Tuesday, November 17, 2026
10:25 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

फर्जी पहचान बनाकर खनन कारोबारी से 60 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

फर्जी पहचान बनाकर खनन कारोबारी से 60 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

भुवनेश्वर। कमिश्नरेट पुलिस ने खनन कारोबारी से कथित तौर पर 60 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने फर्जी पहचान के जरिए कारोबारी से संपर्क किया और खुद को इंजीनियर बताकर विश्वास में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय दिनेश रंजन दास और 30 वर्षीय सस्मिता सामल के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों को सुंदरपदा स्थित एक अपार्टमेंट से पकड़ा। मामले में शिकायतकर्ता खनन कारोबारी जितेंद्र नाथ पटनायक हैं। पुलिस जांच के अनुसार वर्ष 2024 में सस्मिता की मुलाकात जितेंद्र नाथ पटनायक से हुई थी। उसने कथित तौर पर अपनी पहचान प्रियंका प्रधान के रूप में बताई और खुद को सिविल इंजीनियर बताया। इसके बाद उसने कारोबारी के कार्यालय में नौकरी भी हासिल कर ली।

जांच में सामने आया कि कुछ समय बाद सस्मिता ने कारोबारी को बताया कि वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इसके बाद उसने इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए कारोबारी ने डिजिटल माध्यम से कई बार रकम ट्रांसफर की।

पुलिस के मुताबिक, रकम सस्मिता के एक रिश्तेदार के बैंक खाते में भेजी गई, जो प्रियंका प्रधान के नाम का इस्तेमाल कर रहा था। आरोप है कि सस्मिता और दिनेश ने अलग-अलग बहाने बनाकर कारोबारी से कुल 60 लाख रुपये हासिल किए। पुलिस का कहना है कि दोनों ने इस रकम को निजी जरूरतों और अपनी जीवनशैली पर खर्च किया।

ठगी का पता चलने के बाद कारोबारी ने कैपिटल थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को दिनेश रंजन दास के पूर्व में जाजपुर टाउन थाना में दर्ज एक आपराधिक मामले में संलिप्त होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की आगे जांच कर रही है।


10 किलो से ज्यादा चरस तस्करी मामले में तीन दोषियों को 11-11 साल की सजा

भोपाल। भोपाल की विशेष एनडीपीएस अदालत ने 10 किलोग्राम से अधिक चरस की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 11-11 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने तीनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। विशेष एनडीपीएस न्यायाधीश मुकेश मलिक की अदालत ने यह फैसला सुनाया।

अभियोजन के अनुसार, 17 अक्टूबर 2023 को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चरस की खेप लेकर कोच फैक्ट्री से भानपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर एएसआई सूरज रंधावा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की।

पुलिस ने वहां दोपहिया वाहनों पर कुछ लोगों को आपस में बातचीत करते देखा। इसी दौरान एक व्यक्ति वाहन की डिक्की से सफेद कपड़े का थैला निकाल रहा था। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोपाल के शाहजहानाबाद निवासी 30 वर्षीय सलमान खान तथा बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी 19 वर्षीय सोनू कुमार और 30 वर्षीय वीरकिशोर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बिना नंबर के सफेद दोपहिया वाहन की डिक्की से 20 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 10 किलोग्राम से अधिक चरस रखी थी।

बरामद पदार्थ के नमूने जांच के लिए एफएसएल भेजे गए थे। रासायनिक परीक्षण में उसके चरस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया।

मामले की सुनवाई के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने तीनों को दोषी माना और प्रत्येक को 11 वर्ष के कठोर कारावास तथा एक-एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।


डिलीवरी बॉय की आड़ में स्मैक की सप्लाई, सेलाकुई पुलिस ने आरोपी को दबोचा

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी सामान डिलीवरी करने के बहाने नशे के आदी लोगों तक स्मैक पहुंचाने का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2026 को सेलाकुई पुलिस ने तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में आकस्मिक चेकिंग के दौरान कमल चौधरी उर्फ बॉबी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 22.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार, हाल किरायेदार शमी चौधरी, राजावाला, सेलाकुई, देहरादून के रूप में हुई है। उसकी उम्र 30 वर्ष बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। आरोप है कि वह एक स्थानीय नशा तस्कर से स्मैक खरीदकर लाता था और सामान पहुंचाने की आड़ में इसे नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में मुकदमा संख्या 147/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल मधुसूदन शामिल रहे।


दिल्ली में वारदात की फिराक में थे तीन युवक, गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों समेत दबोचा

गुरुग्राम। दिल्ली में आपराधिक वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने की कथित साजिश के मामले में गुरुग्राम अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ थाना सेक्टर-10 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव खेड़ा झांझरोला निवासी अभय उर्फ मौलड़ (20), पटेल नगर, सोनीपत निवासी जतिन उर्फ जोनी (29) और खेड़ा झांझरोला निवासी सागर के रूप में हुई है। टीम ने अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर के पास न्यू पटौदी-गुरुग्राम रोड से, जतिन को फरुखनगर और सागर को केएमपी फरुखनगर से पकड़ा।

कार्रवाई के दौरान सागर ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अभय को हथियार जतिन ने उपलब्ध कराए थे। वहीं जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों से मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में मौजूद अपने साथियों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर अवैध वसूली व रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल बनाने की योजना में थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जतिन के खिलाफ दिल्ली में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से एक मामला दर्ज है। एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि हथियारों की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।


शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी मुजफ्फरनगर का युवक थुरल से गिरफ्तार

मंडी। शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में मंडी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी युवक को कांगड़ा के थुरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश से बाहर जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान सरबट थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर निवासी समीर पुत्र दिलशाद के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक युवती ने शिकायत में बताया कि समीर ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसके बाद वह उसे मंडी लेकर आया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में समीर युवती की बाइक, मोबाइल फोन और नकदी लेकर वहां से चला गया और उसे चंडीगढ़ छोड़ दिया। युवती ने करीब 70 हजार रुपये नकद और गहने ले जाने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।

युवती ने 29 अगस्त को पुलिस से मामले की शिकायत की थी। कुछ समय बाद वह मंडी पहुंची और अपने बयान का वीडियो प्रसारित किया, जिसमें उसने आरोपी का मोबाइल चालू होने के बावजूद पुलिस द्वारा उसका पता नहीं लगा पाने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कांगड़ा के थुरल से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रकरण मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित सिविल लाइंस थाने से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर थाना सदर मंडी में दर्ज किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


गुरुग्राम में प्रॉपर्टी कमीशन को लेकर अपहरण और हत्या की कोशिश, पांच आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम। प्रॉपर्टी डील का कमीशन नहीं मिलने से नाराज आरोपियों ने डीलर के बेटे के अपहरण और हत्या की कोशिश की। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात 21 सितंबर को गैलेरिया मार्केट में हुई थी। युवक की सतर्कता के कारण वह आरोपियों के चंगुल से बच निकला था।

पुलिस के मुताबिक, सुशांत लोक फेस-1 निवासी साहिल अरोड़ा ने 22 सितंबर को सेक्टर-29 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। साहिल ने बताया कि वह 21 सितंबर को गैलेरिया मार्केट गया था। कार पार्क करने के बाद वह कैफे में चला गया। वापस लौटकर जैसे ही वह कार में बैठा, एक आरोपी आगे की सीट और दो आरोपी पीछे की सीट पर आकर बैठ गए।

आरोप है कि आगे बैठे युवक ने साहिल पर पिस्टल तानकर उसके साथ चलने को कहा। विरोध करने पर आरोपी ने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद साहिल ने हिम्मत दिखाते हुए कार आगे बढ़ा दी। इस दौरान पीछे बैठे दोनों आरोपी चलती कार से कूदकर फरार हो गए।

कुछ दूरी पर स्कूटी आने के कारण साहिल को कार रोकनी पड़ी। इसी दौरान आगे बैठा आरोपी भी कार से उतरकर भाग गया। हालांकि, उसकी पिस्टल कार में ही छूट गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 ने कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सेक्टर-67 निवासी प्रवीण, लक्ष्मण विहार निवासी सुमेर सिंह, फरीदाबाद की वैधरम कॉलोनी निवासी शिव शंकर तथा दिल्ली के मीठापुर निवासी अमन और हेमंत के रूप में हुई है।

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रवीण ने साहिल के पिता के साथ प्रॉपर्टी की डील कराई थी। बाद में साहिल के पिता ने उसी प्रॉपर्टी की डील किसी अन्य व्यक्ति के साथ कर ली, जिससे प्रवीण को कमीशन नहीं मिल सका।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर प्रवीण ने सुमेर के साथ मिलकर साहिल के अपहरण की योजना बनाई थी। दोनों का उद्देश्य साहिल के पिता पर रुपये देने और प्रॉपर्टी की डील रद्द करने का दबाव बनाना था। वारदात के लिए प्रवीण और सुमेर नूंह से हथियार लेकर आए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि सुमेर ने पैसे देकर शिव शंकर, अमन और हेमंत को कथित साजिश में शामिल किया था। वारदात से पहले प्रवीण ने साहिल की कार में GPS ट्रैकर लगाया था, जिससे उसकी लोकेशन पर नजर रखी जा सके। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।


देवरिया में हवालात में गांजा तस्करी के आरोपी ने लगाई फांसी, जांच में जुटे अधिकारी

देवरिया। खुखुंदू थाने की हवालात में शनिवार सुबह गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार 38 वर्षीय बृजपाल का शव फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोप है कि युवक ने पजामे के सहारे हवालात की खिड़की में फंदा लगाया। पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, अमरोहा निवासी बृजपाल को शुक्रवार को एसओजी और खुखुंदू पुलिस की टीम ने खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर पकड़ा था। पुलिस के अनुसार, वह ट्रक के जरिए करीब एक क्विंटल गांजा ले जा रहा था। तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और उसे थाने की हवालात में रखा गया था।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब सात बजे बृजपाल ने हवालात की खिड़की में पजामे के सहारे फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने उसे फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और थाने में जांच शुरू कर दी गई।

मामले की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह और सीओ सलेमपुर गौरव कुमार सिंह खुखुंदू थाने पहुंचे। अधिकारियों ने हवालात का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बृजपाल को एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर हवालात में रखा गया था और उसने फंदा लगाकर जान दी। मामले की जांच जारी है।


पटना में कार के अंदर मिला सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव, मौके से पिस्टल बरामद

पटना। राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जमना पैलेस के नीचे खड़ी एक कार से सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पिस्टल बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

मृतक की पहचान रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के गोंडा निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई है। आलोक कुमार इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और कोल इंडिया में जीएम के पद पर भी काम कर चुके थे। मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले आलोक कुमार सेवानिवृत्ति के बाद रांची में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन से मिलने पटना की फ्रेंड्स कॉलोनी आए थे। घटनास्थल के पास स्थित विद्या बिहार अपार्टमेंट के एफ ब्लॉक के फ्लैट नंबर 302 में उनके बहनोई विनोद कुमार रहते हैं। बहनोई के मुताबिक, आलोक कुमार दो दिन पहले रात में पटना पहुंचे थे। इससे पहले भी वह करीब 15 दिन पहले पटना आए थे।

परिवार के अनुसार आलोक कुमार की पत्नी का निधन हो चुका है, जबकि उनका बेटा बाहर रहता है। शनिवार सुबह वह टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद कार के अंदर उनका शव मिलने की सूचना सामने आई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। कार के अंदर गोली लगा शव और पिस्टल मिलने के कारण पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के पटना आने, कार के घटनास्थल तक पहुंचने और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। स्वजन और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक अभी मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बरामद पिस्टल और गोली चलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।


दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप और इनवर्टर बरामद

देहरादून। प्रेमनगर थाना पुलिस ने दुकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप और अमेज कंपनी का इनवर्टर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

28 सितंबर 2026 को मोहम्मद कादिर निवासी आमवाला विधौली ने थाना प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप और इनवर्टर चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305 और 331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की जानकारी जुटाकर उनका सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रेमनगर क्षेत्र से दो आरोपियों धनंजय पुंडीर उर्फ अंशुल और लविश पुंडीर को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी का लैपटॉप और इनवर्टर बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे व अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

धनंजय पुंडीर उर्फ अंशुल, उम्र 23 वर्ष, निवासी धोलास, सुर देवी मंदिर, प्रेमनगर, देहरादून।

लविश पुंडीर, उम्र 27 वर्ष, निवासी धोलास, सुर देवी मंदिर के पास, प्रेमनगर, देहरादून।

बरामदगी:

लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप

अमेज कंपनी का एक इनवर्टर

पूर्व आपराधिक इतिहास:

मु0अ0सं0 38/25, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना प्रेमनगर, देहरादून।

पुलिस टीम:

उ0नि0 जैनेंद्र राणा, चौकी प्रभारी बिधौली

अ0उ0नि0 रामलाल

कां0 जसवीर

कां0 जगजोत सिंह


देहरादून में फर्जी कॉल सेंटर का STF ने किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जीएमएस रोड स्थित एक संदिग्ध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस के अनुसार यहां अवैध 32 स्लॉट वाले सिम बॉक्स के जरिए ग्राहकों को व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से कॉल की जा रही थी। मामले में कंपनी के मैनेजर और रीजनल मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, SINGH ASSET RECON SERVICES PRIVATE LIMITED (SARS) के कार्यालय में छापेमारी के दौरान एक DINSTAR 32 स्लॉट सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, दो राउटर, दो एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

लैपटॉप की जांच में SBI, BOB, AXIS BANK, POONAWALLA FINANCE, YES BANK और RBL समेत विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड से संबंधित डेटा मिलने की बात सामने आई है।

क्रेडिट कार्ड के नाम पर ग्राहकों पर दबाव

पूछताछ में सामने आया कि कॉल सेंटर से लोगों को क्रेडिट कार्ड और उससे जुड़े लाभ बताने के नाम पर कॉल की जाती थी। पुलिस के अनुसार कई मामलों में ग्राहकों पर जल्द धनराशि जमा कराने के लिए धमकी और दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि डर के कारण कुछ ग्राहक अपनी संवेदनशील जानकारी और धनराशि उपलब्ध करा देते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि कॉल सेंटर में करीब 39 अन्य युवक-युवतियां काम कर रहे थे, जिन्हें कमीशन के आधार पर भुगतान किया जाता था।

1600 सीरीज की जगह व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से कॉल
पुलिस के अनुसार कॉल सेंटर द्वारा निर्धारित 1600 नंबर सीरीज का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। इसके बजाय व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को कॉल की जा रही थी। दूरसंचार विभाग के अधिकारी ने बरामद सिम बॉक्स की पुष्टि करते हुए बताया कि इस तरह के उपकरण से कॉल की वास्तविक पहचान छिपाई जा सकती है।

पुलिस ने कंपनी मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 49/2026 दर्ज किया गया है। मामले में BNS, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp