Tuesday, November 17, 2026
10:17 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ग्राम खैनूरी की क्षतिग्रस्त सड़क का मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान

Category Archives: राष्ट्रीय

ग्राम खैनूरी की क्षतिग्रस्त सड़क का मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान

अधिकारियों को शीघ्र आवागमन सुचारु करने के निर्देश

ग्रामीणों ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बताई समस्या

आपदा से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण लगभग 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क के आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर गांव को जोड़ने वाली सड़क की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के लगभग 120 परिवारों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करते हुए ग्रामीणों के लिए सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को मौके की स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा के कारण प्रभावित क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन का दायित्व है कि आमजन से प्राप्त समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए समाधान के लिए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को शीघ्र पटरी पर लाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, 11 सितंबर तक करें आवेदन

समझौता योग्य मामलों का होगा त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण, समय-धन की होगी बचत

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में आगामी 12 सितंबर 2026 (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने जनपद के नागरिकों एवं वादकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर फौजदारी के समझौता योग्य वाद, धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, बैंक ऋण एवं वसूली संबंधी मामले, वैवाहिक विवाद, श्रम एवं दीवानी वाद, विद्युत एवं जल से जुड़े प्रकरण सहित अन्य समझौता योग्य मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इच्छुक पक्षकार 11 सितंबर 2026 तक संबंधित न्यायालय में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण सरल, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाता है। इससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा पात्र मामलों में न्यायालय शुल्क वापसी का लाभ भी प्राप्त हो सकता है। लोक अदालत का निर्णय दोनों पक्षों के लिए अंतिम एवं बाध्यकारी होता है।

सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल मुकदमों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी संवाद, समझौते और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जिन मामलों का समाधान आपसी सहमति से संभव है, उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर शीघ्र न्याय प्राप्त करें तथा इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाएं।


2036 ओलंपिक मेजबानी का संकल्प लेकर कावड़ उठाएंगी रेखा आर्या

10 अगस्त को हर की पौड़ी से निकलेगी 22 किलोमीटर लंबी पैदल कावड़ यात्रा

देहरादून। 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को मिले इसी संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या हरिद्वार से पैदल कावड़ यात्रा निकालने जा रही है। खेल मंत्री ने सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में 10 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष पावन कांवड़ यात्रा की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प को साकार करने के लिए यह यात्रा आयोजित की जा रही है।

रेखा आर्या ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से होगा और इसका समापन ऋषिकेश के पावन वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ होगा। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के चरणों में जलाभिषेक कर भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने तथा देश को खेलों के क्षेत्र में विश्व अग्रणी बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदैव राष्ट्रीय संकल्पों को ऊर्जा देने वाली भूमि रही है। इसी भावना के साथ आयोजित यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, खेल चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संगम होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि से उठने वाली यह संकल्प यात्रा देशभर के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी।

रेखा आर्या ने बताया कि यात्रा में संत-समाज का सानिध्य रहेगा। कावड़ यात्रा में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत श्री हरि गिरि जी महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र श्री रवींद्र पुरी महाराज भी अलग-अलग चरणों में सम्मिलित होंगे।

इसके साथ ही प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इसमें शामिल होंगे।

खेल मंत्री ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, संत-समाज और आमजन से 10 अगस्त को हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक आयोजित इस पावन कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक संकल्प और आशीर्वाद से भारत खेल महाशक्ति बनने और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लक्ष्य की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगा।


सावन का पहला सोमवार आज, शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजे शिवालय

हरिद्वार/ऋषिकेश। सावन के पहले सोमवार पर धर्मनगरी हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश पूरी तरह शिवभक्ति में डूबी नजर आईं। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

सावन के पहले सोमवार के अवसर पर हरिद्वार और ऋषिकेश के प्रसिद्ध शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिरों के कपाट खुलते ही “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनोकामनाएं मांगीं।

हरिद्वार के प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह स्थान भगवान शिव की ससुराल के रूप में जाना जाता है। पौराणिक कथा के मुताबिक राजा दक्ष का राज्य यहीं था और सावन माह में भगवान शिव के विशेष रूप से यहां विराजमान रहने की मान्यता है। इसी कारण पूरे सावन में इस मंदिर का धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है। श्रद्धालुओं ने भीड़ से बचने के लिए सुबह होने से पहले ही मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

उधर ऋषिकेश के सोमेश्वर महादेव, चंद्रेश्वर महादेव और वीरभद्र महादेव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने गंगाजल और पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया तथा प्रदेश और देश की सुख-शांति की कामना की। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जबकि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें लगातार मुस्तैद रहीं। दिनभर शिवालयों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और दर्शन का क्रम चलता रहा।


बारिश के साथ बढ़ा डेंगू का खतरा, 40 अस्पतालों में 1,662 बेड किए गए आरक्षित

देहरादून के 16 इलाके डेंगू हॉटस्पॉट घोषित, टीमें लगातार कर रहीं सर्वे

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश ने डेंगू के खतरे को समय से पहले बढ़ा दिया है। सामान्य तौर पर सितंबर में तेजी पकड़ने वाला डेंगू इस बार अगस्त की शुरुआत में ही स्वास्थ्य विभाग की चिंता का कारण बन गया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और संभावित मरीजों के उपचार के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं।

जिले में डेंगू संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अब तक 50 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जबकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बीच-बीच में होने वाली बारिश और नमी भरा वातावरण एडीज मच्छर के प्रजनन के लिए बेहद अनुकूल साबित हो रहा है। ऐसे हालात में आने वाले दिनों में संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

संभावित मरीजों के इलाज के लिए जिले के 40 सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 1,530 सामान्य बेड और 132 आईसीयू बेड आरक्षित किए गए हैं। एम्स ऋषिकेश, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल सहित सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों को डेंगू से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ब्लड बैंकों में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर मुख्य रूप से मादा मच्छर होता है, जो अपने अंडों के कारण अधिक ऊंचाई तक नहीं उड़ पाता। इसकी उड़ान क्षमता लगभग तीन फीट तक ही होती है और यह आमतौर पर सीमित क्षेत्र में सक्रिय रहता है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा न होने देना संक्रमण की रोकथाम के लिए सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार जिले के 16 क्षेत्रों को डेंगू हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें बंजारावाला, पटेलनगर, क्लेमेंटाउन, मोथरोवाला, जाखन, मेहूंवाला, लक्खीबाग और माजरा सहित अन्य इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे, लार्वा नष्ट करने और जागरूकता अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।


बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित, भूस्खलन से यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे कई जगह बंद

यात्रियों को प्रशासन की सतर्क रहने की सलाह

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर साफ दिखाई देने लगा है। यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर मलबा और भारी बोल्डर आने से बाधित हो गए हैं। मार्गों को सुचारु करने के लिए एनएच की टीमें युद्धस्तर पर जुटी हैं, जबकि मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

लगातार बारिश के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया समेत कई स्थानों पर मलबा और चट्टानें गिरने से बंद हो गया है। सड़क खोलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मशीनें और कर्मचारी लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के समीप भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और गर्जन की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 8 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

रविवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के कारण उमस और गर्मी बनी रही। देहरादून में सुबह से शाम तक 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिला।


अब जनता बनाएगी एमडीडीए की नई पहचान, मैस्कॉट डिज़ाइन पर मिलेगा ₹50 हजार का इनाम

03 से 16 अगस्त तक होगी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता, सर्वश्रेष्ठ स्लोगन के लिए भी ₹10 हजार का पुरस्कार, एआई से बने डिज़ाइन नहीं होंगे मान्य

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपनी अलग और सशक्त पहचान विकसित करने की दिशा में एक अनूठी पहल शुरू की है। पहली बार एमडीडीए जनता की भागीदारी से अपना आधिकारिक मैस्कॉट (शुभंकर) और स्लोगन चुनने जा रहा है। इसके लिए “मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026” का आयोजन 3 अगस्त से 16 अगस्त तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता को मैस्कॉट श्रेणी में ₹50 हजार तक का पुरस्कार मिलेगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ स्लोगन के लिए ₹10 हजार का पुरस्कार निर्धारित किया गया है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा मौलिक मैस्कॉट तैयार करना है, जो प्राधिकरण के विकास कार्यों, नागरिक सहभागिता, जनजागरूकता और जनशिक्षा अभियानों का प्रभावी चेहरा बन सके। प्रतिभागियों को मैस्कॉट के साथ एमडीडीए के लिए एक आकर्षक और रचनात्मक स्लोगन भी प्रस्तुत करना होगा।

प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां JPEG, PNG या PDF प्रारूप में ऑनलाइन जमा करनी होंगी। साथ ही डिज़ाइन की अवधारणा, पात्र का परिचय और स्लोगन के औचित्य से जुड़ा एक संक्षिप्त कॉन्सेप्ट नोट भी देना होगा। प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, सार्वभौमिक आकर्षण और विभिन्न माध्यमों में उपयोग की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार किए गए डिज़ाइन प्रतियोगिता के लिए मान्य नहीं होंगे।

मैस्कॉट प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹30,000 और तृतीय ₹15,000 रखा गया है। वहीं सर्वश्रेष्ठ स्लोगन या टैगलाइन के लिए ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों, कलाकारों, डिज़ाइनरों, रचनात्मक युवाओं और आम नागरिकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जनसहभागिता के माध्यम से एमडीडीए की ऐसी पहचान विकसित करेगी, जो देहरादून के विकास, नवाचार और नागरिकों की आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त कर सके। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण और विस्तृत दिशा-निर्देश क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने सभी शिक्षण संस्थानों, मीडिया और सामाजिक संगठनों से भी इस प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की है।


राष्ट्रपति भवन के एट होम रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन

देशभर से कुल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का हुआ है चयन

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले एट होम रिसेप्शन में उत्तराखण्ड से गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। गर्विता लोअर मॉल रोड, अल्मोड़ा की निवासी हैं, जो इस महत्वपूर्ण समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। देशभर से कुल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है, जिसमें गर्विता भी हैं।

गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उत्तराखण्ड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम तथा नागालैंड से एक-एक युवा आपदा मित्र कैडेट काद इस समारोह हेतु चयन किया गया है।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता भाकुनी को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन एवं आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में समुदाय ही सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है। यदि स्थानीय समुदाय और युवा प्रशिक्षित हों तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित ढंग से किए जा सकते हैं।

इसी सोच के साथ राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे संकट की घड़ी में समाज की सहायता करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क भविष्य की चुनौतियों से निपटने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा समाज में आपदा सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 2,700 युवाओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षित कर ऐसा सक्षम स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार करना है, जो आपदा से पहले जागरूकता फैलाने, आपदा के दौरान प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने तथा आपदा के बाद पुनर्वास एवं सामुदायिक सहायता में सक्रिय भूमिका निभा सके।

उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात-गर्विता
देहरादून। गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित एट होम रिसेप्शन में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में प्राप्त प्रशिक्षण ने मुझे समाज की सेवा करने का आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का एहसास कराया है। मैं भविष्य में भी आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहूंगी और अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करूंगी।


सफलताएं प्राप्त करने से भी कठिन उन सफलताओं के शिखर पर टिके रहना है- डॉ पंकज कुमार पांडेय

डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने 31 स्कूलों के टॉपर्स बच्चों को किया सम्मानित

छठे टॉपर्स कॉन्क्लेव में जुटे टॉप 31 स्कूलों के टॉपर्स

यूकॉस्ट, डीआईटी यूनिवर्सिटी एवं दिव्य हिमगिरि ने किया टॉपर्स कॉन्क्लेव का आयोजन

देहरादून। देहरादून के आईसीएसई एवं सीबीएसई स्कूल के टॉपर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि सफलताएं प्राप्त करने से भी कठिन उन सफलताओं के शिखर पर टिके रहना है।

उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, आईएएस देहरादून के आईआरडीटी ऑडिटोरियम में यूकॉस्ट, दिव्य हिमगिरी एवं डीआईटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छठें टॉपर्स कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने टॉपर्स बच्चों की सफलता पर अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि चूंकि मैं भी एक अभिभावक हूँ, मेरे बेटे को भी जब दो बार स्कूल टॉपर का अवॉर्ड मिला, उस समय गौरव की जो अनुभूति मुझे हुई थी, वही अनुभूति आपको भी हो रही होगी। बच्चे की सफलता के पीछे अध्यापक के साथ-साथ अभिभावकों का भी बहुत योगदान होता है। टॉपर्स को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि अभी तो जीवन शुरू हुआ है, आपको कई लक्ष्यों पर विजय प्राप्त करनी है। उन्होंने कहा कि सफलताएं प्राप्त करने से भी अधिक उन सफलताओं के शिखर पर टिके रहना है। उन्होंने कहा कि भले आपने क्लास या स्कूल टॉप किया हो लेकिन जीवन में अपने दोस्तों का साथ कभी नहीं छोड़ना भले ही आपका दोस्त फेल ही क्यों ना हो गया हो। दोस्त स्कूली जीवन में ही बनते है। आज ऐसे लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जो जीवन में एकाकी हैं, उनका कोई दोस्त नहीं है। उन्होंने कहा कि आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस के इस युग में जिसके पास मौलिकता होगी, वही आगे बढ़ेगा। टेक्नोलॉजी का उपयोग करें लेकिन लाइफ लॉन्ग लर्निंग पर हमेशा फोकस करके रखें।

डीआईटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जी रघुराम ने टॉपर्स स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप 21वीं सदी की संताने हैं। आज शिक्षा प्राप्त करने के बहुत सारे अवसर उपलब्ध हैं। आपने कहां से पढ़ा ये अब मायने नहीं रखता, आपने क्या पढ़ा, कितना पढ़ा और किस गहराई के साथ नॉलेज प्राप्त की यह महत्व रखता है।

आईआईपी के निदेशक डॉ हरेंद्र सिंह बिष्ट ने एक कविता के माध्यम से संदेश दिया कि देश के प्रधानमंत्री ने एक विजन दिया है कि 2047 तक भारत विकसित देश होगा। उन्होंने कहा कि आज इस हाल में उपस्थित टापर्स ही इस देश के कर्णधार है, आप ही आगे चलकर भारत को विकसित देश बनाएंगे।

टॉपर्स कॉन्क्लेव में 31 स्कूलों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के 306 बच्चों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल और ब्रॉन्ज मेडल तथा अवार्ड सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 31 स्कूलों को बेस्ट स्कूल के अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो- (डॉ-) दुर्गेश पंत ने कहा कि देहरादून से पढ़ने वाले वाले बच्चे का सौभाग्य है कि देहरादून में 30 से अधिक देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान है। अगले वर्ष तक देश की पांचवी साइंस सिटी भी देहरादून में शीघ्र बनकर तैयार होने वाली है। आपको ऐसे सभी संस्थाओं को घूमना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के चलते आज राष्ट्र निर्माण के लिए आप जैसे उत्कृष्ट छात्रों की देश को जरूरत है।

कार्यक्रम को प्रिंसीपल्स प्रोग्रेसिव स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कश्यप तथा दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डॉ डीएस मान ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कुँवर राज अस्थाना ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा बताई और भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। इससे पूर्व सभी अतिथियों ने चयनित 31 स्कूल्स के रिजल्ट पर आधारित टॉपर्स कॉन्क्लेव स्मारिका विमोचन किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ डीपी उनियाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन यूकॉस्ट के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ ओ पी नौटियाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 31 स्कूलों के प्रधानाचार्य, मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों के अलावा काफी संख्या में अभिभावक एवं छात्र मौजूद थे।

10वीं कक्षा के प्रथम श्रेणी टॉपर
आरुष अरोड़ा – 99%, निसाद आनंद – 99%, एंजेल खुगसाल – 97.8%, अगम्या अग्रवाल – 98.60%, काव्या सती – 98.60%, भूमिका रे – 98.80%, दिशिता सिंह – 98.80%, मानस्वी गुप्ता – 96.80%, मीत रावत – 96.60%, हंस ड्राल – 96.00%, गुंजन – 95.80%, प्रथा पंवार – 96.00%, वेदांश सोम – 97.00%, रुद्राक्ष रावत – 99.40%, अविका सिंगला – 95.60%, साधना कुंजुम्पिडुक्कल – 99.00%, प्रियांसु दास – 96.40%, अयान इकबाल – 96.80%, व्रज पांभर – 91.60%, मुनज्ज़ा अशरफ – 98.60%, रंजना रावत – 96.20%, चित्राक्ष सूद – 99.00%, अनुकृत उपाध्याय – 96.20%, मेहक गुप्ता – 94.00%, सृष्टि बहुगुणा – 98.40%, अंशिका जैन – 98.00%, ऋद्धिमा भट्ट – 98.00%, आदित्य राज – 95.20%, अक्षिता – 95.60%, खुशी – 96.00%, दिव्यांश ममगाईं – 93.00%, परीज़ा – 94.80%, गौरव गुप्ता – 95.00%, अनुक्रमा सैनी – 98.20%, आयुष गुप्ता – 96.40%, आयुष राणा – 98.50%, सिमरा परवीन – 94.00%, पुरंजय सिंह राणा – 96.00%, अक्षत सेमवाल – 93.60%।

12वीं कक्षा के प्रथम श्रेणी टॉपर
अनुष्का कोटनाला – 99.5%, जया कपूर – 97%, दक्ष जोशी – 98.5%, सौम्या खोसला – 99%, इमरनजीत कौर – 94.25%, अन्वेशा गोयल – 96.25%, नैना सागर – 99%, दिव्यांशी यादव – 96.25%, सुहानी अग्रवाल – 99.50%, धनिष्ठा विग – 97.50%, ऐश्वर धालीवाल – 98.50%, प्रत्युष शाही – 97.75%, मोहम्मद नावेद – 94.50%, तेनज़िन जाम्बे – 91.25%, दिवित चौहान – 92.25%, गौरांश बरुआ – 98%, अभ्या मैखुरी – 96.50%, अंशुल भट्ट – 97.25%, अफ्शा परवीन – 97%, परी गुलाटी – 94.50%, ऐश्वर्या प्रताप सिंह – 99%, इबा नशीम शेख – 95.20%, प्रियांसु दास – 96.40%, जयंत भाटिया – 95.80%, रिया मुराई – 98%, व्रज पांभर – 91.60%, काश्वी अग्रवाल – 96.60%, वैनेसा पॉल – 96.40%, प्रज्ञा शर्मा – 97.40%, पूजा डंगवाल – 88.60%, अदिति – 97.80%, सुशांत गुप्ता – 95.80%, शुभी त्रिपाठी – 96.20%, आदित्य शर्मा – 96%, मिताली रावत – 96%, वैष्णवी गोयल – 95%, ज़िकरा सिद्दीकी – 92%, वर्णिका – 97.40%, नंदिता शर्मा – 95%, भावेश आर्यन नेगी – 85.40%, यश दुबे – 94%, प्रथा गंगवार – 99%, खुशी – 96%, अनन्या असवाल – 95.60%, रुद्रांशी छेत्री – 88.60%, सृष्टि – 94%, सोमेश बर्थवाल – 98%, आरोही बर्थवाल – 88.40%, सेलिना – 90.60%, भूमिका रावत – 87.60%, सिमरा परवीन – 94%, आयुष राणा – 98.50%

31 स्कूलों को मिला बेस्ट स्कूल का अवॉर्ड
1. वाइनबर्ग एलन स्कूल, 2. एन मैरी स्कूल, 3. ब्राइटलैंड्स स्कूल, 4. कॉन्वेंट ऑफ़ जीसस एंड मैरी, 5. सेंट जोसेफ्स एकेडमी, 6. कैम्ब्रियन हॉल, 7. द टोंस ब्रिज स्कूल, 8. दून इंटरनेशनल स्कूल, 9. श्री राम सेंटेनियल स्कूल, 10. इकोल ग्लोबल इंटरनेशनल गर्ल्स स्कूल, 11. कासिगा स्कूल, 12. द एशियन स्कूल, 13. शिक्षणकुर द ग्लोबल स्कूल, 14. बिड़ला ओपन माइंड, 15. कारमैन रेजिडेंशियल एंड डे स्कूल, 16. द दून वैली इंटरनेशनल स्कूल, 17. सनराइज एकेडमी, 18. द पेस्टल वीड स्कूल, 19. सेंट कबीर एकेडमी, 20. चिल्ड्रन्स एकेडमी, 21. वंटेज हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल, 22. दून डिफेंस एकेडमी, 23. एस.एन. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, 24. एसजीआरआर एजुकेशन मिशन, एसजीआरआर पब्लिक स्कूल्स देहरादून-, 25. ब्रिस्टल पब्लिक स्कूल, 26. द सेपिएंस स्कूल विकास नगर, 27. द सेपिएंस स्कूल, हर्बर्टपुर, 28. दून सैनिक स्कूल, 29. द इंडियन पब्लिक स्कूल, 30. हिम ज्योति स्कूल, 31. द मोंटेसरी स्कूल।


नीलकंठ कांवड़ यात्रा: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद

स्वच्छता से लेकर पार्किंग तक पुख्ता इंतजाम

पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। तहसील प्रशासन, विकासखंड कार्यालय और जिला पंचायत संयुक्त रूप से यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा, विद्युत और पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय खण्डूरी ने बताया कि 5 जुलाई से यात्रा क्षेत्र में 50 सफाई कर्मियों और चार कूड़ा पिकअप वाहनों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पंचायत की 60 वाहन क्षमता वाली निःशुल्क पार्किंग, 10-सीटर शौचालय, निकासी द्वार पर अतिरिक्त शौचालय तथा पीपलकोटी से पार्किंग तक महिलाओं एवं पुरुषों के लिए तीन-तीन सीट वाले बायो-टॉयलेट की व्यवस्था की गई है।

महिला श्रद्धालुओं के लिए पिंक टॉयलेट तथा धात्री माताओं और शिशुओं की सुविधा हेतु अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) भी बनाया गया है। मंदिर मार्ग पर चार अतिरिक्त शौचालय स्थापित किए गए हैं, जिनकी नियमित साफ-सफाई के लिए रोस्टर के अनुसार कार्मिक तैनात हैं। सूखे और गीले कचरे के पृथक संग्रहण के लिए 22 कूड़ेदान लगाए गए हैं, जिन्हें प्रतिदिन तीन बार खाली कराया जा रहा है।

बरसात के दौरान फिसलन रोकने के लिए यात्रा मार्गों पर नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं नीलकंठ क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए जिला पंचायत के 10 कार्मिक स्थायी रूप से तैनात किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नीलकंठ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण बनाने में अपना सहयोग दें।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp