Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हिडन कैमरों से ब्लैकमेलिंग कर 10 करोड़ की संपत्ति बनाने वाले गिरोह पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

Category Archives: क्राइम

हिडन कैमरों से ब्लैकमेलिंग कर 10 करोड़ की संपत्ति बनाने वाले गिरोह पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पुलिसकर्मियों और सरकारी अधिकारियों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मकोका (MCOCA) के तहत साकेत कोर्ट में 3000 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। जांच में सामने आया है कि गिरोह ने धमकी और ब्लैकमेलिंग के जरिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी।

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना राजकुमार उर्फ राजू मीणा था, जो अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाता था। आरोपी कथित तौर पर हिडन कैमरों और मोबाइल फोन की मदद से वीडियो रिकॉर्ड करते थे, जिन्हें बाद में एडिट कर संबंधित अधिकारियों को विभागीय कार्रवाई, निलंबन या कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे।

मामले में अब तक राजू मीणा, उसकी पत्नी और पेशे से वकील सुरेखा रानी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अपराध से अर्जित धन को विभिन्न चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और वाहनों में निवेश किया गया था। कई संपत्तियां सुरेखा रानी के नाम पर खरीदी गई थीं, जिनकी आय के स्रोत और संपत्ति के बीच बड़ा अंतर पाया गया।

क्राइम ब्रांच की वित्तीय जांच में गिरोह की करोड़ों रुपये की संपत्तियों का पता चला है। पुलिस ने चार्जशीट में गवाहों के बयान, डिजिटल साक्ष्य, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को शामिल किया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और छिपी हुई संपत्तियों की पहचान के लिए जांच अभी जारी है।


ऋषिकेश में बदमाशों के साथ हुई पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधी गोली लगने से घायल

बदमाशों के कब्जे से 02 तमंचे, जिंदा कारतूस एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल हुई बरामद

देहरादून। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को देर रात बड़ी सफलता मिली। ऋषिकेश क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाश हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, देर रात नियमित चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए श्यामपुर की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो लोगों को गोली मारकर घायल किया गया था। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) समेत अन्य उच्च अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


हाईवे पर ढाबे के पास कार में मिला दिल्ली पुलिस के जवान का शव, जांच में जुटी पुलिस

रोहतक (सांपला): हरियाणा के सांपला इलाके में एक ढाबे के पास खड़ी कार से दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई (PGI) रोहतक भिजवा दिया है।

कार में मिले दस्तावेजों से हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, कार के अंदर रखे कागजातों की जांच करने पर मृतक की पहचान 39 वर्षीय सुधीर के रूप में हुई है, जो झज्जर जिले के गांव आसौदा के रहने वाले थे। सुधीर के पिता का नाम ओम प्रकाश है और वह दिल्ली पुलिस में कार्यरत थे। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई भी निशान नहीं मिले हैं।

जांच में जुटी पुलिस

आशंका जताई जा रही है कि सुधीर हाईवे पर स्थित ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके होंगे। पुलिस ने घटना की जानकारी जवान के परिजनों को दे दी है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि दिल्ली पुलिस के जवान सुधीर सांपला किस सिलसिले में आए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।


लुधियाना में कलयुगी बेटों की करूत: बेदखल होने के बाद मकान पर कब्जे के लिए दी धमकियां, तंग आकर 70 वर्षीय पिता ने लगाई फांसी

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना स्थित महावीर कॉलोनी से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपने ही बेटों की प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर 70 वर्षीय एक बुजुर्ग पिता ने शनिवार को घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। जमालपुर थाना पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मकान पर कब्जे के लिए दे रहे थे धमकियां

मृतक की पत्नी किरन देवी ने पुलिस को बताया कि गुरदेव सिंह के पहली शादी से दो बेटे हैं—लवप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह। उनकी मां के निधन के बाद से दोनों मकान के ऊपरी हिस्से में रहते थे। दोनों बेटों की गलत आदतों और अनैतिक गतिविधियों के कारण गुरदेव सिंह ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया था, जिसके बाद वे तरनतारन के बाबा जीवन सिंह नगर में रहने लगे थे।

किरन देवी के मुताबिक, आरोपी बेटे मकान पर कब्जा करने की नीयत से बुजुर्ग माता-पिता पर लगातार दबाव बना रहे थे और उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इस गहरे मानसिक आघात, लगातार मिल रहे तनाव और समाज में बदनामी के डर से गुरदेव सिंह काफी परेशान रहने लगे थे। आखिरकार, मानसिक प्रताड़ना से हारकर उन्होंने 6 जून को मकान की छत के गर्डर से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पुलिस कर रही छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटों लवप्रीत और हरप्रीत के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


बहन से बात करने पर भड़का नाबालिग, दोस्तों के साथ मिलकर 17 साल के यशपाल की चाकू से गोदकर हत्या

नई दिल्ली: राजधानी के पंजाबी बाग के मादीपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 17 वर्षीय यशपाल की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी नाबालिग अपनी बहन से यशपाल की बातचीत को लेकर नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हमला इतना बर्बर था कि चाकू का एक हिस्सा टूटकर मृतक के सीने में ही धंसा रह गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य साजिशकर्ता समेत दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जन्मदिन से ठीक पहले उजड़ गईं खुशियां

मृतक यशपाल अपनी माँ और बहन के साथ मादीपुर इलाके में रहता था और आने वाली 12 जून को वह 18 साल का होने वाला था। यशपाल की माँ ने रोते हुए बताया कि शुक्रवार रात यशपाल ने उन्हें फोन कर कहा था कि वह होटल से खाना लेकर घर आ रहा है। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसे फोन किया। रात करीब 11:30 बजे उसका फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाया और एक्सीडेंट की बात कहकर उन्हें तुरंत पश्चिम विहार के बालाजी एक्शन अस्पताल बुलाया, जहाँ पहुँचने पर उन्हें यशपाल की मौत की खबर मिली।


‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत 24 घंटे में 5 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

जम्मू: देशव्यापी ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिला जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए विभिन्न इलाकों से पांच लोगों को धर-दबोचा। इन आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायरों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई गिरफ्तारियां:

  • नवाबाद थाना: पुलिस ने ज्वेल चौक क्षेत्र में गश्त के दौरान तालाब तिल्लो निवासी तरुण कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

  • बठिंडी पुलिस चौकी: पुलिस टीम ने बठिंडी मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान राजौरी निवासी आकाश शर्मा को दबोचा, जिसके पास से 6.66 ग्राम हेरोइन मिली।

  • घरोटा थाना: पुलिस ने रात की गश्त के दौरान ठाठी क्षेत्र से खौड़ निवासी शुभम वर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 ग्राम हेरोइन जब्त की।

सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले भी दबोचे गए: पक्का डंगा थाना पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर नशा करते हुए पकड़ा। इनमें दिल्ली निवासी नवीन तलवार को रोटरी चौक से और तालाब तिल्लो निवासी पुष्प शर्मा को पंजतीर्थी सर्कुलर रोड स्थित व्यू प्वाइंट से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जम्मू जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।


सहेली के बर्थडे में जाने से मां ने किया मना, 9वीं की छात्रा ने दूसरी मंजिल से कूदकर दी जान

प्रयागराज (सोरांव): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद के गंगापार इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मऊआइमा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद मोहल्ले में रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी ने सिर्फ इसलिए आत्मघाती कदम उठा लिया, क्योंकि उसके परिजनों ने उसे सहेली की जन्मदिन की पार्टी में जाने से मना कर दिया था।

मृतक किशोरी की पहचान अक्सा नूर (15) के रूप में हुई है, जो मऊआइमा स्थित अंसार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। मिली जानकारी के अनुसार, अक्सा अपनी एक सहेली के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होना चाहती थी, जिसके लिए उसने घर पर इजाजत मांगी। लेकिन उसकी मां ने पार्टी में जाने से साफ इनकार कर दिया।

आवेश में आकर उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के मुताबिक, मां के मना करने से अक्सा बेहद नाराज और क्षुब्ध हो गई। इसी आवेश में आकर उसने घर की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कानूनी कार्रवाई के डर से चुपचाप किया अंतिम संस्कार

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि कानूनी पचड़े और पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए परिजनों ने इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी। उन्होंने आनन-फानन में किशोरी के शव को स्थानीय कब्रिस्तान ले जाकर दफना दिया। फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


घर के बाहर पेशाब करने से रोका तो युवक पर हमला, दांत तोड़े, कई लोग घायल

बरेली –  प्रेमनगर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के सामने पेशाब करने से मना करने पर युवक और उसके साथियों पर एक परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें बीचबचाव करने पहुंचे स्थानीय निवासी भी शामिल हैं।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना चार जून की है। एक युवक घर के बाहर सार्वजनिक स्थान पर पेशाब कर रहा था। जब स्थानीय निवासी ने उसे ऐसा करने से रोका तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद कई लोगों ने मिलकर पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमले में पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दांत भी टूट गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे कुछ स्थानीय लोगों ने बीचबचाव का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी हमलावरों के गुस्से का सामना करना पड़ा।

घटना में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिलाओं के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मामले की शिकायत प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों और बढ़ती मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।


जीवनभर की जमा-पूंजी पर साइबर अपराधियों का वार, 12 ट्रांजैक्शन में खाते से पार किए लाखों रुपये

अलीगढ़- अलीगढ़ में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी के बैंक खाते से लाखों रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने अपनी पूरी जीवनभर की बचत गंवाने की बात कहते हुए पुलिस और बैंक अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित संतोष कुमार शर्मा जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से अचानक कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से बड़ी रकम निकाली गई। कुछ ही समय में अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 10.85 लाख रुपये से अधिक की राशि खाते से गायब हो गई।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपने खाते पर किसी प्रकार की यूपीआई सेवा सक्रिय नहीं कराई थी। इसके बावजूद साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर यूपीआई आधारित लेनदेन का इस्तेमाल करते हुए रकम निकाल ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई। बैंक अधिकारियों ने खाते को तत्काल सुरक्षित करते हुए संदिग्ध लेनदेन से जुड़े माध्यमों को ब्लॉक कर दिया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों ने रकम को ट्रैक करने और संभावित रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की।

साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच टीम ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों की पड़ताल कर रही है, जिनके जरिए धनराशि ट्रांसफर की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन बैंकिंग सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली युवती, युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

गाजियाबाद – विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, होटल कर्मचारियों की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवती दिन के समय होटल पहुंची थी, जहां एक युवक पहले से मौजूद था।

जांच के दौरान सामने आया कि शाम के समय युवक होटल से चला गया था, जबकि युवती कमरे में अकेली रह गई। कुछ घंटों बाद उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मामले में युवक को हिरासत में लेकर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल कॉल डिटेल और संदेशों की जांच में दोनों के बीच लगातार बातचीत के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में युवती ने यह कदम उठाया।

मृतका के परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या, उत्पीड़न और अन्य संभावित कारणों—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp