Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मंगोलपुरी में सरेराह दो भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

Category Archives: क्राइम

मंगोलपुरी में सरेराह दो भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके (राज पार्क थाना) से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ चार से पांच बदमाशों ने सरेआम दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 इस घटना ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पत्नी और घायल भाई मुकेश ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक साल पहले भी उनकी ननद और देवर (बहन और भाई) पर जानलेवा हमला हुआ था। पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि उस समय शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस ने साल भर पहले ही कदम उठा लिया होता, तो आज परिवार का सदस्य जिंदा होता।

 मृतक की पत्नी ने संजय गांधी अस्पताल के प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब वे लहूलुहान हालत में अपने पति को लेकर अस्पताल पहुंचीं, तो वहाँ कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


17 वर्षीय बेटे की हत्या के दोषी पिता को उम्रकैद, अदालत ने लगाया 10 हजार रुपये का जुर्माना

फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद जिला अदालत ने अपने ही 17 वर्षीय इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या करने के दोषी पिता सरजीत सिंह को उम्रकैद (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल की अदालत ने मामले की अंतिम सुनवाई करते हुए दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए चश्मदीद गवाहों, मेडिकल रिपोर्ट और पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी पिता को दोषी करार दिया।

यह पूरा मामला फतेहाबाद के गांव भूथन कलां का है। मृतक परमजीत सिंह की मां रोशनी देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के वक्त रोशनी देवी अपनी शादीशुदा बेटी के ससुराल गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी सरजीत सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर उसका अपने बेटे परमजीत से विवाद हो गया। गुस्से में आकर कलयुगी पिता ने लकड़ी के भारी डंडे (लठ) से बेटे के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 जिला अटॉर्नी देवेंद्र मित्तल और सहायक जिला अटॉर्नी अरुण बंसल ने अदालत में सरकार का पक्ष रखते हुए प्रभावी पैरवी की। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे, वे अदालत में बेहद अहम साबित हुए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भिरड़ाना माइनर के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया लठ भी बरामद किया था। सभी गवाहों और सबूतों को मद्देनजर रखते हुए माननीय अदालत ने इसे गंभीर अपराध माना और दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई।


दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के दो मॉड्यूल ध्वस्त, पेट्रोल बम और हथियारों के साथ 6 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत कुख्यात ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के दो अलग-अलग मॉड्यूल्स का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और खतरनाक पेट्रोल बम (मोलोटोव कॉकटेल) बरामद किए गए हैं। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की।

दो अलग-अलग विंग्स से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दो बेहद खतरनाक और अलग-अलग नेटवर्क के जरिए काम कर रहे थे:

पहला मॉड्यूल (आतंकी विंग): इसका सीधा संबंध आतंकी गतिविधियों और देश विरोधी साजिशों से था। यह मॉड्यूल किसी बड़ी अप्रिय घटना या हमले को अंजाम देने की फिराक में था।

दूसरा मॉड्यूल (हथियार तस्करी विंग): यह पूरी तरह से अवैध हथियारों की तस्करी (आर्म्स स्मगलिंग) में लिप्त था, जो स्थानीय अपराधियों और गैंगस्टरों को हथियारों की खेप सप्लाई करता था।

देशव्यापी कनेक्शन की जांच शुरू
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह के तार देश के कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। स्पेशल सेल अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इन पेट्रोल बमों और अवैध हथियारों का इस्तेमाल किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।


मामा के ₹2.25 लाख हड़पने को भांजे ने रची लूट की साजिश, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लूट की एक कथित वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मसूरी थाना क्षेत्र में भांजे ने अपने मामा के 2.25 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.67 लाख रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, युवक ने सूचना दी थी कि बाइक से लौटते समय 10 से 12 बदमाशों ने उसे रोककर नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान युवक की कहानी पर संदेह तब हुआ जब फुटेज में उसके पीछे कोई संदिग्ध दिखाई नहीं दिया।

सख्ती से पूछताछ करने पर युवक टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिलखुआ के सिद्दीकपुरा निवासी नवेद, शादाब और फुरकान के रूप में हुई है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जांच में सामने आया कि मसूरी निवासी स्क्रैप कारोबारी रिजवान ने अपने रिश्ते के भांजे नवेद को खिचरा स्थित साझेदार दानिश के पास से 2.25 लाख रुपये लाने के लिए भेजा था। रास्ते में रुपये हड़पने की योजना बनाई गई। जब रिजवान ने फोन किया तो नवेद अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। सभी ने मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी और रकम आपस में बांट ली।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 1.67 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप; ट्रेनी रेंजर गिरफ्तार

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से एक हाई-प्रोफाइल दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक थानेदार (सब-इंस्पेक्टर) की बेटी की शिकायत पर वन विभाग के ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी और पीड़िता की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) के जरिए हुई थी, जिसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का यह खेल शुरू हुआ। खास बात यह है कि आरोपी अजय सोलंकी की बहन भी पुलिस विभाग में एक उच्च पदस्थ अधिकारी हैं।

 आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि २६ वर्षीय पीड़िता इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। कुछ समय पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर जुलवानिया निवासी ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और वे भंवरकुआं और मूसाखेड़ी क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में मिलने लगे। आरोपी अजय ने पीड़िता के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा और शादी का पक्का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप यह भी है कि पीड़िता ने इस दौरान आरोपी को ४० हजार रुपये की आर्थिक मदद भी दी थी।

कुछ समय बाद जब अजय सोलंकी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो पीड़िता ने अपनी बहन और पिता के साथ आजाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब आरोपी अजय को थाने बुलाकर एफआईआर (FIR) दर्ज होने की बात कही, तो कानूनी कार्रवाई के डर से अजय और उसके पिता शादी के लिए तैयार हो गए। पीड़िता की बड़ी बहन और पिता ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता आरोपी के इस धोखे के बाद केस दर्ज कराने पर अड़ गई और शादी के प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया।

महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी ट्रेनी रेंजर को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को आरोपी को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे के साक्ष्य जुटा रही है।


ऑपरेशन प्रहार: बठिंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 घंटे में 90 वांछित आरोपी गिरफ्तार

बठिंडा: पंजाब में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बठिंडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) और बठिंडा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के निर्देशों पर चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने महज १२ घंटों के भीतर ९० वांछित (Wanted) अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस व्यापक कार्रवाई से पूरे जिले के अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मच गया है।

 बठिंडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से यह अभियान रविवार तड़के ३ बजे शुरू किया गया था। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ छापेमारी की। लगातार १२ घंटे चली इस कार्रवाई में कई संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे ९० आरोपियों को दबोचा गया।

एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि इस अभियान के अब तक १३ चरण पूरे किए जा चुके हैं, जिसके तहत कुल ९५० से अधिक अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। इनमें १७४ घोषित अपराधी (PO) और ४०० से अधिक गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।

इसके साथ ही, बठिंडा पुलिस ने ड्रग तस्करों पर भी चौतरफा प्रहार किया है। मादक पदार्थ निरोधक कानून (NDPS Act) के तहत अब तक १,०३0 से अधिक मामले दर्ज कर १,३०० से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने लगभग १३ किलोग्राम हेरोइन (स्मैक) और १३ लाख रुपये से अधिक की ‘ड्रग मनी’ भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि संगठित अपराध और नशे के पूरे सिंडिकेट को तोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। साथ ही पुलिस ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करने की अपील की है।


तीन साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी से बचने के लिए प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में तीन साल पुराने प्रेम प्रसंग का बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला अंत सामने आया है। एक १९ वर्षीय युवक जुगेंद्र ने अपनी नाबालिग प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर डाली। इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन या पछतावा नहीं दिखा। गिरफ्तारी के बाद वह बिल्सी थाने की हवालात में आराम से टहलता और आने-जाने वालों से सामान्य बात करता नजर आया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी जुगेंद्र ने बताया कि वह और १७ वर्षीय मृतका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। जुगेंद्र उससे शादी करना चाहता था, लेकिन दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। इस बीच जुगेंद्र के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिसके लिए उसने रजामंदी दे दी थी। इस बात की भनक लगते ही उसकी नाबालिग प्रेमिका लगातार उससे विरोध और झगड़ा कर रही थी।

शनिवार को जब पीड़िता की मां घर पर नहीं थी, तो वह अपने भाई-बहन के स्कूल से टीसी (Transfer Certificate) लेने की बात कहकर घर से निकली थी। रास्ते में जुगेंद्र उसे मिला और दोनों पास के एक मक्के के खेत में चले गए। वहां दोबारा शादी की बात पर विवाद बढ़ने पर जुगेंद्र ने पीछा छुड़ाने की नीयत से किशोरी का गला घोंट दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काफी देर तक खेत में शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद वह घर चला गया और लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। देर शाम वह दोबारा शव की स्थिति देखने खेत पहुंचा, जहां पीड़िता के परिजनों ने उसे संदिग्ध हालत में देख लिया। शक होने पर जब खोजबीन की गई, तो रात करीब साढ़े दस बजे हत्या का खुलासा हुआ।

बिल्सी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने पुष्टि की है कि हत्या सुबह के वक्त ही कर दी गई थी। उधर, एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया द्वारा मीडिया को दी गई बाइट में घटनास्थल को ‘गन्ने का खेत’ बताने से कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बनी रही, जबकि शव ‘मक्के के खेत’ से बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्रेमी संग चौथी शादी की चाह में तीसरे पति की हत्या, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

जबलपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही तीसरे पति की बेरहमी से हत्या कर दी, ताकि वह प्रेमी से चौथी शादी कर सके। अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य मददगार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बहोरीपार निवासी तुलसीराम मेहरा और उनकी ३५ वर्षीय पत्नी सरोज मेहरा के बीच पिछले काफी समय से चरित्र को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में आरोपी महिला के अतीत को लेकर बेहद हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। सरोज की पहली शादी १८ साल पहले जबलपुर के चरगवां में हुई थी। इसके बाद उसने गाडरवारा में दूसरी शादी की। फिर कुछ समय बाद उसने तुलसीराम से तीसरी शादी रचाई।

इसी तीसरी शादी के दौरान सरोज का संपर्क अपने दूसरे पति के रिश्तेदार महेंद्र मेहरा से हुआ, जिससे उसके अवैध प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की योजना बनाई, लेकिन इसमें सबसे बड़ा रोड़ा पति तुलसीराम था। उसे रास्ते से हटाने के लिए सरोज और उसके प्रेमी महेंद्र ने खूनी साजिश रच डाली।

 प्रेमी महेंद्र मेहरा ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए अपने एक साथी विष्णु रजक (३०) को भी अपने साथ मिलाया। योजना के मुताबिक, विष्णु रविवार को तुलसीराम को शराब पिलाने के बहाने घर से दूर एक पुल के पास ले गया, जहां महेंद्र पहले से ही घात लगाकर बैठा था। वहां दोनों ने मिलकर तुलसीराम का गला घोंट दिया और उसकी मौत सुनिश्चित करने के बाद शव को पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

लापता तुलसीराम का शव मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और गहन पूछताछ के आधार पर महज कुछ ही समय में पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने सरोज मेहरा, उसके प्रेमी महेंद्र और सहयोगी विष्णु रजक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से आगे की जांच कर रही है।


बठिंडा में एक दिन में चोरी की तीन वारदातें, लाखों के जेवर-नकदी समेत कार और गीजर पर हाथ साफ

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा शहर में लगातार पैर पसार रहे चोर गिरोहों ने कानून व्यवस्था और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में चोरी की सनसनीखेज वारदातें सामने आईं। इनमें से सबसे हैरान कर देने वाली घटना रामबाग रोड की है, जहां चोरों ने एक पूरे परिवार को कथित रूप से बेहोश कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही दिन में हुई इन तीन वारदातों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।

 रामबाग रोड स्थित एक रिहायशी मकान में रहने वाले पीड़ित परिवार के मुताबिक, शनिवार रात वे सभी कमरे में कूलर चलाकर सोए थे। रविवार सुबह जब उनकी आंख खुली, तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पीड़ितों का आरोप है कि चोरों ने रात में कूलर के जरिए कोई बेहोशी का पदार्थ कमरे में फैला दिया था, जिससे किसी की नींद नहीं खुली। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला, फ्रिज से ठंडा पानी पिया और करीब डेढ़ तोला सोना, आधा किलो चांदी व १३ हजार रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि, पुलिस इस ‘बेहोश करने वाले’ दावे की गहनता से वैज्ञानिक जांच कर रही है।

 चोरी की दूसरी वारदात बसंत विहार इलाके की है, जहां घर के बाहर खड़ी एक व्यक्ति की कार रात के अंधेरे में चोरी हो गई। वहीं, तीसरी घटना अजीत रोड की गली नंबर २० में रविवार शाम करीब चार बजे सामने आई। यहां दुस्साहस दिखाते हुए एक अज्ञात युवक दिनदहाड़े मकान का गेट फांदकर अंदर घुस गया। छत पर कीमती सामान न मिलने पर आरोपी बाथरूम में लगा गीजर उखाड़कर फरार हो गया।

इन बैक-टू-बैक वारदातों के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं और संवेदनशील इलाकों में रात व दिन की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। मामले पर बठिंडा पुलिस का कहना है कि तीनों घटनाओं की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। क्राइम सीन से सबूत जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर चोरों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।


साहिबगंज में जाली नोटों का नेटवर्क बेनकाब, 200 रुपये के नकली नोटों के साथ एक गिरफ्तार

साहिबगंज (झारखंड): भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित झारखंड के साहिबगंज जिले में जाली नोटों (फेक करेंसी) का नेटवर्क एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है। राजमहल थाना पुलिस ने शनिवार शाम एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डेढ़गामा इलाके से जाली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से २०० रुपये के १४ जाली नोट (कुल मूल्य २,८०० रुपये) जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेढ़गामा निवासी ४२ वर्षीय संतोष मंडल के रूप में हुई है। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इस अवैध धंधे में शामिल है। उसने खुलासा किया कि बरामद किए गए नकली नोट उसे टपुआ निवासी आनंदो मंडल ने बाजार में चलाने के लिए दिए थे। मुख्य आरोपी का नाम सामने आते ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस आनंदो मंडल की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

साहिबगंज जिला अपनी भौगोलिक स्थिति और बांग्लादेश से निकटता के कारण लंबे समय से जाली नोटों के तस्करों के निशाने पर रहा है। पुलिस के अनुसार, सीमा पार से चोरी-छिपे नकली नोटों की खेप पहुंचना यहां एक बड़ी चुनौती है, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां नजर रखती हैं। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। संतोष मंडल की गिरफ्तारी को इस रैकेट के बड़े नेटवर्क को खंगालने की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp