Tuesday, November 17, 2026
5:04 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पटेलनगर क्षेत्र में कैफे के बाहर हुई फायरिंग का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

पटेलनगर क्षेत्र में कैफे के बाहर हुई फायरिंग का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल 32 बोर व 03 जिंदा कारतूस हुए बरामद

देहरादून। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग की घटना डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) निवासी सन्नी चौधरी ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दून मेडिकल कॉलेज के पास स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर शुभम और युवराज ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद 21 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और शिकायतकर्ता का करीब डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पैसों के विवाद के कारण रिश्ते बिगड़ गए थे। आरोपी के मुताबिक, वह कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। घटना वाले दिन उसे पता चला कि शिकायतकर्ता उसके एक दोस्त के पीजी हॉस्टल के पास मौजूद है। वह बातचीत के इरादे से वहां पहुंचा, लेकिन कहासुनी बढ़ने पर गुस्से में उसने पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली शिकायतकर्ता को नहीं लगी और वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में नामजद दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।


विकासनगर में सनसनी: कमरे से युवक का शव और गंभीर हालत में मिली महिला

महिला अस्पताल में भर्ती; हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

देहरादून। देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कल्याणपुर में एक कमरे से युवक का शव और एक महिला के गंभीर रूप से घायल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला गोली लगने का सामने आया है, हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश, निवासी हयोटंगरी, चकराता के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान संगीता, निवासी बुटानू, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। महिला को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर कमलेश खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कमलेश का संगीता के यहां अक्सर आना-जाना था। हालांकि दोनों के बीच क्या संबंध थे और घटना की वजह क्या रही, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आवश्यक सबूत कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मार ली, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


हरिद्वार में दो साधुओं की निर्मम हत्या, जंगल में गड्ढे से मिले शव

हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर से दो साधुओं की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर में कुछ दिन पहले ठहरे तीन साधु संदेह के घेरे में हैं, जो घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक मंदिर के एक सेवादार ने सूचना दी थी कि मंदिर में रहने वाले साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी पिछले कुछ समय से दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में गुमशुदगी की सूचना मिलने पर पथरी थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर व आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मंदिर के समीप जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को जमीन में दबा दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की शुरुआती जांच में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से तीनों फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।


रायपुर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्तों के कब्जे से घटना में लूटी गई शत-प्रतिशत सम्पत्ति को किया बरामद

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी संपत्ति भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उनके सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार तलाश की गई।

पुलिस ने 20 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत, निवासी अपर गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर और अंकित गुप्ता, निवासी आदर्श कॉलोनी, रायपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर सिंह पीड़िता के मोहल्ले में ही रहता था और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ लूट की योजना बनाई। दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था की जांच का बहाना बनाया, घर में प्रवेश किया और महिला को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी लूट का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।


अदालत का बड़ा फैसला- नेनमारा डबल मर्डर केस में दोषी को सुनाई फांसी की सजा

20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया

पलक्कड़। केरल के चर्चित नेनमारा दोहरे हत्याकांड में अदालत ने दोषी को कड़ी सजा सुनाते हुए फांसी का आदेश दिया है। अदालत ने मामले को ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ (दुर्लभतम) श्रेणी का अपराध मानते हुए दोषी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

पलक्कड़ की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 61 वर्षीय छेंटामारा को अपने पड़ोसी सुधाकरन और उनकी मां लक्ष्मी की हत्या का दोषी करार देते हुए मौत की सजा सुनाई। यह सनसनीखेज वारदात 27 जनवरी 2025 को नेनमारा के निकट पोथुंडी क्षेत्र में हुई थी।

अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 126(2) के तहत गलत तरीके से रोकने का दोष सिद्ध माना। फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि एक ही परिवार के दो लोगों की निर्मम हत्या किए जाने के कारण यह मामला ‘दुर्लभतम’ श्रेणी में आता है, इसलिए दोषी को मृत्युदंड दिया जाना उचित है।

जांच के अनुसार, आरोपी इससे पहले वर्ष 2019 में सुधाकरन की पत्नी सजीता की हत्या के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका था। उस मामले में जमानत पर रिहा होने के कुछ समय बाद उसने कथित रूप से सुधाकरन और उनकी मां लक्ष्मी की हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने विशेष तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया था।

बताया गया कि सजीता हत्याकांड में आरोपी को पहले ही दोहरे आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है। वहीं, दोहरे हत्याकांड की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष 81 गवाहों के बयान और 28 भौतिक साक्ष्य पेश किए, जिनके आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई।


शराब ठेके पर लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा। नगरोटा बगवां क्षेत्र में शराब ठेके के सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये की लूट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को अहम सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपियों में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से गिरफ्तार कर मामले की जांच को आगे बढ़ाया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून की देर रात पटियालकड़ (धलूं) स्थित शराब ठेके पर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि तीन युवक पहले ठेके के अहाते में शराब पीने पहुंचे और कुछ देर बाद दो अन्य साथियों के साथ दोबारा वहां लौटे। इसके बाद एक आरोपी ने सेल्समैन पर देसी कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के बाद आरोपी ठेके से करीब 1.75 लाख रुपये की नकदी और सेल्समैन का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया और बाद में वारदात में इस्तेमाल की गई कार को कठुआ से कब्जे में लिया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी राजेश उर्फ गार्डी को 19 जुलाई को कठुआ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


सोशल मीडिया पर महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महिला तथा बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस

देहरादून। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अश्लील, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका के चलते कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा ने कोतवाली डालनवाला में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ‘पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी’ नाम से फेसबुक अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति ने महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची और समाज में तनाव का माहौल उत्पन्न होने की आशंका बनी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 79 सहित स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी राजेन्द्र सिंह रावत को नई दिल्ली स्थित उसके वर्तमान निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर आमजन, विशेषकर महिलाओं में भारी नाराजगी थी और उसके कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसे देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान राजेन्द्र सिंह रावत पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम भरगढ़ी, पोस्ट बजवाड़, थाना पौड़ी गढ़वाल तथा वर्तमान निवासी इंद्रापार्क, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में आराघर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार सैनी, महिला उपनिरीक्षक विनयता चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को मिला जनसमर्थन, चौथे दिन 8.30 लाख से अधिक लोग हुए जागरूक

मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में आयोजित किए 1,300 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

भोपाल।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के चौथे दिन पुलिस ने जागरूकता गतिविधियों को और तेज करते हुए 1,300 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनके माध्यम से 8.30 लाख से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन तक नशे के दुष्परिणामों का संदेश पहुंचाया गया।

अभियान के दौरान लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।


मुख्य बातें (Highlights)

  • चौथे दिन 1,300 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
  • 8.30 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश।
  • स्कूल, कॉलेज, ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान।
  • रैली, नुक्कड़ नाटक, मैराथन, साइक्लोथॉन और सोशल मीडिया के जरिए जनजागरूकता।
  • नशा छोड़ने वालों के लिए परामर्श और पुनर्वास केंद्रों की जानकारी भी दी गई।

पूरे प्रदेश में चला जनजागरूकता अभियान

मध्यप्रदेश पुलिस ने अभियान के तहत—

  • हॉटस्पॉट क्षेत्रों
  • ग्रामीण अंचलों
  • स्कूल और कॉलेज
  • सार्वजनिक स्थलों

पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नशे के आदी लोगों को परामर्श एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी भी दी गई।


विभिन्न माध्यमों से दिया गया संदेश

अभियान के दौरान—

  • शॉर्ट फिल्म प्रदर्शन
  • व्याख्यान
  • चित्रकला प्रतियोगिता
  • निबंध प्रतियोगिता
  • नुक्कड़ नाटक
  • रैलियां
  • मैराथन
  • साइक्लोथॉन
  • हस्ताक्षर अभियान
  • सोशल मीडिया अभियान

के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।


जिलों में हुए प्रमुख आयोजन

इंदौर

  • 4.39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच।
  • साइक्लोथॉन, नुक्कड़ नाटक और राजबाड़ा पर विशेष कार्यक्रम।
  • 60 से अधिक बिलबोर्ड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सहभागिता।

बुरहानपुर

  • 1.35 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया।
  • स्कूलों में चित्रकला, रंगोली, निबंध, रैप डांस और नुक्कड़ नाटक आयोजित।

बालाघाट

  • 172 कार्यक्रमों के माध्यम से 30 हजार से अधिक लोगों तक पहुंच।

मंडला

  • 70 कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान चलाया।

जीआरपी भोपाल

  • रेलवे स्टेशन, यात्रियों, कुलियों और ऑटो चालकों सहित 20,700 से अधिक लोगों को जागरूक किया।

बैतूल

  • 50 हजार से अधिक नागरिकों ने ऑनलाइन नशामुक्ति शपथ (Online Pledge) ली।

आलीराजपुर

  • आदिवासी क्षेत्रों और हाट-बाजारों में निमाड़ी और भीली भाषा में जागरूकता अभियान।

सिंगरौली

  • 1,600 विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति का संदेश दिया।

रतलाम

  • मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों के साथ नशामुक्ति सेमिनार।

रीवा

  • जागरूकता अभियान के साथ स्कूलों के आसपास पान-गुटखा विक्रेताओं पर कार्रवाई।

खंडवा और बड़वानी

  • स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान।

डिंडोरी

  • कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से नशामुक्ति संदेश प्रसारित।

राजगढ़

  • प्रचार वाहन के जरिए गांव-गांव तक अभियान पहुंचाया गया।

आगर मालवा

  • ग्राम चौपालों में जागरूकता और नशा पीड़ितों की काउंसलिंग।

अशोकनगर

  • हॉटस्पॉट क्षेत्रों और आदिवासी बस्तियों में नशा छोड़ने के लिए परामर्श।

अनूपपुर

  • कई शिक्षण संस्थानों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम और सामूहिक शपथ।

पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की भी सक्रिय भागीदारी

अभियान में पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और विशेष पुलिस इकाइयों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रमुख गतिविधियां—

  • स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
  • नुक्कड़ नाटक
  • निबंध प्रतियोगिता
  • रैलियां
  • मैराथन
  • जनसंवाद
  • व्याख्यान

आयोजित किए गए।


जनआंदोलन का रूप ले रहा अभियान

पुलिस मुख्यालय ने कहा कि ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अब केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता पर आधारित सामाजिक आंदोलन बन चुका है।

सभी नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।


मध्यप्रदेश पुलिस का संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ा प्रहार: 6 दिनों में 70 लाख रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद, 33 आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न जिलों ने विगत 6 दिनों में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलताएं अर्जित की हैं। इस दौरान लगभग 70 लाख से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद करते हुए 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कई अंतर्राज्यीय एवं संगठित गिरोहों का पर्दाफाश कर चोरी के प्रकरणों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।

प्रमुख उपलब्धियां

गुना पुलिस ने चैन चोरी के 8 प्रकरणों का खुलासा करते हुए 3 अंतर्राज्यीय संगठित गिरोहों के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं विभिन्न राज्यों के समन्वय से 21 लाख 20 हजार मूल्य की चोरी गई 11 सोने की चेन बरामद की है।

भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा लगभग 15 लाख मूल्य के स्वर्णाभूषण एवं अन्य चोरी चोरी गयी संपत्ति बरामद  की है। यह सफलता तकनीकी विश्लेषण, 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के परीक्षण एवं सघन विवेचना के आधार पर प्राप्त हुई।

शिवपुरी जिले की थाना देहात पुलिस ने मात्र 24 घंटे में शटर व ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक कार सहित लगभग 11 लाख 60 हजार मूल्य का चोरी गयी संपत्ति बरामद की है ।

बड़वानी जिले की थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर सभी 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा 12 लाख मूल्य का शत-प्रतिशत चोरी चोरी गयी संपत्ति बरामद की हैl 

सीहोर जिले की थाना कोतवाली पुलिस ने दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए आरोपी पुजारी से लगभग 8 लाख मूल्य का चोरी चोरी गयी संपत्ति बरामद की है।

खरगोन में तीन सूने मकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए खरगोन पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से लगभग 2.40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं 45 हजार रुपये नकद बरामद कर प्रकरण का सफल खुलासा किया। 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार की जा रही है। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र तथा अंतरजिला एवं अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है।


ऋषिकेश में हुई चोरी की घटनाओं का दून पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्तों के कब्जे से घटना मे चोरी की गई नगदी व अन्य सामान हुआ बरामद

देहरादून। ऋषिकेश में अलग-अलग दुकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए हरियाणा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे की लत के चलते वारदातों को अंजाम देते थे, जबकि मामले में शामिल उनके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक पहली घटना 12 अप्रैल 2026 को हरिद्वार रोड स्थित कृष्णा मिष्ठान भंडार में हुई थी, जहां दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली गई थी। इसके बाद 23 जून 2026 को देहरादून रोड स्थित न्यू कैलाश मेडिकल हॉल का ताला तोड़कर नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों का सत्यापन किया।

लगातार जांच के दौरान 17/18 जुलाई की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खांड गांव जाने वाले मार्ग स्थित अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक गोयल (28 वर्ष) निवासी सोनीपत, हरियाणा और विक्रम (20 वर्ष) निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी से मिली अधिकांश रकम उन्होंने नशे और अन्य व्यक्तिगत जरूरतों पर खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,200 रुपये नकद और चोरी किए गए महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp