Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स से की फोन पर बात, दी शुभकामनाएं

Category Archives: राष्ट्रीय

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स से की फोन पर बात, दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा- विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले क्रमशः एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर (नैनीताल) के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना (नैनीताल) की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा (बागेश्वर) के योगेश जोशी से फोन पर संवाद कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (उधमसिंह नगर) की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका से भी दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त कर पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें तथा राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है तथा मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।


विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संभावित घोषणा से पूर्व जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची के साथ-साथ नए मतदाताओं से संबंधित प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख उपलब्ध कराए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्री-रिवीजन गतिविधियों के तहत वर्ष-2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से 24 अप्रैल 2026 तक 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य निरंतर जारी है।

जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा। इनमें चकराता में 237, विकासनगर 142, सहसपुर 212, धर्मपुर 236, रायपुर 214, राजपुर 141, देहरादून कैंट 152, मसूरी 178, डोईवाला 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 164 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर इसकी सूचना शीघ्र उपलब्ध कराने का आह्वान किया, ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसके अलावा, वोटर हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी निर्वाचन संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोनिया बहुगुणा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि अरविंद जैन, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीपीआईएम के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शोभन अंसारी, पिरंजन कुशवाह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ सभी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करते हुए जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका है, वे हतोत्साहित न हों। धैर्य, सकारात्मक सोच और सतत प्रयास के साथ आप निश्चित रूप से सफलता हासिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के परिजनों को भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


मुख्यमंत्री धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

हेमवती नंदन बहुगुणा का जनसेवा के प्रति समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत- मुख्यमंत्री

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहुगुणा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जनसेवा के प्रति समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बहुगुणा ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता के हितों को सर्वोपरि रखा और देश-प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, खजान दास, सौरभ बहुगुणा और विधायक दुर्गेश्वर लाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, हाईस्कूल में 92.10% और इंटर में 85.11% छात्र सफल

परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर देख सकते हैं परीक्षा परिणाम 

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (UBSE) ने शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में रामनगर स्थित बोर्ड सभागार में रिजल्ट जारी किया गया। बोर्ड के सभापति व माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने औपचारिक घोषणा की।

इस वर्ष के परिणामों में छात्राओं ने एक बार फिर बाज़ी मारी है। हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 85.11 प्रतिशत दर्ज किया गया। हाईस्कूल में 96.07 प्रतिशत छात्राएं और 88.03 प्रतिशत छात्र सफल रहे। वहीं इंटरमीडिएट में छात्राओं का पास प्रतिशत 88.09 और छात्रों का 81.93 प्रतिशत रहा।

टॉपर्स की सूची

हाईस्कूल में एनपी इंटर कॉलेज रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर बागेश्वर की गीतिका पंत और भंगाराम अमर इंटर कॉलेज भुरापानी, ऊधमसिंह नगर की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98.0 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया।
ऋषिकेश के आर्यन दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरिद्वार की वंशिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इतने परीक्षार्थी हुए शामिल

बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, इस वर्ष कुल 2,15,262 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें हाईस्कूल के 1,12,276 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की गई थीं, जबकि मूल्यांकन कार्य 27 मार्च से 10 अप्रैल तक संपन्न हुआ।

ऐसे देखें रिजल्ट

परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी

रिजल्ट से जुड़ी समस्याओं और स्क्रूटनी जैसी जानकारी के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी (6396178537), शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी (7055513072) और प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत (7830403040) से संपर्क कर परीक्षार्थी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी उन्हें श्रद्धांजलि 

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. बहुगुणा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पहाड़ की पगडंडियों से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे तथा केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। मंत्री जोशी ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा ने सदैव राज्य हित में कार्य किया और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन और कार्यशैली समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद नंदनी शर्मा, डा0 बबीता सहौत्रा, सुरेंद्र राणा, भावना चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


दर्दनाक सड़क हादसा- गहरी खाई में गिरा वाहन, चालक की मौत

SDRF ने किया शव बरामद

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, एक आईसर वाहन गहरी खाई में गिर गया जिसमे चालक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:04 बजे स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ को सूचना दी कि हटाल और फिडिज पुल के बीच एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम पोस्ट त्यूणी से आरक्षी बलवंत सिंह के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि आईसर वाहन (UK 07CD 5049) करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी मौत हो चुकी थी।

एसडीआरएफ टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए चालक के शव को खाई से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से शव को स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उसे जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मृतक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सोबेंद्र लाल, निवासी ग्राम भद्रासु, खरसाड़ी, मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


मसूरी-देहरादून मार्ग पर निर्मित वैली ब्रिज जनता को समर्पित, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी देहरादून मार्ग पर कुठालगेट शिव मंदिर के निकट नवनिर्मित वैली ब्रिज जनता को समर्पित किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण के बाद ब्रिज को आवागमन के लिए खोला गया। काबीना मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी का भी आभार जताया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान इस मार्ग पर यातायात का अत्यधिक दबाव पड़ रहा था और जिससे पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि स्थायी पुल के निर्माण प्रस्ताव के पूर्ण होने तक राहत देने के उद्देश्य से इस अस्थायी (टेंपरेरी) वैली ब्रिज का निर्माण किया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सराहनीय है। मंत्री जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वैली ब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। इस दौरान मसूरी वासियों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार भी जताया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


इकॉनोमी और ईकोलॉजी में समन्वय के साथ मानव जीवन स्तर को बेहतर बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य- मुख्यमंत्री

हिमालयी राज्यों से समन्वय और नीति निर्धारण परिषद की बैठक

देहरादून। हिमालयी राज्यों के मध्य आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने, साझा चुनौतियों के समाधान हिमालयी राज्यों से समन्वय एवं नीति निर्धारण परिषद की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक के लिए समेकित रणनीति तैयार करने तथा क्षेत्रीय विकास को गति देने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी राज्यों की भौगोलिक, पर्यावरणीय एवं सामाजिक परिस्थितियाँ समान होने के कारण आपसी सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान से प्रभावी नीति निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि जिन हिमालयी राज्यों में विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे कार्य हुए हैं, उन कार्यों का विस्तृत अध्ययन बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में राज्य में अपनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इकॉनोमी और ईकोलॉजी में समन्वय के साथ मानव जीवन स्तर को बेहतर बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृति सम्पन्नता एवं जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। हिमालय और औषधियों के संरक्षण के क्षेत्र में राज्य में कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण के दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। जल स्रोंतों के पुनर्जीवीकरण की दिशा में अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालय और पर्यावरण सरंक्षण के क्षेत्र में जो संस्थान अच्छा कार्य कर रहे हैं, उनका भी निरंतर सहयोग लिया जाए। हिमालयी राज्यों की विभिन्न चुनौतियों के समाधान के लिए हिमालयी राज्यों के विशेषज्ञों के साथ बैठक समय-समय पर बैठकों और विचार गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाए। बैठक के दौरान जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन, जैव विविधता संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं, उस दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ाये जायेंगे।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि हिमालयी राज्यों की चुनौतियों को दूर करने के लिए हिमालयी राज्य कैसे एकीकृत रूप में कार्य कर सकते हैं, इस दिशा में प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी को हिमालय से फायदा होगा। हिमालय के संरक्षण और संवर्द्धन की दिशा में कार्य करने के लिए हमें इस क्षेत्र में कार्य करने वाले राष्ट्रीय संस्थानों का भी नियमित सहयोग लेना होगा।

हिमालयी राज्यों से समन्वय एवं नीति निर्धारण परिषद के सदस्य एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि हिमालय एवं मध्य हिमालय क्षेत्र की अद्यतन वैज्ञानिक एवं पारिस्थितिकि स्थिति का अध्ययन होना चाहिए। हिमालयी नदियों के जल स्तर और प्रवाह का आंकलन करना भी जरूरी है। सदस्य एवं पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने कहा कि हिमालयी राज्यों को संगठित रूप से कार्य कर हिमालयी से संबंधित सभी सम्पदाओं और लोगों की आजीविका को बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने होंगे। आचार्य डॉ. प्रशांत ने कहा कि हिमालयी राज्यों के लिए ज्वाइंट टास्क फोर्स बननी चाहिए। हिमालयी राज्यों की चुनौतियां लगभग एक जैसे होती हैं, इनके लिए मिलकर बेहमर नीति निर्धारण की दिशा में कार्य होने चाहिए। डॉ. जी.एस. रावत ने कहा कि प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य होने चाहिए। पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने कहा कि बुग्यालों का संरक्षण बहुत जरूरी है। जड़ी-बूटियों के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. आर.मीनाक्षी सुदंरम, सचिव शैलेश बगौली, विशेष सचिव पराग धकाते, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


रिश्वत प्रकरण में डोईवाला के प्रभारी बीईओ निलंबित

विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने किया निलम्बन आदेश मंजूर

कहा, विभाग में भ्रष्टाचार व अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

देहरादून। रिश्वत लेने के आरोप में डोईवाला के प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये तत्काल प्रभाव से प्रभारी बीईओ के निलम्बन प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है, शीघ्र ही शासन स्तर से निलम्बन आदेश जारी कर दिये जायेंगे। डाॅ. रावत ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार व अनुशासनहीनता कतई भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, बावजूद इसके कतिपय कर्मचारी विभाग की छवि को धूमिल करने से बाज नहीं आ रहे हैं, ऐसे कार्मिकों खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। डाॅ. रावत ने कहा कि हाल ही में विजिलेंस टीम द्वारा डोईवाला में तैनात प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी को उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के प्रावधानों के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभाग में ऐसे प्रकरणों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय-समय पर निरीक्षण करें साथ ही छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं आमजन से फीडबैक लेकर व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाएं। उन्होंने कहा कि विभाग के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp