Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पत्नी के मायके जाने से बौखलाया कारोबारी, परिवार को दी सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी

Category Archives: क्राइम

पत्नी के मायके जाने से बौखलाया कारोबारी, परिवार को दी सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी

लुधियाना – पंजाब के लुधियाना में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी पर मासूम बच्ची और महिला की तस्वीरों का दुरुपयोग कर परिवार को ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप देकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद मोती नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंकल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी पेशे से जूता कारोबारी होने के साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय था। पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ गया। इसी बीच पत्नी के मायके चले जाने से नाराज आरोपी ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष को बदनाम करने की योजना बनाई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने सात साल की बच्ची और एक महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल के जरिए कथित तौर पर डराने-धमकाने का प्रयास भी किया गया। लगातार मिल रही धमकियों के बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।


पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या से सनसनी, एकतरफा प्यार में वारदात का आरोप

लुधियाना- पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। छह दिनों से लापता चल रही गायिका का शव नीलो नहर से बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में एकतरफा प्यार और शादी का दबाव इस वारदात की बड़ी वजह बनकर सामने आया है।

परिजनों के अनुसार, 13 मई की रात इंदर कौर घर से घरेलू सामान लेने के लिए अपनी कार से बाजार गई थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि मोगा जिले के भलूर गांव निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर बदला लेने की फिराक में था।

परिवार का आरोप है कि आरोपी विशेष तौर पर कनाडा से पंजाब आया और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रास्ते में गायिका की कार रोककर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी वापस कनाडा फरार हो गया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 15 मई को ही मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपी देश छोड़कर भाग निकला।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मुख्य आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात भी सामने आई है।


मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक अभियुक्त को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्त के कब्जे से 454 ग्राम अवैध चरस हुई बरामद

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीती के दून पुलिस के चक्रव्यूह में फंसते नशा तस्कर

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने और पुलिस मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में रायपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 454 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रायपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 1 मित्तल वेंडिंग प्वाइंट रायपुर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शराफत पुत्र लियाकत निवासी जस्मौरे, थाना बेहट, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 454 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल संख्या यूके-07-एफके-9938 को भी सीज किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में स्थानीय नशा करने वालों से कम मात्रा में चरस खरीदकर अन्य लोगों को ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

देहरादून पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


उत्तराखंड में हत्याओं का ग्राफ 14 फीसदी बढ़ा

उत्तराखंड की शांत वादियों में अपराधों का बढ़ रहा ग्राफ चिंताजनक हालात दर्शा रहा है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में सामने आया है कि उत्तराखंड में हत्या जैसे संगीन अपराधों में 14 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

अपराधों के आंकड़े

एनसीआरबी की 2024 की हाल में जारी रिपोर्ट में अपराधों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक 2022 के मुकाबले 2024 में हत्या के मामलों में 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 2022 में प्रदेश में 187 हत्याएं दर्ज की गई थीं। यह संख्या वर्ष 2024 में 213 के पार पहुंच गई। इन तीन सालों में कुल 583 हत्या के मामले सामने आए। 2022 में राज्य में अपहरण के कुल 1169 मामले आए। 2023 में इनमें बढ़ोतरी हुई और संख्या 1264 पहुंची। वहीं 2024 में संख्या 1123 थी। राज्य में अपहरण की दर 9.5 रही।

हिमालयी राज्यों में स्थिति

हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड अपराधों के मद्देनहर दूसरे नंबर पर है। पहले स्थान पर असम है। अन्य हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के मुकाबले काफी कम मामले दर्ज किए गए। हालांकि, इसकी एक वजह अधिक आबादी भी रही है।

अपहरण के मामले

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में अपहरण के मामले आंध्र प्रदेश से अधिक हैं। जहां 2022 से 2024 तक तीन साल में आंध्र प्रदेश में 2100 से ज्यादा अपहरण के मामले दर्ज हुए वहीं उत्तराखंड में 3500 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस की मुस्तैदी

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था और अपराध रोकने को लेकर गंभीर है। पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि दिन रात बीट अधिकारियों से गश्त कराना सुनिश्चित करें ताकि अपराध पर लगाम लग सके।


प्रेमनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना में फरार अभियुक्त को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

एसएसपी दून के आगे पस्त होते अपराधियों के हौसले

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस पहले ही इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, 6 मई की रात करीब 2:15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर लौटने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवक उसे जबरन अपने साथ जमुनवाला पुल की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये लूट लिए तथा उसे पुल से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने 12 मई को घटना में शामिल आरोपी मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन बरामद किया था। पूछताछ में दूसरे आरोपी अश्मित थापा का नाम सामने आया, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अश्मित थापा को कोल्हूपानी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में लूटा गया रियलमी फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मृदुल गुरुंग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्मित थापा (21 वर्ष) पुत्र अमित थापा निवासी कौलागढ़, थाना कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


हॉस्टल के कमरे में मिले दो मजदूरों के खून से लथपथ शव, पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। सीताराम इंस्टिट्यूट के हॉस्टल परिसर के एक कमरे में दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से हमला कर दोनों की बेरहमी से हत्या की गई। पुलिस को मौके पर एक अन्य मजदूर भी मिला है, जिसके चलते संदेह जताया जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक हाल ही में निर्माणाधीन बिल्डिंग में माली का काम करने आए थे और वहीं रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के मजदूरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

फॉरेंसिक टीम ने कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


चालान के नाम पर ₹1.20 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी चालान लिंक बना ठगी का जाल! एक क्लिक की गलती पड़ी भारी!

पौड़ी।  कोटद्वार में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां चालान के नाम पर एक व्यक्ति से ₹1.20 लाख की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 12 फरवरी 2026 की है, जब पीड़ित जीत सिंह ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फर्जी चालान संदेश आया था। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने और उसे डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से ₹1,20,000 की राशि कट गई। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0-32/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी अभिषेक सोलंकी, निवासी अहमदाबाद की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गुजरात से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने Flipkart ऐप के माध्यम से पीड़ित के खाते से धनराशि का लेन-देन किया था। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


नीट 2026 से पहले फर्जी एडमिशन रैकेट का भंडाफोड़, डॉक्टर समेत 4 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नीट (यूजी) 2026 परीक्षा से पहले मेडिकल प्रवेश दिलाने के नाम पर चल रहे बड़े ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक डॉक्टर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को एमबीबीएस में पक्का दाखिला दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने परीक्षा से पहले फर्जी प्रश्नपत्र देने का दावा करते हुए 18 छात्रों को अलग-अलग स्थानों पर ठहराया था। छापेमारी के दौरान इन सभी छात्रों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। जांच में सामने आया कि जो प्रश्नपत्र दिए गए थे, वे पुराने पेपर्स और कोचिंग मटेरियल के आधार पर तैयार किए गए थे।

इस कार्रवाई की शुरुआत 2 मई को सूरत पुलिस से मिली सूचना के बाद हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए महिपालपुर एक्सटेंशन के कई होटलों में छापेमारी की। यहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक बिचौलिया भी शामिल है जो गुजरात से छात्रों को फंसाता था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अभिभावकों से 20 से 30 लाख रुपये तक की मांग करते थे और एडमिशन के नाम पर एडवांस भी लेते थे। वे 10वीं और 12वीं की मूल मार्कशीट के साथ खाली साइन किए गए चेक भी अपने पास रख लेते थे।

पुलिस ने गाजियाबाद में जाल बिछाकर मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया और एक फ्लैट पर छापा मारकर 15 अन्य छात्रों को छुड़ाया, जिनमें कुछ नाबालिग भी थे। सभी छात्रों को काउंसलिंग के बाद परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई है।

जांच के अनुसार, गिरोह का सरगना पूरी साजिश को संचालित करता था, जबकि एक आरोपी फर्जी पेपर तैयार करता था। अन्य सदस्य रहने-खाने की व्यवस्था और परिवारों से संपर्क करने का काम संभालते थे। पुलिस ने मौके से 149 पन्नों की संदिग्ध प्रश्न-उत्तर सामग्री, खाली चेक और कई दस्तावेज बरामद किए हैं।


6 लाख की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई

यमुनानगर- जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने करीब 6 लाख रुपये की 126 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हमीदा क्षेत्र के गड़ी रोड के पास एक युवक खाली प्लॉट में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवक को मौके से काबू किया गया। तलाशी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह को मौके पर बुलाया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 126 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी समीर पुत्र गुलजार के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस गिरोह से जुड़ा है और किन इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


वजीरपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: पिता ने पत्नी और चार बच्चों की ली जान

गुरुग्राम –  वजीरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और चार बच्चों की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और आर्थिक तंगी को इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नाजिम ने कथित तौर पर अपने परिवार को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में उसकी पत्नी और चार मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, मृतका नाजमा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और उसने परिवार के विरोध के बावजूद नाजिम से शादी की थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी नशे का आदी था और आर्थिक परेशानियों के कारण घर में आए दिन झगड़े होते थे।

बताया जा रहा है कि परिवार करीब छह महीने पहले ही वजीरपुर में किराये के मकान में रहने आया था। आरोपी गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू इलाके में सैलून चलाता था। घटना से कुछ दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp