Tuesday, November 17, 2026
5:25 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मसूरी होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत मामले में पति गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

मसूरी होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत मामले में पति गिरफ्तार

देहरादून। मसूरी के टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को मसूरी-धनौल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे में अपने पति के साथ रुकी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली मसूरी में पति सोमयाजुला चरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय से अभियुक्त के गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी सोमयाजुला चरण, निवासी मधु विहार, पूर्वी दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

 


दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की मौत मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

महेंद्रगढ़ (निजामपुर): हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के निजामपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल की उनके ही दोस्तों द्वारा बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 मिली जानकारी के अनुसार, धौलेड़ा गांव के रहने वाले सुनील कुमार दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत थे और 14 जून को छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे। 15 जून को उनके दोस्त उन्हें किसी बहाने से बुलाकर अपने साथ ले गए, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। उसी दिन दोपहर में सुनील की पत्नी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि उनके पति कालिया नांगल क्षेत्र में नहर के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े हैं।

 परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सुनील को अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर सुनील कुमार ने परिजनों और पुलिस को बताया कि उनके साथ गए दो व्यक्तियों ने उन्हें बंधक बना लिया था और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। सुनील की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआत में मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन इलाज के दौरान हालत बिगड़ने से कॉन्स्टेबल सुनील कुमार की मौत हो गई।

जवान की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दीं। निजामपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में नामजद दोनों आरोपियों- प्रवीण और सनी (निवासी धौलेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।

मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की गंभीर आपराधिक घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


अमृतसर में खूनी रंजिश: तड़के सुबह घर से बाहर बुलाकर इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले के शहूरा गांव से एक सनसनीखेज और दुखद वारदात सामने आई है। यहां शनिवार तड़के पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस खूनी वारदात के बाद से पूरे गांव में शोक और भारी दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

मृतक के पिता लाहौरा सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे गुरअवतार सिंह की गांव के ही कुछ युवकों के साथ काफी समय से दुश्मनी चल रही थी। शुक्रवार देर रात गांव के ही रहने वाले गुरजंट सिंह, हनी डंडे और उनके कुछ अन्य साथी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उनके डेरे (घर) पर पहुंचे। उन्होंने बाहर से आवाज देकर गुरअवतार सिंह को घर से बाहर बुलाया।

पिता के अनुसार, जैसे ही गुरअवतार बाहर आया, आरोपियों के साथ उसकी तीखी कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुरजंट सिंह और हनी ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और गुरअवतार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाका दहल उठा और गुरअवतार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।


सेना अधिकारी की पत्नी की फोटो एडिट कर ब्लैकमेल का आरोप, कैफे संचालक पर केस दर्ज

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सेना के एक अधिकारी की पत्नी की फोटो एडिट कर रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि आवासीय परिसर में कैफे चलाने वाले पूर्व किराएदार ने रंगदारी न देने पर पूरे परिवार को इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर बदनाम करने की धमकी दी है। इस मामले में एसएसपी के कड़े आदेश के बाद इज्जतनगर थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।

 पीड़ित सेना के अधिकारी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी घर पर ही रहती हैं। उन्होंने बीते 2 अप्रैल को अपने आवासीय परिसर का एक हिस्सा रोहित सक्सेना नाम के व्यक्ति को कैफे चलाने के लिए किराए पर दिया था। आरोप है कि आरोपी रोहित ने शुरुआत में पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) की केवल रसीद दिखाई थी, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद उसने कभी भी अंतिम सत्यापन प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराया।

संदेह होने और नियमों का पालन न करने पर अधिकारी ने रोहित से वह परिसर खाली करवा लिया। दुकान हाथ से जाने के बाद आरोपी रोहित बौखला गया और उसने अधिकारी की पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी ने अफसर की पत्नी की तस्वीरों को एडिट (मॉर्फ) कर लिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों (रंगदारी) की मांग करने लगा।

 अधिकारी का आरोप है कि आरोपी रोहित लगातार उनकी पत्नी के मोबाइल फोन पर बेहद अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा है। वह बार-बार पूरे परिवार को समाज में बदनाम करने की धमकी दे रहा है। सेना के अधिकारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुट गई है।


राजपुर चोरीकांड का खुलासा, दून पुलिस ने तीन शातिर चोरों को दबोचा

एसएसपी दून के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध एक्शन मोड में दून पुलिस

अभियुक्तों के कब्जे से 01 लाख से अधिक की नगदी व अन्य सामान किया बरामद

गिरफ्तार तीनो अभियुक्त शातिर किस्म के है अपराधी, जो कबाड़ बीनने का करते है काम

कबाड़ बीनने के बहाने सुनियोजित तरीके से बंद घरों की रैकी कर देते है चोरी की घटनाओं को अंजाम

देहरादून – दिनांक 26/06/26 को अजय सिंह निवासी सहस्त्रधारा देहरादून द्वारा थाना राजपुर पर आकर लिखित तहरीर दी कि उनकी मालकिन, जो कि अक्सर दिल्ली रहती है, उनका मकान मक्का वाला मसूरी रोड पर स्थित है। दिनांक 26/06/26 को जब वह उक्त मकान को देखने गए तो देखा कि मकान के गेट का ताला टूटा हुआ था तथा उसके अंदर बबरामदे में रखी दो पीतल की बड़ी मूर्तियां चोरी हो गई थी। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर धारा 305 ए BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

चोरी की घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत व उनके अनावरण तथा उसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल थाना राजपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उसके आस-पास तथा आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का अवलोकन करते हुए घटना में शामिल संदिग्धों के संबंध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी/पतारसी करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही पूर्व में चोरी की घटनाओं में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थिती की जानकारी प्राप्त कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस टीम द्वारा लगातार किये जा रहे अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप दिनांक 10/07/2026 को पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चोरी की घटना में शामिल 03 अभियुक्तों को भंडार गांव जंगल रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ का विवरण:

अभियुक्तों से पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि वे तीनों कबाड्डी का काम करते हैं तथा कबाड़ बीनने की आड़ में देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर घूम कर बंद घरों की रेकी करते हुए मौका देखकर चिन्हित किये गए घरों में चोरी की घटना को अंजाम देते है। घटना में चुराए हुए सामान को अभियुक्त कुछ समय तक अपने पास रखकर बाद में मौका देखकर बेच देते हैं। दिनांक 26/06/26 को मक्का वाला मसूरी रोड स्थित बंद मकान के गेट का ताला तोड़कर उन्होंने उसके बरामदे में रखी पीतल की दो बड़ी मूर्तियां चुरा ली थी। चुराई गई मूर्तियों को कुछ समय बाद उनके द्वारा आईएसबीटी देहरादून स्थित एक कबाड़ी को बेच दिया था, बेचे हुए सामान से जो धनराशि उन्हें प्राप्त हुई थी, वह उन तीनों ने आपस में बांट ली थी। जिस कबाड़ी को उनके द्वारा सामान बेचा गया था, वह काफी दिनों से दुकान बंद कर फरार चल रहा है, जिसकी धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे है।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:-

1- जगदीप सिंह उर्फ जग्गी पुत्र सतनाम सिंह निवासी कावली रोड शिवाजी मार्ग, थाना पटेल नगर, देहरादून, उम्र 33 वर्ष।

2-साकेंद्र उर्फ बुल्ला पुत्र टहल साहनी निवासी मसतासपुर थाना बिशनपुर दरभंगा, बिहार हाल पता गांधी ग्राम, थाना पटेल नगर, देहरादून, उम्र 26 वर्ष।

3-मुखलिद पुत्र जाकिर अली निवासी – मेहुवाला, थाना बसंत विहार, देहरादून, उम्र 23 वर्ष।

बरामदगी

1- 1,05,000 रुपए नगद
2- एक आला नकब
3- मोबाइल फोन ओप्पो कंपनी (03)

पुलिस टीम :-

1- उ०नि० प्रवीण सैनी, चौकी प्रभारी कुठाल गेट
2- का० अमित
3- का० मोहित


धनबाद में ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, लाखों के चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोर

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक रोड स्थित कार्मेल स्कूल के सामने ‘मधु लक्खी ज्वेलर्स’ में अज्ञात चोरों ने दीवार काटकर (सेंधमारी) लाखों रुपये मूल्य के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर न सिर्फ डेढ़ से दो किलोग्राम चांदी के आभूषण ले उड़े, बल्कि पकड़े जाने के डर से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और उसका डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए।

बढ़ई की दुकान के रास्ते की सेंधमारी दुकान संचालक नीलकंठ कुमार वर्मा ने बताया कि रोज की तरह जब वह शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें इस वारदात का पता चला। चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देने के लिए ज्वेलरी शॉप के बगल में स्थित एक बढ़ई की दुकान का सहारा लिया। चोरों ने पहले बढ़ई की दुकान का ताला तोड़ा और फिर वहां से ज्वेलरी दुकान की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए।

 दुकान के अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने तिजोरी और काउंटरों को खंगाला और वहां रखे करीब 1.5 से 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण समेट लिए। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पहचान छुपाने के मकसद से दुकान के सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और रिकॉर्डिंग सिस्टम (डीवीआर) उखाड़कर अपने साथ ले गए।

 घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि दुकान संचालक की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों और रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।


दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी को मारी गोली, 2 लाख के जेवर लूटकर फरार

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से अपराधियों के दुस्साहस की एक बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार देर शाम बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जहां पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिसिया व्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

 मिली जानकारी के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र के शिवदासपुर निवासी संजय साह के पुत्र बबलू कुमार औराई बाजार में ‘संजय ज्वेलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान चलाते हैं। शनिवार देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर जेवरों से भरा बैग लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच, सुनसान रास्ते पर घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और हथियार के बल पर बैग छीनने की कोशिश की।

 जब व्यवसायी बबलू कुमार ने आभूषणों से भरा बैग देने से इनकार किया और लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर सीधी गोली चला दी। गोली लगते ही व्यवसायी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश आसानी से करीब दो लाख रुपये मूल्य के आभूषणों से भरा बैग लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है।

वारदात की सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों की पहचान के लिए रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


लोहरदगा में पारिवारिक विवाद बना खूनी, पिता ने बेटे पर किया जानलेवा हमला

लोहरदगा (सेन्हा): झारखंड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। मुर्की तोड़ार पंचायत के तोड़ार गांव में एक पिता ने घरेलू कलह के दौरान बीच-बचाव करने आए अपने ही सगे बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

 जानकारी के अनुसार, तोड़ार गांव के रहने वाले बालकिशुन उरांव का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो रहा था। घर में हो रहे शोर-शराबे को सुनकर उनका बेटा संदीप उरांव वहां पहुंचा। संदीप ने अपने माता-पिता के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की।

 बेटे का बीच में टोकना गुस्से से आगबबूला बालकिशुन उरांव को नागवार गुजरा। उसने तैश में आकर घर में रखे एक धारदार हथियार से संदीप के गले पर सीधा वार कर दिया। हमले में संदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजनों ने घायल संदीप को इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया। हालांकि, संदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सेन्हा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी पिता बालकिशुन उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


राजनगर एक्सटेंशन में 7 साल की बच्ची का लहूलुहान शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मॉल के पास सात वर्षीय मासूम बच्ची का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए सिर और मुंह पर पत्थरों से वार कर बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची की पहचान कर ली गई है। वह राजनगर एक्सटेंशन में बन रहे एक मॉल में काम करने वाले मजदूर परिवार की बेटी थी। परिजनों ने बताया कि रात को पूरा परिवार झुग्गी में सो रहा था। करीब आधी रात (12 बजे) जब अचानक आंख खुली, तो बच्ची अपने बिछौने से गायब थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह निर्माणाधीन मॉल के पास सूनसान जगह पर उसका शव मिला।

 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जिसके सिर पर भारी पत्थर से प्रहार के गंभीर निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है ताकि दुष्कर्म की पुष्टि हो सके। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


दिल्ली में हाई अलर्ट: लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई पुलिस के पास आया था कॉल

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां ऐतिहासिक इमारत लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी भरा फोन कॉल मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में आया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, दिल्ली और मुंबई पुलिस की संयुक्त जांच के बाद इस कॉल को फर्जी (Hax Call) घोषित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात शख्स ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि लाल किले को बम से उड़ा दिया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी। दिल्ली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उत्तरी जिला पुलिस को अलर्ट किया।

सूचना मिलते ही उत्तरी जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गईं। लाल किले और उसके आसपास के इलाकों की सुरक्षा को अचानक बढ़ा दिया गया। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। काफी मशक्कत और गहन जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और इसे एक ‘हॉक्स कॉल’ करार दिया।

 यह कोई पहली बार नहीं है जब दिल्ली के किसी संवेदनशील या ऐतिहासिक स्थल को निशाना बनाने की धमकी दी गई हो। पिछले कुछ समय में दिल्ली की अदालतों, स्कूलों और कई सरकारी इमारतों को भी इसी तरह बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस फिलहाल कॉल करने वाले अज्ञात शख्स की लोकेशन ट्रेस करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp