Saturday, November 21, 2026
10:23 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आजमगढ़ हाईवे किनारे मिला 28 वर्षीय युवक का शव, सिर बुरी तरह कुचला; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ हाईवे किनारे मिला 28 वर्षीय युवक का शव, सिर बुरी तरह कुचला; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बरदह थाना क्षेत्र के जिवली स्थित सरकारी समिति गोदाम के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। करीब 28 वर्षीय युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और घटनास्थल पर खून फैला हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सड़क किनारे शव देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव के आसपास और पैरों की तरफ खून के निशान मिले, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के स्पष्ट निशान नजर नहीं आए।

घटनास्थल से 300 मीटर दूर मिली स्कूटी

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से करीब 300 मीटर की दूरी पर हाईवे की दूसरी ओर एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली। स्कूटी पर गुजरात का पंजीकरण नंबर दर्ज है। उसकी चाबी भी मृतक के शव के पास से बरामद हुई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी युवक की हो सकती है। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे डालकर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है। वहीं, यह संभावना भी जताई जा रही है कि हाईवे से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान गई हो।

थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के मुताबिक, मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp