Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

लुहारी स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, चाकू लगने से एक घायल

Category Archives: क्राइम

लुहारी स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, चाकू लगने से एक घायल

लंच ब्रेक के दौरान 11वीं के छात्र ने 9वीं कक्षा के छात्र पर किया हमला, घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

हरयाणा- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लुहारी में मंगलवार को लंच ब्रेक के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई में बदल गया। झगड़े के दौरान 11वीं कक्षा के एक छात्र ने 9वीं कक्षा के छात्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके कंधे पर गंभीर चोट आई है।

घटना के बाद घायल छात्र को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हमले में दूसरा छात्र भी मामूली रूप से घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


मथुरा: प्रेम विवाह की उम्मीद में थाने पहुंचा युवक, अपहरण के आरोप में गया जेल

मथुरा: मथुरा जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जब एक युवक एक किशोरी को साथ लेकर थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। पहले तो पुलिस भी हैरान रह गई, लेकिन जब जांच की गई तो मामला कुछ और ही निकला।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि जिस किशोरी को युवक अपने साथ लेकर थाने आया था, उसके परिजन—विशेषकर भाई—पहले ही अपहरण का मामला दर्ज करा चुके हैं। यह जानने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार युवक और किशोरी आपस में एक-दूसरे को जानते थे और कथित तौर पर शादी करना चाहते थे। युवक किशोरी को अपने साथ लेकर सीधे थाने पहुंच गया ताकि वैधानिक रूप से शादी की अनुमति मांगी जा सके। हालांकि, पुलिस को जब अपहरण की रिपोर्ट के बारे में पता चला, तो मामला पूरी तरह पलट गया।

थाना प्रभारी का बयान:
नौहझील थाना प्रभारी ने बताया कि, “युवक द्वारा थाने में स्वयं आकर शादी की इच्छा जताई गई थी, लेकिन जब किशोरी की उम्र और दर्ज केस की जानकारी ली गई, तो अपहरण का मामला सामने आया। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और किशोरी को काउंसलिंग के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास भेजा गया है।”

किशोरी की उम्र:
पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरी की उम्र 18 साल से कम बताई जा रही है, जिसके कारण यह मामला पॉक्सो एक्ट के दायरे में भी आ सकता है। मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों की प्रतिक्रिया:
किशोरी के परिवार वालों ने युवक पर आरोप लगाया है कि उसने लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया था और वे जल्द से जल्द उसे सजा दिलाना चाहते हैं।


मंगलौर में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में दो घायल

रिक्शा तेज चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंचा, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

मंगलौर। रुड़की के मंगलौर क्षेत्र के मोहल्ला किला में उस समय तनाव फैल गया जब दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में दो युवक घायल हो गए हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर को रिक्शा तेज चलाने की बात को लेकर दो युवकों के बीच बहस हो गई थी। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन देर शाम दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक ने तीन राउंड फायरिंग भी की, हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। पथराव में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। हालात को नियंत्रित करने के लिए मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी को गंगनहर में धक्का देकर उतारा मौत के घाट

कांवड़ियों ने आरोपी को पकड़ कर की पिटाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को प्रेम प्रसंग के चलते मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने बेटी को गंगनहर में धक्का देकर हत्या कर दी, क्योंकि वह एक गैर बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी। यह पूरी घटना कांवड़ यात्रियों की नजर में आ गई, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर पीट दिया।

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के ढालूवाला गांव निवासी प्रदीप धीमान की बेटी प्राची एक गैर बिरादरी के युवक से प्रेम करती थी और उससे विवाह की इच्छा रखती थी। परिवार के विरोध के बावजूद वह अपने फैसले पर अडिग रही।

शनिवार देर शाम प्रदीप धीमान अपनी बेटी को बाइक पर लेकर मंगलौर गंगनहर पुल पर पहुंचा। वहां उसने बेटी को बहाने से नहर किनारे ले जाकर धक्का दे दिया। गंगनहर में गिरते ही युवती पानी की तेज धारा में बह गई।

इसी दौरान घटनास्थल से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों ने पूरी घटना देख ली और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। उन्होंने प्रदीप की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है। रात में गोताखोरों की मदद से गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका।

रविवार को भी सर्च अभियान जारी रहा। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और युवती की तलाश जारी है।


जमानत पर छूटे आरोपी की हैवानियत फिर आई सामने, महिला का अपहरण कर किया दुष्कर्म

आम्रपाली योजना के पास झाड़ियों में मिली महिला, हालत गंभीर

स्थानीय लोगों की सतर्कता से बची जान, पुलिस कर रही छानबीन

उत्तर प्रदेश। एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जमानत पर छूटे एक आरोपी ने उसी महिला को दोबारा अपना शिकार बनाया, जिसके साथ पहले भी वह दुष्कर्म कर चुका था।

आरोपी ने पीड़िता का अपहरण कर दुबारा दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर हाथ-पैर बांधकर उसे मरणासन्न अवस्था में आम्रपाली योजना के पास झाड़ियों में फेंक दिया।

स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में पड़ी महिला को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है, और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि जमानत पर छूटे अपराधियों की निगरानी कितनी जरूरी है।


टेनिस अकादमी बनी विवाद की वजह, गुरुग्राम में पिता ने बेटी की ली जान

इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत, पुलिस ने किया शव को मोर्चरी भेजा

FSL और फिंगरप्रिंट टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-57 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में गुरुवार सुबह पूर्व राज्य स्तरीय महिला टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उसके ही पिता द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना करीब सुबह 11:30 बजे की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राधिका द्वारा टेनिस अकादमी चलाने को लेकर पिता से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी के चलते पिता ने गुस्से में आकर अपनी ही बेटी पर गोली चला दी। गंभीर हालत में राधिका को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी ईस्ट, थाना सेक्टर-56 पुलिस, एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम, और फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है।


चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता, त्यूणी में पकड़ी गई अवैध विस्फोटक सामग्री

तीन आरोपी हिरासत में, डायनामाइट और डेटोनेटर के साथ गिरफ्तार

125 किलो डायनामाइट, डेटोनेटर और तार के साथ पकड़े गए आरोपी, दस्तावेज नहीं दिखा पाए

देहरादून। उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में थाना त्यूणी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान जब इस संदिग्ध वाहन को रोका गया, तो तलाशी में कार से 125 किलोग्राम डायनामाइट, दो डिब्बे डेटोनेटर, लाल तार का रोल, और एक बंडल बत्ती बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं दिखा पाए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू, रोहित और सुनील के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस बात का पता लगाने की कोशिश में है कि यह विस्फोटक सामग्री कहां ले जाई जा रही थी और इसका उद्देश्य क्या था।


हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से डेढ़ लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार

पंचकूला: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी युवक से ₹1.5 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने न केवल पैसा लिया बल्कि फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपी महिला आकृति यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भी महेंद्रगढ़ की ही रहने वाली है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, फिर हुआ भरोसे का सौदा

पीड़ित दीपक, जो बावल स्थित पॉस्को कंपनी में ट्रॉलिंग हेल्पर के रूप में कार्यरत है, ने बताया कि उसकी तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर आकृति यादव से दोस्ती हुई थी। आकृति ने खुद को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की कर्मचारी बताया। उसने दीपक को भरोसा दिलाया कि 2024 में हाईकोर्ट में हुई क्लर्क और चपरासी की भर्ती में कुछ पद खाली रह गए हैं और वह उसे नौकरी दिला सकती है। दीपक ने आकृति को जरूरी दस्तावेज भेजे और ₹1.5 लाख का भुगतान किया।

फर्जी लेटर और पुलिस शिकायत

27 जून को आकृति ने वीडियो कॉल पर दीपक को एक जॉइनिंग लेटर दिखाया और 4 जुलाई को जब दीपक हाईकोर्ट पहुंचा, तो आकृति ने उसे कैंटीन में बुलाकर फर्जी जॉइनिंग लेटर सौंप दिया। लेटर पर शक होने पर दीपक ने तुरंत सेक्टर-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आकृति यादव को गिरफ्तार कर लिया।

केस दर्ज, आगे की जांच जारी

पुलिस ने आकृति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई और शामिल था या नहीं।


केनेथ कौंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारतीय तस्कर गिरफ्तार, सोने की मिली 7 ईंटें

19 करोड़ से ज्यादा का कैश बरामद 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

नई दिल्ली। अफ्रीकी देश जांबिया में एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास 19 करोड़ से ज्यादा कैश और 4 करोड़ से अधिक का सोना बरामद हुआ है। आरोपी शख्स यह सारा सामान अपने सूटकेस में भरकर दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। जांबिया एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे धर लिया। यह घटना जांबिया के लुसाका स्थित केनेथ कौंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की है। 27 साल का युवक दुबई की फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा।

एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस को उस पर शक हुआ। जांबिया के ड्रग प्रवर्तन आयोग (डीईसी) ने जांच के दौरान सूटकेस चेक किया तो सभी के होश उड़ गए। आरोपी शख्स ने अपने बैग में ढेर सारी नोटों की गड्डियां और सोने की ईंटें छिपा रखी थीं। इस दौरान पुलिस को 2.32 मिलियन डॉलर (19 करोड़ रुपए) और 5 लाख डॉलर (4 करोड़ रुपए) के सोने की 7 ईंटें मिली हैं। शख्स ने कैश को रबड़ से बांधकर बैग में रखा था।

सोने की ईंटें भी ऐसे ही बैग में पड़ी थीं। डीईसी का कहना है कि इस अपराध में कई अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि जांबिया में सोने और कॉपर बड़ी संख्या में मौजूद है। इसके बावजूद देश की 60 प्रतिशत आबादी गरीबी से जूझ रही है। यही वजह है कि यहां सोना तस्करी अक्सर देखने को मिलती है। यह पहली बार नहीं है कि जांबिया से कोई ऐसा मामला सामने आया है। 2023 में मिस्त्र के 5 नागरिकों को 127 किलोग्राम सोना और करोड़ों रुपयों के साथ पकड़ा गया था।


धारदार हथियार से प्रेमी ने काटा अपना गुप्तांग, वजह जान हो जाएंगे हैरान 

युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालत नाजुक 

बरेली। बदायूं से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका के शारीरिक संबंध बनाने के इनकार किया तो नाराज प्रेमी ने धारदार हथियार से अपना गुप्तांग काट लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने युवक को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की दोस्ती गांव की ही एक युवती से फेसबुक के जरिए हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। जिससे दोनों करीब आ गए और दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई। बताया गया कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहे थे। दो दिन पहले युवक ने प्रेमिका को कॉल कर उससे मिलने की इच्छा जाहिर कर शारीरिक संबंध बनाने की बात कही, लेकिन प्रेमिका ने उससे मिलने से साफ इनकार कर दिया था।

युवक लगातार उसे कॉल कर रहा था, लेकिन प्रेमिका उसकी बात को अनसुना कर कॉल नहीं उठा रही थी, जिससे वह परेशान हो गया। युवक ने फिर से प्रेमिका को कई बार कॉल किया। इसके बावजूद उसकी प्रेमिका ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे तंग आकर युवक ने धारदार हथियार से घर पर ही अपना गुप्तांग काट लिया।

इस दौरान घर पर मौजूद उसके परिजनों को घटना समझने में देर नहीं लगी। परिवार के लोग युवक को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देख उसे बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। बिनावर इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज का कहना है कि इस मामले में थाने पर कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp