Saturday, November 21, 2026
10:49 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बच्चों की जान से खिलवाड़! स्कूल बसों में सुरक्षा नियमों की खुली पोल, 375 वाहनों की जांच में 142 के चालान

बच्चों की जान से खिलवाड़! स्कूल बसों में सुरक्षा नियमों की खुली पोल, 375 वाहनों की जांच में 142 के चालान

नामी स्कूलों की बसों में मिलीं गंभीर खामियां, कहीं इमरजेंसी गेट बंद तो कहीं एक्सपायरी दवाइयां

देहरादून। बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले स्कूलों के परिवहन इंतजाम ही सवालों के घेरे में आ गए हैं। देहरादून में स्कूली वाहनों की जांच के दौरान कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की बसों में सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आई हैं। कहीं प्राथमिक उपचार पेटी में एक्सपायरी दवाइयां मिलीं तो कहीं आपातकालीन निकास द्वार के सामने सीटें लगाकर रास्ता ही बंद कर दिया गया था। इतना ही नहीं, कई बसों के चालक और परिचालकों को आपात स्थिति में निकास द्वार खोलने तक की जानकारी नहीं थी।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से परिवहन विभाग के सहयोग से यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डूंगराकोटी ने 18 नवंबर को भी परिवहन विभाग की टीम के साथ विभिन्न स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़े और नामी विद्यालयों की बसों में भी नियमों की अनदेखी सामने आई।

आपातकालीन निकास द्वार के सामने मिलीं सीटें

निरीक्षण में सबसे गंभीर लापरवाही आपातकालीन निकास व्यवस्था को लेकर मिली। कई बसों में इमरजेंसी गेट के सामने सीटें लगाई गई थीं, जिससे किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में बच्चों को बाहर निकालने का रास्ता बाधित हो सकता है। कुछ बसों में खिड़कियों पर आवश्यक सुरक्षा ग्रिल भी नहीं मिली। हैरानी की बात यह रही कि कई चालकों और परिचालकों को आपातकालीन निकास द्वार खोलने की प्रक्रिया तक की जानकारी नहीं थी।

इसके अलावा कुछ बसों में प्राथमिक उपचार पेटियां सही स्थिति में नहीं मिलीं। कहीं दवाइयां एक्सपायरी थीं तो कहीं सीसीटीवी कैमरे तो लगे थे, लेकिन रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर उपलब्ध नहीं था। कुछ वाहन चालक जांच के दौरान जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं, कुछ स्कूली वाहनों को तेज रफ्तार से चलते हुए भी पाया गया।

स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बैठाए जा रहे थे बच्चे

जांच के दौरान कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने का मामला भी सामने आया। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा मानकों की अनदेखी केवल छोटी स्कूल वैन तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े और प्रतिष्ठित विद्यालयों की बसों में भी कई कमियां पाई गई हैं। इन मामलों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के लिए सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर एडवाइजरी जारी करने पर भी विचार कर रहा है।

बच्चों को स्कूटर पर खड़ा कर ले जा रहा था पिता

अभियान के दौरान अभिभावकों की ओर से यातायात नियमों की अनदेखी का मामला भी सामने आया। एक व्यक्ति अपने दोनों बच्चों को स्कूटर के आगे खड़ा करके ले जा रहा था। बच्चों के स्कूल बैग भी उनके हाथों में थे और स्कूटर चालक ने हेलमेट तक नहीं पहना था। टीम ने उसे मौके पर रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और बच्चों की जान जोखिम में डालने के खतरों के बारे में समझाया।

अब तक 375 वाहनों की जांच, 142 के चालान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, 16 नवंबर से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अब तक देहरादून में करीब 375 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है। इनमें अनियमितताएं मिलने पर लगभग 142 वाहनों के चालान किए गए हैं। अभियान के दौरान स्कूल बसों, वैन और बच्चों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों के सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डूंगराकोटी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आपातकालीन निकास द्वार का बंद होना, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना और चालक-परिचालकों को सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी न होना बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही अभिभावकों से भी अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।

22 नवंबर तक जारी रहेगा अभियान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों की जांच का यह विशेष अभियान 22 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान संबंधित विभागों की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा परिवहन एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp