Friday, November 20, 2026
11:38 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मनसा देवी से जागेश्वर तक, सभी प्रमुख मंदिरों में व्यवस्थाएं होंगी बेहतर

Category Archives: राष्ट्रीय

मनसा देवी से जागेश्वर तक, सभी प्रमुख मंदिरों में व्यवस्थाएं होंगी बेहतर

देहरादून –  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों हरिद्वार स्थित मनसा देवी – चंडी देवी मंदिर, टनकपुर स्थित पूर्णागिरि धाम, नैनीताल के कैंची धाम, अल्मोड़ा के जागेश्वर मंदिर, पौड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर सहित अन्य प्रसिद्ध मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मंदिरों में भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालु पंजीकरण, पैदल मार्गों और सीढ़ियों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन अनुभव प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दोनों मंडलों के आयुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाए। इस समिति में संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष, एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मनसा देवी मंदिर परिसर तथा अन्य प्रमुख मंदिर परिसरों के सुनियोजित विकास, धारणा क्षमता में वृद्धि और व्यवस्थित दुकान प्रबंधन पर बल देते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था को सुदृढ़, सुव्यवस्थित और सुगम बनाया जाए। श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य रूप से किया जाए तथा दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नियंत्रित करते हुए चरणबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में प्रमुख सचिव  आर.के.सुधांशु,  आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव  शैलेश बगोली,  एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त गढ़वाल  विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक  ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।


पर्यटन के लिए दोनों राज्य संयुक्त योजना बनाकर करेंगे काम: महाराज

तीज महोत्सव पर राजस्थान की उप मुख्यमंत्री ने पर्यटन मंत्री का किया स्वागत

देहरादून/जयपुर। तीज का पवित्र पर्व मां पार्वती की 108 जन्मों की घोर तपस्या के बाद शिव को पति के रूप में पाने का साक्षी है। यह त्योहार पति पत्नी के एकत्व, दिव्य समर्पण का सर्वोच्च प्रतीक। राजस्थान की तरह ही उत्तराखंड में भी तीज़ के त्योहार का विशेष महत्व है। मान्यता है कि आज ही के दिन महादेव एवं पार्वती का शुभ विवाह उत्तराखंड स्थित त्रियुगीनारायण में सम्पन्न हुआ था। इसलिए महिलाएं पति की लंबी उम्र और वैवाहिक सुख की कामना के लिए तीज के त्योहार को मनाती हैं।

उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने पर्यटन विभाग, राजस्थान सरकार के द्वारा सोमवार को जयपुर स्थित पौंड्रिक पार्क में आयोजित दो दिवसीय तीज महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए अपने संबोधन में कही। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान में यह त्यौहार 298 वर्षों से हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है और जयपुर स्थापना के समय से ही भव्य तीज के इस त्यौहार पर तीज माता की शोभा यात्रा भी निकाली जाती है। इस त्यौहार की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस त्यौहार को मनाने के लिए स्वयं राजस्थान सरकार का पर्यटन विभाग इस आयोजन को सम्पन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।तीज महोत्सव महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उत्सव है। यह महोत्सव अच्छे मानसून के साथ-साथ वैवाहिक सुख और देवी पार्वती के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री  महाराज ने कहा कि तीज के इस जीवन्त और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध त्यौहार के आयोजन के अवसर पर प्रस्तुत राजस्थान की विविध परम्पराएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां के साथ-साथ तीज माता की शोभा यात्रा निश्चित रूप हमारी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे संजोकर रखना नई पीढ़ी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम इस जीवंत तीज महोत्सव का हिस्सा बन रहे हैं। उत्तराखंड में तीज के त्योहार को महादेव एवं पार्वती का शुभ विवाह के रूप में मनाने की परम्परा है। मान्यता है कि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद स्थित त्रिजुगीनारायण में माता पार्वती एवं भगवान शिव शंकर का विवाह हुआ था जिसमें ब्रह्मा जी ने पुरोहित का तथा भगवान श्री हरि विष्णु जी ने भाई का दायित्व निभाया था।

महाराज ने कहा कि उत्तराखंड एवं राजस्थान के बीच काफी गहरा संबंध रहा है। हम दोनों राज्यों के बीच पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए संयुक्त योजना बना कर काम करेंगे। तीज महोत्सव के इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी, उत्तराखंड की पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत सहित राजस्थान पर्यटन विभाग के अनेक अधिकारी, लोक कलाकार, शिल्पी और महिलाएं आदि मौजूद थी।


शोध लेखन एवं एआई के प्रयोग पर कार्यशाला का आयोजन

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में लाइब्रेरी इन्फार्मेशन रिसोर्स सेंटर एवं एलसेवियर संस्थान के संयुक्त प्रयास से फैकल्टी सदस्यों एवं शोधार्थियों के लिए “साइंस डाइरेक्ट ऑनबोर्डिंग एंड ऑथर” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें एलसेवियर में प्रकाशन संबंधी विभिन्न जानकारियां दी गई।

एलसेवियर की ओर से कस्टमर सक्सेस मैनेजर साउथ एसिया डॉ. नितिन घोसाल ने उपस्थित शोधकर्ताओं एवं फैकल्टी सदस्यों को बताया कि साइंस डायरेक्ट क्या है। इसमें नए फीचर क्या क्या हैं और यह किस तरह से शोधकर्ताओं के लिए फायदमंद है। उन्होंने कहा कि एलसेवियर की तरह अन्य प्रकाशन भी एआई का प्रयोग कर रहे हैं परंतु एलसेवियर के रेफरेंस ज्यादा भरोसेमंद होते हैं। शोधकर्ताओं के लिए साइंस डायरेक्ट एआई की मदद से संबंधित साहित्य भी खोजना अब आसान हो गया है। डॉ. नितिन ने कहा कि एआई की मदद लेना अच्छा है लेकिन इस पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहा जा सकता।

इस पर नियंत्रण भी जरूरी है। कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीएएस ऑडीटोरियम पटेलनगर में दीप प्रज्जवलित कर किया गया। अंत में शोध से संबंधित एक क्विज का भी आयोजन किया गया जिसमें डा. भवना का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। इस मौके आईक्यूएसी डायरेक्टर प्रो. सोनिया गंभीर, लाईब्रेरियन डॉ. अमिता सकलानी, प्रो. विपुल जैन, प्रो. अरूण कुमार, प्रो. ओम नारायण तिवारी सहित कई फैकल्टी सदस्य एवं शोधार्थी मौजूद रहे।


श्रावण मास के सोमवार के पावन अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और उनकी धर्म पत्नी निर्मला जोशी।

देहरादू । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने श्रावण मास के सोमवार के पावन अवसर पर न्यू कैंट रोड स्थित माता मंदिर में धर्मपत्नी निर्मला जोशी के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम काल है। उन्होंने कहा कि सावन में शिवजी का जलाभिषेक करने से मन की शांति मिलती है और सभी प्रकार के कष्टों का निवारण होता है। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धा और आस्था से जुड़ा यह महीना हमें अपने जीवन में संयम, सेवा और सकारात्मक सोच को अपनाने की प्रेरणा देता है।


श्रावण के तीसरे सोमवार को महादेव की आराधना कर सीएम धामी ने की प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना

देहरादून – पवित्र श्रावण मास के तीसरे सोमवार के दिन पूजा–अर्चना कर देवाधिदेव महादेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। भोलेनाथ से प्रार्थना है कि सभी भक्तजनों की मनोकामना पूर्ण हो और उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।


सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मनसा देवी हादसे के घायलों से की मुलाकात, दिए बेहतर इलाज के निर्देश

देहरादून – मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के जिला चिकित्सालय एवं एम्स ऋषिकेश पहुंचकर मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।

मुख्यमंत्री ने सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःखद घटना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति और शोकाकुल परिजनों के साथ साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घायलों के इलाज एवं परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री  गणेश जोशी, विधायक  मदन कौशिक, विधायक  आदेश चौहान, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।


स्वर्णकार उत्तराखंड की पारंपरिक आभूषणों को वैश्विक मंच पर लाने का प्रयास करे – सीएम धामी

मुख्यमंत्री अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ की गोल्ड एपरेसल की कार्यशाला एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सम्मिलित हुए

उत्तराखंड के पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीक की ट्रैनिंग

राज्य में स्वर्णकार बोर्ड गठन पर विचार किया जाएगा

देहरादून- सीएम धामी ने प्रदेश के सभी स्वर्णकारो से आग्रह किया है कि वे उत्तराखंड की पारंपरिक आभूषणों को भी वैश्विक मंचों पर भी प्रस्तुत करने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आज संपूर्ण विश्व भारतीय कला, संस्कृति और डिज़ाइन की ओर आकर्षित हो रहा है इसलिए हमें चाहिए कि हम अपने पारंपरिक डिज़ाइन को वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप ढालें, जिससे भविष्य में ‘लोकल टू ग्लोबल’ का सपना साकार हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्णकारों का यह प्रयास हमारी युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का माध्यम बनेगा, जो आज आधुनिकता की दौड़ में अपने पारंपरिक आभूषणों और लोकशिल्प से विमुख होती जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्णकारों को आश्वस्त किया है कि यदि उनके संगठन के माध्यम से कोई ठोस प्रस्ताव लेकर आते हैं, जो हमारे राज्य में स्वर्णकार समाज के कौशल विकास, पारंपरिक आभूषणों के संरक्षण और उनके वैश्वीकरण को बढ़ावा देने में सहायक हो तो राज्य सरकार उसे पूरा सहयोग प्रदान करेगी । सरकार राज्य में स्वर्णकार बोर्ड बनाने के विषय पर विचार करेगी |

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी रविवार को सन इन पार्क होटल, देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ की गोल्ड एपरेसल की कार्यशाला एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए |

भारत की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में स्वर्णकारों की महत्वपूर्ण भूमिका

अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देशभर से आए स्वर्णकारो, उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों का उत्तराखंड आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वर्णकार केवल आभूषणों का निर्माण नहीं करते, बल्कि भारत की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा उसे अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य भी करते हैं। हमारे इतिहास में स्वर्णकारों ने न केवल आभूषणों के माध्यम से भारतीय नारी की सुंदरता को सजाया है, बल्कि राजाओं- महाराजाओं के समय में मुद्रा निर्माण से लेकर मंदिरों की शिल्पकला तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री जी के प्रयासो से देश के कारीगरों, शिल्पकारों और स्वदेशी उत्पादों को नई पहचान मिली

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर भारत’ के स्वप्न को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप आज देश के कारीगरों, शिल्पकारों और स्वदेशी उत्पादों को न केवल नई पहचान मिल रही है, बल्कि वैश्विक मंच पर भी उनका गौरव बढ़ रहा है।

भारत बनेगा वैश्विक ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग और डिजाइनिंग हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भारत को वैश्विक ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग और डिजाइनिंग का हब बनाने हेतु प्रयासरत हैं। इस दिशा में केंद्र सरकार द्वारा आधारभूत संरचना के विकास, कौशल प्रशिक्षण, निर्यात संवर्धन और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने हेतु बहुआयामी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री जी ने पिछले वर्ष मुंबई में ‘भारत रत्नम मेगा कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ की आधारशिला रखी थी, जो देश में जेम्स एंड ज्वैलरी सेक्टर को विश्वस्तरीय तकनीक, अत्याधुनिक डिजाइनिंग सुविधाएं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता प्रदान करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

उत्तराखंड में पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से हमारी सरकार भी प्रदेश में पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने और हस्तशिल्प से जुड़े समुदायों को सशक्त करने हेतु अनेक योजनाएं चला रही है। हम विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित करने का प्रयास कर रही है।
आर्थिक सहायता योजनाओं के अंतर्गत लघु एवं कुटीर उद्योगों को सस्ती दरों पर ऋण और सब्सिडी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में अनेक विभिन्न योजनाओं और नीतियों को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिससे आज राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। यही कारण है कि हमारा राज्य ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी में आया है। आज हमारा राज्य युवाओं को रोजगार देने में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है, हमने एक वर्ष में बेरोजारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राज्य हित में कई ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं, जिन्हें पूर्व की सरकारों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया था। हमने देश में सबसे पहले “समान नागरिक संहिता” को लागू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। साथ ही, हमने प्रदेश में देश का सबसे प्रभावी नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणाम स्वरुप उत्तराखंड में पिछले 3 वर्ष में लगभग 23 हजार से अधिक युवाओं ने सरकारी नौकरियां पाने में सफलता प्राप्त की है।

ऑपरेशन कालनेमि” का विस्तार किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के प्रति भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है। इसी संकल्प के साथ, हमने प्रदेश में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी घृणित मानसिकताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है, साथ ही, हमने प्रदेश में एक सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून भी लागू किया है।वर्तमान में पूरे प्रदेश भर में चल रहा “ऑपरेशन कालनेमि” सनातन धर्म को बदनाम करने वाले ढोंगियों का पर्दाफाश कर रहा है।
इस ऑपरेशन को आने वाले दिनों में और अधिक विस्तार प्रदान करने की हमारी मंशा है।

कार्यक्रम में विधायक श्री खजान दास, श्रीमती सविता कपूर,  बृज भूषण गैरोला,  प्रीतम पंवार, उत्तराखंड स्वर्णकार संघ सहित विभिन्न राज्यों के स्वर्णकार संघो सदस्य, बड़ी संख्या में देशभर और राज्य से आए स्वर्णकार, उद्यमी कारीगर और हस्तशिल्पी उपस्थित थे |


श्रद्धालुओं की सुरक्षा में बड़ी चूक, कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर साधा निशाना

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अलग फोर्स गठित करने की मांग

भीड़ प्रबंधन में विफल रही सरकार

देहरादून। प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना पर उत्तराखंड कांग्रेस ने सरकार, जिला प्रशासन और मंदिर समिति पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के स्थायी इंतज़ाम आज तक नहीं किए हैं।

आर्य ने कहा कि श्रावण मास और रविवार जैसे विशेष दिनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहले से अनुमानित थी, इसके बावजूद मंदिर में कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक खंभे में बिजली की खुली तारों में करंट दौड़ने से रेलिंग में करंट फैला और इसी के चलते भगदड़ मची, जिसमें सात लोगों की मौत और कई के घायल होने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम सहित कई प्रसिद्ध मंदिर और सिद्ध पीठ हैं, हरिद्वार में अर्धकुंभ, महाकुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजन हर साल होते हैं, फिर भी राज्य में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की कोई स्थायी प्रणाली नहीं है।

करण माहरा ने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान केवल धार्मिक भावनाएं भड़काकर वोट हासिल करने पर है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई देती।

धस्माना ने मांग की कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत एक अलग फोर्स गठित करे, जो तीर्थ स्थलों और बड़े धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाले।

गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद रविवार को हुई दुर्घटना में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। और तीन दर्जन घायल हो गए।
मृतकों व घायलों के परिजनों को क्रमशः दो लाख व पचास हजार आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई।


चंबा में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हथकरघा को मिला संबल, प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरित हुआ जनसमुदाय

चंबा (टिहरी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ ने एक बार फिर स्थानीय कारीगरों और हथकरघा क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान की। चंबा विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ केंद्र पर रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से श्रवण किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और टिहरी जिले के प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका अध्यक्ष शोभिनी धनौला, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष रमोला और वीरेंद्र सजवान समेत कई स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हथकरघा उद्योग को आत्मनिर्भर भारत की आत्मा बताते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम आधार बनाने की बात कही गई, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमुदाय विशेष रूप से प्रभावित हुआ। राज्य मंत्री सेमवाल ने इन विचारों की सराहना करते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से हम उत्तराखंड के हथकरघा उद्योग को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 7 अगस्त को देहरादून में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीमांत क्षेत्रों में कार्य कर रहे भेड़पालकों और हस्तशिल्पियों को सम्मानित किया जाएगा।

चंबा क्षेत्र के प्रभारी मंत्री के रूप में सेमवाल ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय युवाओं को पारंपरिक शिल्प को रोजगार का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने सभी से आत्मनिर्भरता की राह पर चलने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।

कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिनिधियों ने स्थानीय विकास, युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। ‘मन की बात’ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संवाद का यह माध्यम जन-जन को प्रेरणा देने वाला है, विशेषकर जब बात हो देश की जड़ों से जुड़े हथकरघा जैसे क्षेत्रों की।

मुख्य झलकियां:

चंबा में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम।

पीएम मोदी द्वारा हथकरघा क्षेत्र को ग्रामीण आजीविका से जोड़ने की सराहना।

देहरादून में 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर विशेष आयोजन।

सीमांत क्षेत्र के कारीगरों व भेड़पालकों को मिलेगा सम्मान।

राज्यमंत्री सेमवाल ने युवाओं को हथकरघा से जोड़ने की अपील की।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मनसा देवी मंदिर हादसे के घायलों से की मुलाकात

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ की घटना में घायलों का हालचाल जाना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस हादसे में छह लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं।

मंत्री गणेश जोशी ने घटना स्थल व अस्पताल में पहुंचकर घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें हर प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp