Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, करीब 7 लोगों की मौत, कई घायल

Category Archives: उत्तराखंड

अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, करीब 7 लोगों की मौत, कई घायल

हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण क्षेत्र के शिलापनी के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों का उपचार जारी है, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में कुल 19 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में गोविंद बल्लभ (80 वर्ष) और उनकी पत्नी पार्वती देवी (75 वर्ष), निवासी जमोली; सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65 वर्ष), जमोली; तारा देवी (50 वर्ष), बाली; गणेश (25 वर्ष); उमेश (25 वर्ष) और एक अज्ञात युवक शामिल है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।

घायल यात्रियों की सूची

घायलों में नंदा बल्लभ (50), राकेश कुमार (40), नंदी देवी (40), हंसी सती (36), मोहित सती (16), बुद्धि बल्लभ (58), हरीचंद्र (62), भूपेंद्र सिंह (64), जितेंद्र रेखाड़ी (37), बस चालक नवीन चंद्र (55), हिमांशु पालीवाल (17) और प्रकाश चंद (43) शामिल हैं।

हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से यात्रियों के हताहत होने की सूचना पर मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस अपार दुःख की घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और वे स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं।

उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।


नववर्ष पर देहरादून–मसूरी के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी

देहरादून पुलिस की अपील—नववर्ष मनाएं सुरक्षित, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

देहरादून। नववर्ष 2026 के अवसर पर पर्यटकों की भारी आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 30 और 31 दिसंबर के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। खासतौर पर देहरादून से मसूरी जाने वाले मार्गों पर सुचारु यातायात और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और सख्त चेकिंग के प्रबंध किए गए हैं।

1. दिल्ली से रुड़की / सहारनपुर से मोहण्ड होते हुए मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए रुट प्लान – दिल्ली /रुड़की / सहारनपुर – मोहण्ड- आशारोड़ी – आई0एस0बी0टी0 – शिमला बाईपास – सैन्ट ज्यूड्स चौक – बल्लुपुर चौक – गढ़ी कैन्ट तिराहा – अनारवाला तिराहा – जोहड़ी गांव – मसूरी रोड़ – कुठाल गेट – मसूरी भेजा जायेगा ।

2. दिल्ली से हरिद्वार- ऋषिकेश से जोगीवाला होते हुए मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए रुट

प्लान- A.
हरिद्वार / ऋषिकेश से हर्रावाला – मोहकमपुर फ्लाईओवर – जोगीवाला – U टर्न कैलाश अस्पताल – पुलिया नं0 06 – रिंग रोड़- लाडपुर तिराहा – सहस्त्रधारा क्रासिंग – आईटी पार्क – किरशाली चौक – साईं मन्दिर तिराहा – मसूरी डायवर्जन – कुठालगेट – मसूरी भेजा जायेगा ।

शहर में दबाव की स्थिति में प्लान B
हरिद्वार – नेपाली फार्म तिराहा – भानियावाला तिराहा – एयरपोर्ट तिराहा – थानो रोड – महाराणाप्रताप चौक –लाडपुर तिराहा – सहस्त्रधारा क्रासिंग – आईटी पार्क – किरशाली चौक – साईं मन्दिर तिराहा – मसूरी डायवर्जन – कुठालगेट – मसूरी भेजा जायेगा

3.मसूरी से दिल्ली / सहारनपुर / रुड़की / ऋषिकेश / हरिद्वार / विकासनगर जाने हेतु वापसी रुट – मसूरी – कुठाल गेट – ओल्ड राजपुर रोड़ – राजपुर – साँई मन्दिर – किरशाली चौक – आई0टी0 पार्क – तपोवन बाईपास रोड – नालापानी चौक – तपोवन गेट – लाडपुर तिराहा – पुलिया नं0 06 – जोगीवाला से ऋषिकेश / हरिद्वार/ आई0एस0बी0टी0 की ओर जा सकेंगे ।

New Year के अवसर पर मसूरी क्षेत्रान्तर्गत Parking Place का नाम तथा Parking Capacity

1. पिक्चर पैलेस – वाहन क्षमता 70 कार
2. लण्ढौर रोड – वाहन क्षमता 60 कार
3. कैम्प्टी टैक्सी स्टैण्ड – वाहन क्षमता 250 कार एवं 20 बस
4. टाउन हॉल के नीचे – वाहन क्षमता 70 कार एवं 100 दुपहिया
5. किंग क्रेग – वाहन क्षमता 216 कार
6. मसूरी स्थित समस्त होटल – वाहन क्षमता 1800 कार
7. कम्पनी गार्डन रोड पर – वाहन क्षमता 30 कार
8. मैसानिक लॉज बस अड्डा / पिक्चर पैलेस टैक्सी स्टैण्ड – वाहन क्षमता 15 कार
9. विकास होटल पार्किंग कुलडी – वाहन क्षमता 20 कार
10. गज्जी बैंड में सड़क किनारे – वाहन क्षमता 500 कार

मसूरी क्षेत्रान्तर्गत Parking / Traffic Plan

प्लान-A
 मसूरी की तरफ आने वाले यातायात को किंग क्रेग से लाईब्रेरी व पिक्चर पैलेस की ओर सामान्य रूप से संचालित किया जायेगा
 मसूरी क्षेत्रान्तर्गत सम्पूर्ण उपलब्ध पार्किंग क्षमता का 70 प्रतिशत उपयोग होने पर प्लान B को लागू किया जाएगा ।

प्लान-B
 इस प्लान के अन्तर्गत पर्यटकों के वाहनो को किंग क्रेग पार्किंग मे पार्क किया जायेगा जहां से पर्यटको को लोकल टैक्सी वाहन के माध्यम से उनके गन्तव्य की ओर भेजा जाएगा । तथा आवश्यकतानुसार शटल सेवा के माध्यम से गंतव्य स्थल की ओर भेजा जायेगा ।
 किंग क्रेग पार्किग फुल होने की दशा मे प्लान C को लागू किया जाएगा ।

प्लान-C
इस प्लान के अन्तर्गत गज्जी बैण्ड से लोकल टैक्सी वाहन के माध्यम से पर्यटको को उनके गन्तव्य स्थल की ओर भेजा जाएगा

New Year के अवसर पर देहरादून शहर में ट्रैफिक प्लान –

1. Pacific Mall / राजपुर रोड पर Traffic के दबाव होने पर मसूरी से घण्टाघर की ओर आने वाले Traffic को साईं मंदिर तिराहा से आईटी पार्क की ओर Divert किया जायेगा।
2. Annexe / CSD तिराहा (नियर राजभवन) से दिलाराम चौक की ओर आने वाले Traffic को जोहड़ी गांव होते हुए Divert किया जायेगा।
घण्टाघर पर Traffic दबाव होने की स्थिति में ओरियन्ट चौक / बुद्धा चौक / तहसील चौक से Traffic को आवश्यकतानुसार Divert किया जायेगा ।

देहरादून शहर क्षेत्रान्तर्गत पार्किग व्यवस्था
1. रेंजर्स ग्राउण्ड, नियर बुद्धा चौक – पार्किंग क्षमता 300 कार
2. परेड ग्राउण्ड, नियर तिब्बती मार्केट – पार्किंग क्षमता 100 कार
3. पुराना रोडवेज बस अड्डा नियर तहसील चौक – पार्किंग क्षमता 80 कार
4. काबुल हाउस नियर सर्वे चौक – पार्किंग क्षमता 60 कार
5. कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग – पार्किंग क्षमता 70 कार
6. एमडीडीए पार्किंग नियर घण्टाघर – पार्किंग क्षमता 300 कार
7. राजीव गांधी कॉम्पलैक्स नियर तहसील चौक – पार्किंग क्षमता 400 कार

यातायात प्लान को सफल बनाने के उद्देश्य से बृहद ट्रैफिक प्लान बनाया गया है जिसके अन्तर्गत भीड – भाड वाली जगहों (शॉपिंग मॉल / कॉम्पलैक्स / बार / होटल / रिजार्डस / होम स्टे / पार्टी स्थल / बैंकेट हॉल्स / कैफे / राजपुर रोड़ / बर्फ बारी वाले स्थान पर, डायवर्जन प्वांईट्स पर, विभिन्न पार्किंगों में चैकिंग, बॉडर्स)आदि पर अतिरिक्त एवं आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है ।

Rash Driving / Drunken Driving /Over Speeding को Control करने के लिए Plan
यातायात पुलिस द्वारा आम जनता की सुरक्षा हेतु विशेष रूप से हुड़दंग करने वालों, खतरनाक स्टंट करने वाले चालकों और शराब पीकर वाहन चलाने (Drunken Driving) तथा Over Speeding करनें वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए कार्यवाही हेतु निम्नलिखित प्रमुख स्थलों पर विशेष पुलिस टीमें (Interceptors एवं चैकिंग दल) तैनात किया गया है ।

1. मसूरी डायवर्जन ।
2.सेंट ज्यूड्स चौक ।
3. ढाक पट्टी, ओल्ड राजपुर रोड।
4.आशारोडी ।
5. कुठालगेट ।
6.दूधली ।
7. किरशाली चौक ।
8.अनुराग चौक ।
9. दिलाराम चौक ।
10.महिन्द्रा चौक ।
11. आराघर टी-जंक्शन ।
12. कौलागढ़ चौक ।
13. महाराणा प्रताप चौक ।
14. सर्किट हाउस तिराहा ।
15. सहस्त्रधारा क्रासिंग ।
16. झाझरा ।
17. जोगीवाला चौक ।
18. विधोली ।
19. बंगाली कोठी चौक ।
20. घण्टाघर ।
21. लालपुल ।
22. बालासुन्दरी मन्दिर तिराहा कैनाल रोड।

अपील
देहरादून पुलिस की सभी नागरिकों से अपील है कि नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा Rash Driving न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी ।


मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल–2025 का भव्य समापन, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी हुए शामिल

पर्यटन और संस्कृति का उत्सव बना विंटरलाइन कार्निवाल- गणेश जोशी

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित टाउन हॉल में मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल–2025 का समापन अवसर पर सम्मिलित होकर सफल कार्यक्रम के लिए सभी हितधारकों का धन्यवाद किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कार्निवाल का प्रत्येक दिवस महान विभूतियों के नाम समर्पित रहा। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के साथ-साथ शहीदों, पद्मश्री सम्मानित विभूतियों एवं राज्य के महानायकों के नाम पर भी कार्निवाल के दिन समर्पित किए गए। मंत्री ने कहा कि मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देता है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों के पौष्टिक व स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजनों का अनुभव भी कराता है। उन्होंने बताया कि विंटर लाइन कार्निवाल की शुरुआत वर्ष 2013 में आपदा के बाद पर्यटन को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से की गई थी, जो आज मसूरी की पहचान बन चुका है।

उन्होंने आगे कि कार्निवाल के दौरान एडवेंचर स्पोर्ट्स, साइकिल रैली, हार्ले डेविडसन बाइक रैली, साहसिक खेल, विंटेज कार रैली, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और स्टार नाइट जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो सैलानियों के लिए खासा आकर्षित करने वाले रहे। उन्होंने विंटर लाइन कार्निवाल की सफलता पर धन्यवाद करते हुए कहा कि यह आयोजन “पहाड़ों की रानी” मसूरी की खूबसूरती, राज्य की संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय व्यंजनों और उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने टाऊन हाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, दायित्व धारी कैलाश पंत, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।


ऋषिकेश में भूमि सर्वे के विरोध में बवाल, छह गिरफ्तार, 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस, पत्थरबाजों की तस्वीरें जारी

ऋषिकेश। वन विभाग द्वारा कराए जा रहे भूमि सर्वे के विरोध में ऋषिकेश में उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और रेलवे ट्रैक को जाम कर यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित कर दी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि स्थानीय लोग गुमानीवाला क्षेत्र में भूमि सर्वे का विरोध कर रहे थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे प्रदर्शनकारी बाईपास मार्ग स्थित मनसा देवी फाटक तिराहे पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर भी बैठ गए, जिससे ऋषिकेश से श्रीगंगानगर जा रही ट्रेन गीतानगर में करीब साढ़े चार घंटे तक खड़ी रही।

प्रदर्शनकारियों ने आईडीपीएल सिटी गेट, कोयलघाटी चौक और डीएसबी स्कूल के सामने भी बाईपास रोड को जाम कर दिया, जिससे पूरे शहर में वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। पुलिस द्वारा मनसा देवी रेलवे ट्रैक से लोगों को हटाने के प्रयास के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ भीड़ को उकसाने, हाईवे और रेल मार्ग बाधित करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए पत्थरबाजों की तस्वीरें जारी कर आम जनता से सहयोग की अपील की है। साथ ही वीडियो फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।


ओएनजीसी के सहयोग से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज को मिली 330 नई टेबल-कुर्सियां

प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत देहरादून के सरकारी स्कूलों में मजबूत हो रही शिक्षा-खेल सुविधाएं

देहरादून। जिले में शिक्षा और खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। ओएनजीसी तेल भवन और मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून को विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु 330 नई टेबल और कुर्सियां उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप जनपद में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” संचालित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत सरकारी विद्यालयों में फर्नीचर, आउटडोर खेल सुविधाएं, पेयजल, विद्युत, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास और जिला योजना की सीमित धनराशि के चलते कॉरपोरेट संस्थानों से सीएसआर फंड के माध्यम से सहयोग लिया गया, जिसमें ओएनजीसी और हुडको ने सराहनीय योगदान दिया है। अब तक सीएसआर फंड से 5 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्राप्त हो चुकी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस सहयोग से जिले के सैकड़ों सरकारी विद्यालयों में फर्नीचर, खेल अवसंरचना, शुद्ध पेयजल, लाइब्रेरी, एलईडी स्क्रीन सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे अब किसी भी विद्यार्थी को भूमि पर बैठकर पढ़ने की मजबूरी नहीं रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रदेश के पहले राजकीय आधुनिक नशामुक्ति केंद्र के लिए ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एम्बुलेंस एम्स चिकित्सालय से आने-जाने में उपयोग की जाएगी। इस मौके पर नशामुक्ति केंद्र से उपचार लेकर स्वस्थ हुए तीन युवकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

राजकीय नशामुक्ति केंद्र रायवाला की प्रभारी डॉ. वैशाली ने बताया कि 10 नवंबर 2025 से संचालित यह केंद्र अपनी पूर्ण क्षमता से कार्य कर रहा है। अब तक तीन युवकों को नशामुक्त किया जा चुका है और उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

ओएनजीसी के महाप्रबंधक नीरज शर्मा ने बताया कि ओएनजीसी देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा सहायता के क्षेत्रों में सीएसआर फंड के माध्यम से लगातार सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों में देहरादून जनपद में ओएनजीसी देहरादून द्वारा 25 से 26 करोड़ रुपये और ओएनजीसी दिल्ली द्वारा 10 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है।

उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में पहले उपलब्ध फर्नीचर अत्यंत पुराने और क्षतिग्रस्त थे, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नए फर्नीचर उपलब्ध होने से अब छात्रों को बेहतर, सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। जिला प्रशासन ने ओएनजीसी और विभिन्न एनजीओ के सहयोग से अन्य सरकारी विद्यालयों में भी फर्नीचर, वाटर फिल्टर, लैपटॉप और शिक्षकों के लिए टेबल-कुर्सियां उपलब्ध कराई हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, अरुण सिंह, चंदन सुशील, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सडाना, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के प्रतिनिधि मयंक शर्मा और नवीन कुमार सडाना सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कोटद्वार में राज्य स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग महाकुंभ का भव्य समापन, ऋतु खण्डूडी भूषण रहीं मुख्य अतिथि

8वें राज्य स्तरीय बॉक्सिंग महाकुंभ में 13 जनपदों के 180 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार स्थित एस.जी. गार्डन में आयोजित तीन दिवसीय 8वें राज्य स्तरीय जूनियर बालक/बालिका बॉक्सिंग महाकुंभ के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष  ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं खेल मंत्री  रेखा आर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोटद्वार जैसे छोटे शहर में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन होना अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से कुल 180 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के दौरान 13 भार वर्गों में बालिकाओं तथा 13 भार वर्गों में बालकों के उच्च स्तरीय मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल, अनुशासन एवं सहनशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।

बालिका वर्ग के विजेता
•(44–46 किग्रा) – नेहा वल्दिया, चंपावत
•(46–48 किग्रा) – नेहा वल्दिया, चंपावत
•(48–50 किग्रा) – गोदावरी, पिथौरागढ़
•(50–52 किग्रा) – तरुणाक्षी दिगारी, चंपावत
•(52–54 किग्रा) – दिया कठैत, पिथौरागढ़
•(54–57 किग्रा) – भूमिका, बागेश्वर
•(57–60 किग्रा) – कशिश, नैनीताल
•(60–63 किग्रा) – दीक्षा, नैनीताल
•(63–66 किग्रा) – रिया जोशी, पिथौरागढ़
•(66–70 किग्रा) – रिया तोलिया, पिथौरागढ़

इन सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन का खिताब हासिल किया।

बालक वर्ग के विजेता
•(44–46 किग्रा) – धर्मेंद्र, पौड़ी
•(46–48 किग्रा) – करण, पिथौरागढ़
•(48–50 किग्रा) – विशाल, पौड़ी
•(50–52 किग्रा) – अंशवीर, पौड़ी
•(52–54 किग्रा) – अभिषेक, पौड़ी
•(54–57 किग्रा) – लक्की, पौड़ी
•(57–60 किग्रा) – प्रत्यूष, पौड़ी
•(60–63 किग्रा) – कृष, काशीपुर
•(63–66 किग्रा) – नैतिक, देहरादून
•(66–70 किग्रा) – योगेन्द्र, उधम सिंह नगर
•(70–75 किग्रा) – हर्षित, टनकपुर
•(75–80 किग्रा) – अंश, काशीपुर
•(80+ किग्रा) – नीरज सिंह, नैनीताल

इन खिलाड़ियों ने कड़े फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपना स्थान सुनिश्चित किया।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने आयोजक मंडल, निर्णायकगण, कोचों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए अध्यापकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने अपने विधायक प्रतिनिधि कोटद्वार कमल नेगी का भी समस्त बॉक्सिंग एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष, बॉक्सिंग एसोसिएशन उत्तराखंड घनश्याम पुनिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी द्वारा अपने कार्यकाल में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था कि देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड पुलिस कोटे के अंतर्गत तत्काल नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में ऐसे 64 खिलाड़ी कार्यरत हैं, जो राज्य के लिए गौरव का विषय है।

प्रतियोगिता के समापन समारोह के अवसर पर उपस्थित घनश्याम श्यामपुरिया, विशाल गर्ग, बॉक्सिंग  संघ अध्यक्ष मुखर्जी  निर्वाण,  मण्डल अध्यक्ष आशीष रावत हरि सिंह पुंडीर, जयवीर नौटियाल, गोपाल खोलिया, डी एस भट्ट, बीएस रावत रितेश अधिकारी, कमल नेगी नवीन टम्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत, स्टेडियम इंचार्ज श्याम सिंह डांगी अध्यक्ष बॉक्सिंग संघ पौड़ी रितेश अधिकारी,  पार्षद जयदीप नौटियाल,  हरि सिंह पुंडीर उपस्थित रहे।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हरि बल्लभ अवस्थी के निधन पर जताया दुःख

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हरि बल्लभ अवस्थी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित आर्मी अस्पताल पहुंचकर हरि बल्लभ अवस्थी का हालचाल जानने गए थे। इसी दौरान देर शाम अस्पताल में उनका निधन हो गया, जिस पर कैबिनेट मंत्री ने शोक व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि दिवंगत हरि बल्लभ अवस्थी कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद के संस्थापक सदस्य थे, उनके दोनों पुत्र भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना में सेवारत थे, जो कुछ वर्ष पूर्व देश सेवा करते हुए शहीद हो गए थे। दिवंगत हरि बल्लभ अवस्थी लंबे समय से बीमार चल रहे थे जहां देर शाम उनका निधन हो गया।


नए साल से पहले उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत, कोहरे को लेकर अलर्ट जारी

देहरादून- उत्तराखंड में नए साल से पहले मौसम करवट लेने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में 30 और 31 दिसंबर के साथ-साथ एक और दो जनवरी को बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में ठंड के साथ कोहरे की परेशानी बढ़ने वाली है।

मौसम विभाग ने 29 दिसंबर को देहरादून समेत छह जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात को दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क बना रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण पहाड़ी के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठिठुरन बढ़ेगी। वहीं 30 दिसंबर से दो जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं।

प्रदेश के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना अधिक बताई जा रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि तीन जनवरी को प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।


बाड़ा न्याय पंचायत शिविर में 123 लाभार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

पौड़ी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को विकासखंड पौड़ी की न्याय पंचायत बाड़ा स्थित मिलन केंद्र वजली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 13 शिकायतें दर्ज करायी गयीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 123 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।

मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश की प्रत्येक न्याय पंचायत में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पौड़ी जनपद की 115 न्याय पंचायतों में यह शिविर आगामी 18 मार्च 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। न्याय पंचायत बाड़ा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विभाग जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में दर्ज अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया है।

शिविर में कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, समाज कल्याण, जिला सहकारिता, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, बाल विकास विभाग, एनआरएलएम, राजस्व सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इन विभागों के माध्यम से 123 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह रावत, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, जेई जिला पंचायत गौरव पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


कोटाबाग में सीएम धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 129वां संस्करण

प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के पीएमश्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, कोटाबाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 129वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 के दौरान भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम, ऑपरेशन सिंदूर जैसी उपलब्धियों, खेल, विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति, महाकुंभ और श्रीराम मंदिर में हुए ध्वजारोहण जैसे ऐतिहासिक आयोजनों का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के प्रति बढ़ती जागरूकता और आपदाओं के समय देशवासियों की सामूहिक संवेदनशीलता एवं एकजुटता को भारत की बड़ी ताकत बताया।

प्रधानमंत्री ने मन की बात के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि भारत वर्ष 2026 में नए संकल्पों और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को आशा, समाधान और सामर्थ्य के केंद्र के रूप में देख रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के बाद कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों को प्रेरणा देने वाले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार वर्ष 2026 में देवभूमि उत्तराखंड में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp