Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास- टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने 

Category Archives: खेल

जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास- टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने 

तीनों प्रारूप में 100+ विकेट लेने वाले पहले भारतीय भी बने जसप्रीत बुमराह

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया। शानदार लय में गेंदबाजी करते हुए बुमराह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

भारत–दक्षिण अफ्रीका मुकाबले के दौरान बुमराह अपनी उपलब्धि से सुर्खियों में रहे। मैच से पहले वह 99 विकेट पर थे और जैसे ही उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट किया, उन्होंने यह शानदार माइलस्टोन हासिल कर लिया। ब्रेविस बुमराह के टी20I करियर का 100वां विकेट बने। इसके बाद उन्होंने एक ही ओवर में केशव महाराज को भी चलता किया और अपने आंकड़ों को 101 विकेट तक पहुंचा दिया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल अर्शदीप सिंह के नाम है, जिनके 69 मैचों में 107 विकेट हैं। बुमराह अब इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या 99 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं और जल्द ही 100-विकेट क्लब में शामिल होने की दहलीज पर खड़े हैं।

तीनों प्रारूपों में 100+ विकेट का अनोखा रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी तीनों प्रारूपों—टेस्ट, वनडे और टी20—में 100 से अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। विश्व स्तर पर यह उपलब्धि उनसे पहले केवल लसिथ मलिंगा, टिम साउथी, शाकिब अल हसन और शाहीन अफरीदी हासिल कर चुके हैं। बुमराह के नाम अब तक टेस्ट में 234 और वनडे में 149 विकेट दर्ज हैं।

पहले टी20 में भारत की धमाकेदार जीत

कटक में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से मात दी। बल्लेबाजी में हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम भारतीय गेंदबाजों के प्रहारों से संभल नहीं पाई और पूरी टीम मात्र 12.3 ओवर में 74 रनों पर ढेर हो गई। पावरप्ले में ही तीन विकेट खोकर मेहमान टीम दबाव में आ गई और उसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे।

डेवाल्ड ब्रेविस (22) ही टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेल सके, जबकि मार्करम और स्टब्स ने 14-14 रन जोड़े। भारत के सभी गेंदबाजों ने योगदान दिया—अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के खाते में एक-एक विकेट गया।

इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है और टीम का आत्मविश्वास नए स्तर पर है। बुमराह की उपलब्धि ने इस जीत को और भी खास बना दिया।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज

गिल और हार्दिक की वापसी पर रहेगी नज़र

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अब पांच मैचों की टी20 सीरीज की तैयारियों में जुट गई है। दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला आज यानि मंगलवार को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि इसी के साथ टीम अगले वर्ष घरेलू मैदान पर होने वाले टी20 विश्व कप की औपचारिक तैयारियों की शुरुआत कर रही है।

टी20 विश्व कप से पहले रणनीतियों का परीक्षण करेगा भारत

मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम इस दौरे को विश्व कप से पहले टीम संयोजन और खिलाड़ी प्रदर्शन आंकने का प्रमुख मंच मान रही है। भारत दक्षिण अफ्रीका और इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 10 टी20 मैच खेलेगा, जो विश्व कप शेड्यूल से पहले अंतिम अंतरराष्ट्रीय अवसर होंगे। भारत अपना पहला विश्व कप मुकाबला 7 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।

गिल और हार्दिक की वापसी से टीम को मिलेगा बड़ा फायदा

चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या इस सीरीज से टीम में वापसी कर रहे हैं। शीर्ष क्रम में गिल की मौजूदगी टीम को मजबूती देगी, वहीं हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड प्रदर्शन भारत की संतुलित प्लेइंग इलेवन के लिए अहम रहेगा। मुश्ताक अली ट्रॉफी में हार्दिक ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाज़ी कर अपने फिट होने के संकेत दे दिए थे।

अभिषेक शर्मा का फॉर्म भारत के लिए बड़ी उम्मीद

युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार शानदार फॉर्म में हैं। हालिया घरेलू टूर्नामेंटों में उनके विस्फोटक प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का भरोसा और मजबूत किया है। 249 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 304 रन बनाकर उन्होंने टी20 प्रारूप में अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराई है।

सूर्यकुमार यादव पर रहेगी नज़र, फॉर्म सुधारने की दरकार

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की हालिया खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय रही है। टी20 के टॉप रन-गेटर्स में शामिल रहे सूर्या पिछले कुछ महीनों से बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। इस सीरीज के माध्यम से वह फॉर्म में लौटने और विश्व कप से पहले टीम को भरोसा दिलाने की कोशिश करेंगे।

टी20 में भारत का मजबूत रिकॉर्ड जारी

विश्व कप खिताब जीतने के बाद भारत ने टी20 प्रारूप में बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा है। टीम ने पिछले 26 में से 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जिसमें एशिया कप के सात लगातार जीतने वाले मैच भी शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड को सुधारना भारत का लक्ष्य होगा, विशेषकर कटक में, जहां टीम अब तक टी20 में एक भी मैच नहीं जीत सकी है।

पहले टी20 की प्रसारण जानकारी

मैच की तारीख: 09 दिसंबर, मंगलवार

स्थान: बाराबाती स्टेडियम, कटक

समय: शाम 7:00 बजे (टॉस 6:30 बजे)

टेलीकास्ट: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क

लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार


एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप- सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को जर्मनी से मिली करारी हार

जर्मनी ने एकतरफा मुकाबले में भारत को 5–1 से हराया 

नई दिल्ली। एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत का सफ़र सेमीफाइनल में थम गया। नौ साल बाद खिताब दोबारा जीतने की उम्मीदें जर्मनी ने निर्णायक प्रदर्शन करते हुए 5–1 की बड़ी जीत के साथ समाप्त कर दीं। मौजूदा चैंपियन जर्मनी ने पूरे मुकाबले में गति, रणनीति और फिनिशिंग के दम पर भारतीय टीम पर स्पष्ट बढ़त बनाए रखी।

पिछली बार 2016 में लखनऊ में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम इस बार जर्मनी के मजबूत आक्रमण के सामने संघर्ष करती दिखी। सेमीफाइनल में जर्मनी के लुकास कॉसेल (14वें, 30वें मिनट), टाइटस वेक्स (15वां), जोनास वॉन जर्सम (40वां) और बेन हासबाख (49वां) ने गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई। भारत की ओर से एकमात्र गोल 51वें मिनट में अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

मैच की शुरुआत भारतीय खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और आक्रामक खेले से की, लेकिन जल्द ही जर्मनी ने खेल पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। भारतीय गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह ने शुरुआती मिनटों में कई शानदार बचाव किए, पर 13वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर कॉसेल ने बढ़त दिला दी। पहला क्वार्टर समाप्त होने से कुछ क्षण पहले वेक्स ने कॉसेल के बेहतरीन क्रॉस पर दूसरा गोल दागा।

दूसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कॉसेल ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया, जिसके साथ हाफ टाइम तक जर्मनी मज़बूत स्थिति में पहुंच गया। तीसरे क्वार्टर में भारत के पास वापसी का सुनहरा मौका था, लेकिन सौरभ आनंद कुशवाहा गोलपोस्ट के सामने आसान मौक़ा गंवा बैठे।

इसके बाद जर्मनी ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली। 40वें मिनट में जर्सम का गोल और 49वें मिनट में हासबाख की डाइविंग फिनिश ने भारत की उम्मीदें लगभग समाप्त कर दीं। आखिरी पलों में भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से एक पर अनमोल ने गोल जरूर किया, लेकिन तब तक मैच जर्मनी की पकड़ में जा चुका था।

अब भारत बुधवार को अर्जेंटीना के खिलाफ कांस्य पदक के लिए उतरेगा, जबकि फाइनल में जर्मनी का मुकाबला स्पेन से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना को 2–1 से हराया।


तीसरे वनडे मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर सीरीज की अपने नाम

जायसवाल ने जड़ा शानदार शतक

विशाखापट्टनम। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा और निर्णायक वनडे नौ विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। क्विंटन डिकॉक की शतकीय इनिंग के बावजूद मेहमान टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और भारत ने यशस्वी जायसवाल की दमदार नाबाद सेंचुरी तथा रोहित शर्मा व विराट कोहली की प्रभावशाली पारियों की बदौलत 61 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

सीरीज की शुरुआत रांची में भारत की 17 रनों की जीत से हुई, जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को 349 के मजबूत स्कोर तक पहुँचाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रन पर ढेर हो गई।

रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतकों ने भारत को 359 तक पहुँचाया, लेकिन एडेन मार्करम, ब्रेविस और ब्रीट्जके की उम्दा पारियों ने मेहमान टीम को चार विकेट से जीत दिला दी।

दोनों टीमों के बीच सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी, और विशाखापट्टनम निर्णायक मुकाबले का गवाह बना, जहां भारतीय खिलाड़ी चमकते नजर आए।

लक्ष्य का पीछा—रोहित-यशस्वी ने संभाली कमान, कोहली ने किया काम पूरा

271 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत लाजवाब रही। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी कर मैच भारत की झोली में लगभग डाल दिया।

रोहित ने 75 रन की पारी खेलते हुए अपना 61वां वनडे अर्धशतक पूरा किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन के आंकड़े को भी छू लिया।
इसके बाद विराट कोहली मैदान पर आए और अपनी फॉर्म जारी रखते हुए तेजतर्रार बल्लेबाजी की। यशस्वी ने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम इंडिया को जीत की दहलीज पार कराई।

यशस्वी ने 121 गेंदों पर 116* रन बनाए, जबकि कोहली 65* रन पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र विकेट केशव महाराज ने लिया।

दक्षिण अफ्रीका की पारी—डिकॉक के शतक के बाद भारतीय गेंदबाजों की वापसी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने क्विंटन डिकॉक (106) और कप्तान तेम्बा बावुमा (48) की 114 रनों की साझेदारी के बल पर शुरुआत तो मजबूत की, लेकिन मध्य और निचला क्रम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाया।
कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार विकेट झटके और मेहमान टीम को 270 रनों पर रोक दिया।
दक्षिण अफ्रीका के अन्य बल्लेबाजों में ब्रेविस ने 29, ब्रीट्जके ने 24 और महाराज ने नाबाद 20 रन जोड़े।
भारत की ओर से अर्शदीप और जडेजा को एक-एक सफलता मिली।


IND vs SA: रोहित–कोहली पर टिकी उम्मीदें, दक्षिण अफ्रीका से विशाखापत्तनम में होगी फाइनल भिड़ंत

विशाखापत्तनम- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार को विशाखापत्तनम में होने वाला तीसरा व अंतिम वनडे मुकाबला निर्णायक बन गया है। दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं और इस मैच का नतीजा ही सीरीज का विजेता तय करेगा। टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम की उम्मीदें एक बार फिर अपने अनुभवी स्तंभ—विराट कोहली और रोहित शर्मा—पर टिकी हैं। दोनों बल्लेबाज हाल के मुकाबलों में लाजवाब फॉर्म में दिखे हैं। कोहली पिछली तीन पारियों में दो शतक जड़ चुके हैं, जबकि रोहित के बल्ले से भी लगातार रन निकले हैं। टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि अनुभवी जोड़ी बड़े मैच में दबाव झेलकर टीम को आगे बढ़ाएगी।

टॉप ऑर्डर में ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में शतक जमाकर मजबूत दावा ठोका है, जबकि यशस्वी जायसवाल की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। लेफ्ट-आर्म पेसर्स के खिलाफ उनकी कमजोरी लगातार उजागर हुई है, और दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा गेंदबाजी में यह चुनौती और कठिन हो गई है। यदि जायसवाल एक बार फिर असफल रहे, तो भारत को ओपनिंग संयोजन पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है।

विशाखापत्तनम की पिच बल्लेबाजों का साथ देने के लिए जानी जाती है। यहां भारत ने 10 में से 7 वनडे जीते हैं, लेकिन पिछला मुकाबला यहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार गया था। ओस इस मैच में अहम भूमिका निभा सकती है, इसलिए टॉस जीतना काफी मायने रखेगा। भारत की परेशानी यह है कि टीम पिछले 20 वनडे टॉस नहीं जीत पाई है।

प्लेइंग इलेवन में बदलाव की गुंजाइश भी बनी हुई है। माना जा रहा है कि वॉशिंगटन सुंदर को आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह तिलक वर्मा अंतिम एकादश में शामिल हो सकते हैं, जो बल्लेबाजी के साथ स्पिन विकल्प भी देते हैं। हालांकि, ऋषभ पंत भी एक समानांतर विकल्प के रूप में मौजूद हैं।

गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने लगातार प्रभावित किया है। प्रसिद्ध कृष्णा पिछले मैच में लय से भटके हुए दिखे थे, जबकि हर्षित राणा से भी टीम को अहम योगदान की उम्मीद है। अगर प्रबंधन बदलाव करता है तो नीतीश रेड्डी को ऑलराउंड विकल्प के तौर पर शामिल किया जा सकता है, हालांकि टीम को लगता है कि प्रसिद्ध कृष्णा को एक और मौका मिलना चाहिए।

दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो टीम वनडे सीरीज जीतकर दौरे को शानदार तरीके से समाप्त करना चाहती है। हालांकि नांद्रे बर्गर और टोनी डी जॉर्जी की फिटनेस को लेकर असमंजस बरकरार है, क्योंकि दोनों पिछले मैच में चोटिल हुए थे। यदि ये खिलाड़ी बाहर रहते हैं, तो अफ्रीकी टीम की गेंदबाजी संयोजन पर असर पड़ सकता है।

संभावित टीम इंडिया (संक्षिप्त विकल्पों के साथ)

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल/ ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), तिलक वर्मा/ वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा/नीतीश रेड्डी।

दक्षिण अफ्रीका (संभावित)

तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्करम, रेयान रिकेलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

रांची जीत के बाद टीम इंडिया का आत्मविश्वास मजबूत

नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानि बुधवार को रायपुर में खेला जाएगा। रांची में पहला मैच जीतकर बढ़त बना चुकी टीम इंडिया अब इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने की मजबूत कोशिश करेगी। मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि भारतीय टीम प्लेइंग-11 में बदलाव करती है या पहली जीत के बाद उसी संयोजन के साथ उतरने का फैसला लेती है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और कप्तान केएल राहुल की शानदार फॉर्म ने टीम को मजबूती दी है, लेकिन यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ और वाशिंगटन सुंदर से उम्मीदें अभी बाकी हैं।

पहले मैच की रणनीति में बदलाव की उम्मीद कम

भारत ने रांची में पहले वनडे में तीन स्पिनर और तीन तेज गेंदबाजों के संयोजन के साथ मैदान में उतरकर दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराया था। ऋषभ पंत को आराम देकर ऋतुराज को मौका मिला था, जबकि ऑलराउंडर स्लॉट में वाशिंगटन सुंदर को नीतीश रेड्डी पर तरजीह दी गई थी। टीम मैनेजमेंट इस मैच में बड़े बदलाव करने के मूड में नहीं दिख रही है। हालांकि, यदि बेंच स्ट्रेंथ आजमाने का मन बना तो ऋतुराज की जगह ऋषभ पंत की वापसी संभव है।

युवा बल्लेबाजों की फॉर्म बनी चिंता

एक ओर रोहित और कोहली मजबूत पिलर की तरह प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं युवा बल्लेबाजों की विफलता टीम की चिंता बढ़ा रही है। गायकवाड़ को चौथे नंबर पर भेजा गया था, लेकिन वह लय हासिल नहीं कर सके। वाशिंगटन सुंदर को एक बार फिर परिवर्तनशील बल्लेबाजी क्रम में भेजा गया, पर वह भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए। गेंदबाजी में सुंदर सिर्फ तीन ओवर ही डाल सके और 18 रन दे बैठे। ऐसे में प्रबंधन उन्हें और मौके देने के पक्ष में दिख रहा है।

कोहली-रोहित पर बड़ी जिम्मेदारी

वनडे क्रिकेट में अब इन दोनों दिग्गजों को सीमित ही देखा जाता है, इसलिए उनका हर प्रदर्शन अहम होता है। पहले मैच में कोहली के 52वें वनडे शतक और रोहित शर्मा की 57 रन की महत्वपूर्ण पारी के दम पर टीम इंडिया को जीत मिली थी। सीरीज का यह दूसरा मैच भी काफी हद तक इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों पर निर्भर रहने वाला है, क्योंकि यही टीम को शुरू में स्थिरता और बाद में बड़ा स्कोर देने का आधार प्रदान करते हैं।

दक्षिण अफ्रीका में दो बड़े बदलाव संभव

पहले मैच में आराम दिए गए कप्तान तेम्बा बावुमा और स्पिनर केशव महाराज की वापसी की पूरी संभावना है। यदि बावुमा लौटते हैं तो टॉप ऑर्डर में टोनी डि जॉर्जी या ब्रिट्जके में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। इन दोनों की मौजूदगी से दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी और गेंदबाजी संतुलन में सुधार आएगा।

रायपुर का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम ने भारत को अब तक शानदार नतीजे दिए हैं। जनवरी 2023 में यहां खेले गए एकमात्र वनडे में मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की धारदार गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड को सिर्फ 108 रन पर समेट दिया था और भारत ने मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया था। इस मैदान पर टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है।

मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी

दूसरा वनडे कब?
03 दिसंबर, बुधवार

कहां खेला जाएगा?
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम, रायपुर

कितने बजे शुरू होगा?
दोपहर 1:30 बजे से (टॉस 1:00 बजे)

कहां देख सकते हैं?
स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप


जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप- भारत ने नामीबिया को 13-0 से हराया

हिना और कनिका की हैट्रिक

नामीबिया को हराकर भारत ने ग्रुप में किया टॉप

नई दिल्ली। जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में भारत ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए नामीबिया को 13-0 से मात देकर टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारतीय टीम की ओर से हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक दर्ज कर शानदार लय का प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारत ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया है।

हिना (35′, 35′, 45′) और कनिका (12′, 30′, 45′) ने तीन-तीन गोल कर टीम के आक्रमण को धार दी। वहीं साक्षी राणा (10′, 23′) ने दो गोल किए। बिनीमा धन (14′), सोनम (14′), साक्षी शुक्ला (27′), इशिका (36′) और मनिशा (60′) ने भी एक-एक गोल कर स्कोरबोर्ड को लगातार आगे बढ़ाया।

पहला क्वार्टर: शुरुआती 15 मिनट में 4 गोल

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। पहले ही क्वार्टर में चार गोल कर भारत ने नामीबिया को बैकफुट पर धकेल दिया।

साक्षी ने रिवर्स फ्लिक से पहला गोल किया

कनिका ने दूसरा गोल दागा

बिनीमा ने तेज आक्रमण के साथ तीसरा गोल किया

सोनम ने चौथा गोल कर 4-0 की बढ़त पक्की कर दी

दूसरा क्वार्टर: बढ़त हुई दुगुनी

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा।

साक्षी ने शानदार दौड़ के बाद अपना दूसरा गोल दागा

पेनल्टी कॉर्नर पर एक और गोल जुड़ा

हाफ टाइम से पहले कनिका ने अपना दूसरा गोल कर भारत को 7-0 तक पहुंचाया

तीसरा क्वार्टर: दो हैट्रिक और दसवां गोल

तीसरे क्वार्टर में भारत का आक्रमण और तेज हुआ।

हिना ने लगातार दो गोल कर हैट्रिक की ओर कदम बढ़ाए

इशिका ने रिबाउंड पर टीम का दसवां गोल किया

हिना ने तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की

कनिका ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर अपनी हैट्रिक पूरी कर दी
भारत की बढ़त इस समय तक 12-0 हो चुकी थी।

चौथा क्वार्टर: अंतिम क्षणों में 13वां गोल

अंतिम क्वार्टर में भारत ने बेंच खिलाड़ियों को मौका दिया, लेकिन आक्रमण की गति कम नहीं हुई।

मनिशा ने पेनल्टी कॉर्नर पर अंतिम गोल कर भारत की धमाकेदार 13-0 की जीत पर मुहर लगा दी।


सुल्तान अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट- बेल्जियम ने भारत को 1-0 से हराकर पहली बार जीता खिताब

भारत को रजत पदक से करना पड़ा संतोष

नई दिल्ली। सुल्तान अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बेल्जियम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 1-0 से पराजित कर अपना पहला खिताब अपने नाम कर लिया। बेहद कड़े और रोमांच से भरे इस मुकाबले में निर्णायक गोल 34वें मिनट में थिब्यू स्टॉकब्रोक्स ने दागा, जिसके बाद भारतीय टीम बराबरी का गोल नहीं ढूंढ सकी और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

टूर्नामेंट में दूसरी बार हिस्सा ले रही बेल्जियम टीम ने लगातार आक्रामक हॉकी खेलते हुए भारत को कई मौकों पर दबाव में रखा। वहीं भारतीय टीम, जिसने सेमीफाइनल में कनाडा पर 14-3 की बड़ी जीत दर्ज की थी, फाइनल में अपने तीनों पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल पाई। पूरे टूर्नामेंट में पेनल्टी कॉर्नर पर प्रभावी दिखे जुगराज सिंह, अमित रोहिदास और संजय बेल्जियम की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति के सामने फाइनल में लय नहीं पकड़ सके।

लीग चरण में भी भारत को बेल्जियम से 2-3 की हार मिली थी और फाइनल में मिली हार टूर्नामेंट की उनकी दूसरी शिकस्त रही। मनप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में युवा खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी थी, जिन्होंने अच्छा संघर्ष दिखाया लेकिन निर्णायक क्षणों में गोल नहीं कर पाए।

फाइनल की शुरुआत से ही बेल्जियम की टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाकर खेल की गति तय की। उनके तेज आक्रमणों ने भारतीय डिफेंस को शुरुआती मिनटों में सतर्क रहने पर मजबूर किया और भारतीय गोलकीपर को कई महत्वपूर्ण बचाव करने पड़े। भारत ने पहले क्वार्टर के बाद वापसी की कोशिश की, लेकिन बेल्जियम ने मिडफील्ड में बढ़त बनाए रखी और भारत को संयोजित आक्रमण नहीं करने दिया।

हाफ टाइम तक दोनों टीमें गोल रहित रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में बेल्जियम का संयम और रणनीति काम आई। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में स्टॉकब्रोक्स का गोल मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अंतिम क्वार्टर में भारत ने बराबरी की तलाश में लगातार दबाव बनाया, कई अच्छे मूव तैयार किए, लेकिन बेल्जियम की दीवार जैसे डिफेंस को भेद नहीं सके।

इस जीत के साथ बेल्जियम ने पहली बार सुल्तान अजलन शाह कप अपने नाम किया, जबकि भारत को उपविजेता रहकर टूर्नामेंट खत्म करना पड़ा।


लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बनी भारतीय महिला कबड्डी टीम, चीनी ताइपे को 35-28 से हराया

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपराजित रहकर जीता विश्व कप 2025 का ख़िताब 

पीएम मोदी ने दी महिलाओं को बधाई

नई दिल्ली। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहराते हुए इतिहास रच दिया। कबड्डी विश्व कप के खिताबी मुकाबले में भारत ने चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला—ग्रुप चरण के सभी मुकाबले जीतकर टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया और वहां ईरान को 33-21 से मात देकर फाइनल में जगह पक्की की। दूसरी ओर चीनी ताइपे ने भी अपराजित रहते हुए ग्रुप से आगे बढ़कर सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 25-18 से हराकर फाइनल तक पहुंच बनाई।

पीएम मोदी ने दी महिलाओं को बधाई

भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर पूरे दल को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि विश्व कप 2025 जीतकर खिलाड़ियों ने देश को गर्व से भर दिया है।

कोचों ने खिलाड़ियों के जज्बे की तारीफ की

हरियाणा स्टीलर्स के मुख्य कोच मनप्रीत सिंह ने जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भारतीय महिला टीम का आत्मविश्वास, फिटनेस और टीमवर्क अद्भुत रहा। उनके मुताबिक, इस स्तर पर लगातार प्रदर्शन करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है और पूरी टीम व सपोर्ट स्टाफ इसकी हकदार है।

वहीं पुनेरी पल्टन के मुख्य कोच अजय ठाकुर ने कहा कि ढाका में लगातार दूसरा विश्व कप जीतना महिला कबड्डी की मजबूती और विकास का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह खेल वैश्विक स्तर पर और अधिक लोकप्रियता हासिल करेगा।


दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में सौंपी गई

जडेजा और पंत की वापसी, बुमराह–सिराज को आराम

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम की घोषणा कर दी है। चयनकर्ताओं ने इस बार अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण तैयार किया है। कोलकाता टेस्ट के दौरान लगी चोट के कारण कप्तान शुभमन गिल को आराम दिया गया है, वहीं टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में सौंपी गई है। ऋषभ पंत उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

टीम संयोजन में दिखा संतुलन

घोषित 15 सदस्यीय स्क्वाड में कुल आठ बल्लेबाज, तीन ऑलराउंडर, तीन तेज गेंदबाज और एक स्पेशलिस्ट स्पिनर को शामिल किया गया है। शीर्ष क्रम में रोहित शर्मा, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल जैसी मजबूत बल्लेबाजी ताकत मौजूद है। मध्यक्रम में तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी टीम को फ्लेक्सिबिलिटी देंगे। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल और ऋषभ पंत के पास रहेगी।

ऑलराउंडर विभाग में रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी पर भरोसा जताया गया है। पेस अटैक का नेतृत्व अर्शदीप सिंह करेंगे, जिनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा देंगे। स्पिन विभाग की कमान कुलदीप यादव संभालेंगे।

राहुल संभालेंगे कमान, गिल और श्रेयस बाहर

गर्दन में चोट के बाद शुभमन गिल को आराम दिया गया है और वे अभी मुंबई में मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी चोट के चलते श्रेयस अय्यर को भी इस सीरीज में शामिल नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ियों की रिकवरी पर चयन समिति करीबी नजर बनाए हुए है।

जडेजा-पंत की वापसी से टीम मजबूत

एक लंबा अंतराल के बाद रवींद्र जडेजा की वनडे टीम में वापसी हुई है। पिछले कुछ समय से उन्हें सीमित ओवरों में अवसर नहीं मिला था, लेकिन इस बार वे टीम में मुख्य ऑलराउंडर की भूमिका में नजर आएंगे। इसी तरह विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी वापसी कर रहे हैं, जो मध्यक्रम में टीम को स्थिरता और आक्रामकता दोनों देंगे।

बुमराह-सिराज को मिला आराम, शमी फिर बाहर

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में लगातार गेंदबाजी के कारण जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को विश्राम दिया गया है, ताकि उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा सके। इस बीच तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर जगह नहीं मिल पाई है, हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है।

वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट श्रृंखला समाप्त होने के बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।

पहला वनडे: 30 नवंबर – रांची

दूसरा वनडे: 2 दिसंबर – रायपुर

तीसरा वनडे: 6 दिसंबर – विशाखापत्तनम

तीन मैचों की ये श्रृंखला दोनों टीमों के लिए आने वाले साल की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp