

खटीमा में सड़क किनारे ठेली पर रुककर मुख्यमंत्री धामी ने श्रमिकों के श्रम को बताया राज्य की असली ताकत

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला भारामल दर्शन के उपरांत जब पीलीभीत रोड से गुजर रहा था, तब मुख्यमंत्री सड़क किनारे भुट्टा भून रहे महातम की ठेली के पास अचानक रुके।

मुख्यमंत्री ने न केवल स्वयं भुट्टा भूना, बल्कि वहां पहले से भुट्टे की प्रतीक्षा कर रही एक वृद्ध महिला को भी अपने हाथों से भुना हुआ भुट्टा सौंपा और उनका हालचाल जाना। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं भी भुट्टे का स्वाद लिया । मुख्यमंत्री स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उत्पादों को मार्केट से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्थानीय श्रमिकों और छोटे व्यापारियों की मेहनत ही राज्य की असली ताकत है। हर नागरिक के श्रम का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया कि वे स्वावलंबन, उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री का यह व्यवहार न केवल विनम्रता और जनता के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि एक सशक्त समाज वही है जहाँ नेतृत्व और आमजन के बीच संवाद और सम्मान की भावना हो।


आईडीपीएल हॉकी ग्राउंड के पास झाड़ियों में मिला नवजात, एम्स में भर्ती — मां की तलाश जारी

ऋषिकेश: आईडीपीएल हॉकी ग्राउंड के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक दृश्य ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। झाड़ियों में एक नवजात बच्चा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। नवजात पूर्णतः स्वस्थ बताया जा रहा है, लेकिन उसे वहां किसने और क्यों फेंका, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।

सुबह की सैर में मिली जिंदगी की कराह

गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे, एक व्यक्ति मॉर्निंग वॉक कर रहा था, तभी उसे झाड़ियों से किसी शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। वह जब नजदीक गया, तो देखा कि झाड़ियों में एक नवजात शिशु पड़ा हुआ है। उसने तुरंत चीता पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को एम्स के निक्कू वार्ड में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

एम्स पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि नवजात का जन्म लगभग एक से दो घंटे पूर्व ही हुआ था, यानी जन्म के तुरंत बाद ही उसे झाड़ियों में फेंक दिया गया। सौभाग्यवश, बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी देखभाल की जा रही है।

सीसीटीवी खराब, जांच में बाधा

जब पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करनी चाही तो पाया कि कैमरे खराब हैं। इससे शिशु को फेंकने वाले या जन्म देने वाली महिला की पहचान कर पाना कठिन हो गया है। फिलहाल स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “ऐसी अमानवीय हरकत को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी हृदयविदारक घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब क्षेत्र में नवजातों को लावारिस हालत में छोड़े जाने की घटनाएं सामने आई हैं:

  • 29 मार्च 2025: गोविंदनगर के डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर में एक थैले में नवजात का शव मिला था। थैला किसने फेंका, यह आज तक पता नहीं चला।

  • 18 नवंबर 2020: लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर गरुड़चट्टी के पास पुलिस को करीब दो दिन का नवजात मिला था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया और बाद में शिशु सदन देहरादून भेजा गया।

  • सवाल उठते हैं, जवाब मांगता है समाज

  • क्या हम इतनी असंवेदनशील हो गए हैं कि नवजातों को यूँ ही मरने के लिए छोड़ दिया जाए?

  • क्या महिलाएं ऐसी स्थिति में पहुंच रही हैं जहां उन्हें बच्चे को जन्म देने के बाद भी उसे स्वीकार करने की स्वतंत्रता नहीं मिलती?

  • क्या समाज और प्रशासन मिलकर ऐसे मामलों को रोकने के लिए कोई ठोस पहल करेगा?

  • जरूरत है जागरूकता और संवेदना की

इस घटना ने एक बार फिर समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि हम कहां जा रहे हैं। ऐसी घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने की भी परीक्षा लेती हैं। यह समय है जब हमें संवेदनशीलता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित मातृत्व के विकल्प पर गंभीरता से काम करना होगा।


रुड़की के टोडा कल्याणपुर में 42 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या, गांव के मंदिर के पास मिला क्षत-विक्षत शव

रुड़की- रुड़की के टोडा कल्याणपुर गांव में गुरुवार रात एक हृदयविदारक हत्या का मामला सामने आया है। गांव के एक मंदिर के पास एक 42 वर्षीय व्यक्ति कंवरपाल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। युवक की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या की गई थी। परिजनों और ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

तीन घंटे से लापता था कंवरपाल, मंदिर के पास मिला शव

कंवरपाल शाम को अपने घर से निकला था, लेकिन करीब तीन घंटे तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो गांव के मंदिर के पास उसका रक्तरंजित शव मिला। शव की स्थिति देखकर हर कोई सन्न रह गया — पीठ पर गहरे चाकू के घाव, शरीर के अन्य हिस्सों पर कट के निशान और एक हाथ पूरी तरह से काटा हुआ था।

परिजनों ने जताई रंजिश की आशंका

परिजनों ने बताया कि कंवरपाल का किसी से पुराना विवाद चल रहा था। हालांकि उन्होंने किसी पर सीधा आरोप नहीं लगाया है, लेकिन रंजिश के एंगल को पुलिस ने गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। मृतक का बेटा बीएसएफ (BSF) में तैनात है, जो सूचना मिलते ही घर लौटने की तैयारी कर रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना पर सीओ नरेंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्यारों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

गांव में फैला डर और आक्रोश

इस जघन्य हत्या से गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गांव की शांति को भंग कर रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है।


उत्तराखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान, वोटिंग में दिखा जबरदस्त उत्साह

पहले चरण में उत्तरकाशी, देहरादून और ऊधमसिंहनगर में सर्वाधिक मतदान

अब दूसरे चरण की तैयारी, 28 जुलाई को 40 विकासखंडों में मतदान

देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। राज्य के 49 विकासखंडों में हुए मतदान में करीब 68 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई मतदान केंद्रों पर रात तक मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी को मजबूती से दर्ज कराया।

गुरुवार सुबह 8 बजे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में धीमी गति से मतदान हुआ, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मतदाता बड़ी संख्या में बूथों पर पहुंचने लगे। मतदान का प्रतिशत दोपहर बाद तेजी से बढ़ा और शाम होते-होते कई जिलों में यह आंकड़ा 70 फीसदी के पार पहुंच गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने-अपने गांवों में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने पहले चरण को “बेहद सफल और शांतिपूर्ण” बताया। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में मतदानकर्मियों, सुरक्षाबलों और अन्य विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल रहा। इस चरण में कुल 17,829 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है।

घंटेवार मतदान प्रतिशत (पहला चरण)
समय मतदान प्रतिशत
सुबह 10 बजे तक 11.72%
दोपहर 12 बजे तक 27.00%
दोपहर 2 बजे तक 41.87%
शाम 4 बजे तक 55.00%
देर रात तक 68.00%

दूसरे चरण की तैयारी
राज्य निर्वाचन आयोग अब दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को कराएगा। इस चरण में प्रदेश के 12 जिलों के 40 विकासखंड शामिल रहेंगे।

जिलेवार मतदान प्रतिशत (पहले चरण)
जिला मतदान प्रतिशत
उत्तरकाशी 82.00%
देहरादून 78.49%
ऊधमसिंहनगर 81.27%
नैनीताल 70.43%
चंपावत 65.59%
पिथौरागढ़ 64.00%
बागेश्वर 63.11%
चमोली 62.17%
टिहरी 59.71%
पौड़ी 59.50%
अल्मोड़ा 59.11%
रुद्रप्रयाग 57.31%

(उपरोक्त आंकड़े जिलों से प्राप्त रिपोर्ट पर आधारित हैं।)


खेलों के प्रति बदल रही समाज की सोच- रेखा आर्या

सीबीएसई नॉर्थ जोन क्रिकेट कंपटीशन का शुभारंभ किया

जसपुर। खेल मंत्री रेखा आर्या ने उधम सिंह नगर में जसपुर स्थित ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी में सीबीएसई नॉर्थ जोन क्रिकेट कंपटीशन का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 2000 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बीते एक दशक में खेल और खिलाड़ियों के प्रति समाज की सोच में बड़ा बदलाव आया है । पहले खेल को करियर के रूप में नहीं देखा जाता था। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अब युवा खेल में प्रतिभा दिखाकर अपने भविष्य को संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बढ़ावा देने में प्रदेश सरकार हमेशा आगे रही है और राज्य के लिए पदक जीतने पर हम सीधे सरकारी नौकरी दे रहे हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पहले जनता की तरफ से सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल और स्कूल की मांग होती थी, लेकिन समाज की सोच बदलने के बाद अब हर जगह से स्टेडियम और खेल मैदान बनाए जाने की मांग उठने लगी है।

इस अवसर पर काशीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक डॉ शैलेंद्र मोहन सिंघल, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, सुनील कंबोज, सुमित कंबोज, मधु शर्मा, पुष्कर काला, राजकुमार चौहान आदि उपस्थित रहे।


शौर्य दिवस की तैयारियों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट ने ली समीक्षा बैठक

देहरादून। कारगिल विजय दिवस, शौर्य दिवस के रूप में धूमधाम और उत्साह से मनाया जाएगा। शौर्य दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को प्रातः 10 बजे से गांधी पार्क, देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शौर्य दिवस को लेकर नोडल अधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने सभी संबंधित विभागों की बैठक लेते हुए तैयारियों की समीक्षा की और समय से सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर टेंट, बैरिकेडिंग, सीटिंग, स्टेज, सजावट, पेयजल की इत्यादि की व्यवस्था मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाए। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को समय से निमंत्रण पत्र प्रेषित किए जाए। शहीदों के परिजनों को कार्यक्रम स्थल तक आने जाने के लिए परिवहन की उचित व्यवस्था रखें। प्रमुख चौराहों पर देश भक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं आस पास सड़क एवं प्रमुख मार्गाे पर विशेष साफ सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि 25 जुलाई को अपराह्न में सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा। बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि) ओम प्रकाश फस्वार्ण, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एसके साहनी, आरटीओ डॉ0 अनिता चमोला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


भाजपा ने विपक्ष पर कसा तंज—’जो लोकतंत्र लिख नहीं सकते, वे सिखाने चले हैं’

‘लोकतंत्र’ की गलत वर्तनी पर गरमाई सियासत 

नई दिल्ली। संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘लोकतंत्र’ शब्द की गलत वर्तनी को लेकर सियासी तकरार तेज हो गई है। भाजपा ने इस गलती पर विपक्षी दलों को घेरते हुए कहा कि जिन्हें ‘लोकतंत्र’ लिखना नहीं आता, वे उसे बचाने की बातें कर रहे हैं।

गुरुवार को संसद भवन परिसर में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘लोकतंत्र’ की हिंदी में गलत वर्तनी वाले बैनर को लेकर भाजपा ने कांग्रेस समेत समूचे इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें यह शब्द तक सही से लिखना नहीं आता, वे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह प्रदर्शन कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं द्वारा किया गया था। प्रदर्शन का उद्देश्य बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के खिलाफ विरोध जताना था, जिसे विपक्ष मताधिकार छीनने की कोशिश बता रहा है।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेता संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर कतार में खड़े होकर ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘वोटबंदी बंद करो’ जैसे नारे लगा रहे थे, लेकिन उनके हाथ में जो बैनर था, उसमें ‘लोकतंत्र’ की वर्तनी गलत लिखी गई थी।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर उस तस्वीर को पोस्ट करते हुए कटाक्ष किया, “यह लोकतंत्र है?” और तंज कसा कि जिन्हें लिखना नहीं आता, वे लोकतंत्र सिखा रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस न तो लोकतंत्र लिख सकती है और न ही उसे बचा सकती है। उन्हें बस परिवारवाद और आपातकाल में विश्वास है।”

इस बीच, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ संसद के भीतर और बाहर एसआईआर के खिलाफ आक्रामक नजर आ रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में छेड़छाड़ कर रहा है, जिससे कुछ वर्गों को मताधिकार से वंचित किया जा सके।


स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति और कुलसचिव नियुक्त किए

खेल मंत्री रेखा आर्या ने दिए यूनिवर्सिटी स्थापना के काम में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून। प्रदेश में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालय के पहले कुलपति और कुल सचिव की नियुक्ति कर दी है। इसके साथ ही खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय स्थापना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में शासन से विश्वविद्यालय के तीन पदों कुलपति कुलसचिव और वित्त नियंत्रक पर नियुक्ति कर दी गई है।

फिलहाल विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा कुलपति जबकि खेल निदेशक आशीष चौहान कुल सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इनके अलावा खेल निदेशालय के वित्त अधिकारी वीएन पांडे को विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक का कार्यभार सौंपा गया है।

यह अस्थाई नियुक्तियां स्थाई पदाधिकारियों के नियुक्त होने तक या अधिकतम 1 साल तक के लिए की गई है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए तमाम प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यह पदेन नियुक्तियां की गई है। खेल मंत्री ने कहा कि तीनों पदाधिकारी शुरुआत में विश्वविद्यालय की गतिविधियों को संचालित करेंगे।


कैबिनेट मंत्री महाराज ने अपने गांव सेड़ियाखाल में किया मतदान

देहरादून। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विकासखण्ड पोखड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेड़ियाखाल के बूथ नं 56 पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में  प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विकासखण्ड पोखड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सेड़ियाखाल के बूथ नं 56 पर प्रातः काल पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पश्चात उन्होंने प्रदेश के ग्रामीण मतदाताओं से अनुरोध किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमें गांवों को सशक्त और विकसित करने के लिए पंचायत चुनाव में “गांव की सरकार” बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करना चाहिए।

पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार जनपद को छोड़ प्रदेश के 12 जनपदों में दो चरणों में मतदान होना है। 24 जुलाई को प्रथम चरण के मतदान के पश्चात अब 28 जुलाई 2025 को दूसरे चरण का मतदान होना है। गांव की सरकार के लिए ईमानदार और कर्मठ जनप्रतिनिधि का चुना जाना बेहद जरूरी है इसलिए पंचायती राज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जागरूक ग्रामीण मतदाताओं को चढ़कर मतदान में हिस्सा लेना चाहिए ताकि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत किया जा सके।


ग्रेटर नोएडा में युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

मुरैना का रहने वाला 25 वर्षीय अजय घरेलू तनाव से था परेशान

दिल्ली- बुधवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज के पास बने पार्क में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अजय (25) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के मुरैना का निवासी था और वर्तमान में तुगलपुर क्षेत्र में रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि अजय ने संभवतः पारिवारिक तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट की सहायता से शव को नीचे उतार कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अजय कुछ समय से निजी काम के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। परिवार से बातचीत कर आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp