Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने लू का यलो अलर्ट किया जारी, तापमान में भी होगी बढ़ोतरी

Category Archives: दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने लू का यलो अलर्ट किया जारी, तापमान में भी होगी बढ़ोतरी

41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन हुआ दर्ज

पूरे सप्ताह खूब झुलसाएगी गर्मी 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आने वाले हफ्ते मे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने दो दिन के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। इस कारण से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। कुल मिलाकर पूरे सप्ताह गर्मी खूब झुलसाएगी। 26 अप्रैल को पहाड़ों में नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के बाद भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

दिल्ली में बीते दो दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है। तापमान कम होने के बावजूद सूरज के तेवर कड़े हैं। सूरज मानो आग बरसा रहा हो, दिन में गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। सोमवार को ही 41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ था। वहीं अब मौसम विभाग ने 24-26 अप्रैल के बीच तापमान बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई है। तापमान बढ़ने से गर्मी का अहसास ज्यादा होगा। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


आईपीएल 2025- गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला आज

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 35वें मैच में आज गुजरात टाइटन्स की टक्‍कर दिल्ली कैपिटल्स से होगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। गुजरात अपने घर में दिल्ली को हराने की पूरी कोशिश करेगी।

बात करें गुजरात टाइटन्स की तो यह सीजन उसके लिए अभी तक उम्दा रहा है। गुजरात ने 6 मैच में से 4 में जीत दर्ज की है। घर में ही गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान को हराया था। हालांकि, इसके बाद का मुकाबला वह हार गए थे। ऐसे में गुजरात टाइटन्स जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेगी।

दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन अक्षर पटेल की कप्तानी में गजब की लय में दिखी है। छह मुकाबलों में से दिल्ली ने अभी तक मात्र एक मैच गंवाया है। टीम में गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी में भी गजब का संयोजन है। हाल ही में दिल्ली ने इस सीजन के पहले सुपर ओवर में राजस्थान रॉयल्स को हराया है।

स्टार्क की प्रभावशाली गेंदबाजी से दिल्ली मजबूत
सुपरओवर में राजस्थान को हराकर दिल्ली के हौसले बुलंद हैं। उनकी इस जीत में स्टार्क का अहम योगदान रहा। आस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स ने तीन सटीक यॉर्कर डालने के अलावा सुपर ओवर भी फेंका। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद चैंपियंस ट्रॉफी नहीं खेलने वाले स्टार्क पूरी तरह से तरोताजा होकर आईपीएल में उतरे हैं।

अभी तक 10 से ऊपर की इकोनॉमी से 10 विकेट ले चुके स्टार्क दिल्ली के तेज आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं जिसमें मुकेश कुमार और मोहित शर्मा भी हैं। उनके सामने अब गुजरात टाइटंस के शीर्षक्रम पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी होगी जिसमें कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर शामिल हैं।

गिल-बटलर और सुदर्शन पर लगाना होगा अंकुश
अब तक इन तीनों ने बल्लेबाजी का दारोमदार संभाल रखा है। गुजरात के मध्यक्रम को किसी कठिन परीक्षा से गुजरना नहीं पड़ा और जब लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इसकी नौबत आई तो वे नाकाम रहे। दिल्ली अगर गुजरात के शीर्षक्रम को जल्दी रवाना कर देती है तो मध्यक्रम की कमजोरी की कलई फिर खुल जाएगी।

सिराज बरपा रहे कहर
सिराज अभी तक 8.50 की इकोनॉमी से 10 विकेट ले चुके हैं। खासकर पावरप्ले में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। अब उनके सामने खराब फॉर्म में चल रहे दिल्ली के सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क और प्रतिभाशाली अभिषेक पोरेल होंगे। उनके नाकाम रहने पर दिल्ली के लिए रन बनाने का जिम्मा केएल राहुल और करुण नायर पर होगा।

दोनों टीमों में बेहतरीन स्पिनर्स मौजूद
घरेलू क्रिकेट में गुजरात के लिए खेलने वाले दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल अपने घरेलू मैदान पर छाप छोड़ना चाहेंगे। दोनों टीमों के पास बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं। गुजरात के पास साई किशोर और राशिद खान हैं तो दिल्ली की टीम में कुलदीप यादव और विपराज निगम हैं। कुलदीप का खेलना अभी तय नहीं है क्योंकि पिछले मैच में उनके कंधे पर चोट लगी थी और उनकी फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बात करें तो यहां कुल 38 आईपीएल मैच खेले गए है, जिसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 18 मैच जीते है, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 20 मैचों में जीत हासिल की है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन का है।

वहीं, पिच की बात करें तो यह बल्लेबाजों के मुफीद मानी जाती है। इस मैदान पर अच्छा बाउंस मिलता है और गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। गेंदबाजों को भी यहां पर मदद मिलती है, जबकि स्पिनर्स को थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

कितने बजे से सुरु होगा मुकाबला?

मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 3:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 3:00 बजे होगा।

कहाँ देख सकते हैं मुकाबला? 

मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा। और मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार एप  पर देखा जा सकता है।


आईपीएल 2025- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला आज 

नई दिल्ली।  इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 24वें मुकाबले में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। 18वें सीजन में आरसीबी ने अब तक 4 मैच खेले हैं और 3 में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर दिल्‍ली कैपिटल्‍स जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। अब अक्षर पटेल की कप्‍तानी वाली दिल्‍ली की नजर लगातार चौथी जीत पर होगी। कप्‍तान बदलने के बाद दिल्‍ली अच्‍छी लय में नजर आ रही है और लगातार बेहतर प्रदर्शन करती जा रही है।

दिल्ली को रहना होगा सावधान
आरसीबी ने कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में जीत दर्ज की और एकमात्र पराजय उसे चिन्नास्वामी स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस के हाथों झेलनी पड़ी। हार की वजह हालांकि टीम की कोई कमी नहीं रही बल्कि चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच ने उसे हैरान कर दिया। वहीं, विशाखापत्तनम और चेन्नई जैसी अलग अलग पिचों पर जीत दर्ज करके आई दिल्ली के खिलाफ आरसीबी को सावधान रहना होगा। वैसे विराट के फॉर्म में आने से मेजबान टीम के हौसले बुलंद है।

विराट और स्टार्क के बीच होगी टक्कर
विराट को हालांकि आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव से पार पाना होगा। कोहली ने स्टार्क के खिलाफ टी20 क्रिकेट में 31 गेंद में 72 रन बनाए हैं। इस सत्र में स्टार्क तीन मैचों में 11 की औसत से नौ विकेट ले चुके हैं। पावरप्ले में स्टार्क और कोहली की भिड़ंत पर बहुत कुछ निर्भर करेगा।

कुलदीप के खिलाफ विराट का कैसा होगा रुख?
इसके बाद कुलदीप से सामना होगा जो छह की इकॉनॉमी रेट से छह विकेट ले चुके हैं। वैसे टी20 क्रिकेट में स्पिनरों के खिलाफ ऊंचे और स्वीप शॉट खेलने की अपनी कमजोरी से पार पा चुके कोहली काफी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे उन्हें धीमे बल्लेबाजों के खिलाफ खुलकर खेलने में मदद मिल रही है। कुलदीप की तरकश में हालांकि कई तीर हैं और वह किसी भी बल्लेबाज को परेशान कर सकते हैं।

अक्षर से होगा पाटीदार का सामना
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी फॉर्म में हैं और वह स्पिनरों को खेलने में माहिर हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल से अधिक प्रभावी भूमिका की उम्मीद होगी। कप्तान अक्षर ने अब तक तीन मैचों में आठ ओवर डाले हैं लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके हैं।

राहुल और डुप्लेसिस पर रहेगी नजरें
आरसीबी के लिए नई गेंद संभालने वाले जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार पावरप्ले में प्रभावी रहे हैं। उन्हें दिल्ली के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल पर लगाम लगानी होगी जो यहां के हालात से बखूबी वाकिफ हैं। राहुल अब देर तक टिकने की बजाय बेहद आक्रामक खेलने के इरादे से उतर रहे हैं जिससे काफी खतरनाक भी साबित हो रहे हैं। दिल्ली की नजरें फाफ डुप्लेसिस की फिटनेस पर भी लगी होंगी जो चेन्नई के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। यहां के हालात से वाकिफ डुप्लेसिस अगर फिट होते हैं तो आरसीबी के नयी गेंद के गेंदबाजों को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

कितने बजे से सुरु होगा मुकाबला?

मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा।

कहाँ देख सकते हैं मुकाबला? 

मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा। और मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार एप  पर देखा जा सकता है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं-

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, यश दयाल, जोश हेजलवुड, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख सलाम, सुयश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वस्तिक चिकारा, लुंगी नगिदी, अभिनंदन सिंह और मोहित राठी।

दिल्ली कैपिटल्स
अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, करुण नायर, फाफ डु प्लेसी, डोनोवन फरेरा, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, अजय मंडल, मनवंत कुमार, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, मिशेल स्टार्क, टी नटराजन, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, दुष्मंता चामीरा, कुलदीप यादव।


लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में दूसरी सबसे छोटी मेट्रो लाइन पर चलेगी तीन कोच वाली मेट्रो 

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में दूसरी सबसे छोटी मेट्रो लाइन (8 किलोमीटर) पर बनेगी

दिल्ली- एनसीआर। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) देश का पहला ऐसा मेट्रो कॉरिडोर शुरू करने जा रही है, जिसे तीन कोच वाली ट्रेनें चलाने के लिए तैयार किया जाएगा। यह कॉरिडोर देश के शहरी परिवहन नेटवर्क में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। फेज-4 के लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में दूसरी सबसे छोटी मेट्रो लाइन (8 किलोमीटर) पर बनेगी। इसी कॉरिडोर पर तीन कोच वाली मेट्रो चलेगी।

यात्रियों के लिए काफी कारगर होगा
मौजूदा समय में मेट्रो की लाइनों पर 4, 6 या 8 कोच वाली ट्रेनों का इस्तेमाल किया जाता है। तीन कोच की ट्रेन को विशेष रूप से कम दूरी की यात्रा के लिए विकसित किया गया है। छोटी ट्रेनें दैनिक यात्रियों की पर्याप्त संख्या को समायोजित करते हुए बेहतर फ्रीक्वेंसी और परिचालन दक्षता सुनिश्चित करेंगी। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि यह कॉरिडोर केवल ट्रेन की लंबाई को कम करने के बारे में नहीं, बल्कि भविष्य के लिए कुशल और कम लागत वाली मेट्रो प्रणाली के साथ शहरी गतिशीलता के उपयोग को अपनाने की तरफ एक कदम है। राजधानी के संकरे क्षेत्रों में मेट्रो की पहुंच बढ़ाने में यह बेहतर साबित होगा। यात्री संख्या के आकलन को ध्यान में रखते हुए लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर को विकसित किया जा रहा है। यह कॉरिडोर कम दूरी के यात्रियों के लिए काफी कारगर होगा।

ऊर्जा की होगी कम खपत
छोटी ट्रेन से यह भी फायदा होगा कि इसमें प्रति ट्रिप ऊर्जा की कम खपत होगी। 3-कोच प्रणाली में निवेश कर दिल्ली मेट्रो शीर्ष स्तरीय अर्बन ट्रांजिट सॉल्यूशन प्रदान करते हुए आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित कर रही है। लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर विशेष रूप से दक्षिण और मध्य दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी में काफी सुधार करेगा। मौजूदा मेट्रो लाइनों पर भीड़भाड़ को कम कर और प्रमुख स्टेशनों पर निर्बाध इंटरचेंज प्रदान कर इस परियोजना से हजारों दैनिक यात्रियों के लिए यात्रा के समय को कम करने में मदद करेगा।

एक कोच में 300 यात्रियों की क्षमता
हर कोच की क्षमता लगभग 300 यात्रियों की होगी, ताकि कम खर्च के साथ पर्यावरण को भी नुकसान न हो। हर कोच में बैठने और खड़े होने की क्षमता लगभग 300 यात्री की होगी यानी 3 कोच में प्रति ट्रिप 900 यात्री यात्रा कर सकेंगे। कॉरिडोर में आठ महत्वपूर्ण स्टेशन हैं, जिसमें लाजपत नगर (पिंक और वायलेट लाइनों के साथ इंटरचेंज), एंड्रयूज गंज, जीके-1, चिराग दिल्ली (मजेंटा लाइन के साथ इंटरचेंज), पुष्पा भवन, साकेत कोर्ट, पुष्प विहार, साकेत जी ब्लॉक (गोल्डन लाइन के साथ इंटरचेंज) स्टेशन शामिल हैं।


आईपीएल 2025- दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला आज 

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 17वें मुकाबले में आज यानि शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होना है। दिल्ली ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है। वहीं चेन्नई को तीन मैचों में एक ही जीत मिली है। दिल्ली जीत की हैट्रिक लगाने पर ध्यान दे रही है तो वहीं चेन्नई विजयी रास्ते पर वापसी करने को बेसब्र है। अपने मकसद को पूरा करने के लिए दोनों ही टीमें अपनी प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकती हैं।

कुलदीप और नूर के बीच होगा सामना
चेन्नई में स्पिनरों को मदद मिलती है, ऐसे में दिल्ली के लिए कुलदीप और चेन्नई के लिए नूर की भूमिका महत्वपूर्ण बन गई है। कुलदीप का इकोनॉमी रेट अभी तक 5.25, जबकि नूर का 6.83 है। बीच के ओवरों में यह दोनों स्पिनर अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं। यह दोनों कलाई के स्पिनर हैं और उनके बीच मुकाबला दिलचस्प होगा। नूर जहां अधिक गति से गेंदबाजी करते हैं वहीं कुलदीप ने क्रीज के कोणों का उपयोग करने और अपनी गेंदों की गति को बदलने की कला में महारत हासिल कर ली है।

ओवरटन-अश्विन रहे हैं महंगे
सीएसके के लिए जैमी ओवरटन और रविचंद्रन अश्विन महंगे साबित हो रहे हैं जिससे विपक्षी टीम को रन बनाने का मौका मिल रहा है। वहीं, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मारक क्षमता का कम होना भी सीएसके के लिए चिंता का विषय है। शिवम दुबे को छोड़कर उसके मध्यक्रम में कोई भी ऐसा बल्लेबाज नहीं है जो अंतिम 10 ओवरों में 180 या 200 की स्ट्राइक रेट से रन बना सके। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेलने से सीएसके को मनोवैज्ञानिक लाभ होगा क्योंकि दर्शकों का समर्थन होम टीम को रहेगा। सीएसके इस मैच के लिए बड़े बदलाव करेगी इस संभावना कम है, लेकिन वह ओवरटन की जगह श्रेयस गोपाल को एकादश में शामिल कर सकती है। अगर टीम तीन तेज गेंदबाज का उतरना चाहेगी तो सैम करन की वापसी हो सकती है। वहीं, इस बात की संभावना अधिक है कि दिल्ली इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं करेगी।

चेन्नई देगी इस खिलाड़ी को मौका

पिच को देखते हुए चेन्नई एक बदलाव कर सकती हैं। ये बदलाव एक विदेशी गेंदबाज को बाहर कर एक भारतीय गेंदबाज को अंदर लाकर किया जा सकता है। पिच को देखते हुए चेन्नई के पास पहले से ही तीन शानदार स्पिनर मौजूद हैं। रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और नूर अहमद का खेलना तय है। पिछले मैच में जेमी ओवरटन को मौका मिला था, लेकिन वह प्रभावी नहीं रहे थे और इसी कारण उनको बाहर कर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी को शामिल किया जा सकता है।

ऐसे में डेवन कॉन्वे की जगह भी टीम में बन सकती है और टीम उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर यूज कर सकती है। रचिन रवींद्र का खेलना तय है जो पारी की शुरुआत करेंगे। बाकी कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ नंबर-3 पर दम दिखाएंगे। उनके बाद शिवम दुबे का भी खेलना तय है। विजय शंकर को पिछले मैच में मौका मिला था और वह इस मैच में भी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। एमएस धोनी टीम में होंगे ही।

कितने बजे से सुरु होगा मुकाबला?

मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर 3:00 बजे होगा।

कहाँ देख सकते हैं मुकाबला? 

मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा। और मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार एप  पर देखा जा सकता है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

चेन्नई सुपक किंग्स : ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉन्वे, सैयद खलील अहमद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, सैम करन, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुडा, गुरजपनीत सिंह, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ।

दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, जेक फ्रेजर मैक्गर्क, कुलदीप यादव, करुण नायर, फाफ डु प्लेसी, डोनोवन फरेरा, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, अजय मंडल, मनवंत कुमार, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, मिशेल स्टार्क, टी नटराजन, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा।


दिल्ली में धार्मिक त्योहारों के दिन रहेगा ड्राई डे, आबकारी विभाग ने जारी किया आदेश 

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने रामनवमी और गुड फ्राइडे सहित महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहारों पर शराब की दुकानें बंद रखने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में पांच ड्राई डे घोषित किए हैं। आबकारी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिल्ली में शराब की दुकानें राम नवमी (6 अप्रैल), महावीर जयंती (10 अप्रैल), गुड फ्राइडे (18 अप्रैल), बुद्ध पूर्णिमा (12 मई) और ईद-उल-जुहा (6 जून) को बंद रहेंगी।

आबकारी आयुक्त सनी सिंह ने कहा कि दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के नियम 52 के प्रावधानों के अनुसार शराब लाइसेंसधारियों के लिए ड्राई डे घोषित किए गए हैं। लाइसेंसधारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने लाइसेंस प्राप्त परिसर में आदेश को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें।


दिल्ली में सीएम धामी ने कहा, लापरवाह अधिकारियों को जारी करें नोटिस 

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की बैठक लेकर अधिकारियों को लंबित समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उनके द्वारा दर्ज शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
जिलाधिकारियों को शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने और उन पर सख़्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता मिलन और तहसील दिवस का आयोजन नियमित रूप से किया जाए और इन दिनों दर्ज होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

साथ ही राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपदों में विभिन्न बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिए। ताकि आम जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

सीएम ने कहा कि जनता की हर समस्या का शीघ्र समाधान हो और उनके जीवन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


महिला प्रीमियर लीग 2025- फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब किया अपने नाम

नई दिल्ली।  महिला प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ रन से हराकर दूसरी बार ख़िताब किया अपने नाम। टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण का खिताबी मुकाबला शनिवार को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में दिल्ली निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर सिर्फ 141 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई ने दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले हरमनप्रीत कौर की टीम ने दिल्ली को पहले संस्करण के फाइनल में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

ताश के पत्तों की तरह बिखरा दिल्ली का बल्लेबाजी क्रम
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को उसके बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। टीम ने महज 44 के स्कोर पर चार विकेट गंवाए। कप्तान मेग लैनिंग 13 और शेफाली वर्मा सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेस जोनासन को अमेलिया कर ने यास्तिका भाटिया के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 13 रन बना सकीं। दिल्ली के लिए मारिजन कप ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली। उनके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 30 रन बनाए। वहीं, एनाबेल सदरलैंड दो, सारा ब्राइस ने पांच, मिन्नू मणि ने चार रन बनाए। निकी प्रसाद 25 और श्री चरणी तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई के लिए नेट सिवर ब्रंट ने तीन जबकि अमेलिया कर ने दो विकेट लिए। वहीं, शबनम इस्माइल, हीली मैथ्यूज और साइका इशाक को एक-एक सफलता मिली।

सिवर ब्रंट और हरमनप्रीत ने मचाई गदर
इस मैच में मुंबई के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। नेट सिवर ब्रंट और हरमनप्रीत कौर के अलावा उनका कोई बल्लेबाज दिल्ली की घातक गेंदबाजों के खिलाफ नहीं टिक सका। टीम ने 14 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। मारिजन कप ने हीली मैथ्यूज (3) और यास्तिका भाटिया (8) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद ब्रंट और कप्तान कौर ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 62 गेंदों में 89 रनों की साझेदारी हुई। श्री चरणी ने इंग्लैंड की ऑलराउंडर को मिन्नू मणि के हाथों कैच कराया। वह 30 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, भारतीय बल्लेबाज ने 44 गेंदों में 66 रन बनाए। उनके अलावा अमेलिया कर 2, जी कमालिनी 10, अमनजोत कौर ने 14* और संस्कृति गुप्ता ने आठ* रन बनाए। सजीवन सजना खाता भी नहीं खोल सकीं। दिल्ली के लिए मारिजन कप, जेस जोनासन और श्री चरणी को दो-दो विकेट मिले जबकि एनाबेल सदरलैंड को एक सफलता मिली।


महिला प्रीमियर लीग 2025- मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच फाइनल मुकाबला आज 

नई दिल्ली। एक महीने के रोमांचक मुकाबले के बाद, महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2025 का ग्रैंड फिनाले मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच आज यानि शनिवार 15 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स तीनों सीजन सीधे फाइनल में पहुंचने वाली इकलौती टीम है, हालांकि अभी तक खिताब पर कब्जा नहीं जमा पाए हैं। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम डब्ल्यूपीएल के पहले सत्र में विजेता रही थी। उसने दिल्ली को ही हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होगीं।

नेट सिवर ब्रंट और हीली मैथ्यूज के ऑलराउंड खेल के दम पर मुंबई इंडियंस महिला प्रीमियर लीग में खिताब का सूखा खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। सिवर ब्रंट (493 रन, नौ विकेट) और मैथ्यूज (17 विकेट और 304 रन) वर्तमान में क्रमशः बल्लेबाजी और गेंदबाजी तालिका में शीर्ष पर काबिज है। अगर यह दोनों अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हैं तो फिर मेग लैनिंग की अगुवाई वाली दिल्ली की टीम के लिए पहली बार चैंपियन बनना आसान नहीं होगा।

तालिका में शीर्ष पर रहकर दिल्ली ने किया फाइनल में प्रवेश
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुकी मेग लैनिंग महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वह और उनकी टीम पहला डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दिल्ली की पुरुष टीम भी अभी तक आईपीएल जीतने में नाकाम रही है। दिल्ली की टीम ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल में सीधे प्रवेश किया जबकि मुंबई की टीम ने एलिमिनेटर में गुजरात जाएंट्स को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

मुंबई उठाना चाहेगी घरेलू परिस्थितियों का लाभ
मुंबई की टीम ब्रेबोर्न स्टेडियम की परिस्थितियों से अच्छी तरह से परिचित है और वह इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगी। मुंबई की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और दिल्ली के गेंदबाजों को उनसे पार पाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर की फॉर्म में वापसी भी मुंबई के लिए अच्छा संकेत है।

दिल्ली की ये गेंदबाज बन सकती हैं मुंबई की राह का कांटा
दिल्ली की तरफ से अभी तक स्पिनर जेस जोनासन और भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इन दोनों ने 11–11 विकेट लिए हैं। जोनासन और शिखा के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली ने राउंड रोबिन के अपने अंतिम मैच में मुंबई की टीम को नौ विकेट पर 123 रन पर रोक दिया था। मुंबई के बल्लेबाजों को इन दोनों से सतर्क रहना होगा।

मुंबई के खिलाड़ियों ने किया प्रभावित
सिवर ब्रंट और मैथ्यूज ने अभी तक गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन मुंबई के आक्रमण की मजबूत कड़ी ऑलराउंडर अमेलिया कर है जिन्होंने अभी तक 16 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में इस लेग स्पिनर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मुंबई की तरफ से ऑफ स्पिनर संस्कृति गुप्ता ने भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। भले ही उन्होंने अभी तक केवल चार विकेट लिए हैं लेकिन उनका इकोनॉमी रेट सात से कम है।

दिल्ली भी नहीं है पीछे
दिल्ली के लिए बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा (300 रन) की पावर प्ले में बल्लेबाजी महत्वपूर्ण होगी। उनके अलावा दिल्ली की तरफ से लैनिंग ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने अभी तक 263 रन बनाए हैं। युवा बल्लेबाज निक्की प्रसाद में भी मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

मुकाबला कितने बजे से शुरू होगा?
मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

कहां देख सकते हैं मुकाबला?

महिला प्रीमियर लीग 2025 के प्रसारण का अधिकार स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क के पास है। आप स्पोर्ट्स 18 के अलग-अलग भाषाओं के चैनल पर इस मुकाबले को देख सकते हैं। और मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नादिन डी क्लार्क, संस्कृति गुप्ता, साइका इशाक, शबनम इस्माइल, जिन्तिमनी कलिता, जी कमालिनी, अमनदीप कौर, अमनजोत कौर, एस. कीर्तन, अमेलिया कर, अक्षिता माहेश्वरी, हीली मैथ्यूज, सजीवन सजना, नेट सिवर-ब्रंट, परुनिका सिसोदिया, क्लो ट्राईटन।

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), जेमिमाह रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, स्नेहा दीप्ति, एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, अरुंधति रेड्डी, जेस जोनासन, मारिजन कप, मिन्नू मणि, एन चरणी, निकी प्रसाद, राधा यादव, शिखा पांडे, नंदिनी कश्यप (विकेटकीपर), तानिया भाटिया (विकेटकीपर), सारा ब्राइस (विकेटकीपर), तितास साधु।


महिला प्रीमियर लीग 2025- आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला आज

नई दिल्ली।  महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होना है। आरसीबी को अपने पिछले तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। आज दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आरसीबी फिर से जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।

गत चैंपियन आरसीबी ने वड़ोदरा में खेले गए अपने पहले दो मैच में जीत हासिल की थी लेकिन इसके बाद जब टूर्नामेंट का दूसरा चरण एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाने लगा तो उसे उम्मीद के विपरीत तीन मैच में हार झेलनी पड़ी। इनमें यूपी वारियर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार भी शामिल है। टूर्नामेंट का तीसरा चरण लखनऊ में खेला जाएगा।

आरसीबी की टीम अंक तालिका में अभी तीसरे स्थान पर है और वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए बेताब होगी। दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस मैच में खेलना चुनौती होगी क्योंकि वह शुक्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने के बाद आज फिर से मैदान पर उतरेगी।

मंधाना की टीम कर रही संघर्ष
आरसीबी की टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में संघर्ष कर रही है। उसके लिए कप्तान स्मृति मंधाना की फॉर्म चिंता का विषय है जो पांच पारियों में से केवल एक पारी ने अच्छा प्रदर्शन कर पाई है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 81 रन बनाए थे। मंधाना की सलामी जोड़ीदार इंग्लैंड की डैनी व्याट-हॉज के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव है जबकि शानदार फॉर्म में चल रही ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी भी गुजरात जॉइंट्स के खिलाफ पिछले मैच में रन नहीं बना पाई थी।

दिल्ली ने किया प्रभावित
आरसीबी की गेंदबाजी भी कमजोर नजर आ रही है क्योंकि उनकी दो प्रमुख तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और किम गार्थ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं। इन दोनों का अपनी लाइन और लेंथ पर नियंत्रण नहीं है। जहां तक दिल्ली कैपिटल का सवाल है तो शेफाली वर्मा और जेस जोनासन के फॉर्म में आने से उसकी बल्लेबाजी को मजबूती मिली है लेकिन कप्तान मेग लैनिंग रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। जेमिमा रोड्रिग्स और एनाबेल सदरलैंड भी टुकड़ों में ही अच्छा प्रदर्शन कर पाई हैं। शिखा पांडे, मारिजैन कैप, युवा टिटास साधु, सदरलैंड और मिन्नू मणि के रूप में दिल्ली कैपिटल्स के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है।

मुकाबला कितने बजे से शुरू होगा?
मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का टॉस सात बजे होगा।

कहां देख सकते हैं मुकाबला?

महिला प्रीमियर लीग 2025 के प्रसारण का अधिकार स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क के पास है। आप स्पोर्ट्स 18 के अलग-अलग भाषाओं के चैनल पर इस टूर्नामेंट के मुकाबले देख सकते हैं। और मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), कनिका आहूजा, एकता बिष्ट, चार्ली डीन, किम गार्थ, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हीदर ग्राहम, वीजे जोशीथा, सब्बिनेनी मेघना, नुजहत परवीन, जाग्रवी पवार, एलिसे पेरी, राघवी बिष्ट, स्नेह राणा, प्रेमा रावत, रेणुका सिंह, जॉर्जिया वेरेहम, डैनी व्याट-हॉज।

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), जेमिमाह रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, स्नेहा दीप्ति, एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, अरुंधति रेड्डी, जेस जोनासन, मारिजन कप, मिन्नू मणि, एन चरणी, निकी प्रसाद, राधा यादव, शिखा पांडे, नंदिनी कश्यप (विकेटकीपर), तानिया भाटिया (विकेटकीपर), सारा ब्राइस (विकेटकीपर), तितास साधु।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp