Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

श्री दरबार साहिब में संगतों का पहुंचना हुआ तेज, सजने लगा श्री झण्डे जी का मेला

श्री दरबार साहिब में संगतों का पहुंचना हुआ तेज, सजने लगा श्री झण्डे जी का मेला

श्री दरबार साहिब में संगतों का पहुंचना हुआ तेज, सजने लगा श्री झण्डे जी का मेला

देहरादून। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध श्री झण्डे जी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके साथ ही श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगतों के पहुंचने का क्रम भी तेज हो गया है, जिससे पूरा परिसर भक्ति भाव से सराबोर दिखाई दे रहा है।

गुरुवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा की। होली पर्व के बाद श्री दरबार साहिब की रौनक और बढ़ गई है। संगतों की बढ़ती संख्या के साथ ही मेले की चहल-पहल भी तेज होती जा रही है और पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय जयकार” के जयकारों से गूंजने लगा है।

बाजार और झूलों की तैयारियां पूरी

श्री दरबार साहिब परिसर को इन दिनों विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मेला बाजार में दुकानों की साज-सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मेले में लगने वाले आकर्षक झूले भी कारीगरों द्वारा लगभग तैयार कर लिए गए हैं। कुल मिलाकर श्री झण्डे जी मेले की रौनक अब साफ नजर आने लगी है।

कई राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु

उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गुरुवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब पहुंचते रहे। मेला प्रबंधन समिति के अनुसार पवित्र श्री झण्डे जी (ध्वज दण्ड) के दर्शन के लिए इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह ऐतिहासिक और आस्था का महापर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के दिन संपन्न होगा।

मेले में सुरक्षा और चिकित्सा के विशेष इंतजाम

श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संगतों के लिए लंगर हॉल में विशेष लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई है और इस समय तीन बड़े लंगर लगातार चल रहे हैं।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी के अनुसार मेला स्थल पर सुरक्षा के लिए 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम शुक्रवार से मेला अस्पताल में उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दवाइयों की व्यवस्था भी की गई है और दो एम्बुलेंस भी तैनात रहेंगी।

इसके अलावा अग्नि सुरक्षा के लिए 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं। मेला व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए 35 वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और लगभग 500 संगत स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।

शुक्रवार को निकलेगी पवित्र ध्वज दण्ड की यात्रा

शुक्रवार 6 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर जाएंगी।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में सुबह 7:30 बजे संगतें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग से प्रस्थान करेंगी। यह यात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर, लाल पुल चौक और मातावाला बाग मार्ग से होते हुए श्री दरबार साहिब पहुंचेगी।

इस दौरान पूरा मार्ग “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय जयकार” के जयकारों से गूंज उठेगा और श्रद्धालुओं की भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp