Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

IPL Auction 2026- 25.20 करोड़ में बिके कैमरन ग्रीन, केकेआर के खेमे में हुए शामिल

Category Archives: खेल

IPL Auction 2026- 25.20 करोड़ में बिके कैमरन ग्रीन, केकेआर के खेमे में हुए शामिल

कैमरन ग्रीन बने आईपीएल के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी

नई दिल्ली। आईपीएल नीलामी के पहले ही सत्र में करोड़ों की बारिश देखने को मिली और सबसे बड़ा नाम बनकर उभरे ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन। लंबे समय से जिस खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा थी, उसने नीलामी में आते ही इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर अपने खेमे में शामिल किया। महज दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस वाले ग्रीन अपने मूल्य से करीब 13 गुना अधिक कीमत पर बिके और आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।

ग्रीन के लिए लगी रिकॉर्डतोड़ बोली

कैमरन ग्रीन का नाम जैसे ही नीलामी में पुकारा गया, फ्रेंचाइजियों के बीच होड़ मच गई। शुरुआत में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने एंट्री कर बोली को तेजी से ऊपर पहुंचाया। अंत में चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर के बीच सीधी जंग हुई, लेकिन केकेआर ने आखिरी और सबसे बड़ी बोली लगाकर ग्रीन को हासिल कर लिया। इस सौदे के साथ कोलकाता को आंद्रे रसेल के रिटायरमेंट के बाद एक सशक्त ऑलराउंड विकल्प मिल गया है।

नीलामी से पहले ही सबसे बड़ा आकर्षण

नीलामी से पहले ही माना जा रहा था कि कैमरन ग्रीन इस बार के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले 2023 सीजन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपने डेब्यू सीजन में ग्रीन ने अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर उतरते हुए 452 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर और औसत 50 के करीब रहा। इसके अलावा आरसीबी के लिए खेले गए 13 मैचों में उन्होंने 255 रन बनाने के साथ 10 विकेट भी झटके थे।

बल्लेबाज के रूप में नाम, लेकिन गेंदबाजी भी तय

नीलामी में ग्रीन का नाम बल्लेबाजों की श्रेणी में दर्ज किया गया था, जिसे लेकर बाद में उन्होंने सफाई भी दी। ग्रीन ने बताया कि यह उनके मैनेजर की तकनीकी भूल थी और वह आईपीएल में गेंदबाजी के लिए पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे। चोट से उबरने के बाद वह अब पूरी तरह फिट हैं और दोबारा बतौर ऑलराउंडर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं।

सर्जरी के बाद शानदार वापसी

26 वर्षीय ग्रीन पीठ की सर्जरी के चलते आईपीएल 2025 सीजन से बाहर रहे थे। इसके बाद उन्होंने जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की और अब उन्हें गेंदबाजी की भी पूरी अनुमति मिल चुकी है। ग्रीन फिलहाल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज सीरीज में गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी फिटनेस पर लगी सभी शंकाएं दूर हो गई हैं।

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल

आईपीएल के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ियों की सूची में ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष पर हैं, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा था। दूसरे स्थान पर 26.75 करोड़ रुपये में बिके श्रेयस अय्यर हैं। वहीं, 25.20 करोड़ रुपये के साथ कैमरन ग्रीन तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में मिचेल स्टार्क, वेंकटेश अय्यर और हेनरिक क्लासेन जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।


तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

हार्दिक पांड्या ने पूरे किए 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट

धर्मशाला। भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की और पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों के संयमित खेल के दम पर भारत ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई और 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों पर 35 रन बनाए और जीत की नींव रखी।

धर्मशाला में भारत का अजेय सिलसिला कायम

इस जीत के साथ भारत ने धर्मशाला के मैदान पर लगातार तीसरा टी20 मुकाबला जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारतीय टीम ने यहां 2022 में श्रीलंका के खिलाफ दो टी20 मैचों में जीत दर्ज की थी।

गिल और अभिषेक की तेज शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने भारतीय पारी को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। इसके बाद तिलक वर्मा को तीसरे नंबर पर आजमाया गया, जिन्होंने गिल के साथ उपयोगी साझेदारी निभाई। गिल 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

अंत में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। तिलक 25 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शिवम दुबे ने तेजी से रन बटोरते हुए मैच समाप्त किया।

गेंदबाजों का दबदबा

इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान एडेन मार्करम ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक जमाया, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट झटके। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को भी एक-एक सफलता मिली। खास बात यह रही कि भारतीय टीम के सभी गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए।

रिकॉर्ड्स का दिन

इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे किए और सबसे तेज यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। वहीं हार्दिक पांड्या ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए। वरुण चक्रवर्ती ने भी 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे कर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

टीम संयोजन में बदलाव

मैच के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए। अक्षर पटेल अस्वस्थ होने के कारण नहीं खेल सके, जबकि जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से टीम से बाहर रहे। उनकी जगह कुलदीप यादव और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया।

भारतीय टीम की इस जीत ने न सिर्फ सीरीज में बढ़त दिलाई, बल्कि टीम के आत्मविश्वास को भी मजबूती दी है।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज

सीरीज 1-1 से बराबर, तीसरे टी20 में बढ़त बनाने उतरेगा भारत

धर्मशाला। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज यानि रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के लिए बढ़त बनाने का सुनहरा मौका होगा। भारतीय टीम अब तक पहले दो मुकाबलों में बिना बदलाव के मैदान पर उतरी है, लेकिन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी सीरीज में टीम प्रबंधन की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

गिल और सूर्यकुमार की फॉर्म पर नजर

भारतीय उपकप्तान शुभमन गिल को शेष मुकाबलों में मौका मिलना तय माना जा रहा है, लेकिन उनके लिए राह आसान नहीं है। टी20 विश्व कप में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और अगर गिल इस सीरीज में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहते हैं, तो टीम प्रबंधन वैकल्पिक योजनाओं पर विचार कर सकता है। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव की लगातार खराब फॉर्म भी चिंता का विषय बनी हुई है। संजू सैमसन जैसे अनुभवी बल्लेबाज को बाहर रखकर गिल को टीम में जगह देने के फैसले पर पहले ही सवाल उठ रहे हैं।

बल्लेबाजी क्रम में हो सकता है बदलाव

दूसरे टी20 में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी क्रम के साथ प्रयोग करते हुए अक्षर पटेल को नंबर तीन पर भेजा था, जिसकी आलोचना भी हुई। अब संभावना है कि कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर अपने पसंदीदा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरें। सूर्यकुमार का लय में लौटना टीम के लिए बेहद जरूरी है। इसके अलावा शिवम दुबे को निचले क्रम में भेजने के फैसले पर भी पुनर्विचार किया जा सकता है, ताकि बल्लेबाजी संतुलन बेहतर बनाया जा सके।

धर्मशाला की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। अब तक सीरीज में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालते नजर आए हैं। हालांकि अर्शदीप का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। ऐसे में टीम प्रबंधन नई गेंद के साथ हार्दिक पांड्या को आजमाने और कुलदीप यादव को एकादश में शामिल करने जैसे विकल्पों पर विचार कर सकता है। हालांकि बल्लेबाजी गहराई बनाए रखने की मजबूरी के चलते कुलदीप को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ सकता है।

मजबूत दिख रही है दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका की टीम मौजूदा समय में बेहद संतुलित नजर आ रही है। क्विंटन डिकॉक की वापसी से टीम को मजबूती मिली है। कप्तान एडन मार्करम के साथ डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा और ऑलराउंडर मार्को यानसेन की मौजूदगी उनकी बल्लेबाजी को खतरनाक बनाती है। उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में इस टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

टीम चयन को लेकर उठ रहे सवाल

टी20 विश्व कप से पहले भारत के पास सीमित मुकाबले बचे हैं। ऐसे में मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने सही संयोजन चुनने की चुनौती है। खराब फॉर्म से जूझ रहे बल्लेबाजों को लगातार मौका देना जोखिम भरा साबित हो सकता है। चयन समिति के फैसलों को सही साबित करने के लिए शुभमन गिल को जल्द ही प्रभावी प्रदर्शन करना होगा। वहीं संजू सैमसन को टीम से बाहर रखने का निर्णय अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 14 दिसंबर, रविवार को खेला जाएगा। यह मैच धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, वहीं जियोहॉटस्टार ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।


टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 51 रनों से रौंदा

टी20 में घर पर भारत की सबसे बड़ी हार

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका ने टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत को 51 रन से हराया। भारत की टी20 में रनों से लिहाज से घर में सबसे बड़ी हार है। इससे पहले टीम को इस प्रारूप में घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका ने ही 2022 में 49 रनों से हराया था। भारत ने पिछले मैच में दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन टीम इस लय को बरकरार नहीं रख सकी।

दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में हासिल की बराबरी
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका ने डिकॉक के शानदार अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 213 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा।

गिल-सूर्यकुमार फिर फेल, अक्षर तीसरे नंबर पर उतरे
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। गिल तो खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, सूर्यकुमार भी पांच रन बनाकर आउट हुए। दिलचस्प बात यह है कि अक्षर पटेल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जबकि सूर्यकुमार चौथे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए आए। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पहली बार हुआ जब अक्षर को ऊपरी क्रम पर उतारा गया। अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन वह जल्द ही विकेट गंवा बैठे।

भारत के लिए सिर्फ तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। तिलक आखिरी बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 34 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, जितेश शर्मा ने 27, अक्षर पटेल ने 21, हार्दिक पांड्या ने 20 और अभिषेक शर्मा ने 17 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए ओटेनिल बार्टमैन ने चार विकेट झटके, जबकि लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और लुथो सिपाम्ला को दो-दो विकेट मिले।

रंग में नजर आए डिकॉक
इससे पहले, इस मैच में डिकॉक अलग ही रंग में नजर आए और उन्होंने शानदार पारी खेली। हालांकि, वह शतक लगाने से चूक गए। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 214 रनों का लक्ष्य रखा। डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाए। अंत में डेविड मिलर और डोनोवान फेरेरा ने पांचवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के पार पहुंचा। फेरेरा और मिलर ने आक्रामक बल्लेबाजी की और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े। बुमराह के आखिरी ओवर में 18 रन आए। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने भारत के सभी गेंदबाजों को निशाना बनाया। भारत के लिए सिर्फ वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को ही सफलता मिली, बाकी अन्य गेंदबाज खाली हाथ रहे। वरुण को दो और अक्षर को एक विकेट मिला।

महंगे साबित हुए अर्शदीप
भारत के लिए इस मैच में सबसे महंगे अर्शदीप सिंह रहे जिन्होंने चार ओवर में 54 रन दिए और एक भी विकेट नहीं ले सके। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपने स्पैल में नौ वाइड गेंद डाली और उनकी इकॉनोमी 13.50 की रही। हार्दिक टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने से एक कदम दूर थे, लेकिन इस मैच में सफलता नहीं मिलने से उनका 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरा करने का इंतजार बढ़ गया। दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक के अलावा कप्तान एडेन मार्करम ने 29 रन, डेवाल्ड ब्रेविस ने 14 और रीजा हेंड्रिक्स ने आठ रन बनाए। वहीं, फेरेरा 16 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से नाबाद 30 और डेविड मिलर 12 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

T20I में एक ओवर में सर्वाधिक गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बने अर्शदीप
अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन दूसरे मैच में वह लय में नजर नहीं आए। दक्षिण अफ्रीका की पारी का 11वां ओवर डालने आए अर्शदीप ने इस ओवर में सात वाइड फेंकी और कुल 18 रन लुटाए। अर्शदीप ने ओवर में कुल 13 गेंदें डाली जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी पूर्णकालिक देश के गेंदबाज द्वारा संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। अर्शदीप से पहले अफगानिस्तान के नवीन उल हक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2024 में खेले गए मैच में एक ओवर में 13 गेंद डाली थी।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म बढ़ा रहा टीम इंडिया की चिंता

नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। पहले मुकाबले में शानदार जीत के बाद टीम इंडिया आज यानि गुरुवार को खेले जाने वाले दूसरे टी20 में बढ़त को और मजबूत करने उतरेगी। कटक में भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले से एकतरफा दबदबा बनाते हुए दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी। अब मुल्लांपुर में नजरें इस बात पर होंगी कि टीम मैनेजमेंट विजयी संयोजन को बरकरार रखते हैं या फिर किसी बदलाव पर दांव खेलते हैं।

गिल की वापसी फीकी, टीम को दूसरे मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

पहले टी20 में भारत ने वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, संजू सैमसन और हर्षित राणा को बाहर रखा था। सबसे ज्यादा चर्चा सैमसन को बाहर किए जाने की रही, जबकि अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी शुभमन गिल को मिली। चोट से उबरकर लौटे गिल खुद को साबित नहीं कर सके और मात्र 4 रन पर आउट हो गए। पिछले कुछ महीनों से उनके फॉर्म पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में दूसरे टी20 में उनसे बेहतर शुरुआत की उम्मीद होगी।

गिल को टीम से बाहर करने की संभावना कम है, लेकिन उन्हें यह तय करना होगा कि पावरप्ले में वे अपनी भूमिका कैसे निभाएं क्योंकि उनकी खेलने की शैली अभिषेक शर्मा जैसी आक्रामक नहीं है।

सूर्यकुमार यादव की लय पर बढ़ती चिंता

कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म भी टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा रहा है। टी20 विश्व कप 2026 से पहले सूर्यकुमार का लय में लौटना बेहद महत्वपूर्ण है। फिलहाल टीम उनसे बड़ी पारी की उम्मीद में है ताकि मध्यक्रम की मजबूती बरकरार रह सके।

सैमसन की प्लेइंग-11 में वापसी मुश्किल

टीम इंडिया अपने विजयी संयोजन को बदलने के मूड में नहीं दिख रही। ऐसे में दूसरे मैच में भी सैमसन को मौका मिलने की संभावना कम है।
पहले मैच में वापसी करने वाले हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों पर 59 रन की धमाकेदार पारी खेलकर अपने ऑलराउंड कौशल को फिर साबित कर दिया।

हार्दिक 100 टी20 विकेट पूरे करने के मुहाने पर

कटक टी20 में एक विकेट लेकर हार्दिक पंड्या 99 विकेट पर पहुंच गए हैं। यदि वे दूसरे टी20 में एक और विकेट हासिल कर लेते हैं तो भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे। इस सूची में अभी अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।

अर्शदीप–कुलदीप को साथ खिलाना मुश्किल!

टीम मैनेजमेंट के संकेत बताते हैं कि भारत एक ऐसा संतुलन चाहता है जिसमें आठवें नंबर तक बल्लेबाजी हो सके। ऐसे में अर्शदीप और कुलदीप यादव दोनों का एक साथ खेलना कठिन लगता है। कटक में मिली सफलता के बाद अर्शदीप को दोबारा मौका मिलने की संभावना ज्यादा है। बुमराह भी अपनी लय से दक्षिण अफ्रीका को शुरुआत में दबाव में डालने की क्षमता रखते हैं।

भारत–दक्षिण अफ्रीका दूसरा टी20: मैच डिटेल्स

मैच की तारीख: 11 दिसंबर (गुरुवार)
स्थान: महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर
समय: शाम 7:00 बजे शुरू, टॉस शाम 6:30 बजे
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार


जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास- टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने 

तीनों प्रारूप में 100+ विकेट लेने वाले पहले भारतीय भी बने जसप्रीत बुमराह

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया। शानदार लय में गेंदबाजी करते हुए बुमराह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

भारत–दक्षिण अफ्रीका मुकाबले के दौरान बुमराह अपनी उपलब्धि से सुर्खियों में रहे। मैच से पहले वह 99 विकेट पर थे और जैसे ही उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट किया, उन्होंने यह शानदार माइलस्टोन हासिल कर लिया। ब्रेविस बुमराह के टी20I करियर का 100वां विकेट बने। इसके बाद उन्होंने एक ही ओवर में केशव महाराज को भी चलता किया और अपने आंकड़ों को 101 विकेट तक पहुंचा दिया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल अर्शदीप सिंह के नाम है, जिनके 69 मैचों में 107 विकेट हैं। बुमराह अब इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या 99 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं और जल्द ही 100-विकेट क्लब में शामिल होने की दहलीज पर खड़े हैं।

तीनों प्रारूपों में 100+ विकेट का अनोखा रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी तीनों प्रारूपों—टेस्ट, वनडे और टी20—में 100 से अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। विश्व स्तर पर यह उपलब्धि उनसे पहले केवल लसिथ मलिंगा, टिम साउथी, शाकिब अल हसन और शाहीन अफरीदी हासिल कर चुके हैं। बुमराह के नाम अब तक टेस्ट में 234 और वनडे में 149 विकेट दर्ज हैं।

पहले टी20 में भारत की धमाकेदार जीत

कटक में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से मात दी। बल्लेबाजी में हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम भारतीय गेंदबाजों के प्रहारों से संभल नहीं पाई और पूरी टीम मात्र 12.3 ओवर में 74 रनों पर ढेर हो गई। पावरप्ले में ही तीन विकेट खोकर मेहमान टीम दबाव में आ गई और उसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे।

डेवाल्ड ब्रेविस (22) ही टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेल सके, जबकि मार्करम और स्टब्स ने 14-14 रन जोड़े। भारत के सभी गेंदबाजों ने योगदान दिया—अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के खाते में एक-एक विकेट गया।

इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है और टीम का आत्मविश्वास नए स्तर पर है। बुमराह की उपलब्धि ने इस जीत को और भी खास बना दिया।


भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज

गिल और हार्दिक की वापसी पर रहेगी नज़र

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अब पांच मैचों की टी20 सीरीज की तैयारियों में जुट गई है। दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला आज यानि मंगलवार को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि इसी के साथ टीम अगले वर्ष घरेलू मैदान पर होने वाले टी20 विश्व कप की औपचारिक तैयारियों की शुरुआत कर रही है।

टी20 विश्व कप से पहले रणनीतियों का परीक्षण करेगा भारत

मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम इस दौरे को विश्व कप से पहले टीम संयोजन और खिलाड़ी प्रदर्शन आंकने का प्रमुख मंच मान रही है। भारत दक्षिण अफ्रीका और इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 10 टी20 मैच खेलेगा, जो विश्व कप शेड्यूल से पहले अंतिम अंतरराष्ट्रीय अवसर होंगे। भारत अपना पहला विश्व कप मुकाबला 7 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।

गिल और हार्दिक की वापसी से टीम को मिलेगा बड़ा फायदा

चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या इस सीरीज से टीम में वापसी कर रहे हैं। शीर्ष क्रम में गिल की मौजूदगी टीम को मजबूती देगी, वहीं हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड प्रदर्शन भारत की संतुलित प्लेइंग इलेवन के लिए अहम रहेगा। मुश्ताक अली ट्रॉफी में हार्दिक ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाज़ी कर अपने फिट होने के संकेत दे दिए थे।

अभिषेक शर्मा का फॉर्म भारत के लिए बड़ी उम्मीद

युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार शानदार फॉर्म में हैं। हालिया घरेलू टूर्नामेंटों में उनके विस्फोटक प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का भरोसा और मजबूत किया है। 249 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 304 रन बनाकर उन्होंने टी20 प्रारूप में अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराई है।

सूर्यकुमार यादव पर रहेगी नज़र, फॉर्म सुधारने की दरकार

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की हालिया खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय रही है। टी20 के टॉप रन-गेटर्स में शामिल रहे सूर्या पिछले कुछ महीनों से बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। इस सीरीज के माध्यम से वह फॉर्म में लौटने और विश्व कप से पहले टीम को भरोसा दिलाने की कोशिश करेंगे।

टी20 में भारत का मजबूत रिकॉर्ड जारी

विश्व कप खिताब जीतने के बाद भारत ने टी20 प्रारूप में बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा है। टीम ने पिछले 26 में से 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जिसमें एशिया कप के सात लगातार जीतने वाले मैच भी शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड को सुधारना भारत का लक्ष्य होगा, विशेषकर कटक में, जहां टीम अब तक टी20 में एक भी मैच नहीं जीत सकी है।

पहले टी20 की प्रसारण जानकारी

मैच की तारीख: 09 दिसंबर, मंगलवार

स्थान: बाराबाती स्टेडियम, कटक

समय: शाम 7:00 बजे (टॉस 6:30 बजे)

टेलीकास्ट: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क

लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार


एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप- सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को जर्मनी से मिली करारी हार

जर्मनी ने एकतरफा मुकाबले में भारत को 5–1 से हराया 

नई दिल्ली। एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत का सफ़र सेमीफाइनल में थम गया। नौ साल बाद खिताब दोबारा जीतने की उम्मीदें जर्मनी ने निर्णायक प्रदर्शन करते हुए 5–1 की बड़ी जीत के साथ समाप्त कर दीं। मौजूदा चैंपियन जर्मनी ने पूरे मुकाबले में गति, रणनीति और फिनिशिंग के दम पर भारतीय टीम पर स्पष्ट बढ़त बनाए रखी।

पिछली बार 2016 में लखनऊ में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम इस बार जर्मनी के मजबूत आक्रमण के सामने संघर्ष करती दिखी। सेमीफाइनल में जर्मनी के लुकास कॉसेल (14वें, 30वें मिनट), टाइटस वेक्स (15वां), जोनास वॉन जर्सम (40वां) और बेन हासबाख (49वां) ने गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई। भारत की ओर से एकमात्र गोल 51वें मिनट में अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

मैच की शुरुआत भारतीय खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और आक्रामक खेले से की, लेकिन जल्द ही जर्मनी ने खेल पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। भारतीय गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह ने शुरुआती मिनटों में कई शानदार बचाव किए, पर 13वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर कॉसेल ने बढ़त दिला दी। पहला क्वार्टर समाप्त होने से कुछ क्षण पहले वेक्स ने कॉसेल के बेहतरीन क्रॉस पर दूसरा गोल दागा।

दूसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कॉसेल ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया, जिसके साथ हाफ टाइम तक जर्मनी मज़बूत स्थिति में पहुंच गया। तीसरे क्वार्टर में भारत के पास वापसी का सुनहरा मौका था, लेकिन सौरभ आनंद कुशवाहा गोलपोस्ट के सामने आसान मौक़ा गंवा बैठे।

इसके बाद जर्मनी ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली। 40वें मिनट में जर्सम का गोल और 49वें मिनट में हासबाख की डाइविंग फिनिश ने भारत की उम्मीदें लगभग समाप्त कर दीं। आखिरी पलों में भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से एक पर अनमोल ने गोल जरूर किया, लेकिन तब तक मैच जर्मनी की पकड़ में जा चुका था।

अब भारत बुधवार को अर्जेंटीना के खिलाफ कांस्य पदक के लिए उतरेगा, जबकि फाइनल में जर्मनी का मुकाबला स्पेन से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना को 2–1 से हराया।


तीसरे वनडे मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर सीरीज की अपने नाम

जायसवाल ने जड़ा शानदार शतक

विशाखापट्टनम। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा और निर्णायक वनडे नौ विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। क्विंटन डिकॉक की शतकीय इनिंग के बावजूद मेहमान टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और भारत ने यशस्वी जायसवाल की दमदार नाबाद सेंचुरी तथा रोहित शर्मा व विराट कोहली की प्रभावशाली पारियों की बदौलत 61 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

सीरीज की शुरुआत रांची में भारत की 17 रनों की जीत से हुई, जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को 349 के मजबूत स्कोर तक पहुँचाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 332 रन पर ढेर हो गई।

रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतकों ने भारत को 359 तक पहुँचाया, लेकिन एडेन मार्करम, ब्रेविस और ब्रीट्जके की उम्दा पारियों ने मेहमान टीम को चार विकेट से जीत दिला दी।

दोनों टीमों के बीच सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी, और विशाखापट्टनम निर्णायक मुकाबले का गवाह बना, जहां भारतीय खिलाड़ी चमकते नजर आए।

लक्ष्य का पीछा—रोहित-यशस्वी ने संभाली कमान, कोहली ने किया काम पूरा

271 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत लाजवाब रही। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी कर मैच भारत की झोली में लगभग डाल दिया।

रोहित ने 75 रन की पारी खेलते हुए अपना 61वां वनडे अर्धशतक पूरा किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन के आंकड़े को भी छू लिया।
इसके बाद विराट कोहली मैदान पर आए और अपनी फॉर्म जारी रखते हुए तेजतर्रार बल्लेबाजी की। यशस्वी ने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम इंडिया को जीत की दहलीज पार कराई।

यशस्वी ने 121 गेंदों पर 116* रन बनाए, जबकि कोहली 65* रन पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र विकेट केशव महाराज ने लिया।

दक्षिण अफ्रीका की पारी—डिकॉक के शतक के बाद भारतीय गेंदबाजों की वापसी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने क्विंटन डिकॉक (106) और कप्तान तेम्बा बावुमा (48) की 114 रनों की साझेदारी के बल पर शुरुआत तो मजबूत की, लेकिन मध्य और निचला क्रम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाया।
कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार विकेट झटके और मेहमान टीम को 270 रनों पर रोक दिया।
दक्षिण अफ्रीका के अन्य बल्लेबाजों में ब्रेविस ने 29, ब्रीट्जके ने 24 और महाराज ने नाबाद 20 रन जोड़े।
भारत की ओर से अर्शदीप और जडेजा को एक-एक सफलता मिली।


IND vs SA: रोहित–कोहली पर टिकी उम्मीदें, दक्षिण अफ्रीका से विशाखापत्तनम में होगी फाइनल भिड़ंत

विशाखापत्तनम- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार को विशाखापत्तनम में होने वाला तीसरा व अंतिम वनडे मुकाबला निर्णायक बन गया है। दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं और इस मैच का नतीजा ही सीरीज का विजेता तय करेगा। टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम की उम्मीदें एक बार फिर अपने अनुभवी स्तंभ—विराट कोहली और रोहित शर्मा—पर टिकी हैं। दोनों बल्लेबाज हाल के मुकाबलों में लाजवाब फॉर्म में दिखे हैं। कोहली पिछली तीन पारियों में दो शतक जड़ चुके हैं, जबकि रोहित के बल्ले से भी लगातार रन निकले हैं। टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि अनुभवी जोड़ी बड़े मैच में दबाव झेलकर टीम को आगे बढ़ाएगी।

टॉप ऑर्डर में ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में शतक जमाकर मजबूत दावा ठोका है, जबकि यशस्वी जायसवाल की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। लेफ्ट-आर्म पेसर्स के खिलाफ उनकी कमजोरी लगातार उजागर हुई है, और दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा गेंदबाजी में यह चुनौती और कठिन हो गई है। यदि जायसवाल एक बार फिर असफल रहे, तो भारत को ओपनिंग संयोजन पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है।

विशाखापत्तनम की पिच बल्लेबाजों का साथ देने के लिए जानी जाती है। यहां भारत ने 10 में से 7 वनडे जीते हैं, लेकिन पिछला मुकाबला यहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार गया था। ओस इस मैच में अहम भूमिका निभा सकती है, इसलिए टॉस जीतना काफी मायने रखेगा। भारत की परेशानी यह है कि टीम पिछले 20 वनडे टॉस नहीं जीत पाई है।

प्लेइंग इलेवन में बदलाव की गुंजाइश भी बनी हुई है। माना जा रहा है कि वॉशिंगटन सुंदर को आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह तिलक वर्मा अंतिम एकादश में शामिल हो सकते हैं, जो बल्लेबाजी के साथ स्पिन विकल्प भी देते हैं। हालांकि, ऋषभ पंत भी एक समानांतर विकल्प के रूप में मौजूद हैं।

गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने लगातार प्रभावित किया है। प्रसिद्ध कृष्णा पिछले मैच में लय से भटके हुए दिखे थे, जबकि हर्षित राणा से भी टीम को अहम योगदान की उम्मीद है। अगर प्रबंधन बदलाव करता है तो नीतीश रेड्डी को ऑलराउंड विकल्प के तौर पर शामिल किया जा सकता है, हालांकि टीम को लगता है कि प्रसिद्ध कृष्णा को एक और मौका मिलना चाहिए।

दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो टीम वनडे सीरीज जीतकर दौरे को शानदार तरीके से समाप्त करना चाहती है। हालांकि नांद्रे बर्गर और टोनी डी जॉर्जी की फिटनेस को लेकर असमंजस बरकरार है, क्योंकि दोनों पिछले मैच में चोटिल हुए थे। यदि ये खिलाड़ी बाहर रहते हैं, तो अफ्रीकी टीम की गेंदबाजी संयोजन पर असर पड़ सकता है।

संभावित टीम इंडिया (संक्षिप्त विकल्पों के साथ)

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल/ ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), तिलक वर्मा/ वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा/नीतीश रेड्डी।

दक्षिण अफ्रीका (संभावित)

तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्करम, रेयान रिकेलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp