नई दिल्ली – सुल्तानपुरी क्षेत्र में एक 15 वर्षीय लड़के की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर से बाहर टहलने निकला था, तभी कुछ हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि रेहान को पहले भी निशाना बनाया जा चुका था। जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन मामले में कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि अगर उस समय पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती, तो शायद आज यह दुखद घटना नहीं होती।
घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।