Friday, November 20, 2026
4:19 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग प्रदेश की प्रत्येक पीड़ित महिला का सशक्त कवच है- कुसुम कंडवाल

Category Archives: राष्ट्रीय

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग प्रदेश की प्रत्येक पीड़ित महिला का सशक्त कवच है- कुसुम कंडवाल

आयोग का प्राथमिक ध्येय पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के साथ-साथ परिवार की निजता और मर्यादा को सुरक्षित रखना- कुसुम कंडवाल

महिला आयोग किसी भी पारिवारिक या निजी विवाद को स्वयं सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित नहीं करता- कुसुम कंडवाल

देहरादून। बीते 2 दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रकरण और उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कुछ अत्यंत भ्रामक और असत्य टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। इन टिप्पणियों में यह निराधार दावा किया गया है कि आयोग ने शिकायत प्राप्त होने के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं की है। इस विषय पर कड़ा रुख अपनाते हुए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है और आयोग द्वारा अब तक की गई विस्तृत वैधानिक कार्यवाही का विवरण प्रस्तुत किया है।
​
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ऋषिकेश में घटित एक पारिवारिक प्रकरण में आयोग द्वारा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल संज्ञान लिया गया था। जिसमें पीड़िता द्वारा परिवार पर मारपीट व प्रापर्टी डीलिंग सहित जबरन देहव्यापार कराने सहित अन्य के आरोप लगाए थे। यह मामला 06 फरवरी 2026 को पंजीकृत किया गया, जिसके उपरांत 24 फरवरी 2026 को दोनों पक्षों को काउंसलिंग हेतु कार्यालय में आहूत किया गया था। नियत तिथि पर जहाँ शिकायतकर्ता उपस्थित रहीं, वहीं विपक्षी पक्ष की अनुपस्थिति के कारण काउंसलिंग की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। शिकायतकर्ता द्वारा रखे गए तथ्यों की गंभीरता और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, आयोग ने शिकायतकर्ता की सहमति से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को पत्र प्रेषित कर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के कड़े निर्देश दिए। आयोग ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया है कि आगामी 16 अप्रैल 2026 तक विस्तृत जांच रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। वर्तमान में पुलिस द्वारा जांच प्रक्रिया गतिमान है और रिपोर्ट प्राप्त होते ही साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी परंतु यदि प्रकरण किसी भी न्यायालय के विचाराधीन होगा तो आयोग द्वारा प्रकरण में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। तब शिकायतकर्ता आयोग से जांच की प्रति अनुरोध के आधार पर ले सकती है।

​सोशल मीडिया पर हो रही आधारहीन चर्चाओं का उत्तर देते हुए अध्यक्ष ने आयोग की कार्यशैली और सिद्धांतों को भी रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग किसी भी पारिवारिक या निजी विवाद को स्वयं सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर प्रसारित नहीं करता है। आयोग का प्राथमिक ध्येय पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के साथ-साथ परिवार की निजता और मर्यादा को सुरक्षित रखना है, ताकि सुलह और सुधार की संभावनाएं बाधित न हों। आयोग केवल उन्हीं विशिष्ट प्रकरणों में आधिकारिक जानकारी साझा करता है जो पूर्व में ही मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक हो चुके होते हैं, ताकि वहां स्वतः संज्ञान की विधिक स्थिति स्पष्ट की जा सके। इसके अतिरिक्त, जब तक शिकायतकर्ता स्वयं या संबंधित पक्ष मीडिया के समक्ष अपनी बात सार्वजनिक नहीं करते, तब तक आयोग अपनी ओर से कोई आधिकारिक वक्तव्य जारी नहीं करता है। किसी पक्ष द्वारा जानकारी सार्वजनिक किए जाने की स्थिति में ही आयोग अपनी प्रतिक्रिया और की गई कार्यवाही का विवरण आधिकारिक तौर पर प्रस्तुत करता है।

​अंत में आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग प्रदेश की प्रत्येक पीड़ित महिला का सशक्त कवच है और हम सदैव विधिक प्रक्रिया एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्य करते हैं। किसी भी गंभीर प्रकरण में बिना पूर्ण जांच रिपोर्ट के एकपक्षीय कार्यवाही करना न्यायसंगत नहीं है। जो तत्व बिना तथ्यों की जानकारी के सोशल मीडिया पर आयोग की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, वे वास्तव में विधिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। आयोग समस्त नागरिकों से अपील करता है कि अर्ध-सत्यों और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।


दून का भविष्य लिखेगा मास्टर प्लान 2041, हर वार्ड से जुटेंगे सुझाव

देहरादून। तेजी से फैलते शहर, बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सिकुड़ते हरित क्षेत्र के बीच राजधानी के अगले डेढ़ दशक की दिशा तय करने वाला मास्टर प्लान-2041 अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है।

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट किया कि इस बार मास्टर प्लान केवल नक्शों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों की भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की शहरी जरूरतों को केंद्र में रखकर तैयार किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता सचिव आवास डा. आर. राजेश कुमार ने की, जबकि प्राधिकरण उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी भी इसमें उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप तैयार किए जा रहे इस मास्टर प्लान में शहर की प्राकृतिक पहचान को बचाने को प्राथमिकता दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया कि देहरादून की नदियां, जंगल, हरित क्षेत्र और खुले भूभाग विकास के दबाव में प्रभावित न हों, इसके लिए अलग संरक्षण ढांचा तैयार किया जाएगा।
नदी किनारों की सुरक्षा, बड़े पैमाने पर पौधारोपण और ग्रीन जोन विस्तार को योजना में प्रमुख स्थान दिया गया है। बैठक में एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह, गौरव चटवाल, चीफ टाउन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि नीरव मखवाना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देहरादून के भविष्य की रूपरेखा तय करने वाला यह दस्तावेज आने वाले वर्षों में शहर के विकास का आधार बनेगा।
हर वार्ड में कैंप लगेंगे, लोग सीधे दर्ज कराएंगे आपत्तियां
इस बार मास्टर प्लान को जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में नागरिक अपनी आपत्तियां और सुझाव सीधे दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि स्थानीय स्तर से मिले सुझाव योजना को अधिक व्यवहारिक बनाएंगे और बाद में विवाद की स्थिति कम होगी। सचिव आवास ने निर्देश दिए कि आपत्तियों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए।
ट्रैफिक जाम से राहत के लिए नये कारिडोर और बाईपास
शहर की सबसे बड़ी समस्या बन चुके ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मास्टर प्लान में सड़क नेटवर्क विस्तार, सार्वजनिक परिवहन सुधार, पार्किंग व्यवस्था, नये बाईपास और वैकल्पिक कारिडोर शामिल किए जा रहे हैं। स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर भी काम होगा, ताकि बढ़ती आबादी के साथ यातायात व्यवस्था नियंत्रित रह सके। प्रस्तुतीकरण में शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों के लिए अलग समाधान प्रस्तावित किए गए।

नई समिति करेगी सुनवाई, उपाध्यक्ष को विशेष अधिकार
मास्टर प्लान से जुड़ी आपत्तियों के त्वरित निस्तारण के लिए तीन सदस्यीय नई समिति बनाई गई है। इसमें उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया और संयुक्त सचिव प्रत्यूष कुमार को शामिल किया गया है। जटिल मामलों में उपाध्यक्ष को विशेष अधिकार दिए गए हैं, ताकि निर्णय प्रक्रिया तेज हो सके।

मसूरी के लिए अलग माडल, पर्यटन और पर्यावरण साथ-साथ
बैठक में मसूरी के लिए अलग विकास दृष्टि पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मसूरी को माडल हिल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाए, जहां पर्यटन विस्तार और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें।

निवेश और आवासीय योजनाओं को भी मिलेगी दिशा
नई आवासीय योजनाओं, तलपट मानचित्रों और निवेश-अनुकूल शहरी ढांचे को भी मास्टर प्लान का हिस्सा बनाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर में योजनाबद्ध विस्तार संभव होगा और अनियंत्रित निर्माण पर नियंत्रण लगेगा।


टीएमसी की सरकार एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक “सिंडिकेट” के रूप में कर रही काम- सीएम धामी

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा के लिए मांगा समर्थन

धामी को सुनने के लिए बनगांव में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून/बनगांव। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पश्चिम बंगाल के बनगांव पहुंचे, जहां उन्होंने बनगांव दक्षिण सीट से स्वप्न मजूमदार, बनगांव उत्तर सीट से अशोक कीर्तनिया, बगदा सीट से सोमा ठाकुर और गैघाटा सीट से सुब्रत ठाकुर के नामांकन कार्यक्रम में भाग लिया।

इससे पहले उन्होंने भव्य रोड शो और जनसभा के माध्यम से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। रोड शो और जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों का उत्साह इस बात का संकेत दे रहा था कि धामी की लोकप्रियता अब उत्तराखंड की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। लोग उन्हें एक निर्णायक और जननेता के रूप में देख रहे हैं।

बनगांव की जनसभा में मुख्यमंत्री धामी ने टीएमसी और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक “सिंडिकेट” के रूप में काम कर रही है। कट और कमीशन इस सरकार की पहचान बन चुके हैं। लोगों को डराना, धमकाना और लूटना इनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है।

उन्होंने कहा कि देशभर में डबल इंजन सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन सरकार बनने के बाद विकास, समृद्धि और सुशासन का नया दौर शुरू होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनगांव की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का संकेत है कि इस बार पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है और भारी बहुमत से कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि कमल खिलेगा तो समृद्धि आएगी, विकास आएगा और कानून का राज स्थापित होगा।


भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर तीन दर्जन से अधिक लोगों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी रहे उपस्थित

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर जैंतनवाला में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की उपस्थिति में भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर तीन दर्जन से अधिक पूर्व सैनिकों एवं स्थानीय लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पटका पहनाकर नए सदस्यों का भाजपा जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराते हुए उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव अंत्योदय के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत और सेवा ही संगठन के मूल मंत्र के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के कारण ही आज भाजपा देश के शिखर पर पहुंची है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पार्टी के स्थापना दिवस पर उन सभी महान विभूतियों को नमन किया, जिनके अथक प्रयास और निस्वार्थ सेवा से पार्टी को यह मुकाम प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। काबीना मंत्री ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यो के बारे में भी स्थानीय लोगों से जानकारी ली और सभा में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याऐं भी कैबिनेट मंत्री को बतायी।

इन लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता – राधा देवी, दुर्गा मल्ल, कविता देवी, मीना शर्मा, आशा चरनजीत, सीता घिमरे, इन्दु थापा, संजय कुमार, सुनील कुमार, राजेश खत्री, नेहा कालिया, संजना रावत, अनिता भट्ट, कैप्टन (सेनि) प्रकाश चन्द्र घिल्डियाल, परशुराम व्यास, महिपाल सिंह नेगी, नीतू राणा, सूरत सिंह भंडारी, राजेश कुमार, गंगा लामे छाने, चन्द्रकला तिवारी, रीता तिवारी, मथुरा देवी, शोभा अधिकारी अमृता देवी, अन्नू देवी, हवलदार (सेनि) जीबी भण्डारी, सूरज कुमार क्षेत्री, लोक बहादुर क्षेत्री, कल्पना क्षेत्री, प्रमिला सिंह आदि ने भाजपा की सदस्यता ली।

इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जैंतनवाला में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता महाराज सिंह नेगी के आवास पर पहुंचकर उन्हें शॉल एवं पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया और उनके आवास में पार्टी का झण्डा लगाकर उन्हें स्थापना दिवस की बधाई दी। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान नैन सिंह पवांर भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, सविता गुरुंग, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर (सेनि) विजेंद्र शाही, प्रदेश महिला मोर्चा कोषाध्यक्ष वंदना बिष्ट, मण्डल प्रभारी ज्योति कोटिया, मण्डल महामंत्री किरन, लीला प्रधान, ज्योति ढकाल, लक्ष्मण रावत, ग्राम प्रधान आशू थापा, ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, विक्रम कण्डारी, धीरेन्द्र ठाकुर, आशीष शर्मा, सचिन कुमार, बूथ अध्यक्ष पूर्णिमा थापा, चित्रलेखा राय, सपना मल्ल, मंजू देउपा, मेजर (सेनि) महावीर सिंह रावत सहित कई लोग उपस्थित रहे।


रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के प्रकरण में एक और आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना में शामिल सभी 10 अभियुक्तों को पुलिस द्वारा किया जा चुका है गिरफ्तार

देहरादून। राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में 30 मार्च की सुबह हुई फायरिंग की घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में शामिल सभी 10 आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो चुकी है।

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 60/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना वर्तमान में धारा 103(1), 3, 5, 125 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत की जा रही है।

पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 9 आरोपियों रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर, संदीप कुमार, आदित्य चौधरी, आदेश गिरी, समीर चौधरी, मोहित अरोड़ा, शान्तनु त्यागी और काविश हुसैन त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

घटना के बाद से फरार चल रहे दसवें आरोपी वैभव कुमार (पुत्र दीपक कुमार, निवासी ग्राम देवधर, थाना खिजराबाद, जिला यमुनानगर, हरियाणा) को पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद 5 अप्रैल 2026 को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी का हत्या की धाराओं में न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया जा चुका है।


फिजूल खर्ची पर रोक लगाकर मितव्ययिता से काम करें- महाराज

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मध्यपूर्व में चल रहे युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। कीमतों में उतार-चढ़ाव, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में हमें अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक और संस्थागत स्तर पर मितव्ययिता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

महाराज ने अपने अधिनस्थ विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं भी कोई फिजूलखर्ची हो रही है तो उस पर तुरंत अंकुश लगाने के साथ-साथ आवश्यक खर्चों को ही प्राथमिकता देते हुए मितव्ययिता पर ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में सादगी और समझदारी से काम लें। संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और सोच-समझकर किया गया खर्च सामूहिक रूप से देश की आर्थिक स्थिरता को मज़बूत बनाएगा।


मंत्री से वार्ता के बाद धरना खत्म करने पर राजी हुए पीआरडी स्वयं सेवक

सचिवालय में आयोजित बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

देहरादून। सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक में पीआरडी स्वयंसेवकों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागीय मंत्री रेखा आर्या से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर पीआरडी स्वयं सेवक धरना प्रदर्शन खत्म करने पर राजी हुए।

बैठक में स्वयंसेवकों ने प्रमुख रूप से वर्षभर (365 दिन) रोजगार सुनिश्चित करने तथा होमगार्ड के समान मानदेय और डीए दिए जाने की मांग उठाई।

युवा कल्याण एवं पीआरडी मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दोनों मांगों के संबंध में शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर उसे कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि इन पर उचित निर्णय लिया जा सके। आश्वासन के बाद पीआरडी स्वयंसेवक प्रतिनिधियों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की सहमति जताई।

इसके अलावा बैठक में खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दिए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खिलाड़ियों को विभाग में आउट ऑफ टर्न जॉब देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

साथ ही प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में इसी वर्ष से कक्षाएं शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया तेज करने, 142 पदों के सृजन तथा भूमि संबंधी लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


देश की मजबूती ही नागरिकों के बेहतर भविष्य की नींव होती है- RSS प्रमुख मोहन भागवत

राष्ट्र निर्माण और करियर एक-दूसरे के पूरक: मोहन भागवत का युवाओं को संदेश

कोच्चि। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को कहा कि किसी भी व्यक्ति की असली समृद्धि देश की समृद्धि और सुरक्षा से जुड़ी होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।

देश की प्रगति से जुड़ी है व्यक्तिगत सफलता
कोच्चि में आयोजित बालागोकुलम के दो दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर मोहन भागवत ने कहा कि व्यक्ति और राष्ट्र की उन्नति एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि जब देश मजबूत और सुरक्षित होता है, तभी परिवार और समाज भी समृद्ध होते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि नागरिक राष्ट्र की उन्नति के लिए कार्य करते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव उनके व्यक्तिगत जीवन पर भी पड़ता है। इसलिए व्यक्तिगत लक्ष्य और राष्ट्रीय दायित्वों को साथ लेकर चलना आवश्यक है।

राष्ट्र निर्माण में हर व्यक्ति की भूमिका अहम
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समृद्धि और सुरक्षा को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। देश की मजबूती ही नागरिकों के बेहतर भविष्य की नींव होती है।

उन्होंने लोगों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग का योगदान देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।

युवाओं को दिया स्पष्ट संदेश
युवाओं को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि करियर और राष्ट्र सेवा के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अक्सर युवा इस दुविधा में रहते हैं कि वे व्यक्तिगत सफलता को प्राथमिकता दें या देश के लिए काम करें, लेकिन दोनों एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सही दिशा और सोच के साथ व्यक्ति अपने करियर में आगे बढ़ते हुए देश के विकास में भी योगदान दे सकता है।

सम्मेलन में बच्चों से संवाद
कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने भगवान श्रीकृष्ण को पुष्पांजलि अर्पित की और बालागोकुलम से जुड़े बच्चों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के महत्व के बारे में प्रेरित किया।


भाजपा का 47वां स्थापना दिवस, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया ध्वजारोहण

भाजपा अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है- महेंद्र भट्ट 

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कार्यालय, देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि एक विचार को जनआंदोलन में बदलने का श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने निरंतर परिश्रम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत पर चलने वाला एक संस्कार है, जो विकास और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पार्टी के संस्थापकों, वरिष्ठ नेताओं, करोड़ों कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास ने भाजपा को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी निरंतर जनकल्याण के कार्यों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, मंत्री खजान दास, संगठन महामंत्री अजय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दिलाई शपथ

पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है, जो समाज को जागरूक, सचेत और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है- सुबोध उनियाल

टिहरी गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-निर्वाचित पत्रकारों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है, जो समाज को जागरूक, सचेत और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि मीडिया न केवल जनभावनाओं को सही दिशा देता है, बल्कि शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य भी करता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में टिहरी के पत्रकार निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह रावत, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp