Wednesday, November 18, 2026
4:20 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

गाजियाबाद में 80 लाख का गांजा बरामद, छद्म नाम और जांगी एप के सहारे चला रहे थे तस्करी का नेटवर्क, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद में 80 लाख का गांजा बरामद, छद्म नाम और जांगी एप के सहारे चला रहे थे तस्करी का नेटवर्क, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद में 80 लाख का गांजा बरामद, छद्म नाम और जांगी एप के सहारे चला रहे थे तस्करी का नेटवर्क, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा और मुरादनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 164 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक कंटेनर भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए असली नामों का इस्तेमाल नहीं करते थे। दोनों एक-दूसरे को अलग-अलग छद्म नामों से बुलाते थे और आपसी संपर्क के लिए जांगी एप का इस्तेमाल करते थे। गांजे की खरीद और सप्लाई से जुड़े लोगों से भी इसी नेटवर्क के माध्यम से संपर्क किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निवाड़ी रोड स्थित केशव कुंज कॉलोनी निवासी प्रवीण त्यागी और मेरठ के जटौली गांव निवासी अरुण शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और पहले भी अवैध गतिविधियों में साथ काम कर चुके थे।

पूछताछ में पता चला कि दोनों वर्ष 2017 से हरियाणा में निर्मित शराब की तस्करी कर रहे थे। गाजियाबाद, मेरठ और हरिद्वार सहित विभिन्न इलाकों में शराब की सप्लाई की जाती थी। इस कारोबार से अपेक्षित कमाई नहीं होने पर दोनों ने गांजे की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, पिछले करीब आठ महीने से वे इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।

जांच में यह भी सामने आया कि गांजे की खरीद के लिए ओडिशा और विशाखापट्टनम के तस्करों से संपर्क किया जाता था। अरविंद उर्फ भूरा नाम के व्यक्ति के माध्यम से खेप की व्यवस्था की जाती थी। इसके बाद गांजे को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाया जाता था।

पुलिस के अनुसार, तस्करी के लिए आरोपियों ने एक कंटेनर का इस्तेमाल किया था, जिसे प्रवीण ने अपने दोस्त योगेंद्र के नाम पर आशीर्वाद कंपनी से खरीदा था। पिछले करीब छह महीनों से इसी वाहन के जरिए गांजे की खेप लाई जा रही थी। इस कारोबार में प्रति किलोग्राम गांजे पर लगभग तीन हजार रुपये का मुनाफा मिलने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।

पुलिस का दावा है कि पिछले महीने ही करीब 100 किलोग्राम गांजे की खपत हुई थी। पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी भूमिका की जांच और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं।

16 नवंबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने काकड़ा पुलिया से सौंदा पुल नहर की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp