Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

शिक्षा विभाग में पदोन्नत हुए चार अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

Category Archives: राष्ट्रीय

शिक्षा विभाग में पदोन्नत हुए चार अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

विभागीय मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने नवीन तैनाती प्रस्ताव को दी मंजूरी

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक से अपर निदेशक के पद पर पदोन्नत चार अधिकारियों को नवीन तैनाती दे दी गई है। इस संबंध में शासन द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को विभगाीय मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही अब सभी चारों अधिकारी अपने-अपने नये दायित्वों का बखूबी निर्वहन करेंगे।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. रावत के निर्देशों के क्रम में विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों की डीपीसी के माध्यम से पदोन्न्ति की प्रक्रिया पूरी की गई थी। जिसमें संयुक्त निदेशक पद पर कार्यरत मेहरबान सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह रावत, पदमेन्द्र सकलानी एवं परमेन्द्र कुमार को अपर निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया था। पदोन्नति के उपरांत शासन द्वारा अपर शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष नवीन तैनाती प्रस्ताव विभागीय मंत्री डाॅ. रावत के समक्ष रखा गया, जिसे डा. रावत ने स्वीकृति दे दी है। जिसके तहत मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मण्डल, कुंवर सिंह रावत को अपर निदेशक महानिदेशालय के साथ ही अपर निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। इसके अलावा पदमेन्द्र सकलानी को अपर निदेशक एससीईआरटी तथा परमेन्द्र कुमार को अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मण्डल की जिम्मेदारी सौंपी है। विभागीय मंत्री डॉ. रावत ने विश्वास जताया कि इन अधिकारियों के अनुभव और दक्षता से विभागीय कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बयान-
शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक से अपर निदेशक पद पर पदोन्नत चार अधिकारियों को नवीन तैनाती दे दी गई है। इन अधिकारियों की तैनाती से विभागीय कार्यों में तेजी आयेगी साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। – डाॅ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखण्ड।


जनगणना 2026 की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा, 25 अप्रैल से प्रारंभ होगा प्रथम चरण

प्रगणकों को लक्ष्य आधारित एवं समयबद्ध कार्य करने के निर्देश, साप्ताहिक समीक्षा से होगी प्रगति की निगरानी

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जनगणना 2026 की तैयारियों एवं स्व-गणना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अब तक प्रदान किए गए प्रशिक्षण की स्थिति का आकलन करते हुए कार्य की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में स्व-गणना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा जनगणना से पूर्व किए जा रहे सीमांकन कार्य की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि जनपद में सीमांकन कार्य पूर्ण हो चुका है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण गंभीरता, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्य करने को कहा गया, ताकि निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रगणक 27 अप्रैल तक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कुल परिवारों की संख्या का आकलन कर उसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रभारी अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जाए, जिससे प्रगति की सतत निगरानी हो सके और किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही की संभावना न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की योजना निर्माण प्रक्रिया का आधार है, अतः इसमें आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय स्थापित करते हुए इस कार्य को सफल बनाएं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्रीय स्तर पर यदि कोई समस्या या तकनीकी कठिनाई उत्पन्न होती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में प्रभारी अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला, जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून से मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


देहरादून में महिला जन आक्रोश रैली, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल

परेड ग्राउंड से घंटाघर तक पदयात्रा, महिलाओं के अधिकारों पर सरकार का जोर

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी में शुक्रवार को महिला जन आक्रोश रैली के माध्यम से मातृशक्ति की आवाज बुलंद नजर आई। परेड ग्राउंड में आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों महिलाओं के साथ भागीदारी करते हुए परेड ग्राउंड से घंटाघर तक जन आक्रोश पदयात्रा में शिरकत की। रैली के दौरान महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को लोकतांत्रिक अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के अभाव में इसे पारित नहीं किया जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने षड्यंत्रपूर्वक महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी हैं और अन्याय के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी जैसी पहलों ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को न्याय दिलाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति नए भारत के निर्माण की आधारशिला है।

राज्य सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी और रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

सशक्त पंचायतें ही समृद्ध भारत की नींव- सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम स्वराज की अवधारणा को साकार करते हुए सशक्त पंचायतें, आत्मनिर्भर गांव और समृद्ध भारत के निर्माण का यह पावन अवसर हम सभी को लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाकर ही विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है, जिससे देश के समग्र विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।


कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की शिष्टाचार भेंट

गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तराखंड के “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के स्थानीय उत्पादों से निर्मित किट की भेंट

देहरादून / लखनऊ। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने  लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तराखंड के “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के स्थानीय उत्पादों से निर्मित किट भेंट की।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगामी रक्षा बंधन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण भी दिया। इस दौरान कई समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की गई।


प्रधानमंत्री मोदी ने टिहरी सड़क हादसे पर जताया दुःख

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख, घायलों को 50 हजार की सहायता का ऐलान

टिहरी गढ़वाल। टिहरी जनपद में हुई वाहन दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

राज्य सरकार द्वारा भी उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतक आश्रितों को 2-2 लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जाएगी ।


कैलाश हिल कांड में सनसनीखेज खुलासे, पूर्व नौकर की दरिंदगी से दहली दिल्ली

दिल्ली दिल्ली के कैलाश हिल हत्याकांड में जांच के दौरान वारदात की भयावह तस्वीर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक पूर्व नौकर राहुल मीणा ने लूट की नीयत से घर में घुसकर युवती पर बर्बर हमला किया और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसके साथ दरिंदगी की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने युवती के फिंगरप्रिंट से डिजिटल लॉकर खोलने की कोशिश की, और असफल रहने पर लॉकर तोड़कर नकदी व कीमती सामान लूटकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी सबूत मिटाने और पहचान छिपाने की कोशिश में कपड़े और जूते बदलकर मौके से निकला। इसके बाद वह अलग-अलग जगहों से होता हुआ द्वारका के एक होटल में छिप गया, जहां टेक्निकल सर्विलांस के जरिए पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से नकदी, जेवरात और वारदात से जुड़े अहम सबूत बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है और फरारी के दौरान आरोपी की गतिविधियों के साथ लूटे गए अन्य सामान की भी जांच कर रही है।


मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रेरणादायी लेखनी नई पीढ़ी को देशसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दिनकर की ओजस्वी लेखनी और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत रचनाओं ने भारतीय साहित्य को नई दिशा प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘रश्मिरथी’, ‘कुरुक्षेत्र’ और ‘परशुराम की प्रतीक्षा’ जैसी कालजयी कृतियों के माध्यम से दिनकर ने राष्ट्रवाद, सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली स्वर दिया। उनकी रचनाएं आज भी जनमानस में स्वाभिमान, वीरता और कर्तव्य बोध जगाने का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि की प्रेरणादायी लेखनी नई पीढ़ी को देशसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी और समाज को सही दिशा दिखाती रहेगी।


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से भूतपूर्व सैनिक के एक प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर भूतपूर्व सैनिक(भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बल) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को अवगत कराया कि जनपद देहरादून के हरबर्टपुर क्षेत्र में स्थित भूमि, जो प्रभावित परिवारों एवं पूर्व सैनिकों से संबंधित है, उसके क्रय-विक्रय, उपयोग एवं पूर्ण भूस्वामित्व अधिकार प्रदान किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरण में प्रस्तुत अभिलेखों एवं पूर्व में निर्गत आदेशों का समुचित परीक्षण करते हुए मामले में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर हरबर्टपुर नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व सैनिक संग्राम सिंह, धर्मानंद सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


शहर में आज रात 10 बजे ब्लैकआउट, मॉकड्रिल से परखी जाएगी तैयारी

देहरादून शहर में आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार रात विशेष मॉकड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अभ्यास के तहत रात 10 बजे से लगभग आधे घंटे के लिए चयनित इलाकों में ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया समय और व्यवस्थाओं की क्षमता का आकलन किया जा सके।

मॉकड्रिल के लिए प्रशासन ने पहले ही सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यह अभ्यास किया जाएगा। ब्लैकआउट के दौरान स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की लाइटें अस्थायी रूप से बंद रहेंगी, जिससे आपातकालीन हालात का वास्तविक अनुभव लिया जा सके।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp