Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बठिंडा कॉलेज में छात्र के पास मिले नशीले कैप्सूल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

बठिंडा कॉलेज में छात्र के पास मिले नशीले कैप्सूल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बठिंडा (पंजाब)- पंजाब के बठिंडा में एक कॉलेज छात्र के पास से नशीले कैप्सूल बरामद होने का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रशासन की सतर्कता के चलते छात्र को समय रहते पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को छात्र जब कॉलेज पहुंचा, तो नियमित जांच के दौरान उसके बैग से नशीले कैप्सूल के करीब 10 पत्ते मिले। इस पर कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन की टीम मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर कैप्सूल जब्त कर लिए। पुलिस अब छात्र से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इन नशीले पदार्थों को किस उद्देश्य से लेकर आया था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र खुद इन कैप्सूलों का सेवन करता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सप्लाई चेन का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।


देहरादून में डेबिट कार्ड ठगी गैंग का पर्दाफाश, 66 एटीएम कार्ड के साथ तीन गिरफ्तार

देहरादून –  प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा किया है। झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए एक कार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी ली।

जांच के दौरान आरोपियों के पास विभिन्न बैंकों के 66 डेबिट कार्ड मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन की जानकारी हासिल कर खाते से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं और किन-किन इलाकों में इन्होंने वारदात को अंजाम दिया है।


दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹15,000 का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹15,000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके स्थित आस्था कुंज पार्क के पास से गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा गया। यह अपराधी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से वांछित था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में आने वाला है, जिसके बाद एटीएफ/एसईडी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच हल्की मुठभेड़ भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान के रूप में हुई है, जो दिल्ली के ओल्ड मुस्तफाबाद का रहने वाला है। उसके खिलाफ कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 24 दिल्ली और 4 उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह झपटमारी, चोरी और अन्य संपत्ति से जुड़े अपराधों में सक्रिय रहा है, जबकि कुछ गंभीर मामलों में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।

पूछताछ में आरोपी ने पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चोरी की 10 से अधिक वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने और चोरी के माल की बरामदगी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।


देहरादून में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, कार से टक्कर मार अपहरण की कोशिश

देहरादून –   पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भाजपा युवा नेता पर जानलेवा हमला और कथित अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

पीड़ित हर्ष वालिया, जो नयागांव चंद्रबनी के निवासी और भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं, ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी। उसी दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

हर्ष के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास स्थित एक कैफे से लौट रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवकों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान एक अन्य कार से पहुंचे कुछ और युवक उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिससे आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


केशवपुरम में मेड की करतूत: लाखों के गहने चोरी, पति की गूगल सर्च से खुला राज

नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली में दो अलग-अलग घटनाओं ने एक बार फिर घरेलू सहायकों की भूमिका और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर केशवपुरम इलाके में एक घरेलू सहायिका ने अपनी बुजुर्ग मालकिन के घर से लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया, वहीं दूसरी ओर लुटियंस दिल्ली के गोल्फ लिंक्स इलाके में घरेलू सहायक की मिलीभगत से हाई-प्रोफाइल डकैती को अंजाम दिया गया।

पहली घटना में केशवपुरम निवासी 82 वर्षीय संतोष देवी के घर से करीब 250 ग्राम सोने के गहनों की चोरी हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने घर में काम करने वाली सहायिका सुखवती और उसके पति उमेश से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपों से इनकार करने के बावजूद, उमेश के मोबाइल फोन की जांच में यह सामने आया कि उसने वारदात से पहले सोने के भाव ऑनलाइन सर्च किए थे। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और कड़ाई से पूछताछ में सुखवती ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए हैं और पति की भूमिका की भी जांच जारी है।

दूसरी घटना में नई दिल्ली के गोल्फ लिंक्स स्थित एक कारोबारी के घर में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई। बताया गया कि घर में हाल ही में रखे गए घरेलू सहायक ने ही पूरी साजिश रची। उसने घर की सुरक्षा व्यवस्था और दिनचर्या की जानकारी जुटाकर अपने साथियों को बुलाया और वारदात की रात मुख्य दरवाजा खुला छोड़ दिया। इसके बाद सात बदमाश घर में घुस आए, परिवार को बंधक बनाया और लाखों के गहने व नकदी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों—गुड्डू कुमार कामत, रमन कामत और अमित सिंह उर्फ गब्बर—को मुंबई और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य आरोपी घरेलू सहायक समेत अन्य की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें बिहार, यूपी और दिल्ली-एनसीआर में लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में यह साफ हुआ है कि बिना सत्यापन के घरेलू सहायकों को रखना गंभीर जोखिम बन सकता है।


नशे की शिकायत पर हमला: सोनिया विहार में परिवार पर चाकू-रॉड से वार, तीन घायल

नई दिल्ली- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब नशे की शिकायत करने पर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला समेत परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना चौथा पुश्ता स्थित दुर्गा मंदिर के पास की है, जहां पीड़ित परिवार के घर के नजदीक खाली प्लॉट पर कुछ लोग अक्सर नशा करते थे। परिवार द्वारा इस गतिविधि का विरोध और पुलिस में शिकायत करने के बाद से ही आरोपियों ने उनसे दुश्मनी पाल ली थी।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले परिवार की कार में तोड़फोड़ की और उसे आग लगाने की कोशिश भी की। इसके बाद पीड़ितों ने एक और शिकायत दर्ज कराई, जिससे आरोपी और ज्यादा आक्रोशित हो गए।

बीती रात आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और चाकुओं से लैस होकर घर में जबरन घुसकर हमला कर दिया। उन्होंने बुजुर्ग महिला और उनके दोनों बेटों, अरुण और आर्यन को बुरी तरह घायल कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


पूर्णिया में 6 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला शव

पूर्णिया।  बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 6 साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। गांव के पास खेत में खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

अमौर थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक बच्ची की पहचान मंजीत हरिजन की 6 वर्षीय बेटी सोमिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची रविवार शाम गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने देर शाम तक इंतजार करने के बाद उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित मकई के खेत में बच्ची का शव मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया और लोग स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी जाएगी।


देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा, बड़ी मात्रा में सिलेंडर बरामद

देहरादून – जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर देहरादून में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सहस्त्रधारा रोड स्थित काली बस्ती और निरंजनपुर क्षेत्र में क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

पहले अभियान के दौरान टीम ने 7 गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई में 32 सिलेंडरों के साथ 4 अवैध रिफिलिंग उपकरण भी बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था।

प्रशासन ने मौके से 327 सिलेंडरों से भरा एक वाहन भी कब्जे में लिया, जिससे बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है। यह पूरा ऑपरेशन रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चला।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों द्वारा गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से भरकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।


अंबाला में इलाज के बहाने महिला से छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी फरार

अंबाला अंबाला जिले के पंजोखरा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इलाज के लिए पहुंची महिला ने एक कथित डॉक्टर पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, वह कमर और पैरों में दर्द की समस्या के इलाज के लिए क्लिनिक गई थी।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने जांच के बहाने उसे एक अलग कमरे में बुलाया और अनुचित तरीके से व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट भी की। किसी तरह महिला वहां से निकलकर बाहर आई और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और उसकी पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि वह वास्तव में डॉक्टर है या नहीं।

थाना अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


होशियारपुर में ड्रग्स और हथियारों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, चार गिरफ्तार

 चंडीगढ़- होशियारपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो विदेशी पिस्तौल, आठ मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ये लोग अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा थे और विदेश में बैठे अपराधियों के निर्देश पर काम कर रहे थे।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह ड्रग्स की तस्करी के साथ-साथ अवैध हथियारों की सप्लाई में भी सक्रिय था। स्थानीय स्तर पर ये आरोपी नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और विभिन्न राज्यों में सप्लाई चैन को संभालते थे।

इस मामले में गढ़शंकर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp