Thursday, November 19, 2026
10:24 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

देहरादून को मिला नया नेतृत्व, डॉ. आशीष चौहान ने संभाली जिलाधिकारी की कमान

Category Archives: राष्ट्रीय

देहरादून को मिला नया नेतृत्व, डॉ. आशीष चौहान ने संभाली जिलाधिकारी की कमान

जनसेवा और सुशासन के संकल्प के साथ जिलाधिकारी ने बताई प्राथमिकताएं

देहरादून। देहरादून जनपद में नए जिलाधिकारी के रूप में डॉ. आशीष चौहान ने कार्यभार संभाल लिया है, जबकि पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल का स्थानांतरण सचिवालय में किया गया है। सरकार द्वारा जारी तबादला सूची के बाद जहां सविन बंसल को अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने भावुक विदाई दी, वहीं अब जनपद की कमान ऐसे प्रशासनिक अधिकारी के हाथों में आई है, जिनकी पहचान भी जनकेंद्रित, संवेदनशील और नवाचार आधारित कार्यशैली के रूप में रही है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सितंबर 2024 से देहरादून में अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासन को आमजन के और करीब लाने का प्रयास किया। उनके कार्यकाल में कई ऐसी पहलें शुरू हुईं, जिन्होंने सीधे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को राहत और नई दिशा देने का कार्य किया।

बालिकाओं की शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘नंदा-सुनंदा’ पहल विशेष रूप से चर्चा में रही। इसके साथ ही भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने में लगे बच्चों के पुनर्वास के लिए भी जिला प्रशासन ने अभियान चलाया, जिसके तहत ऐसे बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा उपलब्ध कराने और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई, त्वरित शिकायत निस्तारण, जरूरतमंदों तक योजनाओं की पहुंच, संवेदनशील प्रशासनिक हस्तक्षेप और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों के कारण सविन बंसल को एक “पीपुल्स एडमिनिस्ट्रेटर” के रूप में पहचान मिली। यही कारण रहा कि उनके स्थानांतरण की खबर के बाद आमजन ने भावुकता के साथ उन्हें विदाई दी।

अब देहरादून को नए जिलाधिकारी के रूप में डॉ. आशीष चौहान का नेतृत्व मिला है, जिनकी कार्यशैली भी जनता से सीधे संवाद, तकनीक आधारित समाधान और जनहितकारी नवाचारों के लिए जानी जाती है। डॉ आशीष चौहान, भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी है।

नव नियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने कोषागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोषागार में सभी रिकार्डो को व्यवस्थित एवं सुरक्षित संरक्षण करने और डिजिटल माध्यम से पेंशनरों का सत्यापन कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही चारधाम यात्रा प्रबंधन को सशक्त बनाना, आपदा प्रबंधन के कार्यो को समयबद्व पूर्ण करना एवं जनपद के विकास योजनाओं का त्वरित गति से पूर्ण कराना करना और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सुगमता से जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि आईएएस डा. आशीष चौहान इससे पूर्व पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और पौड़ी जैसे चुनौतीपूर्ण जनपदों में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल में तकनीक आधारित जनहितकारी पहल, स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार, सड़क सुरक्षा, जन संवाद और पर्यटन विकास जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए, जिन्हें प्रदेश स्तर पर सराहा गया।

पौड़ी जनपद में उनके नेतृत्व में शुरू किया गया ‘सेफ सफर ऐप’ सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अभिनव पहल के रूप में सामने आया। विवाह समारोहों में किराये पर चलने वाले वाहनों की निगरानी और पंजीकरण के लिए विकसित इस डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ओवरलोडिंग, नशे में वाहन संचालन और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में डॉ. चौहान की पहल ‘काव्या ऐप’ विशेष रूप से चर्चा में रही। वर्ष 2023 में शुरू किए गए इस ऐप के माध्यम से हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान, पंजीकरण और लगातार निगरानी सुनिश्चित की गई। पहाड़ी क्षेत्रों में समय पर सुरक्षित प्रसव की चुनौती को देखते हुए यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने की दिशा में बेहद प्रभावी साबित हुई।

पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में भी उनके नेतृत्व में कई कार्य हुए। पौड़ी में हिमालय दर्शन स्थल के समीप विकसित हो रहा ‘त्रिशूल पार्क’ इसी सोच का परिणाम है। धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे इस पार्क में 56 फीट ऊंचा भव्य त्रिशूल स्थापित किया गया है, जो आने वाले समय में प्रमुख आकर्षण केंद्र बनने जा रहा है।

डॉ. आशीष चौहान की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि उन्होंने हर योजना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी। तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के समन्वय के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. चौहान से अब देहरादून में भी जनहितकारी और नवाचार आधारित प्रशासनिक कार्यशैली की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।


मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं- महाराज

बीरोंखाल विकासखण्ड मुख्यालय पर आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

30 दिव्यांगों को मिले विकलांग प्रमाण पत्र

पौड़ी। बीरोंखाल विकासखण्ड मुख्यालय पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में जन समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बहुउद्देशीय शिविर में 30 दिव्यांगो को विकलांग प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ-साथ 165 मरीजों की जाँच और 35 की रक्त जाँच की गई।

चौबट्टाखाल विधानसभा के अन्तर्गत बीरोंखाल विकासखण्ड मुख्यालय पर सोमवार को प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व, संस्कृति मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में पर जन समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के विकास खण्ड बीरोंखाल में अभूत पूर्व विकास कार्य किए गए हैं।

महाराज ने कहा कि वर्षों से लम्बित वेदीखाल जोगीमढ़ी तथा रसिया महादेव ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजनाओं के लिए 41 करोड़ 57 लाख 36 हजार रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई। इससे योजना के छोटे-बड़े 75 गांव लाभान्वित होगें। इन दोनों योजनाओं पर 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है।

जल जीवन मिशन के तहत जल निगम द्वारा 50 योजनाओं के लिए 21 करोड़ 68 लाख 10 हजार रूपये स्वीकृत किये गये इनमें से कुछ योजनाओं पर कार्य पूर्ण हो गया तथा शेष योजनाओं पर कार्य चल है। उन्होंने बताया कि जल जीवन के मिशन के अन्तर्गत जल संस्थान द्वारा 42 योजनाओं के लिए 18 करोड़ 75 लाख रूपये स्वीकृति के साथ 60 गांव लाभान्वित होगें। इन सभी योजनाओं पर कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत द्वितीय चरण के अन्तर्गत 53 किलोमीटर के 15 मोटर मार्गो की स्वीकृति दी गई जिनमें से 5 मोटर मार्गो का डामरीकरण किया गया है जबकि कुछ पर कार्य चल रहा है।

कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक महाराज ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग के द्वारा बीरोंखाल विकास खण्ड में 27 किलोमीटर की 800 मीटर लम्बाई के 04 मोटर मार्गो का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिन पर 22 करोड़ 40 लाख रूपये व्यय किये गये तथा जबकि इसी विकासखण्ड में 18 किलोमीटर लम्बाई के 04 मोटर मार्गो के डामरीकरण व सुदृढ़ीकरण नव निर्माण के टेण्डर भी हो चुके हैं। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के अन्तर्गत 05 कि.मी. लम्बाई के 03 मोटर मार्गों के लिए 4 करोड़ 95 लाख स्वीकृत किये गये जिनमें से 02 मोटर मार्ग पूर्ण हो चुका हैं और 01 पर कार्यवाही चल रही है। वन टाईम मैन्टीनेंस के अन्तर्गत 04 मोटर मार्गों जिनकी लम्बाई 20 किलोमीटर है पी.सी. के लिए 03 करोड़ 9 लाख स्वीकृत किये गये थे सभी पर कार्य पूर्ण हो चुके हैं। 09 किलोमीटर के 03 मोटर मार्गो का नवीनीकरण किया गया जिन पर 01 करोड़ 24 लाख 22 हजार रूपये स्वीकृत किये गये। इन योजनाओं का कार्य पूर्ण भी हो चुका है।

बहुउद्देशीय शिविर में जहां एक ओर स्थानीय जनता ने लिखित में अपनी-अपनी समस्याओं से कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज को अवगत करवाया वहीं दूसरी ओर शिविर में 30 दिव्यांगो को विकलांग प्रमाण पत्र सौंपने के साथ-साथ 165 मरीजों की जाँच और 35 की रक्त जाँच की गई। बहुउद्देशीय शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोक गायिका पूनम सती, महिमा उनियाल, लोक गायक,

सौरव मैठाणी, चक्रव्यूह महाभारत (अभिमन्यु लीला) ब्रह्म कमल सांस्कृतिक दल, देव क्रिएशन ग्रुप, स्थानीय कलाकार श्यामलाल एवं सोनिया ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से स्थानीय लोगों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बहुउद्देशीय शिविर में समाज कल्याण, पंचायती राज विभाग, नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता मामलों के विभाग, जलागम प्रबंधन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, कृषि विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और ग्राम्य विकास विभाग सहित अनेक विभागों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री श्रीमती अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य अनूप पटवाल, रजनी रावत, शान्ति देवी, भाजपा युवा नेता सुयश रावत, भाजपा मण्डल अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, जिला महामंत्री भाजपा महिपाल नेगी, बदरी-केदार मन्दिर समिति की सदस्य नीलम पूरी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा, ध्यानपाल गुसांई, मनमोहन सिंह, पातीराम ढौडियाल, यशपाल गोर्ला, महामंत्री यशवंत बिष्ट, सुरेन्द्र ढौडियाल, चन्नी लाल, नागेन्द्र नेगी, नीलमणि रावत सहित महिला समूह की कार्यकर्ती, ग्राम पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।


स्वामी विवेकानंद की विचारधारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देती है-  गणेश जोशी

हल्द्वानी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने एमबी पीजी कॉलेज, हल्द्वानी में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद प्रेरणा पार्क का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का देवभूमि उत्तराखंड से अत्यंत गहरा और अटूट संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद शांति, ज्ञान और आत्मसाक्षात्कार की खोज में कई बार अल्मोड़ा, चंपावत स्थित मायावती आश्रम एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में आए थे।

उन्होंने कहा कि हिमालय की वादियों की दिव्य ऊर्जा व्यक्ति के भीतर सोए हुए गौरव को जागृत करती है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संन्यासी नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद के सबसे बड़े प्रणेता थे। उन्होंने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि अध्यात्म और आधुनिकता का समन्वय ही मानवता के कल्याण का मार्ग है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें शिक्षा और सकारात्मक सोच के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश, जैविक बोर्ड सदस्य चंद्र प्रकाश, जगनमोहन सिंह, राकेश सिंह, हितेश उप्रेती सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण

खटीमा- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं को नई दिशा देने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लगभग 89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत,आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी तथा शिक्षा विकास की नई संभावनाओं को गति देंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। खटीमा में स्थापित की गई दीदी की लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय छात्रों को शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य निर्धारण के साथ बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे। नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी,यहां उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन सामग्री से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा। यह पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, इसी क्रम में इस लाइब्रेरी का संचालन भी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा संचालित किया जयेगा जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके। इसके लिए शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। खटीमा में स्थापित यह लाइब्रेरी आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों एवं बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सहायक होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। आधुनिक व्यायामशाला स्थानीय युवाओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक दक्षता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का भी केंद्र है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने तथा आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार प्राप्त होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी,अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ उत्तम सिंह नेगी,जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


लंबित स्वास्थ्य उपकेंद्रों के 391 पदों को कैबिनेट में लाकर जल्द पुनर्जीवित करने की मांग

राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नियुक्ति पाने वाले फार्मासिस्टों का सम्मान

ऋषिकेश। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फार्मासिस्टों के रिक्त पदों पर हुई नियुक्तियों के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नियुक्ति प्राप्त फार्मासिस्टों और डिप्लोमा फार्मासिस्ट बेरोजगार संघ ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों में समाप्त किए गए फार्मासिस्ट पदों को पुनर्जीवित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। प्रदेश अध्यक्ष सुधा कुकरेती ने कहा कि प्रदेश में फार्मासिस्ट स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण संवर्ग है। चारधाम यात्रा, वीआईपी ओपीडी और डिस्पेंसिंग सहित अनेक जिम्मेदारियां फार्मासिस्ट निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में आईपीएचएस मानकों के नाम पर फार्मासिस्ट संवर्ग का ढांचा 1500 पदों से घटाकर 963 कर दिया गया, जिससे बड़ी संख्या में पद समाप्त हो गए। उन्होंने शासन स्तर पर लंबित स्वास्थ्य उपकेंद्रों के 391 पदों को कैबिनेट में लाकर जल्द पुनर्जीवित करने की मांग की।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट बेरोजगार संघ ने भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष यह मांग जोरदार ढंग से रखी। साथ ही फार्मेसी अधिकारी से मुख्य फार्मेसी अधिकारी के पद पर लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि कई फार्मासिस्ट 35 वर्षों की सेवा के बाद भी बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने और पद पुनर्जीवित करने की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था में डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष सुधा कुकरेती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश भूषण, उपाध्यक्ष प्रवीण पांडे, राहुल लखेड़ा, बीपी भट्ट, नरेश सेमल्टी तथा बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश जोशी, महामंत्री जयप्रकाश गैरोला, सोनल, यमुना रावत, गौतम उनियाल और अरविंद समेत बड़ी संख्या में नियुक्ति प्राप्त और बेरोजगार फार्मासिस्ट मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री ने समस्त जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश

भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए

उम्मीद पोर्टल पर दर्ज वक्फ संपत्तियों के ब्योरे की भी नियमित जांच हो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को निजी आवास, खटीमा से समस्त जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिला अधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी जांच की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच भी की जाए। उन्होंने कहा इस अभियान में तेजी लाते हुए त्वरित सुनवाई की जाए एवं भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जे को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा वक्फ संपत्तियों का ब्योरा, उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा हो। साथ ही इस ब्योरे की भी नियमित जांच की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच भी की जाए एवं आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को चिन्हित भी किया जाए।जनसेवा केंद्रों की जांच एवं अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। मुख्यमंत्री ने संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों को पूर्व तैयारियाँ समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने, ग्रीष्मकालीन समय को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहाँ कहीं भी पानी की समस्या या तकनीकी दिक्कत हो, उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक ऊर्जा कटौती किसी भी स्थिति में न हो।उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बिजली कटौती आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना स्थानीय स्तर पर समय रहते आम जनता तक पहुँचाई जाए, जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं से निरंतर फीडबैक भी लिया जाए और प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में भी सुधार किया जाए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा रूट पर पीने के पानी की समुचित उपलब्धता बनाए रखने तथा ट्रैफिक की प्रभावी कार्ययोजना के भी निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं उद्यान विभाग के माध्यम से पॉली हाउस, एप्पल मिशन, कीवी मिशन जैसी संचालित अनेक योजनाओं को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि वास्तविक रूप से किसानों तक उनका लाभ पहुँचाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और बागवानी के क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य पूरा हो सके।

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को और अधिक तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून से पहले आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं निगरानी बढ़ाई जाए।


शराब पीकर सड़क पर हंगामा करने वाला कार चालक गिरफ्तार, वाहन सीज

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में हुड़दंगियों पर नकेल कसती दून पुलिस

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत जाखन क्षेत्र में शराब के नशे में यातायात बाधित करने वाले एक कार चालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 24 मई को ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जाखन चौकी को सूचना मिली कि जोहड़ी तिराहे पर एक व्यक्ति कार खड़ी कर यातायात प्रभावित कर रहा है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जाखन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

जांच के दौरान वाहन चालक का एल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी होंडा सिटी कार (HR 16AC 7177) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विनय (31 वर्ष), पुत्र सूरज भान, निवासी सेक्टर-13, भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क करने पर उसकी पत्नी ने बताया कि विनय पिछले कुछ वर्षों से मानसिक तनाव से जूझ रहा है और उसका उपचार दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। हाल ही में पत्नी के देहरादून स्थित मायके आने पर वह भी यहां पहुंचा था। बताया गया कि तनाव और नशे की हालत में उसने यह हरकत की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।


गंगा दशहरा पर हरकी पैड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने मां गंगा में लगाई डुबकी

गंगोत्री धाम में गूंजे वैदिक मंत्र, गंगा दशहरा पर भक्तिमय हुआ माहौल

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार से लेकर गंगोत्री धाम तक श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हरकी पैड़ी पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जहां हजारों लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि और पापों से मुक्ति की कामना की। वहीं गंगोत्री धाम में भी वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद और जय गंगे के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गंगा अवतरण दिवस के रूप में मनाया जाता है पर्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। कहा जाता है कि राजा भगीरथ की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा स्वर्ग से धरती पर आईं और भगवान शिव ने उनके वेग को अपनी जटाओं में धारण किया। इसी ऐतिहासिक और पौराणिक घटना की स्मृति में गंगा दशहरा मनाया जाता है। हरिद्वार में इस दिन विशेष महत्व माना जाता है क्योंकि मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा पहली बार पर्वतीय क्षेत्र से निकलकर मैदानों में पहुंचीं।

स्नान, दान और पूजा का विशेष महत्व

गंगा दशहरा पर गंगा स्नान, दान-पुण्य, जप और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन मां गंगा में स्नान करने से व्यक्ति के दस प्रकार के पापों का नाश होता है। यही कारण है कि हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी और गंगासागर सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालु गंगा तटों पर दीपदान कर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

गंगोत्री धाम में विशेष धार्मिक आयोजन

गंगोत्री धाम में भी गंगा दशहरा के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां गंगा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश-दुनिया के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर क्षेत्र में पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।

भारतीय संस्कृति में गंगा का विशेष स्थान

भारतीय संस्कृति में गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था, जीवन और सभ्यता का प्रतीक मानी जाती है। सदियों से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं गंगा से जुड़ी रही हैं। गंगा दशहरा का पर्व इसी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने और मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर माना जाता है। इस दिन देशभर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।


पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी, 10 दिनों में चौथी बार बढ़े रेट

ईंधन महंगा होने से बढ़ी आम जनता की चिंता

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर वृद्धि दर्ज की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी करते हुए दोनों ईंधनों के दाम बढ़ा दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की चिंताएं बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार इजाफा आने वाले समय में महंगाई को भी प्रभावित कर सकता है।

अंतरराष्ट्रीय कारणों से बढ़ रहा दबाव

जानकारों के अनुसार वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, रुपये की कमजोरी और आयात लागत में वृद्धि का सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है। लंबे समय तक दरों में स्थिरता बनाए रखने के बाद तेल कंपनियां अब बढ़ी हुई लागत की भरपाई के लिए चरणबद्ध तरीके से कीमतों में संशोधन कर रही हैं। इसी कारण हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम लगातार बढ़े हैं।

प्रमुख महानगरों में पेट्रोल के नए रेट

नई दरों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी पेट्रोल के दाम में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महानगरों में रहने वाले वाहन मालिकों को अब ईंधन पर पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा।

शहर पेट्रोल की कीमत (प्रति लीटर) बढ़ोतरी
दिल्ली 102.12 रुपये 2.61 रुपये
कोलकाता 113.51 रुपये 2.87 रुपये
मुंबई 111.21 रुपये 2.72 रुपये
चेन्नई 107.77 रुपये 2.46 रुपये

डीजल की कीमतों में भी उछाल

पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। परिवहन और माल ढुलाई में डीजल की महत्वपूर्ण भूमिका होने के कारण इसके महंगा होने का असर कई अन्य क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बनने की संभावना जताई जा रही है।

शहर डीजल की कीमत (प्रति लीटर) बढ़ोतरी
दिल्ली 95.20 रुपये 2.71 रुपये
कोलकाता 99.82 रुपये 2.80 रुपये
मुंबई 97.83 रुपये 2.81 रुपये

महंगाई पर पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का प्रभाव केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य सामग्री, कृषि उत्पाद, दूध, फल-सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। डीजल महंगा होने से किसानों और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों की लागत भी बढ़ सकती है, जिसका असर अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ता है।

सरकार पर विपक्ष का हमला

ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में कई चरणों में वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है और महंगाई की समस्या और गंभीर हो सकती है।


फर्जी और अवैध शस्त्र लाइसेंसों पर सख्ती, डीएम स्वाति भदौरिया ने दिए कड़े निर्देश

शस्त्रागारों में फायर सेफ्टी, सीसीटीवी और ऑनलाइन डाटा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश

अवैध शस्त्र मामलों पर जिलाधिकारी ने दिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश

एक से अधिक लाइसेंस धारकों, अवैध हथियार एवं गोला-बारूद विक्रेताओं की होगी गहन जांच

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में फर्जी एवं अवैध शस्त्र लाइसेंसों की रोकथाम तथा शस्त्र नियंत्रण व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शस्त्र लाइसेंसों की निगरानी, अवैध हथियारों एवं गोला-बारूद की बिक्री पर नियंत्रण, शस्त्रागारों की सुरक्षा व्यवस्था तथा ऑनलाइन डाटा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनपद के शस्त्रागारों, विशेष रूप से पौड़ी एवं कोटद्वार स्थित शस्त्रागारों में फायर सेफ्टी, स्टॉक रजिस्टर, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासनादेशों के अनुसार शस्त्रागारों में लगे सीसीटीवी कैमरों का कम से कम एक वर्ष का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाना आवश्यक है।

बैठक में चोरी-छिपे एवं गलत तरीके से शस्त्र बेचने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार सभी थाना क्षेत्रों में कड़ी कार्रवाई की जाय। जिलाधिकारी ने थाना एवं तहसीलवार शस्त्र लाइसेंस धारकों के यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (यूआईएन) का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं, उनके मामलों की विशेष जांच की जाए तथा सभी अभिलेखों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी थाने अवैध शस्त्रों के संबंध में नियमित निरीक्षण करेंगे तथा इसकी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने अवैध शस्त्रों एवं अवैध गोला-बारूद की बिक्री रोकने के लिए पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग को भी निर्देशित किया कि अपने अधीन क्षेत्रों में निरीक्षण कर शस्त्र एवं विस्फोटक सामग्री से संबंधित गतिविधियों की रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराएं। बैठक में सड़क निर्माण कार्यों में उपयोग की जाने वाली विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं बिक्री की संयुक्त जांच करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिलाधिकारी ने शस्त्रागारों का ऑनलाइन डाटा समयबद्ध रूप से अपडेट करने, नवीनीकरण हेतु प्राप्त शस्त्र लाइसेंस आवेदनों का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने तथा सभी रिकॉर्ड को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, सीओ तपेश कुमार चंद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अधिकारी राजेंद्र खाती, उपप्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp