Saturday, November 21, 2026
3:33 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर 11 प्रमुख जंक्शनों पर लगीं ट्रैफिक लाइटें, सड़क सुरक्षा हुई और मजबूत

Category Archives: राष्ट्रीय

जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर 11 प्रमुख जंक्शनों पर लगीं ट्रैफिक लाइटें, सड़क सुरक्षा हुई और मजबूत

पहली बार पुलिस सीसीटीवी कैमरे स्मार्ट कंट्रोल रूम से जुड़े, नियम तोड़ने वालों पर होगी पैनी नजर

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से राजधानी में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को नया आयाम मिल रहा है। देहरादून के 11 व्यस्तम जंक्शनों पर ट्रैफिक लाइट लगाने का कार्य पूरा हो गया है। इसमें महाराणा प्रताप चौक, नालापानी चौक, मोथोरावाला चौक, आईटी पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रेमनगर चौक, सुधोवाला चौक, रांगड़वाला और सेलाकुई बाजार तिराहा शामिल हैं। वहीं धूलकोट तिराहा और डाकपत्थर तिराहा पर कार्य तेजी से प्रगति पर है।

पिछले 5 वर्षों में पहली बार पुलिस के सीसीटीवी कैमरों को स्मार्ट कंट्रोल रूम से इंटीग्रेट किया गया है, जिससे सड़कों पर सुरक्षित यातायात की निगरानी और अधिक सुदृढ़ हो गई है।

सिर्फ यातायात ही नहीं, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक धरोहरों को संवारने पर भी प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। साईं मंदिर जंक्शन, कुठालगेट और दिलाराम चौक का पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण लगभग पूर्ण हो गया है। यहां आने वाले पर्यटक राज्य की संस्कृति और परंपरा से रूबरू हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप, कुठालगेट और साईं मंदिर पर नई स्लिप रोड व राउंड अबाउट निर्माण के साथ-साथ चौक-चौराहों को पारंपरिक शैली में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य आंदोलनकारियों की स्मृतियों और सांस्कृतिक धरोहरों को भी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर प्रदर्शित कराया जा रहा है, ताकि पर्यटक देहरादून की सांस्कृतिक पहचान से परिचित हो सकें।


सतपुली में रिश्वत लेते ट्रेजरी अधिकारी रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की टीम ने देहरादून में भी मारा छापा

पौड़ी- पौड़ी जिले के सतपुली नगर पंचायत में तैनात सहायक कोषाधिकारी (सब ट्रेजरी अफसर) कौशल कुमार को विजिलेंस टीम ने गुरुवार को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। वह यह रकम कूड़ा कलेक्शन का ठेका लेने वाले एक स्थानीय ठेकेदार से बकाया बिल पास कराने के एवज में मांग रहा था। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने आरोपी के देहरादून स्थित आवास पर भी छापा मारकर तलाशी अभियान चलाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतपुली क्षेत्र के एक ठेकेदार को नगर पंचायत के अंतर्गत घर-घर कूड़ा उठान का कार्य सौंपा गया था। इस कार्य के एवज में ठेकेदार का लगभग 10 लाख रुपये का बिल नगर पंचायत के पास लंबित था, जिसे उसने सभी औपचारिकताओं के साथ भुगतान के लिए जमा कर दिया था।

हालांकि, संबंधित ट्रेजरी अधिकारी कौशल कुमार लगातार बिल पास करने में टालमटोल कर रहा था। जब ठेकेदार ने बिल शीघ्र पास कराने की मांग की, तो अधिकारी ने बिल का एक प्रतिशत (यानी 10 हजार रुपये) रिश्वत के रूप में मांगा। बातचीत के बाद सौदा आठ हजार रुपये में तय हुआ।

ठेकेदार ने रिश्वत देने की बजाय इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से कर दी। विजिलेंस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन के निर्देश पर मामले की जांच की गई, जो सही पाई गई। इसके बाद विजिलेंस की एक विशेष टीम को सतपुली भेजा गया, जिसने योजना के तहत ट्रैप लगाकर कौशल कुमार को रंगेहाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने देहरादून के लोअर तुनवाला, लक्ष्मीपुरम स्थित कौशल कुमार के आवास पर भी छापेमारी की, जहां से कुछ दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।

आरोपी को शुक्रवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा के मां नंदा देवी मेला-2025 का किया शुभारंभ

जागेश्वर धाम सौंदर्यीकरण हेतु 146 करोड़ की स्वीकृति

मां नंदा देवी मंदिर का पारंपरिक शैली में पुनर्निर्माण

डीनापानी में ‘नंदा देवी हस्तशिल्प ग्राम’ की स्थापना

अल्मोड़ा में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और महिला चिकित्सालय का अपग्रेडेशन

248 किमी ग्रामीण सड़कों का निर्माण, 922 करोड़ से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण

हेली सेवा, पार्किंग स्पॉट्स, हेलीपैड और सिंचाई योजनाएं प्रगति पर

‘ एक जनपद दो उत्पाद’, ‘मिलेट मिशन’, ‘वोकल फॉर लोकल’ योजनाओं से स्थानीय आजीविका को बढ़ावा

मदरसा बोर्ड समाप्त करने और अवैध मदरसों पर कार्रवाई की घोषणा

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा के मां नंदा देवी मेला-2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अल्मोड़ा वासियों सहित समूचे प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेला हमारी लोक आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सशक्तिकरण का भी मंच है। उन्होंने यह भी कहा कि 2026 में आयोजित होने वाली मां नंदा राजजात यात्रा को भव्य रूप में मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 12 वर्ष में एक बार आयोजित होने वाली इस यात्रा को दिव्य और भव्य बनाने में हमारी सरकार कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के पुनरुत्थान का अमृतकाल चल रहा है। आज हमारी धार्मिक धरोहरों को जिस प्रकार संवारा जा रहा है, उसे शब्दों में प्रकट करना कठिन है। प्रधानमंत्री  के मार्गदर्शन में हमारी प्रदेश सरकार भी उत्तराखंड के समग्र विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और हमारी पहचान को सुरक्षित रखने हेतु दृढ़ संकल्पित होकर निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम मानसखंड पर्वत माला मिशन के अंतर्गत हमारे कुमाऊं क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान एवं सौंदर्यीकरण हेतु प्रयास कर रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत जागेश्वर में मंदिर परिसर के मूल स्वरुप को संरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के अनुसार सौंदर्यीकरण हेतु विभिन्न कार्य गतिमान हैं। इसके लिए जहां एक ओर प्रथम चरण में हमारी सरकार द्वारा 146 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है, वहीं दूसरे चरण के विकास कार्यों की भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा जहां एक ओर बेस अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, वहीं सोमेश्वर में 100 बेड के उपजिला चिकित्सालय में प्रथम चरण में 50 बेड के अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही, गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के इलाज हेतु 50 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की स्थापना भी की जा रही है। लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से अल्मोड़ा महिला चिकित्सालय का अपग्रेडेशन भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पिछले 3 वर्षों में अल्मोड़ा जनपद में 248 किमी सड़कों का निर्माण करने के साथ ही लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत भी करोड़ों रुपए की लागत से विभिन्न मोटरमार्गों का निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य किया है। इसी क्रम में, जहां एक ओर लगभग 400 करोड़ रूपए की लागत से अल्मोड़ा-पौड़ी गढ़वाल-रुद्रप्रयाग को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण करवाया गया है। वहीं लगभग 922 करोड़ रुपए की लागत से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क के चौड़ीकरण को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ’’उड़ान योजना’’ के अंतर्गत अल्मोड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने और आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से हेली सेवाएं भी प्रारंभ की हैं। इसके अतिरिक्त, सदी महर गाँव में 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लिफ्ट पंपिंग योजना के साथ ही जनपद में 25 से अधिक स्थलों पर पार्किंग निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा में प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही, डोल आश्रम के निकट चौखुटिया में हेलीपैड निर्माण की योजना पर भी हम कार्य कर रहे हैं। इतना ही नहीं, ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में हमारी सरकार ने अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना भी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनों पर कार्य कर रहे हैं। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ योजना के माध्यम से हमने स्थानीय आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया है, जबकि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने हमारे स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का काम किया है। इसके अलावा हम ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘फार्म मशीनरी बैंक’, ‘एप्पल मिशन’, ‘नई पर्यटन नीति’, ‘नई फिल्म नीति’, ‘होम स्टे’, और ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी योजनाओं के माध्यम से अपनी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री  द्वारा दिए गए ’’स्वदेशी अपनाओ देश को मजबूत बनाओ’’ के मंत्र को अपनाकर हम न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादकों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को भी आत्मनिर्भर बना सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के लिए संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है। हमने जहां एक ओर प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को लागू किया है | हमने प्रदेश में लैंड जिहाद पर कड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े छह हजार एकड़ से अधिक की सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है। इसके साथ ही करीब 250 अवैध मदरसों को सील करने के साथ ही 500 से अधिक अवैध संरचनाओ को भी हटाया है। इसके अलावा ये हमारी ही सरकार है, जो प्रदेश में पहली बार सख्त भू- कानून लेकर आई है, जिससे हमारे किसानों की जमीनों को अब लैंड माफिया नहीं हड़प पाएंगे,इसके साथ ही अब हम प्रदेश में मदरसा बोर्ड को भी खत्म करने जा रहे हैं। इसके लागू होने के पश्चात 1 जुलाई 2026 के बाद हमारे प्रदेश में वे मदरसे बंद हो जाएंगे जिनमें हमारे सरकारी बोर्ड का सेलेबस नहीं पढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि माँ नंदा देवी के ऐतिहासिक मंदिर का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पारंपरिक पर्वतीय शैली के अनुरूप वृहद रूप से किया जाएगा। सरकार विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से डीनापानी में “नंदादेवी हस्तशिल्प ग्राम” की स्थापना भी करेगी। इस क्राफ्ट विलेज द्वारा “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” के अंतर्गत स्थानीय महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों सहित विभिन्न ताम्र वस्तुओं, ऐपण कला, काष्ठशिल्प और अन्य पारंपरिक हस्तशिल्प को भी बढ़ावा मिलेगा साथ ही इन उत्पादों को देश-विदेश के बाजार से भी जोड़ा जा सकेगा।


मोस्टामानू महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, ₹62 करोड़ की 15 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

देहरादून- मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को वर्चुअल माध्यम से मोस्टामानू महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद के अंतर्गत 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं पर्यटन से जुड़ी विभिन्न विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मोस्टामानू का मेला हमारी आस्था, विश्वास, और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह केवल एक धार्मिक या पारंपरिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है, जो कृषि और पशुपालन से जुड़े हमारे ग्रामीण जीवन की विशिष्टताओं को भी दर्शाता है। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को संजोए रखते हुए उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और हमारी पहचान को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। केदारखंड की भांति मानसखंड में स्थित कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के भी पुनरुत्थान एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न कार्य कराए गए हैं। 6 करोड़ से अधिक की लागत से गंगोलीहाट में हाट कालिका मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। 43 करोड़ रूपए की लागत से बजेटी शनि मंदिर, हनुमान मंदिर तथा लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप आधुनिक पार्किंग स्थलों का निर्माण भी किया जा रहा है। सरकार विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से पिथौरागढ़ जनपद सहित संपूर्ण क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े सात सौ करोड़ रूपए से अधिक की लागत से पिथौरगढ़ मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ में लगभग 21 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। 25 करोड़ रुपए की लागत से अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशनों के निर्माण के साथ ही पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण कार्य भी कराया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 327 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से क्षेत्र में विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य भी गतिमान है। पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा द्वारा जोड़ा है। पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित करने हेतु एयरपोर्ट अथॉरिटी और राज्य सरकार के बीच एमओयू किया चुका है, जिस पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया है कि सभी भारतवासी स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे आत्मनिर्भर भारत का संकल्प और भी सशक्त हो सके। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस मेले में हमारे स्वदेशी उत्पादों के कई स्टॉल लगे हैं, जिसमे हमारे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, किसानों और महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि “स्वदेशी अपनाओ देश को मजबूत बनाओ’’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद के लिए विभिन्न घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि विकासखण्ड बिण के ग्रामसभा देवत पुरचौड़ा स्थित पहाड़ी से भूस्खलन रोकने के लिए ट्रीटमेंट का कार्य कराया जायेगा। नैनीसैनी-देवत पुरचौडा-कुम्डार से कनारी मोटर मार्ग में सुरक्षात्मक कार्य किया जायेगा। चंडाक में ईको पार्क एवं स्मृति वन का निर्माण किया जायेगा। मोस्टामानू मंदिर का सौन्दर्यीकरण कराया जायेगा। पिथौरागढ़ के नगर क्षेत्र घण्टाकर्ण से चंडाक तक सड़क के डबल कटिंग का कार्य किया जायेगा। ग्राम हलपाटी से मोस्टामानू तक सड़क का निर्माण कार्य किया जायेगा। नैनीसैनी एयरपोर्ट के निकट सिटी गार्डन का निर्माण कार्य किया जायेगा।

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल, डीएफओ आशुतोष सिंह, मेला समिति अध्यक्ष वीरेंद्र बोरा सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


UKSSSC ने जारी किया 2025-26 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर

2025-26 में विभिन्न विभागों के लिए समूह-ग भर्तियों की संभावित तिथियां घोषित

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वर्ष 2025-26 के लिए समूह-ग भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग ने विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की संभावित तिथियां और परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित किया है।

कार्यक्रम के अनुसार, वन दरोगा के 124 पदों का विज्ञापन 28 अक्तूबर 2025 को निकलेगा और इसकी लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 से होगी। वहीं, सहायक समीक्षाधिकारी और वैयक्तिक सहायक की टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा 17 नवम्बर 2025 से आयोजित की जाएगी। उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में सदस्य के 20 पदों के लिए साक्षात्कार 15 दिसम्बर 2025 से होंगे।

शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा शिक्षक) के 128 पदों का विज्ञापन 12 सितम्बर 2025 को आएगा और परीक्षा 18 जनवरी 2026 से होगी। विशेष तकनीकी योग्यता वाले 62 पदों का विज्ञापन 26 सितम्बर 2025 को और परीक्षा 1 फरवरी 2026 से प्रस्तावित है।

वाहन चालक के 37 पदों का विज्ञापन 15 अक्तूबर 2025 को जारी होगा, परीक्षा 22 फरवरी 2026 से होगी और वाहन चालक का प्रायोगिक परीक्षण 7 अप्रैल 2026 से आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, कृषि इंटरमीडिएट एवं स्नातक योग्यता वाले 212 पदों का विज्ञापन 31 अक्तूबर 2025 को प्रकाशित होगा और परीक्षा 15 मार्च 2026 से होगी।

इसके अतिरिक्त, सहायक लेखाकार के 36 पदों का विज्ञापन 14 नवम्बर 2025 को आएगा और परीक्षा 29 मार्च 2026 से होगी। सामान्य समूह-ग के तहत कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक एवं अन्य 386 पदों का विज्ञापन 5 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित होगा तथा परीक्षा 10 मई 2026 से कराई जाएगी।

आईटीआई, डिप्लोमा और डिग्री धारकों के लिए 41 पदों का विज्ञापन 24 दिसम्बर 2025 को निकलेगा और परीक्षा 31 मई 2026 से होगी। विज्ञान विषय की योग्यता वाले चार पदों के लिए विज्ञापन 7 जनवरी 2026 को और परीक्षा 7 जून 2026 को होगी। इसी तरह, स्नातक योग्यता वाले 48 पदों का विज्ञापन 21 जनवरी 2026 को जारी होगा और परीक्षा 21 जून 2026 से होगी।

टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा का अगला चरण 30 जून 2026 से शुरू होगा। आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम केवल प्रस्तावित है। अपरिहार्य परिस्थितियों में रिक्तियों की संख्या और परीक्षा तिथियों में बदलाव संभव है।


समाज के आदर्श बनें युवा खिलाड़ी- रेखा आर्या

20 स्कूलों के चैंपियन खिलाड़ियों को किया सम्मानित

देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित राइजिंग स्टार कार्यक्रम में 20 स्कूलों के चैंपियन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। यह आयोजन राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में किया गया था।

कार्यक्रम में देहरादून शहर के कुल 20 स्कूलों के 80 खिलाड़ी शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ी पूरे समाज का आदर्श होता है और उसकी ख्याति की कोई सीमारेखा नहीं होती। खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बहुत तेजी के साथ खेल संस्कृति विकसित हो रही है और इससे यहां आने वाले समय में बड़ी संख्या में चैंपियन खिलाड़ी तैयार होंगे।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38वें नेशनल गेम्स, अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रदेश के सैकड़ो खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर उनकी नगद इनाम धन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य होने की बावजूद अपने चैंपियन खिलाड़ियों को जितनी नगद इनाम धनराशि दे रहा है वह खिलाड़ियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाता है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी व सामान्य भर्ती में खिलाड़ियों को 4% आरक्षण के फैसले से प्रदेश में खिलाड़ियों को आगे लाने में मदद मिल रही है।

इस अवसर पर प्रो. (डा.) ज्योति छाबड़ा, कार्यकारी कुलपति एवं विभागाध्यक्ष, फैशन डिजाइन, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, डॉ. सुभाष गुप्ता, निदेशक (इंफ्रास्ट्रक्चर), अमित गम्भीर, साहिब सबलोक सहित स्कूलों के खेल प्रशिक्षक आदि मौजूद रहे।


रुद्रपुर में 25 हजार का इनामी साइबर ठग रोहित सोनी गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज हैं केस

रुद्रपुर। स्थानीय पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी रोहित सोनी पुत्र सुनील सोनी, निवासी इन्द्रा नगर, थाटीपुर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश), उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई मुकदमे दर्ज हैं तथा न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

प्रकरण का विवरण
शिकायतकर्ता हरबंस लाल निवासी शांति कॉलोनी, रुद्रपुर की तहरीर पर 29 मई 2025 को कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। उनके एसबीआई खाते से 13 व 19 मई को कुल 54,999 रुपए धोखाधड़ी से निकाले गए थे। इसी आधार पर एफआईआर संख्या-254/2025 पंजीकृत की गई।

मामले की जांच में पहले ही गिरोह के कई सदस्यों – मनोज सैनी, अजय सैनी, सत्यपाल सिंह, पुष्पेन्द्र, विशुराज, रितिक व शेरु सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से 06 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 13 चेकबुक, 21 चेक, 04 पासबुक, 02 क्यूआर स्कैनर, एक डोंगल, डायरी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए थे।

पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2025 को फरार चल रहे आरोपी रोहित सोनी को रुद्रपुर नैनीताल रोड पर कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ संगठित तरीके से साइबर ठगी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।


हल्द्वानी में स्कूल बस हादसा, बस पलटने से मची अफरा-तफरी, 30 बच्चे थे सवार

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में एक स्कूल बस के पलटने की खबर से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 30 बच्चे सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। प्रशासन द्वारा घायलों को नजदीकी अस्पताल  पहुंचाया गया है।


अमेरिका ने लगाया 50% टैरिफ, केजरीवाल बोले– भारत को भी दिखानी चाहिए सख्ती

नई दिल्ली: अमेरिका द्वारा भारत से आने वाले उत्पादों पर 50 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) लगाए जाने के बाद देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत को भी जवाब में कड़ा रुख अपनाना चाहिए था, लेकिन सरकार ने इसके उलट कदम उठाए हैं जो किसानों और घरेलू उद्योगों के हितों के खिलाफ है।

“मोदी सरकार के फैसले किसानों के साथ विश्वासघात”: केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका ने जबरदस्ती और एकतरफा फैसला लेकर भारत पर भारी टैरिफ लगाया, और इसके जवाब में मोदी सरकार ने अमेरिका से आने वाली कपास पर आयात शुल्क अस्थायी रूप से हटा दिया, जिससे भारतीय किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

उनके मुताबिक, पहले अमेरिका से आयात होने वाली कपास पर 11% ड्यूटी लगती थी, जिससे भारतीय कपास को घरेलू बाजार में प्रतिस्पर्धा मिलती थी। लेकिन सरकार ने 19 अगस्त से 30 सितंबर तक इस ड्यूटी को हटा दिया, जिससे अमेरिकी कपास 15-20 रुपये प्रति किलो तक सस्ती होकर भारतीय बाजार में उतर रही है। “यह सीधा-सीधा देश के किसानों के साथ धोखा है,” केजरीवाल ने कहा।

अंतरराष्ट्रीय उदाहरण देकर मोदी सरकार पर उठाए सवाल

केजरीवाल ने यूरोपीय यूनियन, चीन और कनाडा जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अमेरिका ने इन पर आयात शुल्क बढ़ाया तो उन्होंने भी मुंहतोड़ जवाब दिया, जिससे ट्रंप को अपने फैसले पर पीछे हटना पड़ा।

“हमें भी कपास पर ड्यूटी बढ़ाकर 50% कर देनी चाहिए थी। दुनिया के अन्य देश अमेरिका के सामने झुके नहीं, लेकिन हमारी सरकार नर्म रुख अपना रही है। क्यों?” उन्होंने सवाल किया।

डोमेस्टिक इंडस्ट्री बंद होने की कगार पर”

केजरीवाल ने चेताया कि अमेरिका के फैसले से भारत के निर्यात पर भारी असर पड़ेगा, और कई घरेलू उद्योग बंदी की कगार पर पहुंच सकते हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार ने अमेरिका से आने वाले सामानों पर टैरिफ हटाकर देश के आर्थिक हितों को कमजोर किया है।

“मोदी जी की चुप्पी शर्मनाक, हिम्मत दिखाइए”

अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से सवाल किया कि वे अमेरिका के दबाव में क्यों झुक रहे हैं, जबकि पूरा देश उनके साथ खड़ा होने को तैयार है। उन्होंने कहा, “दुनिया भारत की नाराज़गी झेल नहीं सकती, लेकिन मोदी जी चुप हैं।”

केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार पीठ पीछे ऐसे फैसले ले रही है जो देश के किसानों को तबाह कर देंगे। उन्होंने देशवासियों से किसानों के लिए आवाज उठाने की अपील की और कहा कि अब समय आ गया है कि जनता सरकार से जवाब मांगे।


बरसात के बाद फिर शुरू होगी दो धामों के लिए हवाई सेवा

रोजाना दो उड़ानों में 20 श्रद्धालु करेंगे हवाई धाम यात्रा

देहरादून। बरसात का मौसम खत्म होते ही एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए हवाई मार्ग से धाम यात्रा शुरू होने जा रही है। जौलीग्रांट हेलिपैड से 15 सितंबर से एमआई-17 हेलीकॉप्टर नियमित उड़ानें संचालित करेगा। प्रतिदिन दो उड़ानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें हर बार 20 श्रद्धालु जौलीग्रांट से दो धामों के लिए रवाना होंगे।

गौरतलब है कि रुद्राक्ष एविएशन कंपनी ने इस यात्रा सीजन में 3 मई से ही दो धामों के लिए हेलिकॉप्टर सेवाएं शुरू की थीं, लेकिन 18 जून से बरसात के कारण उड़ानें रोक दी गई थीं। अब मौसम सामान्य होने के बाद दोबारा सेवाएं बहाल की जा रही हैं।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार, इस बार दीपावली पहले आने से धामों के कपाट भी जल्दी बंद हो जाएंगे। ऐसे में उड़ान सेवाएं 18 अक्तूबर तक ही संचालित होंगी। श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह है और यही वजह है कि कंपनी लगातार तीसरे साल यह सुविधा उपलब्ध करा रही है।

यात्रा का किराया पहले की तरह ही रहेगा—जौलीग्रांट से दो धामों की एकतरफा यात्रा के लिए प्रति श्रद्धालु 1 लाख 25 हजार रुपये (उसी दिन वापसी) और 1 लाख 35 हजार रुपये (रात्रि विश्राम के साथ) तय किया गया है। बुकिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शुरू हो चुकी है।

— राज शाह, ऑपरेशन मैनेजर, रुद्राक्ष एविएशन


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp