Tuesday, November 17, 2026
10:53 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

STF मुठभेड़ में बरामद टर्किश पिस्टल से खुली अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी की परतें

Category Archives: क्राइम

STF मुठभेड़ में बरामद टर्किश पिस्टल से खुली अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी की परतें

कुरुक्षेत्र।  गांव रतनगढ़ के पास एसटीएफ मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए दो शूटरों से बरामद टर्किश पिस्टलों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क की सक्रियता को उजागर कर दिया है। आरोपियों के पास से पीएक्स-5 टर्किश पिस्टल बरामद हुई हैं, जिन्हें आधुनिक और हाई-रिलायबिलिटी हथियार माना जाता है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार हाल के वर्षों में भारत में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के बीच टर्किश हथियारों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। जिगाना, जोराकी और रेटे जैसी विदेशी पिस्टलें अब कई राज्यों में अपराधियों के पास लगातार बरामद हो रही हैं। इन हथियारों का उपयोग संगठित अपराध और गैंगवार की घटनाओं में बढ़ता दिखाई दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक ये हथियार तुर्किये में स्पोर्ट्स शूटिंग और सेल्फ-डिफेंस के लिए वैध रूप से बनाए जाते हैं, लेकिन बाद में अंतरराष्ट्रीय तस्करी चैनलों के जरिए अवैध बाजार तक पहुंच जाते हैं। यूरोप, पश्चिम एशिया और बाल्कन देशों के रास्ते इन हथियारों को दक्षिण एशिया तक पहुंचाया जाता है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि भारत में इन विदेशी हथियारों की सप्लाई के लिए संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। हथियारों को छोटे-छोटे हिस्सों में भेजकर बाद में असेंबल करने और फर्जी बिलिंग व कोरियर चैनलों का इस्तेमाल करने जैसी तकनीकें अपनाई जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन आधुनिक हथियारों की सप्लाई किन अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय संपर्कों के जरिए गैंगस्टरों तक हो रही है।


त्विषा शर्मा केस में पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर, पासपोर्ट भी जब्त

भोपाल- त्विषा शर्मा दहेज मृत्यु मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने त्विषा के परिजनों की मांग पर समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी जब्त करने के आदेश दिए हैं।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और पूछताछ के लिए रिमांड मांगी गई। पुलिस अब दहेज हत्या, परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और फरारी के दौरान आरोपी को मिली संभावित मदद जैसे पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगी।

जानकारी के अनुसार समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, लेकिन अदालत से अनुमति नहीं मिलने के बाद भोपाल पुलिस की टीम ने जबलपुर पुलिस की सहायता से उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी द्वारा आरोपी को शरण देने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच मामले में त्विषा शर्मा के आखिरी समय का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में नजर आ रही है और सामान्य दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज को जांच के लिए जब्त कर लिया है। वहीं, कटारा हिल्स स्थित घर के उस हिस्से की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जहां त्विषा का शव मिला था।


कोटद्वार में नकली दवाईयों के कारोबार में लिप्त एक अवैध फैक्ट्री सील

नकली दवाई माफियांओं पर 24 घण्टे के अन्दर एसटीएफ की दूसरी बड़ी कार्यवाही

कोटद्वार। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत उत्तराखंड एसटीएफ ने नकली और अवैध दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार स्थित एक दवा निर्माण इकाई पर छापा मारा। जांच के दौरान फैक्ट्री में अनियमितताएं पाए जाने पर परिसर को सील कर दिया गया और बड़ी मात्रा में दवा निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद की गई।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्य में नकली दवाओं के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसटीएफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कोटद्वार के सिडकुल सिगड्डी क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में अवैध रूप से औषधियों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ ने औषधि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ फैक्ट्री में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित फैक्ट्री का औषधि निर्माण लाइसेंस वर्ष 2024 में ही निरस्त किया जा चुका था, बावजूद इसके परिसर में दवा निर्माण से संबंधित मशीनें और उपकरण मौजूद थे। टीम ने मौके से लगभग तीन किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट तथा टैबलेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 34 पंच उपकरण बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन के संकेत मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार वैध लाइसेंस के बिना किसी भी दवा निर्माण इकाई का संचालन कानूनन अपराध है। इसके चलते फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसटीएफ के अनुसार संबंधित फैक्ट्री पहले भी विवादों में रह चुकी है। वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान यहां नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बनाने के आरोप लगे थे। वहीं वर्ष 2024 में तेलंगाना पुलिस ने भी इसी फैक्ट्री में छापेमारी कर नकली दवाओं और उनके रैपर का बड़ा जखीरा बरामद किया था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि नकली दवाओं, अवैध औषधि निर्माण इकाइयों या बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्रियों की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


पहले पत्नी ने लगाई फांसी, फिर पति का शव बाथरूम में मिला, शहर में सनसनी

 ग्वालियर- शहर में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौतों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज 25 दिन बाद पहले पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी और दो दिन बाद पति का शव भी घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है।

मुरार थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति की शादी 25 अप्रैल को सिद्धार्थ कांदिल से हुई थी। परिवार के अनुसार शादी के बाद दोनों कुछ दिन साथ रहे, लेकिन बाद में मेघा मायके लौट आई थी। 20 मई को घर में मेघा का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मेघा की मौत का सदमा परिवार अभी झेल ही रहा था कि दो दिन बाद उसके पति सिद्धार्थ कांदिल का शव भी घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। सिद्धार्थ पेशे से ठेकेदार था और पत्नी की मौत के बाद मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने दोनों घटनास्थलों की जांच की है। पुलिस को किसी भी जगह से सुसाइड नोट नहीं मिला है। अब पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


गाजियाबाद के फ्लैट में मिले दो बुजुर्गों के शव, बदबू आने पर खुला मामला

गाजियाबाद –  शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित डीएलएफ कॉलोनी में एक फ्लैट से दो बुजुर्गों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट के अलग-अलग कमरों से दो शव बरामद किए, जिनकी पहचान राकेश शर्मा (74) और नेम सिंह (60) के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक राकेश शर्मा फ्लैट में किराये पर रहते थे, जबकि नेम सिंह उनका ऑटो चलाने के साथ उनकी देखभाल भी करता था। दोनों लंबे समय से परिवार से अलग रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत स्वाभाविक मानी जा रही है, हालांकि सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट का दरवाजा खुला मिला और अंदर किसी तरह के संघर्ष या चोरी के निशान नहीं पाए गए। शवों पर भी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को फ्लैट से शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं। जांच में सामने आया कि राकेश शर्मा लंबे समय से बीमार थे और बिस्तर से उठने की स्थिति में नहीं थे, जबकि नेम सिंह शराब के आदी बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बुजुर्ग बेहद साधारण जीवन जी रहे थे और आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। पुलिस अब दोनों के परिजनों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


मुरादनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, पड़ोसी ने युवक को मारी गोली

गाजियाबाद-  मुरादनगर थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी ने विरेंद्र त्यागी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल विरेंद्र त्यागी को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद आदर्श कॉलोनी और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।


IGI एयरपोर्ट पर 48 करोड़ की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आए दो थाई नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली- दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 48 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) की खेप बरामद की है। इस मामले में बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक हाल के समय में एयरपोर्ट पर हुई यह सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, 22 मई को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2356 से बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों पर पहले से निगरानी रखी जा रही थी। दोनों जैसे ही ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने लगे, उन्हें रोककर पूछताछ की गई और उनके सामान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान यात्रियों के बैग से कुल छह वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा छिपाकर रखा गया था। एक यात्री के बैग से करीब 29 किलो और दूसरे के सामान से लगभग 19 किलो गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर 47.805 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया।

कस्टम विभाग के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं।


रिश्तों का कत्ल: जमीन विवाद में पोते ने दादा को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

हांसी- हरियाणा के गांव कुंभा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। 80 वर्षीय बुजुर्ग बरखा राम की कथित तौर पर उनके ही पोते अंकित ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक घटना वीरवार रात करीब 10 बजे की है। गंभीर रूप से घायल बरखा राम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी कमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता बरखा राम गांव में बेटे रामफल के साथ रहते थे और आरोपी अंकित अक्सर मकान अपने नाम करवाने को लेकर उन्हें परेशान करता था।

परिजनों का आरोप है कि बुजुर्ग के साथ लंबे समय से दुर्व्यवहार किया जा रहा था। उन्हें समय पर खाना नहीं दिया जाता था और घर से निकालने की धमकियां भी दी जाती थीं। घटना वाले दिन जमीन विवाद को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, जिसके बाद अंकित ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में बरखा राम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि बुजुर्ग के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


30 एकड़ जमीन घोटाले में ED का एक्शन, मुख्य प्रवर्तक अजय सहगल गिरफ्तार

 जालंधर – बहुचर्चित सनटेक सिटी जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी के सचिव और सनटेक सिटी परियोजना के मुख्य प्रवर्तक अजय सहगल को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत हिरासत में लिया है और अब विशेष अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार मामले में करोड़ों रुपये की हेराफेरी, निवेशकों से धोखाधड़ी और जमीन से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े के प्रमाण मिले हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि करीब 30.5 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जी कंसेंट लेटर तैयार किए गए थे, जिन पर किसानों के नकली हस्ताक्षर और फर्जी अंगूठे के निशान लगाए गए।

ईडी का दावा है कि इन कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सनटेक सिटी के अलावा ‘ला कैनेला’ नाम की रिहायशी परियोजना और ‘डिस्ट्रिक्ट-7’ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए गए। मामले में ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (GMADA) के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

जांच एजेंसियों ने इस मामले में बिल्डरों, बिचौलियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच तेज कर दी है। आरोप है कि प्रभावशाली लोगों की सांठगांठ से निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए गए और नियमों की अनदेखी कर परियोजनाएं चलाई गईं। फिलहाल ईडी डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक खातों और कथित हवाला लेनदेन की गहन जांच कर रही है।


SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, STF ने सात आरोपियों को दबोचा

ग्रेटर नोएडा- एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में धांधली कराने वाले एक हाईटेक गिरोह का उत्तर प्रदेश एसटीएफ नोएडा यूनिट ने बड़ा खुलासा किया है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर छापेमारी कर एसटीएफ ने गिरोह के सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन परीक्षा के सर्वर को बाईपास कर प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग तकनीक के जरिए बाहर बैठे सॉल्वर से प्रश्नपत्र हल करा रहे थे।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप चौहान, अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा, शाकिर मलिक और विवेक कुमार शामिल हैं। इनमें दो आरोपी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी लोग पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप, राउटर, एडमिट कार्ड और परीक्षा कंपनी के आईडी कार्ड बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि गिरोह तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर की स्क्रीन बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुंचाता था। इसके बाद सॉल्वर तुरंत प्रश्नों के उत्तर भेज देता था। मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान परीक्षा केंद्र का संचालन करता था और लंबे समय से ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कराने में शामिल था।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के लिए करीब चार लाख रुपये वसूलते थे। इसमें हिस्सा दलालों, तकनीकी टीम और सॉल्वर के बीच बांटा जाता था। पुलिस अब जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित अन्य परीक्षाओं में हुई धांधली का खुलासा हो सके।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp