Tuesday, November 17, 2026
1:10 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हाथी बाजार में जनरल स्टोर की दुकान में चोरी, 10 हजार का सामान और नकदी ले गए चोर

Category Archives: क्राइम

हाथी बाजार में जनरल स्टोर की दुकान में चोरी, 10 हजार का सामान और नकदी ले गए चोर

वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में किराए के मकान में रहने वाले दिनेश गुप्ता की जनरल स्टोर की दुकान में रविवार रात चोरी हो गई। चोर दुकान से करीब 10 हजार रुपये का सामान और लगभग दो हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे दिनेश गुप्ता किराए के मकान से दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद जंसा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दुकानदार को मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हाथी राम बाबा मंदिर से कुछ कदम की दूरी पर हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में चिंता का माहौल है।


मारपीट के बाद युवक की मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई मारपीट के मामले में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को शफीक पुत्र मौ. ईद्रीश निवासी रिंग रोड, होटल पर्ल एवेन्यू के पास, देहरादून ने रायपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को उनके साले जानिसार खान पुत्र शकील खान, निवासी राजीव नागलिया का प्लॉट, रायपुर के साथ विक्कू और उसके अन्य साथियों ने मारपीट की थी। घटना में जानिसार को गंभीर चोटें आई थीं।

मारपीट के बाद से जानिसार की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। 13 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी कराई है।

गिरफ्तार आरोपी

विकास साहनी उर्फ विक्कू, पुत्र भोटाई साहनी, निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 22 वर्ष।
सोनू साहनी, पुत्र भोटाई साहनी, निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 21 वर्ष। वर्तमान पता—झुग्गी-झोपड़ी, मंदिर के पास, थाना रायपुर, देहरादून।


आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर 1लाख रुपये ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़

काशीपुर : एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस ने एक व्यक्ति का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर उससे 5 लाख रुपये रुपये ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 लाख रुपये नकद तथा एक कार बरामद की है।

आपको बता दें कि दिनांक 10.08.2026 को कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि 2 महिलाओं सहित 4 आरोपियों ने तमंचे के बल पर मारपीट करते हुए उससे 5 लाख रुपये वसूल लिए उसे जान से मारने की धमकी दी तथा षड्यंत्र के तहत आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।

वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में धारा 115(2)/308(5)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मनोज धौनी के सुपुर्द की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना के अनावरण के कड़े निर्देश दिए।

पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर मुकदमे में मुख्य अभियुक्त राजेंद्र कुमार को दिनांक 12.09.2026 को प्रतापपुर बैरियर के पास, रामनगर रोड से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई धनराशि में से 1,00,000 रुपये नकद एवं एक कार बरामद की गई।

पूछताछ में अभियुक्त द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए पीड़ित से रुपये वसूलने की योजना बनाए जाने की बात बताई गई। अभियुक्त के अनुसार पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे धनराशि वसूली गई। मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त – राजेंद्र कुमार (32 वर्ष) पुत्र स्व. सतनाम सिंह निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर।

पुलिस टीम में एसआई मनोज धौनी, कां. सुनील भाकुनी, वीरेन्द्र बिष्ट तथा राहुल शामिल थे।


महिला उत्पीड़न और तीन तलाक देने के आरोप में पति गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में महिला का उत्पीड़न करने और उसे तीन तलाक देने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।

पटेलनगर निवासी महिला ने 12 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर पति पर मारपीट और उत्पीड़न करने तथा तीन तलाक देने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 629/26 के तहत धारा 115(2), 85 BNS तथा 3/4 मुस्लिम विवाह प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने साक्ष्य संकलन के बाद नामजद आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

फरमान पुत्र जबर, निवासी इस्लामपुर साहनी, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।


शराब की खुमारी में पत्नी से मारपीट, पुलिस ने जितेंद्र डंगवाल को दबोचा

सुमननगर धर्मपुर में घर पर मचा रहा था हुड़दंग, समझाने पर भी नहीं माना तो नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून। शराब के नशे में घर पर हुड़दंग और पत्नी से मारपीट करना 53 वर्षीय जितेंद्र डंगवाल को भारी पड़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह शांत होने के बजाय और अधिक उत्तेजित होकर चिल्लाने लगा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला सुमननगर, धर्मपुर का है। रविवार को कंट्रोल रूम के जरिए नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में अपने घर पर हंगामा कर पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तो जितेंद्र डंगवाल पुत्र स्व. गिरी डंगवाल, निवासी सुमननगर, धर्मपुर, देहरादून शराब के नशे में हो-हल्ला और हुड़दंग करता मिला।

पुलिस ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और अधिक उत्तेजित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जितेंद्र डंगवाल को धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

 


मोबाइल चोरी के शक में युवक को बंधक बनाकर पीटा,चार लोगों पर बंधक बनाकर मारपीट का आरोप; एक गिरफ्तार

फरीदकोट। मोबाइल फोन चोरी के संदेह में 21 वर्षीय युवक को घर ले जाकर कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। फरीदकोट की बाजीगर बस्ती में हुई घटना में गंभीर रूप से घायल हरप्रीत सिंह ने करीब छह दिन तक अस्पताल में उपचार के बाद 10 सितंबर को दम तोड़ दिया।

मृतक की मां मीना कौर की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, चार सितंबर की सुबह करीब चार बजे बलविंदर सिंह, उसका बेटा वरिंदर सिंह, अतिंदर सिंह उर्फ गगन और अजय सिंह उर्फ भजन कथित तौर पर हरप्रीत को अपने घर ले गए। आरोप है कि वहां हरप्रीत को बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई।

परिजनों के अनुसार, जब परिवार का एक सदस्य हरप्रीत को छुड़ाने आरोपितों के घर पहुंचा तो उसे कथित तौर पर धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद भी सुबह से शाम तक हरप्रीत के साथ मारपीट होती रही। शाम को आरोपितों ने उसे बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़ दिया।

इसके बाद परिजन उसे गुरु गोबिंद सिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार शुरू हुआ। करीब छह दिन बाद 10 सितंबर को उसकी मौत हो गई।

हरप्रीत की बहन नीतू ने आरोप लगाया कि उसके भाई पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाया गया था। उसका भाई लगातार चोरी से इनकार करता रहा, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। परिवार ने कहा है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, तब तक हरप्रीत का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

थाना सिटी-दो के प्रभारी अकलप्रीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट और मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा।

अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


कैलिफोर्निया में दो सहेलियों की हत्या के आरोप में भारतीय मूल की महिला गिरफ्तार

ह्यूस्टन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में दो सहेलियों की हत्या के आरोप में भारतीय मूल की महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि 32 वर्षीय अनिला बेबी ने एक महिला की चाकू मारकर और दूसरी को कार से कुचलकर हत्या की।

पुलिस के अनुसार, अनिला बेबी ने अपनी दो सहेलियों ऐन मैरी मैथ्यू और अंजना हरि पर करीब 90 मिनट के अंतराल में अलग-अलग हमले किए। दोनों महिलाएं केरल की रहने वाली थीं। ये हत्याएं 28 अगस्त को कैलिफोर्निया के सैन जोस और मिलपिटास शहरों में हुईं, जो एक-दूसरे से 20 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित हैं।

जांचकर्ताओं ने दोनों हत्याओं की जांच के दौरान इन घटनाओं का संबंध अनिला बेबी से पाया। उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था और शुरुआत में उस पर मिलपिटास में हुई हत्या का आरोप लगाया गया।

इसके बाद आठ सितंबर को अभियोजकों ने ऐन मैरी मैथ्यू की हत्या के मामले में भी उस पर आरोप लगाया। पुलिस अभी घटना के उद्देश्य और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

अनिला बेबी को गुरुवार को सांता क्लारा काउंटी अदालत में पेश किया गया। उसे 17 नवंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा। दोषी पाए जाने पर उसे 50 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।


बल्लूपुर-चकराता रोड पर थार से हुड़दंग, पुलिस ने चालक समेत 3 को हिरासत में लिया

देहरादून : देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने तथा हुड़दंग करने के मामले में कार्रवाई की है।

वायरल वीडियो में महेन्द्र थार (UK-07-HN-7668) को बल्लूपुर-चकराता रोड पर तेजी और लापरवाही से चलाते हुए दिखाया गया था। वाहन में सवार दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट पीते हुए हुड़दंग करती नजर आईं। पुलिस के मुताबिक इस तरह की हरकत से उनकी अपनी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही थी।

वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान वाहन की पहचान होने के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को वाहन चालक सोनू कुमार, निवासी रायपुर, देहरादून समेत वाहन में सवार दोनों युवतियों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने संबंधित वाहन के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए महेन्द्र थार को सीज कर दिया।

 


डोईवाला में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

देहरादून। अवैध शराब की तस्करी और कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। कोतवाली डोईवाला पुलिस ने अलग-अलग चेकिंग के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने मनजीत सिंह को मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 100 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। वहीं, ग्राम झड़ौद में चेकिंग के दौरान पुलिस ने सुनील उर्फ बोबी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5 लीटर कच्ची शराब, अवैध शराब की भट्टी और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या UK-08-S-7720 को सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह (32 वर्ष), निवासी अब्दुल्लापुर, सहारनपुर और सुनील उर्फ बोबी (35 वर्ष), निवासी झड़ौद, डोईवाला के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल सुधीर सैनी, कांस्टेबल सोविन्द्र कुमार और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।


मुजफ्फरपुर में करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक उपचालक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ गायघाट और बेनीबाद थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान एक उपचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

गायघाट थाना पुलिस ने मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर सतनाम पेट्रोल पंप के समीप गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने असम से मोतिहारी ले जाई जा रही विदेशी शराब की खेप एक ट्रक से बरामद की। शराब को ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने ट्रक के उपचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार उपचालक से पूछताछ कर पुलिस फरार चालक और गिरोह से जुड़े अन्य कारोबारियों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं, बेनीबाद थाना पुलिस ने महेश्वर दुर्गा मंदिर के समीप गुप्त सूचना के आधार पर एक पिकअप को घेरकर तलाशी ली। वाहन से करीब आठ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कारोबारी पिकअप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक तथा स्थानीय शराब तस्करों की पहचान में जुटी है।

एसडीपीओ पूर्वी वन अलय वत्स ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और बरामद वाहनों के दस्तावेजों के जरिए पूरे तस्करी गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp