गुरुग्राम – हेलीमंडी क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवक का शव खून से सना हुआ मिला। स्कूल स्टाफ के पहुंचते ही घटना का खुलासा हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के कर्मचारियों ने परिसर में एक युवक को गंभीर हालत में पड़ा देखा, जिसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी था और फिलहाल हेलीमंडी इलाके में रह रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और स्कूल परिसर को सील कर दिया गया है। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
बताया जा रहा है कि मृतक काम की तलाश में था और परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। मौके से कुछ संदिग्ध सामान भी मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले वहां कुछ लोग मौजूद थे।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।