Saturday, January 3rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने की सीएम धामी सहित वरिष्ठ नौकरशाहों से मुलाकात, नववर्ष की शुभकामनाएं की प्रेषित

Monthly Archives: January 2026

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने की सीएम धामी सहित वरिष्ठ नौकरशाहों से मुलाकात, नववर्ष की शुभकामनाएं की प्रेषित

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने कहा सीएम धामी के नेतृत्व में प्रशासनिक सुधारों की मिसाल कायम कर रहा उत्तराखंड

देहरादून- उत्तराखंड में सशक्त नेतृत्व, स्थिर शासन और निर्णायक प्रशासन के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन में राज्य निरंतर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नववर्ष 2026 के अवसर पर राज्य निगम कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड ने इसी विश्वास और आशा के साथ प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक नेतृत्व को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। महासंघ का मानना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य न केवल प्रशासनिक सुधारों की नई मिसाल कायम कर रहा है, बल्कि कर्मचारियों, आम जनता और विकास से जुड़े सभी वर्गों के हितों का संतुलन भी प्रभावी ढंग से साधा जा रहा है। इसी क्रम में महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर प्रदेश की उन्नति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

नववर्ष पर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड के प्रतिनिधि मंडल ने महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं देने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा उनके कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड को उन्नति, समृद्धि और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कामना की। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पाण्डे, मुख्यमंत्री के सचिव एवं पेयजल सचिव शैलेश बगौली तथा अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान से भी मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। महासंघ ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान प्रशासनिक नेतृत्व में राज्य की नीतियां अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और कर्मचारी हितैषी बन रही हैं, जिससे सरकारी निगमों और संस्थाओं का कार्य निष्पादन भी बेहतर हो रहा है।

कर्मचारियों की भूमिका को बताया राज्य की प्रगति का आधार

इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय देखे हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता और कर्मचारियों को मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य निगमों में कार्यरत कर्मचारी विकास की रीढ़ हैं और उनकी भूमिका को सशक्त बनाना राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।महासंघ के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद से नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नववर्ष 2026 में राज्य सरकार कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ेगी और निगमों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के साथ नंदलाल जोशी, बालेश कुमार, हरि सिंह, कुनाल शर्मा, मनोज कुमार, अमजद खां, अरविंद पायल तथा रविनन्दन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य, प्रशासनिक स्थिरता और निरंतर विकास की कामना की।


अवैध वसूली; भष्टाचार की शिकायत पर डीएम का सख्त एक्शन; पटवारी निलंबित

ऑडियो साक्ष्य के आधार पर डीएम ने की निलम्बन की कार्रवाई; तहसीलदार को सौंपी प्रकरण की विस्तृत जांच
पटवारी को किया कालसी तहसील, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में संबद्ध
भ्रष्टाचार एवं अवैध वसूली के मामलों में जिला प्रशासन की शून्य सहिष्णुता नीति
देहरादून-  लाखामण्डल क्षेत्र में अवैध वसूली की शिकायत पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) जयलाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें तहसील कालसी स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
लाखामण्डल, चकराता, देहरादून निवासियों द्वारा जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ के साथ अपने संयुक्त शिकायती पत्र में ऑडियो साक्ष्य (पेनड्राइव) भी संलग्न किया गया था।  जिसमें आरोप लगाया गया कि जयलाल शर्मा द्वारा क्षेत्र में तैनाती के बाद छोटे से बड़े दस्तावेज तैयार करने, फर्जी विक्रय पत्र, दाखिल-खारिज आदि कार्यों के नाम पर किसानों, काश्तकारों तथा अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के गरीब लोगों से खुलेआम नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से अवैध धनराशि वसूली जा रही थी।
जिलाधिकारी द्वारा प्रकरण की कराई गई प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए, जिसके दृष्टिगत निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच आवश्यक मानी गई। उत्तराखण्ड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के उल्लंघन के प्रथम दृष्टया आधार पर जिलाधिकारी द्वारा जयलाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के आदेश दिए गए।
निलंबन अवधि में संबंधित कर्मचारी को वित्तीय नियम संग्रह, खण्ड-2, भाग-2 से 4 के मूल नियम-53 के अंतर्गत अर्द्ध औसत वेतन के समतुल्य जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। इसके साथ ही नियमानुसार महंगाई भत्ता भी अनुमन्य होगा, बशर्ते संबंधित कर्मचारी द्वारा यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया जाए कि वह इस अवधि में किसी अन्य सेवा, व्यवसाय अथवा व्यापार में संलग्न नहीं है। प्रकरण की विस्तृत जांच हेतु तहसीलदार विकासनगर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि एक माह के भीतर जांच पूर्ण कर अपनी आख्या जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।  जिलाधिकारी के अनुमोदन उपरांत उप जिलाधिकारी मुख्यालय द्वारा निलंबन आदेश विधिवत जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार एवं अवैध वसूली के मामलों में शून्य सहिष्णुता नीति अपनाई जा रही है तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

सीएम धामी ने बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव की प्रतिमा का किया वर्चुअल अनावरण

राजा जगतदेव त्याग और वीरता के प्रतीक- मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राजा जगतदेव का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अमूल्य उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल एक प्रतिमा के अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान की स्मृति को नमन करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि राजा जगत देव ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। यह केवल वीरता की नहीं, बल्कि स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति की प्रतीक गाथा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित अनेक क्षेत्रों में बसे बुक्सा समाज के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और आत्मसम्मान को जीवंत रखे हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगत देव जी की गौरवगाथा को शोध कार्य भी होने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनसे प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से संबंधित तीन घोषणाएँ भी कीं—ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किमी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किमी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा।

इस अवसर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर श्री नितिन भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा मौजूद थे।


अंकिता हत्याकांड से संबंधित साक्ष्य हैं तो उसे सरकार को उपलब्ध कराएं- सुबोध उनियाल

मामले की निष्पक्ष जांच को तैयार है सरकार, विपक्ष कर रहा मामले का राजनीतिकरण- सुबोध उनियाल

देहरादून। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित घटनाक्रम पर राज्य सरकार की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इस गंभीर मामले में सरकार ने शुरू से ही निष्पक्ष, पारदर्शी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी प्राप्त हुई, राज्य सरकार ने तत्काल एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। मामले में शामिल सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान किसी भी आरोपी को जमानत नहीं मिल सकी।

सुबोध उनियाल ने बताया कि विवेचना के दौरान मामले की सीबीआई जांच कराने हेतु उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की गई थी। इस पर नैनीताल हाईकोर्ट ने SIT की जांच पर विश्वास जताते हुए सीबीआई जांच की आवश्यकता से इंकार कर दिया। इसके पश्चात यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में भी गया, जहां न्यायालय ने विवेचना से संतुष्टि व्यक्त करते हुए याचिका को खारिज कर दिया।

SIT द्वारा विस्तृत जांच के उपरांत अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और निचली अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि हाल में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही ऑडियो क्लिप के संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और उनकी विधिवत जांच जारी है। जांच में यदि कोई भी नया तथ्य या साक्ष्य सामने आता है तो उसके आधार पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि साक्ष्य उपलब्ध कराने वाले को सरकार की ओर से सुरक्षा भी मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस प्रकरण से संबंधित कोई भी जानकारी या साक्ष्य था, तो विवेचना के दौरान उसे SIT को उपलब्ध कराया जा सकता था। उस समय पुलिस द्वारा भी सार्वजनिक रूप से यह अपील भी की गई थी कि यदि किसी के पास किसी वीआईपी या अन्य व्यक्ति से जुड़ा कोई तथ्य या प्रमाण हो तो वह जांच एजेंसियों को साझा करे।

सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच हो तथा किसी भी तथ्य की अनदेखी न की जाए। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि न्याय की प्रक्रिया में कोई भी कसर न छोड़ी जाए और सत्य के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त एवं उचित कार्रवाई की जाए।


सीएम धामी ने शासकीय आवास में लगाए ट्यूलिप बल्ब, पुष्प खेती को बताया स्वरोजगार का मजबूत जरिया

सरकार का लक्ष्य प्रदेश में कृषि को लाभकारी बनाते हुए किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है- सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास परिसर में परिवार के साथ विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप बल्ब रोपित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में ट्यूलिप सहित विभिन्न पुष्पों की खेती तेजी से स्वरोजगार के एक सशक्त माध्यम के रूप में उभर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां पुष्प उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ व्यावसायिक पुष्प खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो सके।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि कृषि और बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति पर प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। इन योजनाओं के तहत आधुनिक बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है और किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में कृषि को लाभकारी बनाते हुए किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।


नववर्ष के जश्न के दौरान खेरसॉन में ड्रोन हमला, 24 लोगों की मौत, कई घायल

रूस ने यूक्रेन पर लगाया नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप

मॉस्को। नए साल के पहले दिन रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष और अधिक तीव्र हो गया। रूस ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले में कम से कम 24 लोगों की जान चली गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। यह हमला दक्षिणी खेरसॉन प्रांत में नववर्ष समारोह के दौरान हुआ बताया जा रहा है।

रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूक्रेन ने रूस के नियंत्रण वाले खेरसॉन क्षेत्र में एक होटल और कैफे को निशाना बनाया, जहां लोग नए साल का जश्न मना रहे थे। मंत्रालय ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमले में 50 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।

खेरसॉन के गवर्नर ने लगाया जानबूझकर हमले का आरोप
रूस द्वारा नियुक्त खेरसॉन के क्षेत्रीय गवर्नर व्लादिमीर साल्डो ने दावा किया कि तटीय गांव खोरली में नववर्ष समारोह स्थल पर तीन ड्रोन से हमला किया गया। उन्होंने इसे नागरिकों के खिलाफ किया गया सुनियोजित आतंकवादी हमला करार दिया। साल्डो के अनुसार, हमले के बाद आग लगने से कई लोग झुलस गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि ड्रोन ने उन स्थानों को जानबूझकर निशाना बनाया, जहां नागरिक एकत्र थे। मंत्रालय ने इस हमले को युद्ध अपराध बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

रूस ने पश्चिमी देशों पर भी साधा निशाना
हमले के बाद रूसी अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर चारों ओर आग की लपटें और धुएं के गुबार दिखाई दिए। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि इस हमले के लिए यूक्रेन को समर्थन देने वाले पश्चिमी देशों की भी जिम्मेदारी बनती है। रूस की संसद के दोनों सदनों के अध्यक्षों समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कीव की कड़ी आलोचना की है।

यूक्रेन ने नागरिकों को निशाना बनाने से किया इनकार
दूसरी ओर, यूक्रेन ने रूस के आरोपों को खारिज किया है। यूक्रेन के एक सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि उसकी सेना केवल सैन्य ठिकानों, ईंधन, ऊर्जा सुविधाओं और अन्य वैध लक्ष्यों पर ही कार्रवाई करती है और नागरिकों को निशाना नहीं बनाती।

गौरतलब है कि खेरसॉन उन चार यूक्रेनी क्षेत्रों में शामिल है, जिन पर रूस ने वर्ष 2022 में अपने नियंत्रण का दावा किया था। इस ताजा घटना ने दोनों देशों के बीच जारी युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता और बढ़ा दी है।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का किया शुभारंभ

खेलों से बनेगा स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा एवं खेल विभाग के सहयोग से आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का चैंपियनशिप ट्रॉफी के फ्लैग के मध्यम से ध्वजारोहण कर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री जोशी ने 800 मीटर की दौड़ में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि खेल महाकुंभ-2025 की प्रतियोगिताएं विगत सात वर्षों से युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा एवं खेल विभाग के सहयोग से आयोजित की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इन प्रतियोगिताओं को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के नाम से आयोजित किया जा रहा है, जो एक सराहनीय पहल है।

मंत्री जोशी ने कहा कि विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं के स्थान पर अब विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा जनपद स्तर की प्रतियोगिताएं सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के नाम से आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सीधे विधानसभा स्तर पर अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, पिट्ठू एवं मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विधायक स्तर पर विजेता खिलाड़ी आगे चलकर सांसद स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेलों का वातावरण तैयार करना, ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों को ई-कल्चर से पी-कल्चर अर्थात इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से खेल मैदान तक लाना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना, स्कूल ड्रॉपआउट खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ना तथा स्वास्थ्य संवर्द्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सफल जीवन के लिए खेलकूद एवं योगिक क्रियाएं अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों से ही शारीरिक और मानसिक विकास संभव है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी उपस्थित लोगों को नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, मनोज क्षेत्री, ज्योति कोटिया, लक्ष्मण सिंह रावत, विष्णु प्रसाद गुप्ता, सारिका खत्री, धीरज ठाकुर, प्रदीप शर्मा, युवा कल्याण अधिकारी इमरान सहित कई लोग उपस्थित रहे।


‘बॉर्डर 2’ का मच अवेटेड गाना ‘घर कब आओगे हुआ रिलीज, चार दिग्गज गायकों की आवाज ने बढ़ाया उत्साह

Border 2 Song Ghar Kab Aaoge Release: लंबे इंतजार के बाद फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का बहुप्रतीक्षित गाना ‘घर कब आओगे’ आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। मेकर्स ने फिलहाल गाने का ऑडियो वर्जन जारी किया है, जबकि इसका वीडियो वर्जन आज शाम रिलीज किया जाएगा। गाने की घोषणा के बाद से ही फैंस इसे लेकर काफी उत्साहित थे और रिलीज के साथ ही यह ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करने लगा है।

चार आवाजों में सजा देशभक्ति का एहसास
‘घर कब आओगे’ सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के आइकॉनिक गीत ‘संदेसे आते हैं’ का री-क्रिएटेड वर्जन है, जिसे उसी भावनात्मक धुन पर नए शब्दों और नए अंदाज में पेश किया गया है। जहां मूल गीत जावेद अख्तर के बोल और अनु मलिक के संगीत से सजा था, वहीं इसके नए संस्करण के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं और संगीत दिया है मिथुन ने।

खास बात यह है कि इस बार गाने को दो नहीं बल्कि चार नामचीन गायकों ने अपनी आवाज दी है। सोनू निगम के साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा की आवाज इस गीत को और भी खास बनाती है। चारों कलाकारों की भावपूर्ण गायकी ने गाने को एक नया स्तर दिया है, जिसे सुनकर फैंस भावुक नजर आ रहे हैं।

23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी ‘बॉर्डर 2’
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी फिल्म का हिस्सा हैं।

देशभक्ति की भावना से भरपूर इस फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। अब फैंस फिल्म के ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ पाती है।

(साभार)


कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शक्तिपीठ मां कंकालीतला मंदिर में किए दर्शन

देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की 

देहरादून/बीरभूम। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कंकालीतला मंदिर में दर्शन किए। यह मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से इसका विशेष महत्व है।

मंदिर दर्शन के दौरान मंत्री धन सिंह रावत ने मां कंकालीतला के चरणों में प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मान्यता है कि इस स्थान पर माता सती के कमर (कंकाल) का हिस्सा गिरा था, जिसके कारण यह स्थल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है।

मंदिर परिसर में स्थित पवित्र कुंड और समीप बहने वाली कोपई नदी के शांत वातावरण ने आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। मंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थलों से सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति प्राप्त होती है।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, नववर्ष 2026 की दी शुभकामनाएं

प्रदेश में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं।

भेंट के अवसर पर दोनों के बीच विकसित उत्तराखंड के निर्माण को लेकर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही प्रदेश में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री गणेश जोशी ने राज्य में सैनिक कल्याण से जुड़ी पहलों की जानकारी राज्यपाल को दी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp