Friday, November 20, 2026
11:46 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री ने खटीमा में 26.23 करोड़ से निर्मित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का किया लोकार्पण

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री ने खटीमा में 26.23 करोड़ से निर्मित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का किया लोकार्पण

2019 से खटीमा में संचालित केंद्रीय विद्यालय को मिला अपना भवन

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹ 26.23 करोड़ की लागत से निर्मित केंद्रीय विद्यालय, खटीमा का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सभी के लिए हर्ष और गौरव के क्षण हैं। देश में शिक्षा के क्षेत्र में आई नई क्रांति के 5 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर खटीमा में भी ज्ञान और विज्ञान के नए युग का आरंभ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने खटीमा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात देने के सभी खटीमा वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा हमारी सेना, अर्धसैनिक बलों तथा उन तमाम कार्मिकों के बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा यदि मेरे छात्र जीवन के दौरान खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो वो स्वयं भी केन्द्रीय विद्यालय के छात्र होते। उन्होंने कहा खटीमा के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए यहां से पलायन न करना पड़े, इसके लिए उन्होंने विधायक रहते हुए खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए हर संभव प्रयास किए और आज उसी विद्यालय को अपना भवन भी मिल गया है। उन्होंने कहा खटीमा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से यहाँ के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने और उनके समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से बच्चों को रोजगार परख शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में भी सहायता मिल रही है। इसमें शोध और अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच का विकास भी हो रहा है। उन्होंने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। जिसके अंतर्गत हमने प्रदेश के 5600 से अधिक आंगनवाड़ी केन्द्रों में बालवाटिका कक्षाओं की शुरुआत कर एक महत्वपूर्ण और दूरगामी शैक्षणिक पहल की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनका घर है और वहां के निवासी उनके परिवार के सदस्य। उन्होंने कहा खटीमा से ही उन्होंने जनसेवा की यात्रा प्रारंभ की थी। खटीमा की माटी और लोगों से उन्हें हमेशा ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल से लेकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। खटीमा में हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज तथा 100 बेड के नए अस्पताल परिसर, राष्ट्रीय स्तर के अत्याधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण कर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया है। क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने हेतु गदरपुर और खटीमा बाईपास का निर्माण, नौसर में पुल निर्माण के साथ ही पूरे क्षेत्र में सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू करवाई हैं। जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। जिसके परिणाम स्वरूप एसडीजी इंडेक्स रिपोर्ट में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में पूरे देश में हमारा राज्य प्रथम स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाने में सफलता प्राप्त की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में घृणित मानसिकताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। राज्य में सख्त दंगारोधी और धर्मांतरण विरोधी कानून को लागू किया गया है। राज्य में साढ़े छह हजार एकड़ से अधिक की सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। 200 से अधिक अवैध मदरसों को सील करने के साथ 500 से अधिक अवैध संरचनाओ को भी हटाया है। प्रदेश में ऑपरेशन कालनेमि भी प्रारंभ किया है जिसके माध्यम से हम राज्य में सनातन धर्म को बदनाम करने वाले पाखंडियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता कानून लागू किया गया है। इसके साथ राज्य के 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से भ्रष्टाचार रूपी दीमक को जड़ से समाप्त करने के लिए ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि पिछले तीन वर्षों में हमने भ्रष्टाचार में लिप्त आईएएस, पीसीएस सहित करीब 200 से अधिक लोगों को जेल की सलाखों के पीछे पहुँचाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प को पूर्ण करने हेतु निरंतर प्रयास कर रही है।

इस दौरान कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एवं शिक्षक व छात्र-छात्राएं आदि मौजूद रहे।


जिलाधिकारी सविन बंसल की सख्त कार्रवाई, लापरवाह कानूनगो को किया निलंबित

जनता दर्शन में मिली शिकायत के बाद डीएम ने दी तुरंत कार्रवाई की हिदायत

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेशों की अवहेलना और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए माजरा क्षेत्र के राजस्व कानूनगो राहुल देव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीएम की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है और लापरवाह कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है।

दरअसल, गांधी रोड निवासी रविंद्र सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि के संबंध में धारा 28 अंतर्गत 16 मई 2018 को तत्कालीन कलेक्टर द्वारा आदेश पारित किए गए थे। आदेश के अनुसार, भूमि का परवाना तैयार कर आर-6 में 2023 में दर्ज किया गया तथा दिसंबर 2023 में संबंधित कानूनगो को इसे क्रियान्वित करने के लिए सौंपा गया।

हालांकि, रविंद्र सिंह के अनुसार, कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद अभी तक नक्शा दुरुस्त नहीं किया गया है। इस पर डीएम ने गंभीरता दिखाते हुए तहसीलदार सदर को तत्काल कार्रवाई कर निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जांच के बाद संबंधित राजस्व कानूनगो राहुल देव को आदेशों की अनदेखी और लंबित पत्रावलियों के आधार पर निलंबित कर दिया गया। जिलाधिकारी की इस सख्त कार्रवाई को अन्य कर्मचारियों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।


नई शिक्षा नीति छात्रों को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए बनाएगी सक्षम- गणेश जोशी

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय बीरपुर, देहरादून में आयोजित नई शिक्षा नीति 2020 की पाँचवीं वर्षगांठ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न कलाओं में तैयार किए गए रचनात्मक कार्यों का अवलोकन तथा उत्कृष्ट पीएम श्री विद्यालय बीरपुर के पट्टिका का अनावरण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 ने 34 वर्ष पुरानी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 को प्रतिस्थापित कर भारत की शिक्षा प्रणाली में एक परिवर्तनकारी बदलाव की शुरुआत की है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इससे पूर्व भारत में केवल दो शिक्षा नीतियां वर्ष 1968 और 1986 में लागू की गई थीं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य छात्रों को 21वीं सदी की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करना है। इस नीति के तहत कक्षा 6 से ही व्यावसायिक शिक्षा की शुरुआत की जाएगी, जिससे छात्र विभिन्न ट्रेडों, कौशलों और उद्यमिता के लिए तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि नीति में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने और शिक्षण में तकनीकी समावेशन हेतु राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी मंच की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है। यह नीति छात्रों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर ज़ोर देती है और उनमें आलोचनात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देती है।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित यह नीति अगर पूर्ण रूप से लागू होती है, तो भारत जल्द ही वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में उभरेगा और अग्रणी देशों की श्रेणी में शामिल होगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बच्चों को जीवन में सफल होने के 05-डी के मूल मंत्र भी दिए और बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ साथ नैतिक शिक्षा और चरित्र शिक्षा का होना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक बनना है तो विचारों में आधुनिक बने। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि यह नीति भारत की शिक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव लाएगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष वीएमसी कर्नल अतीत हेसन, प्रधानाचार्य बसंती खम्पा, उप प्रधानाचार्य अल्का थंड़ियाल, आरती उनियाल, डी. एस लखेड़ा, एनसीसी अधिकारी अनुज कुमार सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


चिराग पासवान का दावा: बिहार में एनडीए की होगी जीत, नीतीश बनेंगे मुख्यमंत्री

नीतीश सरकार पर हमले के दो दिन बाद चिराग ने फिर जताया समर्थन

नई दिल्ली। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह बयान उन्होंने उस टिप्पणी के दो दिन बाद दिया है, जिसमें उन्होंने नीतीश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अफसोस जताया था कि सरकार ने अपराधियों के सामने घुटने टेक दिए हैं।

एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और सेना दोनों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए एक मजबूत और विजयी गठबंधन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही बिहार चुनाव लड़े जाएंगे।

अपने बयान में पासवान ने दोहराया, “मेरी प्रतिबद्धता और निष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के प्रति है। बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए को समर्थन देगी और चुनाव परिणामों के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।”

वहीं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पहले भी चार बार हो चुकी है और केवल तकनीकी बदलाव के साथ इसे डिजिटल रूप दिया गया है, बाकी सब वैसा ही है।


दर्दनाक हादसा-  तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार छात्रा को कुचला

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर दर्ज किया केस

देहरादून। देहरादून में आईएसबीटी फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक हादसे में बीएफआईटी कॉलेज की छात्रा की जान चली गई। स्कूटी सवार छात्रा को एक तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आक्रोशित होकर बस चालक की पिटाई कर दी और सड़क जाम कर दिया।

सोमवार शाम करीब चार बजे सहारनपुर निवासी लाइ बानो (पुत्री वाकत अली) अपनी स्कूटी से माजरा की ओर से आईएसबीटी की तरफ जा रही थीं। वह बीएफआईटी कॉलेज की छात्रा थीं और पढ़ाई के सिलसिले में देहरादून में रह रही थीं। इस दौरान उन्होंने एक टूरिस्ट बस को ओवरटेक किया, लेकिन अनियंत्रित रफ्तार के कारण बस का पिछला पहिया उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस को रोका और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए और चालक को भीड़ से छुड़ाकर आईएसबीटी चौकी ले गई। घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बस सहारनपुर नंबर की टूरिस्ट बस है और उसके मालिकाना हक समेत तमाम जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, घटना के सटीक कारणों की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


उत्तराखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 70 प्रतिशत मतदान, वोटिंग में दिखा जबरदस्त उत्साह

ऊधमसिंहनगर में सर्वाधिक 84.26% मतदान, देहरादून में 77.25% वोट डाले गए

देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। जहां एक ओर कई पर्वतीय जिलों में तेज बारिश हुई, वहीं दूसरी ओर मतदाताओं का उत्साह भी जमकर बरसा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही।

सोमवार को सुबह 8 बजे से प्रदेश के 40 विकासखंडों में स्थित 4,709 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इस चरण में कुल 21,57,199 मतदाता पंजीकृत थे। तमाम जिलों में मौसम की बाधा के बावजूद मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आईं। खासतौर पर देहरादून और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भारी उत्साह देखा गया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने जानकारी दी कि सभी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के बावजूद मतदाताओं की सक्रियता उत्साहजनक रही।

इस चरण में 14,751 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई है। पहले चरण में 17,829 उम्मीदवार मैदान में थे। अब सभी की किस्मत का फैसला 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से मतगणना के बाद सामने आएगा।

जिलावार मतदान प्रतिशत 

जिला मतदान प्रतिशत

उत्तरकाशी 75.96%
पौड़ी गढ़वाल 69.27%
टिहरी 60.05%
देहरादून 77.25%
चमोली 66.47%
चंपावत 70.21%
नैनीताल 76.07%
अल्मोड़ा 58.20%
ऊधमसिंह नगर 84.26%
पिथौरागढ़ 64.90%


सूबे के 550 सरकारी स्कूलों को गोद लेंगे उद्योगपतिः डॉ. धन सिंह रावत

आगामी 30 जुलाई को राज्यपाल व सीएम की मौजूदगी में होगा एमओयू

सीएसआर फंड से संसाधन सम्पन्न होंगे दूरस्थ क्षेत्र के राजकीय विद्यालय

देहरादून- राज्य के करीब 550 राजकीय विद्यालयों को कॉरपोरेट समूह गोद लेकर उन्हें साधन सम्पन्न बनायेंगे। इसके लिये राज्य सरकार ने उत्तराखंड के विभिन्न उद्योग समूहों से वार्ता कर पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। आगामी 30 जुलाई को उत्तराखंड राजभवन में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में राज्य के 550 से अधिक उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है। जहां पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कॉरपोरेट समूहों व शिक्षा विभाग के मध्य राज्य के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को गोद लेने को लेकर एमओयू हस्ताक्षरित किये जायेंगे।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के आधुनिकीकरण एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिये उद्योग जगत के साथ मिलकर एक नई पहल शुरू करने जा रही है। जिसके तहत सूबे के करीब 550 राजकीय प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों को कॉरपोरेट समूह से जोड़ा जा रहा है। इनमें से अधिकतर विद्यालय पर्वतीय क्षेत्र के शामिल किये गये हैं, ताकि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अवस्थित इन विद्यालयों में सीएसआर फण्ड से अवस्थापना सुविधाओं के साथ-साथ मॉडल क्लास रूम, कम्प्यूटर लैब, साइंस लैब, पुस्तकालय, फर्नीचर, शौचालय, खेल सामग्री, खेल मैदान व चाहरदीवारी आदि सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके। राज्य सरकार ने सूबे के करीब 550 उद्योगपतियों से सम्पर्क कर इस संबंध में सैद्धांतिक सहमति बना ली है। जिसके क्रम में आगामी 30 जुलाई को उत्तराखंड राजभवन में राज्यपाल ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामय उपस्थिति में उद्योग समूहों के साथ एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सूबे के विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर के उद्योग समूहों के कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी फंड के माध्यम से सूबे के विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं के साथ एक नई पहचान दिलाना है। इस पहल के तहत प्रत्येक उद्योग समूह एक प्राथमिक व एक माध्यमिक विद्यालय को गोद लेकर उनमें सभी आधारभूत एंव आधुनिक सुविधाएं मुहैया करायेंगे। ताकि पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम विद्यालयों में अध्ययरत प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं को आज की आवश्यकताओं एवं नई शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। डॉ. रावत ने बताया कि सूबे में करीब 559 विद्यालय ऐसे हैं जिनमें विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। ऐसे विद्यालयों को उद्योग समूहों से जोड़ने के उपरांत व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप और बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।


यूसीसी लागू करना जनता के आशीर्वाद से संभव- मुख्यमंत्री

देहरादून – मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन, में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया।

समारोह में मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की जनता का सम्मान है। राज्य की जनता के आशीर्वाद से ही उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का सपना साकार हो पाया। उन्होंने कहा समान नागरिक संहिता लागू कर राज्य सरकार ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा यू.सी.सी लागू होने के बाद अब राज्य में सभी नागरिकों के अधिकार समान हो गए हैं। यू.सी.सी ने समाज में भेदभाव खत्म करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता में महिलाओं के अधिकारों को सुरक्षित किया गया हैं। लिव इन रिलेशनशिप के लिए पंजीकरण अनिवार्य किए जाने से बहन -बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा निश्चित ही समान नागरिक संहिता की ये गंगा उत्तराखंड राज्य से संपूर्ण देश में जाएगी। उन्होंने कहा हमारी विचारधारा सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता जैसे मूल्यों पर आधारित रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में राष्ट्रीय पर्व के तौर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बाबा साहेब की स्मृतियों से जुड़े प्रमुख स्थलों को राष्ट्र चेतना के पंच तीर्थ के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सख्त दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून, और ऑपरेशन कालनेमि जैसे कई कड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार किसी भी हालत में राज्य की डेमोग्राफी चेंज नहीं होने देगी।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री  भगत सिंह कोश्यारी, साध्वी रेणुका, स्वामी निरंजन चैतन्य महाराज, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष  विनय रुहेला, विधायक सुरेश गड़िया, सफीपुर ( उन्नाव, यू.पी) के विधायक  बंबा लाल दिवाकर, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


20 लाख की रिश्वत लेते पकड़ी गई महिला सब-इंस्पेक्टर, विजिलेंस टीम ने दबोचा

दिल्ली- पश्चिम विहार क्षेत्र में विजिलेंस विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने महिला उप निरीक्षक नीतू बिष्ट को एक मामले में कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि नीतू बिष्ट एक केस में पीड़ित पक्ष के समर्थन में कार्रवाई करने के बदले यह रकम मांग रही थी। पीड़ित की ओर से की गई शिकायत के बाद विजिलेंस ने रविवार को योजना बनाकर थाने के पास कार्रवाई की और उसे रिश्वत की रकम सहित धर दबोचा।

इस मामले में आरोपी महिला अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही, विजिलेंस विभाग यह भी जांच कर रहा है कि कहीं इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में अन्य पुलिसकर्मी या अधिकारी भी शामिल तो नहीं हैं।


दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता, BKI से जुड़ा एक और आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कथित रूप से जुड़े एक संदिग्ध को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान करणबीर उर्फ करण के रूप में हुई है, जो अमृतसर के चननके गांव का रहने वाला है।

करणबीर पर आरोप है कि वह 7 अप्रैल 2024 को बटाला के किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था। इस मामले की जांच वर्तमान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है।

स्पेशल सेल ने करणबीर को दिल्ली में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक मामले में पकड़ा है। इससे पहले, इसी कड़ी में 22 जुलाई को इंदौर (मध्य प्रदेश) से एक और आरोपी आकाशदीप उर्फ बाज को गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर करणबीर तक पहुंचा गया।

डीसीपी अमित कौशिक के अनुसार, करणबीर ने पूछताछ में बताया कि वह केवल 12वीं तक पढ़ा है और BKI से काफी प्रभावित था। सोशल मीडिया के ज़रिए उसकी मुलाकात विदेश में बसे एक संपर्क सूत्र से हुई, जिसने उसे BKI के एक सक्रिय सदस्य से जोड़ दिया। इसी के निर्देशों पर करणबीर ने देश के भीतर विघटनकारी गतिविधियों में भाग लिया।

जानकारी के अनुसार, करणबीर ने इस साल पश्चिम एशिया की यात्रा भी की थी और वहीं से उसे ग्रेनेड हमले की योजना के लिए आर्थिक मदद मिली। वह अपने घर पर हमले में शामिल दो संदिग्धों को ठहराने की व्यवस्था भी कर चुका था।

इससे पहले करणबीर का भाई गुरसेवक भी इस मामले में गिरफ्तार हो चुका है। हमले की ज़िम्मेदारी कथित तौर पर हैप्पी पासिया, मन्नू अगवान और गोपी नवांशहरिया नामक BKI सदस्यों ने ली थी। साथ ही दिल्ली पर संभावित हमले की धमकी भी दी गई थी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp