Thursday, November 19, 2026
3:12 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए होंगे विशेष प्रावधान- रेखा आर्या

Category Archives: राष्ट्रीय

नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए होंगे विशेष प्रावधान- रेखा आर्या

खेल मंत्री ने हिमाद्री आइस रिंक में ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ का किया भव्य उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार विशेष श्रेणी (स्पेशल कैटेगरी) के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें हर संभव मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश की नई खेल नीति में इन स्पेशल कैटेगरी के खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष और ऐतिहासिक प्रावधान शामिल किए जाएंगे। यह महत्वपूर्ण घोषणा शनिवार को सूबे की खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के भव्य उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए की।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न कोनों से आए विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। चैंपियनशिप में लगभग 11 राज्यों से आए 100 से अधिक होनहार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान खेल मंत्री ने सभी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि इन विशेष श्रेणी के बच्चों और खिलाड़ियों के हौसले और जज्बे को सलाम है, जो तमाम विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद खेल के मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरे हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियां सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में कहीं अधिक बड़ी और जटिल होती हैं। शारीरिक और मानसिक बाधाओं को पार कर इस मुकाम तक पहुँचना ही अपने आप में एक बड़ी जीत है। इसलिए, इन खिलाड़ियों को समाज और व्यवस्था से विशेष संरक्षण, अत्याधुनिक सुविधाएं और अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलने की अत्यंत आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि आमतौर पर अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के बच्चों के लिए अलग से कोई ठोस नीति या प्रावधान शामिल नहीं किए जाते हैं, लेकिन उत्तराखंड अब इस परिपाटी को बदलेगा और एक नई मिसाल पेश करेगा। हमारी नई खेल नीति में इन बच्चों के कल्याण, विशेष ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता के लिए एक मजबूत खाका तैयार किया जा रहा है।

खेल मंत्री ने कहा कि आज हिमाद्री आइस रिंक के मंच पर जो खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं, वे केवल इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप तक ही सीमित नहीं रहने वाले हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि यहाँ से जीत का परचम लहराकर यही विशेष खिलाड़ी वर्ष 2029 में होने वाले स्पेशल प्लेयर्स ओलंपिक (Special Olympics World Games) में भी देश और प्रदेश का नाम वैश्विक पटल पर गौरव से रोशन करेंगे। सरकार उनके इस सफर में हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी और उनकी तैयारियों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस गरिमामयी उद्घाटन अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड मेंबर राजेश्वर सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और विभिन्न राज्यों से आए कोच व अभिभावक भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


डीएम प्रशांत आर्य ने स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते स्यानाचट्टी क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों की समीक्षा की और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

स्यानाचट्टी में भूस्खलन के बाद उत्पन्न हालात का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। साथ ही यमुना नदी पर बन रहे पुल का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए एक सप्ताह के अंदर कार्य समाप्त करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों से राहत, बचाव और पुनर्स्थापना के कार्यों में तेजी लाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।

डीएम ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वैकल्पिक पैदल मार्ग पर जोखिम वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। इसके तहत रस्सियां, सोलर लाइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी में किए जा रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के प्रवाह को सुचारु बनाए रखने, गढ़गाड़ क्षेत्र से मलबा तेजी से हटाने और कार्य में अतिरिक्त मशीनें लगाने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में राहत, सुरक्षा और यातायात बहाली के कार्य प्राथमिकता के आधार पर लगातार जारी रहेंगे।


अग्निवीर रैलियों के सुचारू आयोजन हेतु सेना और उत्तराखंड सरकार के बीच समन्वय बैठक

देहरादून।अग्निवीर भर्ती अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भर्ती क्षेत्र (यूपी और उत्तराखंड) के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल मनीष कुमार, वाईएसएम, एसएम ने देहरादून स्थित राज्य सचिवालय में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन के साथ व्यापक चर्चा की। इस अवसर पर सचिव गृह शैलेश बागौली भी उपस्थित थे। बैठक में भर्ती वर्ष 2027 के लिए जल्द शुरू होने वाली भर्ती रैलियों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सहयोगात्मक ढांचे को और मजबूत करने पर बल दिया गया।

चूंकि क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय (यूपी और यूके) देश की सबसे बड़ी भर्ती योग्य आबादी की देखरेख करता है, इसलिए बैठक में सिविल-सैन्य सहयोग के महत्व को रेखांकित किया गया। सेना जब राज्य के दूर-दराज के जिलों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचती है, तो स्थानीय प्रशासन की भूमिका रसद, बुनियादी ढांचे और विभिन्न रैली स्थलों पर उम्मीदवारों की बड़ी संख्या के प्रबंधन के लिए केंद्रीय रहती है।

बातचीत के दौरान एडीजी ने इस बात पर जोर दिया कि यह मिशन केवल चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने का एक साझा प्रयास भी है। चर्चा के दौरान उत्तराखंड की महिला उम्मीदवारों को सशस्त्र बलों में सेवा के लिए अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।एडीजी ने जून 2026 में आयोजित सीईई के संचालन के दौरान राज्य द्वारा दिए गए ठोस प्रशासनिक सहयोग के लिए सेना की सराहना भी की। राज्य प्रशासन ने अपना अटूट समर्थन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई और इस बात को स्वीकार किया कि आज के रंगरूट ही राष्ट्र के भविष्य के रक्षक हैं।


दावे-आपत्तियों के निस्तारण में मानसून के चलते मतदाता को न हो परेशानी- सीईओ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर SIR पर की समीक्षा

SIR के दूसरे चरण में ERO व AERO लगाएंगे विशेष सुनवाई कैंम्प

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने कुमांऊ गढ़वाल के मंडल आयुक्तों सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि SIR के अगले चरण ड्राफ्ट पब्लिकेशन, नोटिस फेज और दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय मतदाताओं को किसी प्रकार अनावश्यक परेशानी ना हो। उन्होंने निर्देश दिए कि पहाड़ी जनपदों में मानसून के दौरान सड़क अवरुद्ध या आवाजाही प्रभावित होने के दृष्टिगत पहले से ही नोटिस के जवाव और दावे आपत्तियों की सुनवाई के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। जिन स्थानों पर ईआरओ/एईआरओ मतदाताओं के नोटिस पर सुनावाई करेंगे उन स्थानों पर बिजली, पानी, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्केनर और फोटो कॉपी मशीन का उचित प्रबंध किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में दावे आपत्तियों के निस्तारण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कल्सटर में कैम्प लगाने हेतु रोस्टर तैयार किया जाए। मैदानी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील के अतरिक्त नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड लेवल पर कैंप का रोस्टर तैयार किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ईआरओ और एईआरओ की सहायता हेतु डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील सहित सम्बंधित विभागों से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 70 ईआरओ के साथ ही 800 एईआरओ की भी तैनाती की गई है, उन्होंने जनपदों को निर्देश दिए कि जहां एईआरओ की सख्या और बढ़ाई जानी है उसके प्रस्ताव शनिवार तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करा दिए जाएं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोनों मंडल में मंडलायुक्त 14 जुलाई से जनपदों की फील्ड विजिट कर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी डीईओ / ईआरओ को निर्देश दिए कि ड्राफ्ट पब्लिकेशन के दृष्टिगत समय पर जनपद एवं विधानसभा स्तर पर राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर राजनैतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची सौंपी जाए।

बैठक में कुमांऊ कमिश्नर दीपक रावत, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरुप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


मसूरी रोड पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरे स्कूटी सवार का एसडीआरएफ ने किया सफल रेस्क्यू

देहरादून। मसूरी रोड पर देर रात एक स्कूटी सवार गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की देर रात जिला कंट्रोल रूम (डीसीआर) देहरादून से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि शिव मंदिर से करीब एक किलोमीटर आगे मसूरी रोड पर एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक राजवर सिंह राणा के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि स्कूटी सवार करीब 50 मीटर गहरी और खड़ी खाई में गिरा हुआ है। दुर्गम भू-भाग और रात के अंधेरे के बावजूद एसडीआरएफ ने जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। तकनीकी उपकरणों की मदद से रेस्क्यू टीम घायल तक पहुंची और उसे स्ट्रेचर में सुरक्षित बांधकर सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे के इलाज के लिए जिला पुलिस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। घायल की पहचान रोहित (36 वर्ष), पुत्र सुरेश, निवासी आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई है।


देहरादून महायोजना-2041: जनता की आवाज़ से आकार ले रहा देहरादून का भविष्य

पाचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में उमड़ी सहभागिता, सेक्टर-05 के नागरिकों और संगठनों ने रखे विकास से जुड़े सुझाव

आने वाले देहरादून का विजन डॉक्यूमेंट “देहरादून महायोजना-2041” – बंशीधर तिवारी

देहरादून।  राजधानी देहरादून के भावी विकास की दिशा तय करने वाली देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा चलाया जा रहा जनसंवाद अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-05 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न हितधारकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराईं।जनसुनवाई के दौरान लोगों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों सहित क्षेत्रीय विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों को विस्तार से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया। जनसुनवाई शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं, बल्कि अगले डेढ़ दशक में देहरादून के विकास, पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विस्तार की व्यापक रूपरेखा है। इसी कारण योजना निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

स्थानीय जरूरतों को मिलेगा प्राथमिकता से स्थान
एमडीडीए का मानना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट चुनौतियां और आवश्यकताएं हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, संतुलित और भविष्य उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार जनसुनवाई में प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

21 जुलाई तक जारी रहेगा जनसंवाद अभियान
प्राधिकरण द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक क्षेत्र के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। एमडीडीए का उद्देश्य महायोजना को ऐसा स्वरूप देना है जो विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा कर सके।

सोमवार को सेक्टर-06 की बारी
जनसंवाद अभियान के अगले चरण में सोमवार को लकसूरिया फार्म किसनपुर में सेक्टर-06 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों और अन्य हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव देने की अपील की है।

जनता की सहभागिता से और मजबूत बनेगी महायोजना— बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 को लेकर चलाया जा रहा जनसंवाद अभियान नागरिकों को विकास की निर्णय प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से मिल रहे सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाएंगे। उनका कहना था कि प्राधिकरण का लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए एक टिकाऊ और दूरदर्शी विकास मॉडल तैयार करना है।

हर सुझाव का होगा गंभीर परीक्षण— मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार कर विशेषज्ञों के माध्यम से तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से जनसुनवाई शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर देहरादून के सुनियोजित और सतत विकास में सहयोग देने का आह्वान किया।


डीएम ने की ई-आफिस प्रगति समीक्षा, तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

ई-ऑफिस व्यवस्था प्रभावी एवं सुगम बनाने के डीएम ने दिए निर्देश

 

देहरादून:  जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं तथा कार्य प्रणाली को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का डिजिटल माध्यम से निस्तारण किया जा रहा है। ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं कार्यों की ऑनलाइन निगरानी में सुविधा प्राप्त हो रही है।

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों द्वारा रिपोर्टिंग एवं ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी समस्याएं आने की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित आईटीडीए की तकनीकी टीम को समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाना है। इसलिए सभी विभाग तकनीकी बाधाओं को दूर कर नियमित रूप से ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन एवं निस्तारण की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाएं तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर तकनीकी समस्या आने पर संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्यों की गति प्रभावित न हो।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा, विवेक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


नंबर प्लेट हटाकर सहारनपुर बेचने ले जा रहा था बाइक, ऑपरेशन प्रहार के तहत सहसपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दून पुलिस ने किया वाहन चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को जहीर पुत्र शमसुद्दीन निवासी ग्राम भवानी, थाना पांवटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल (एचपी-17एफ-3952) धर्मावाला क्षेत्र से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की और वाहन चोरों का सत्यापन किया। इसी दौरान 9 जुलाई को तिमली-धर्मावाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुकेश (26 वर्ष) निवासी खालिदपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (हाल निवासी पाल डेरी, पांवटा रोड, हर्बटपुर) को चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 5 जुलाई की रात स्वामी विवेकानंद अस्पताल, धर्मावाला के बाहर से बाइक चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसे जंगल में छिपा दिया गया था। बाद में बाइक को सहारनपुर ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही आरोपी को दबोच लिया।

वही पुलिस अब आरोपी के फरार दोनों साथियों की तलाश में जुटी है। बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


यातायात सुधार एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर डीएम सख्त, माइक्रो लेवल प्लान तैयार कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए मोबिलिटी प्लान के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के डीएम ने दिए निर्देश

 

देहरादून: मोबिलिटी प्लान के अंतर्गत देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार, पार्किंग स्थलों के बेहतर उपयोग, लंबित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देहरादून शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए आवश्यकतानुसार सड़कों, चौराहों एवं जंक्शनों के सुधारीकरण हेतु माइक्रो लेवल प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारें।

बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात सुधार एवं व्यवस्थाओं, जंक्शन इम्प्रूवमेंट कार्यों की प्रगति, पार्किंग उपयोगिता की मॉनिटरिंग व्यवस्था, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास कार्य, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग, रामराय पार्किंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौराहों के सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।

इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी

बैठक में इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि यहां लगभग 1050 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए एमडीडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित कार्यदायी संस्था/फर्म के साथ बैठक कर प्रगति की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पार्किंग स्थलों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति को कम किया जा सके और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत यातायात सुधार पर विशेष फोकस

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नगर निगम को प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जाएं।

जिलाधिकारी ने मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार, परेड ग्राउंड एवं रामराय पार्किंग सहित अन्य विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित एवं जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, एमडीडीए, नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 


17 जुलाई को देहरादून में राहुल गांधी करेंगे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्घोष, तैयारियों में जुटी कांग्रेस

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस ने 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं और छात्रों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के हर युवा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है।

गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी ने इस अभियान की शुरुआत राजस्थान से की थी और अब 17 जुलाई को उत्तराखंड में इसका उद्घोष होगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, सुरेन्द्र शर्मा, मनोज यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp