Friday, November 27, 2026
9:49 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव- 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, पोलिंग पार्टियां हुई रवाना 

Category Archives: उत्तराखंड

केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव- 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, पोलिंग पार्टियां हुई रवाना 

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को केदारनाथ विधानसभा का उपचुनाव होना है। इसे लेकर पुलिस की तरफ से तैयारियां भी तेज हो गई हैं। एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि 1200 से भी अधिक पुलिसकर्मी इसमें लगे हैं। होमगार्ड और सीएपीएफ की भी तैनाती की गई है। कहा कि शांतिप्रिय तरीके से प्रचार हुआ है। पोलिंग पार्टियां आज रवाना हो गई हैं।

केदारनाथ उपचुनाव को लेकर पुलिस की तरफ से तैयारियां जोरों-शोरों से हुई हैं। 1200 से भी अधिक पुलिसकर्मी इसमें लगे हैं। होमगार्ड, CAPF की भी तैनाती की गई है। शांतिप्रिय तरीके से प्रचार हुआ है। पोलिंग पार्टियां आज रवाना हो गई हैं: अक्षय प्रह्लाद कोंडे, एसपी रुद्रप्रयाग


चारधामों के कपाट विधि- विधान से बंद होने के साथ ही छह माह के लिए चारधाम यात्रा का पूर्ण रूप से हुआ समापन

श्रद्धालु गद्दीस्थलों पर कर सकेंगे चारधामों के दर्शन व पूजा अर्चना

देहरादून। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट विधि विधान से बंद होने के साथ ही छह माह के लिए चारधाम यात्रा का पूर्ण रूप समापन हो गया है, लेकिन श्रद्धालुओं को शीतकाल में गद्दीस्थलों पर चारधामों के दर्शन व पूजा अर्चना की सुविधा होगी।

साथ ही जो श्रद्धालु यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित धामों में जाने में असमर्थ हैं, वह गद्दीस्थलों पर दर्शन कर सकते हैं। प्रदेश सरकार भी शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दे रही, जिससे राज्य में पूरे साल पर्यटन गतिविधियां चलती रहे। केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को खुले और तीन नवंबर को बंद हुए।

ओंकारेश्वर मंदिर में विराजे बाबा केदार
बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान है। अगले साल अप्रैल-मई में कपाट खुलने से पहले पंचमुखी डोली ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। शीतकाल में बाबा केदार की पूजा अर्चना ऊखीमठ में होती है। यहां पर श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन व पूजा अर्चना कर सकते हैं।

पांडुकेश्वर में विराजमान हुई उद्धव व कुबेर की डोली
बदरीनाथ धाम के कपाट 12 मई को खुले थे और 17 नवंबर को बंद हो गए। धाम से उद्धव व कुबेर की डोली पांडुकेश्वर योग बदरी में विराजमान हो गईं हैं, जबकि 19 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में पहुंचेगी। पांडुकेश्वर व जोशीमठ में शीतकाल में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना व दर्शन कर सकेंगे।

मां यमुना की डोली खरशाली में विराजमान
यमुनोत्री धाम के कपाट हर साल अक्षय तृतीय पर खुलते हैं। इस साल 10 मई को कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई। तीन नवंबर को मंदिर के कपाट बंद हुए। अगले साल कपाट खुलने तक मां यमुना डोली खरशाली स्थित यमुना मंदिर में विराजमान है। जहां पर नियमित पूजा अर्चना की जाती है।

मुखवा में गंगोत्री धाम के दर्शन
गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को खुले थे। दो नवंबर को विधि विधान से बंद किए गए। शीतकाल में मां गंगोत्री मुखवा में विराजमान होती है। जहां पर श्रद्धालु अगले साल कपाट खुलने तक पूजा अर्चना व दर्शन कर सकते हैं।

इस बार चारधाम में इतने यात्री पहुंचे

धाम तीर्थयात्रियों की संख्या
केदारनाथ 16,52,070
बदरीनाथ 14,35,401
गंगोत्री 8,18,273
यमुनोत्री 7,14,779
हेमकुंड साहिब 1,83,692

केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के शीतकाल गद्दी स्थलों पर श्रद्धालुओं को दर्शन करने के साथ पूजा अर्चना की सुविधा है। बीकेटीसी शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए गद्दी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं व अवस्थापना विकास के कार्य कर रही है।
– अजेंद्र अजय, अध्यक्ष, बदरी-केदार मंदिर समिति


शासन के सचिवों की गैर मौजूदगी पर सीएस राधा रतूड़ी सख्त

सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में सचिव स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे

मुख्य सचिव ने अधीनस्थ अधिकारियों को भेजने पर उठाया सख्त कदम

मुख्य सचिव ने ली सशक्त उत्तराखण्ड @25 की बैठक

देहरादून। मुख्य सचिव ने सशक्त उत्तराखण्ड @25 से सम्बन्धित व सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में सचिव स्तर के अधिकारियों की गैर मौजूदगी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश जारी किए। व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बैठकों में सचिवों की अनिवार्यतः उपस्थिति हेतु निर्देश जारी किए हैं। सीएस राधा रतूड़ी ने भविष्य में सभी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सचिवों के अनुपस्थिति पर उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

सचिवालय में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठकों में अपेक्षित सचिवों द्वारा अपने स्थान पर अपर सचिव या अन्य अधीनस्थ अधिकारियों को भेजने की प्रवृति व गैर जिम्मेदाराना रवैये पर मुख्य सचिव ने आज सचिवालय में सशक्त उत्तराखण्ड @25 से सम्बन्धित तकनीकी समीक्षा समिति की बैठक में अनुपस्थित रहे सभी सचिवों को अपने कार्यालय में तलब कर कड़ी फटकार लगाई तथा भविष्य हेतु अपेक्षित बैठकों में अनिवार्य उपस्थिति के लिए निर्देश जारी किए।

सभी विभागों को सशक्त उत्तराखण्ड @25 के लक्ष्यों को शीर्ष प्राथमिकता व अत्यन्त गम्भीरता से पूरा करने की हिदायत देते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश दिए कि सशक्त उत्तराखण्ड @25 के तहत राज्य के सम्पूर्ण विकास के लिए प्रत्येक विभाग को दिए गए लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने विभागवार बनाई गई कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए धरातल पर कार्य करने के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागाध्यक्ष अवशेष समय में विकास के सभी लक्ष्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्ययोजनाओं को पूरे मनोयोग के साथ धरातल पर उतारा जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री धामी को अचानक अपने बीच देखकर चौंक गए व्यापारी

मुख्यमंत्री धामी ने गुप्तकाशी बाजार में की खरीदारी

देखें वीडियो, मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकान से खरीदी जैकेट

कालीमठ दर्शन कर लौटते वक्त अचानक रास्ते में रोक दी फ्लीट

देहरादून। चुनावी प्रचार के बाद सीएम धामी गुप्तकाशी के बाजार में निकल गए, और ठंड से बचने के लिए एक जैकेट भी खरीदी।
मुख्यमंत्री को खरीदारी करते देख हर कोई हैरान रह गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहाड़ के बाजार हमारे गांव और कस्बों की आर्थिकी की रीढ़ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ उप चुनाव को लेकर गुप्तकाशी पहुंचे थे। यहां राजनीतिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी कालीमठ मंदिर में दर्शन को गए। यहां से दर्शन कर लौटते वक्त अचानक मुख्यमंत्री ने गुप्तकाशी बाजार में अपनी फ्लीट रोकी और सीधे कपड़ों की दुकान में पहुंच गए। मुख्यमंत्री को आते देख दुकानदार अपने काउंटर से मुख्यमंत्री का स्वागत-सत्कार करने लगे। मुख्यमंत्री ने दुकानदार की कुशलक्षेम पूछी और एक जैकेट दिखाने को कहा। कुछ देर तक दुकानदार हैरान रह गया। लेकिन जब मुख्यमंत्री के स्टाफ भी पीछे से दुकान पहुंचे तो मुख्यमंत्री ने जैकेट देखनी शुरू कर दी।

इस दौरान दुकानदार ने मुख्यमंत्री से चाय पीने का अनुरोध किया तो मुख्यमंत्री ने सहज स्वीकार किया। बाद में मुख्यमंत्री धामी ने जैकेट खरीदकर दुकानदार को जैकेट के दाम चुकाए और धन्यवाद दिया। इस दौरान दुकानदार प्रदीप कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि 31 साल की दुकानदारी में इतने सरल, सौम्य और सादगी वाले नेता नहीं देखे।


शिक्षा विभाग को विज्ञान वर्ग में मिले 157 अतिथि प्रवक्ता

विद्यालयों में दूर होगी विज्ञान वर्ग के शिक्षकों की कमी

शिक्षा मंत्री डा. रावत के निर्देश, अतिथि शिक्षकों को शीघ्र दें तैनाती

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग में 157 और अतिथि शिक्षकों की शीघ्र तैनाती की जायेगी। इन शिक्षकों को प्रदेश के पर्वतीय व दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित तथा अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों के सापेक्ष नियुक्त किया जायेगा। इस संबंध में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को अतिथि शिक्षकों को जनपदवार शीघ्र नियुक्ति देने के निर्देश दे दिये हैं।

राज्य सरकार ने प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में विज्ञान वर्ग के विभिन्न विषयों एवं अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती करने का निर्णय लिया था। जिसके तहत विद्यालयी शिक्षा विभाग ने समय-समय पर प्रदेशभर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की तैनाती की। इसी क्रम में एक बार फिर प्रवक्ता संवर्ग में जनपदवार 157 और अतिथि शिक्षकों की नियुक्त की जायेगी। इन सभी अतिथि शिक्षकों को गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं अंग्रजी विषय के रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती दी जायेगी। जिसमें चमोली जनपद में 14 अतिथि प्रवक्ताओं को तैनात किया जायेगा, जिसमें गणित विषय में 3, भौतिक विज्ञान 5, रसायन विज्ञान 2 तथा जीव विज्ञान में 4 शामिल है।

इस प्रकार पिथौरागढ़ में 9 अतिथि प्रवक्ता को तैनाती दी जायेगी है जिसमें गणित में 4 तथा अंग्रेजी विषय में 5 शामिल हैं। पौड़ी में 41 अतिथि शिक्षक दिये गये है जिसमें गणित में 2, भौतिकी 9, रसायन 13, जीव विज्ञान 7 तथा अंग्रेजी में 10 शिक्षक शामिल है। अल्मोड़ा में 55 अतिथि शिक्षकों को तैनाती दी जायेगी। जिसमें गणित में 4, भौतिकी 24, रसायन 7, जीव विज्ञान 2 तथा अंग्रेजी में 18 शिक्षक शामिल है। उत्तरकाशी में जीव विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय में 1-1 अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति दी जायेगी। जबकि टिहरी में 8 अतिथि प्रवक्ता को नियुक्त किया जायेगा। जिसमें गणित में 3, रसायन 4 व अंग्रेजी में 1 शिक्षक शामिल है। इसी प्रकार नैनीताल में भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान विषय में 1-1 अतिथि शिक्षक शामिल है।

चम्पावत में 16 अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति दी जायेगी, जिसमें गणित में 3, भैतिकी 2, जीव विज्ञान में 1 तथा अंग्रेजी में 10 शिक्षक शामिल है। जबकि रूद्रप्रयाग जनपद में 9 अतिथि शिक्षकों को तैनाती दी है जिसमें जीव विज्ञान में 6 तथा अंग्रेजी विषय में 3 अतिथि शिक्षक शामिल हैं। इन सभी अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्र के विद्यालयों में की गई है। विज्ञान वर्ग एवं अंग्रेजी विषय में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी साथ ही उन्हें विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिये किसी अन्य विद्यालय में नहीं जाना पडेगा।

प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रवक्ता संवर्ग में 157 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति सरकार के उस प्रयास का हिस्सा है, जो विज्ञान वर्ग एवं अंग्रेजी विषय की शिक्षा को सुलभ बनाने के लिये किया जा रहा है। इस कदम से स्थानीय स्तर पर छात्रों को विज्ञान वर्ग में भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। – डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार


सरकार होम स्टे योजना को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ रही- महाराज

मदमहेश्वर घाटी के रासी, उनियाणा, राऊलैक, मनसूना सहित विभिन्न गांवों में किया जनसम्पर्क

ऊखीमठ। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ विधानसभा के उपचुनाव में ऊखीमठ मण्डल के अन्तर्गत मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभायें व जन सम्पर्क कर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के पक्ष में मतदान की अपील की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को भी केदारनाथ विधानसभा के उपचुनाव में ऊखीमठ मण्डल के अन्तर्गत मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए नुक्कड़ सभायें व जन सम्पर्क के माध्यम से भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के पक्ष में क्षेत्रीय जनता से मतदान की अपील की। उन्होंने मदमहेश्वर घाटी के रासी, उनियाणा, राऊलैक, मनसूना सहित विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क करते हुए क्षेत्रीय जनता का आह्वान करते हुए कहा कि मदमहेश्वर घाटी द्वितीय भगवान मदमहेश्वर, हिमालय में विराजमान मनणामाई व भगवती राकेश्वरी की तपस्थली होने के कारण घाटी की विशिष्ट पहचान है तथा मदमहेश्वर घाटी में तीर्थाटन, पर्यटन की अपार सम्भावनायें हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का चहुमुखी विकास हो रहा है तथा प्रतिवर्ष चारधाम यात्रा में इजाफा हो रहा है। आगामी यात्रा शुरू होने से पूर्व यात्रा के सफल संचालन के लिए यात्रा पर निर्भर हर वर्ग के सुझाव लिये जायेगे तथा स्थानीय सुझावों पर यात्रा संचालन की कार्य योजना तैयार की जायेगी।

भाजपा नेता और प्रदेश के कैबिनेट महाराज ने मंत्री कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ऋर्षिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का निर्माण कार्य 2027 तक पूर्ण हो जायेगा तथा कन्या कुमारी से लेकर कर्णप्रयाग तक का सफर सुगम होने से चार धाम यात्रा में और वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा तथा मदमहेश्वर धाम व मनणामाई तीर्थ को पर्यटन मानचित्र पर अंकित करने की सामूहिक पहल की जायेगी। मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न गांवों में होम स्टे योजना से दर्जनों युवा आत्मनिर्भर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद अन्य गांवों में भी हमारी सरकार होम स्टे योजना को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा स्थानीय उत्पादों को बढावा देने का प्रयास करेगी।

वरिष्ठ भाजपा नेता महाराज ने कहा कि मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में पुल का निर्माण आचार संहिता के बाद शीध्र किया जायेगा तथा मदमहेश्वर घाटी में फैली हर समस्या के निराकार की पहल की जायेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है तथा प्रदेश सरकार हर योजना का लाभ अन्तिम गाँव तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष मिथ्या प्रचार कर रही है। इससे कभी भी क्षेत्र का हित नहीं हो सकता है। इस मौके पर ग्रामीणों ने मनणामाई तीर्थ में मदानी नदी पर पुल निर्माण, राकेश्वरी मन्दिर में सभा मण्डप निर्माण, बुरुवा-मालदी मोटर मार्ग निर्माण, ऊखीमठ-मनसूना-अकतोली मोटर मार्ग को हाट मिक्स करने, मदमहेश्वर धाम को पांचवा धाम घोषित करने की मांग तथा रुद्रप्रयाग-चोपता-पोखरी मोटर मार्ग पर हो रहे डामरीकरण की गुणवत्ता को दरकिनार करने की भी शिकायत की।

इस अवसर पर राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भटट्, प्रधान कुन्ती देवी, महावीर पंवार, कमलेन्द्र नेगी, प्रताप राणा, राजेश्वरी देवी, देवेन्द्र पंवार, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, जगदीश लाल, गोविन्द पंवार, कुवर सिंह नेगी, भाजपा मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, राकेश धिरवाण, संजय मनवाल, भाजपा मण्डल महामंत्री दलवीर नेगी,बीरेन्द्र असवाल, धीरेन्द्र थपलियाल, प्रकाश रावत, गजपाल बर्त्वाल, परमजीत, शिव सिंह नेगी, महावीर रावत, यशपाल पंवार, नीता देवी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


ऋषिकेश नगर निगम ने दिखाई प्लास्टिक कूड़ा प्रबंधन की राह

प्लास्टिक कचरा एकत्रित करने के साथ ही इसे फिर से इस्तेमाल किया

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल के सिद्धांत को बढ़ाया आगे 

ऋषिकेश। प्लास्टिक कूड़ा प्रबंधन, हमारे शहरी जीवन के सामने एक चुनौती बनकर उभर रहा है। ऐसे में ऋषिकेश नगर निगम ने प्लास्टिक कूड़े का प्रबंधन कर नगर निकायों के सामने उदाहरण पेश किया है। नगर निगम प्लास्टिक कूड़े को ना सिर्फ सफलता पूर्वक एकत्रित कर रहा है, बल्कि इसे रीसाइकिल के जरिए फिर कई तरह से इस्तेमाल भी कर रहा है। तीर्थनगरी के साथ ही राफ्टिंग- कैम्पिंग का प्रमुख केंद्र होने के कारण ऋषिकेश में वर्षभर श्रद्धालुओं और पयर्टकों की भीड़ भाड़ लगी रहती है। इस कारण यहां प्लास्टिक कूड़ा का प्रबंधन चुनौतीपूर्ण काम है। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी की पहल पर इसके लिए ऋषिकेश नगर निगम ने सबसे पहले आईएसबीटी, त्रिवेणी घाट और वीरभद्र में प्लास्टिक बैंक की स्थापना की, प्लास्टिक बैंक के बॉक्स बनाने के लिए पुरानी प्लास्टिक बोतलों को ही इस्तेमाल किया गया। जिसमें लोग खुद खाली बोतलें या अन्य प्लास्टिक कचरा डालते हैं, इन प्लास्टिक बैंक से अब तक करीब 400 किलो तक प्लास्टिक रीसाइकिल हो चुका है। इस प्रयोग की सफलता को देखते हुए नगर निगम अब नटराज, ट्रांजिट कैम्प, रेलवे स्टेशन में भी प्लास्टिक बैंक स्थापित करने जा रहा है।

वेस्ट टू वंडर पार्क
ऋषिकेश नगर निगम ने परिसर में प्लास्टिक वेस्ट से ‘वेस्ट टू वंडर’ पार्क भी तैयार किया है, जिसमें पुराने टायर, खराब हो चुकी स्ट्रीट लाइट, साइकिल- स्कूटर जैसे सामान से बच्चों के झूले ओर सजावटी सामान तैयार किए गए हैं। साथ ही नगर निगम रीसाइकिल प्लास्टिक से बैंच, ट्री कार्ड, प्लास्टिक बैंक बॉक्स भी तैयार कर रहा है।

महिला समूहों को जोड़ा अभियान से

ऋषिकेश नगर निगम में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, के बावजूद पहले यूजर चार्ज, महज तीन लाख महीने तक ही जमा हो पाता था, लेकिन अब नगर निगम ने यूजर चार्ज वसूलने का काम, महिला स्वयं सहायता समूहों (त्रिवेणी सेना) को दे दिया है, जिसके बाद नगर निगम का कलेक्शन 13 लाख के पार चला गया है। इसमें से नगर निगम महिला समूहों को 25 प्रतिशत लाभांश देता है। इस तरह करीब 250 महिलाओं को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिला है।

सभी निकायों को प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण की ठोस व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। इस दिशा निकायों के स्तर पर कई नवीन प्रयास किए जा रहे हैं, कुछ जगह क्यूआर कोड के जरिए भी प्लास्टिक की वापसी की जा रही है। सरकार इस दिशा में बेहतर काम करने वाले निकायों का पुरस्कृत भी कर रही है।


केदारनाथ उपचुनाव- चोपता में पकड़ी गई अवैध शराब, कांग्रेसियों ने किया जमकर हंगामा

देखें वीडियो, चोपता में शराब पर हुआ हंगामा

शराब को लेकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

भाजपा का आरोप- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे

चोपता। जिसका डर था वही बात हो गयी..केदारनाथ उपचुनाव में शराब शराब का खेल भी शुरू हो गया। रविवार की रात चोपता बाजार में शराब से लदी कार और एक अन्य वाहन पकड़ा गया। कार के शीशे में सदस्य भाजपा कार्यसमिति का स्टिकर लगा हुआ था।

दून नंबर की कार व ट्रक पकड़े जाने पर कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत, विक्रम नेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। सभी मिलकर भाजपा के खिलाफ नारे लगाने लगे। रात में उखीमठ पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए।

इस मुद्दे के भड़कने के बाद केदार विधानसभा के प्रचार ने नया रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार को इस मुद्दे पर भाजपा व कांग्रेस एक दूसरे को दोषी ठहराने पर तुली है। माहौल गर्म हो रखा है।

 

कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

चोपता के बाजार मे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य की गाड़ी में पकड़ी गई शराब को लेकर भाजपा का बयान उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की कहावत को चरितार्थ कर रहा है।
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि जिस गाड़ी को शराब ले जाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पकड़ा उस पर साफ तौर से भाजपा कार्यसमिति सदस्य लिखा हुआ है।

चूंकि केदारनाथ चुनाव अपने अंतिम पड़ाव पर है, इस पकड़ी गई शराब और व्यापक स्तर पर हो रही भाजपा की किरकिरी पर भारतीय जनता पार्टी बौखलाहट में पुलिस प्रशासन और जनता को बरगलाने और झूठ परोसने पर उतर आई है।
दसोनी ने कहा “प्रत्यक्षम किम प्रमाणम”प्रत्यक्ष को प्रमाण की कोई जरूरत नहीं होती कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने रात को ही सोशल मीडिया पर लाइव के माध्यम से जनता के सामने सारा सच रख दिया है जिसमें कहीं शक की कोई गुंजाइश नहीं बचती।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वह पदाधिकारी जो विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रहे हैं वह बताएं कि उन्होंने तुरंत वीडियो क्यों नहीं बनाया और शिकायत क्यों नहीं की?एक ओर जहां शराब पकड़ी गई वहां कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी मनोज रावत ,प्रताप नगर विधायक विक्रम नेगी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जयेंद्र रमोला ,संतोष रावत इत्यादि ने स्वयं मौजूद थे। भाजपा नेता कहां थे?

दसौनी ने कहा कि जब रायता फैल गया तब भाजपाइयों को झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है।
गरिमा ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश पर जहां एक तरफ स्थानीय लोगों की गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है, दूसरी तरफ विधानसभा क्षेत्र में किसी भी सरकारी अधिकारी की तरफ से भाजपा नेताओं और हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली रजिस्ट्रेशन के वाहनों की तलाशी नहीं ली जा रही है।

भाजपा का आरोप- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे

दुष्प्रचार के सहारे कांग्रेस फिर कुछ कारनामा करने की सोच रही है, लेकिन झूठ को सौ बार भी बोला जाए तो वह सच नही हो सकता। चोपता बाजार मे शराब की जो गाड़ी पकड़ी गयी वह किसकी है? ड्राइवर तो कांग्रेसी होने की सूचना है। हमारे भाजपा मंडल अध्यक्ष ने तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की है। कांग्रेस तो शराब से भाजपा का नाम जोड़कर चुनाव को प्रभावित करने का हथकंडा अपना रही है, लेकिन जनता का क्या करेगी। उसे सब पता है।

पहले पहाड़ को डेनिस के मकड़जाल मे फंसाने वाले अब दुष्प्रचार को हवा दे रहे हैं। इसे ही कहते हैं उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे..


केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए आज शाम 5 बजे बंद हो जाएगा प्रचार- प्रसार का शोर 

मतदान और मतगणना के लिए निर्वाचन विभाग की तैयारियां पूरी 

शैलारानी रावत के निधन से खाली हो गई थी सीट 

कुल 90875 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग 

देहरादून। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए आज प्रचार बंद हो जाएगा। 20 नवंबर को मतदान और 23 को मतगणना होगी। शांतिपूर्ण मतदान और मतगणना के लिए निर्वाचन विभाग और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस वर्ष 9 जुलाई को केदारनाथ विस की विधायक शैलारानी रावत के निधन से सीट खाली हो गई थी। 15 अक्तूबर को भारत निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। 22 से 29 अक्तूबर तक नामांकन प्रकिया के तहत 6 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन किया।

17 दिनों से सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे
इस उपचुनाव में भाजपा से आशा नौटियाल, कांग्रेस से मनोज रावत, उक्रांद से डॉ आशुतोष भंडारी के अलावा निर्दलीय त्रिभुवन चौहान, आरपी सिंह और प्रदीप रोहन रुढ़िया हैं। बीते 17 दिनों से सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। आज शाम 5 बजे प्रचार खत्म हो जाएगा।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि केदारनाथ विस उप चुनाव में कुल 90875 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 173 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 18 नवंबर को दूरस्थ गौंडार, रांसी, चिलौंड मतदान केंद्र के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, जबकि 19 नवंबर को अन्य शेष पार्टियां रवाना की जाएंगी। उन्होंने बताया शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं।


जय श्री बद्री विशाल के उदघोष के साथ श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट हुए बंद

देव डोलियों ने योग बदरी पांडुकेश्वर तथा जोशीमठ प्रस्थान किया,19 नवंबर से शीतकालीन पूजाएं शुरू होंगी

दस हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट बंद के दिन रहे मौजूद

श्री बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया

योग बदरी पांडुकेश्वर व श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में 19 नवंबर से शीतकालीन पूजाएं शुरू होंगी

श्री बदरीनाथ धाम। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार 17 नवंबर को सेना के भक्तिमय बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ विधि- विधान से जय बदरीविशाल के उदघोष के साथ आज रात्रि 9 बजकर 07 बजे शीतकाल के लिए बंद हो गये । आज कपाट बंद होने के दिन तक साढ़े सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए है।इस दौरान बदरीनाथ धाम में पहाड़ियों पर बर्फ देखी जा सकती है जिससे सुबह शाम सर्द बयारें चल रही है कपाट बंद होने हेतु श्री बदरीनाथ पुष्प सेवा समिति ऋषिकेश ने मंदिर को फूलों से सजाया है।
स्थानीय लोक कलाकारों तथा महिला मंगल दल बामणी, पांडुकेश्वर द्वारा स्थानीय लोकनृत्य तथा जागर आदि का आयोजन किया जाएगा दानीदाताओं तथा सेना ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया है श्री बदरीनाथ धाम में मौसम साफ है शाम सुबह सर्दी है तीर्थयात्रियों की चहल-पहल कपाट बंद होने के अंतिम दिन तक बनी रही।

श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने अपने संदेश में यात्रा समापन के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी है तथा श्री बदरीनाथ यात्रा से जुड़े सभी विभागों संस्थाओं का आभार जताया है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने यात्रा समापन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने श्री बदरीनाथ धाम यात्रा समापन के अवसर पर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किये तथा कहा कि प्रशासन तथा मंदिर समिति के समन्वयन से श्री बदरीनाथ यात्रा कुशलतापूर्वक संपन्न हो रही है रिकार्ड संख्या में तीर्थयात्री पहुंचे है। श्री बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान का कार्य तेजी से चल रहा है जिससे तीर्थयात्रियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि इस यात्रा वर्ष श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का सफल समापन हो रहा है सवा चौदह लाख से अधिक संख्या में तीर्थयात्रियों ने बदरीनाथ धाम के दर्शन किये हैं मंदिर समिति ने तीर्थयात्रियों के सरल सुगम दर्शन व्यवस्था की।

कपाट बंद होने के दिन आज शाम शयन आरती पूजा अर्चना शुरू होने से पहले शाय: तक श्रद्धालु दर्शन‌ किया दिन में भोग के बाद मंदिर बंद नही हुआ।तथा रात्रि 7.30 बजे से कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हो गयी। रावल अमरनाथ नंबूदरी धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, अमित बंदोलिया ने कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी की ।श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी श्री बदरीनाथ मंदिर गर्भ गृह से बाहर आये तथा इसके बाद रावल अमरनाथ नंबूदरी स्त्री रूप धारणकर मां लक्ष्मी को मंदिर गर्भ गृह में विराजममान किया

तत्पश्चात रात्रि सवा 8 बजे भगवान बदरीविशाल को माणा महिला मंगल दल द्वारा बुनकर तैयार किया गया घृत कंबल औढाया गया उसके बाद रात 9 बजकर 07 मिनट रावल अमरनाथ नंबूदरी द्वारा श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंदकर दिये। उल्लेखनीय है कि बुधवार 13 नवंबर से पंचपूजाएं शुरू हो गयी थी पंच पूजाओं के अंतर्गत पहले दिन भगवान गणेश की पूजा हुई, शाम को इसी दिन भगवान गणेश के कपाट बंद हो गये। दूसरे दिन बृहस्पतिवार 14 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर तथा शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हुए। तीसरे दिन शुक्रवार 15 नवंबर को खडग पुस्तक पूजन तथा वेद ऋचाओं का वाचन बंद हो गया।चौथे दिन शनिवार 16 नवंबर मां लक्ष्मी जी का कढ़ाई भोग चढाया गया। आज रविवार 17 नवंबर को रात 9 बजकर 07 मिनट पर श्री बदरीनाथ घाम के कपाट बंद हो गये।

यहां यह भी विदित है कि कपाट बंद होने की तिथि तय होने के कार्यक्रम विजयदशमी सोमवार 12 अक्टूबर बदरीनाथ धाम की आगामी या़त्रा के लिए हकहकूकधरियों को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने पगड़ी भेंटकर यात्रा वर्ष 2025 के लिए भंडार की जिम्मेदारी दी गयी थी गयी। इसी दिन श्री बदरीनाथ धाम के कपाट के बंद होने के कार्यक्रम के अलावा श्री कुबेर जी श्री उद्धव जी के योग बदरी पांडुकेश्वर प्रस्थान तथा रावल जी तथा आदि गुरू शंकराचार्य जी की गद्दी के जोशीमठ प्रस्थान का कार्यक्रम घोषित किया गया था।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया कि आज 17 नवंबर रविवार रात्रि को भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने के बाद कल सोमवार प्रात:18 नवंबर सोमवार को 10 बजे श्री उद्धवजी श्री कुबेर जी एवं रावल जी सहित आदि गुरू शंकराचार्य की गद्दी योग बदरी पांडुकेश्वर प्रस्थान करेगी। श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी शीतकाल में पांडुकेश्वर प्रवास करेंगे तथा 18 नवंबर को पांडुकेश्वर प्रवास के बाद 19 नवंबर को आदि गुरू शंकराचार्य की गद्दी रावल धर्माधिकारी वेदपाठी सहित श्री नृसिह मंदिर जोशीमठ प्रस्थान करेगी। इसके बाद योग बदरी पांडुकेश्वर तथा श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजायें भी शुरू हो जायेगी। इससे पहले लेखाकार भूपेंद्र रावत, संदेश मेहता, प्रदीप भट्ट की देखरेख में भगवान बदरीविशाल के खजाने के साथ श्री गरूड़ जी 18 नवंबर सोमवार को श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंचेंगे।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के दिन कोटद्वार विधायक दिलीप रावत, बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती,श्री बदरीनाथ’ केदारनाथ मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर पंवार, जिलाधिकारी संदीप तिवारी मंदिर समिति सदस्य वीरेंद्र असवाल, पुष्कर जोशी, आशुतोष डिमरी, भास्कर डिमरी बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ,अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी,मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, ईओ नगर पंचायत सुनील पुरोहित, थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ,प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट अवर अभियंता गिरीश रावत,राजेंद्र सेमवाल,मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, विनोद डिमरी, पीताम्बर मोल्फा,अजीत भंडारी,योगंबर नेगी,अजय सती, अनसूया नौटियाल, दिनेश भट्ट सहित मंदिर समिति के सभी अधिकारी कर्मचारी, डिमरी पंचायत प्रतिनिधि,हक हकूहकधारी एवं बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद रहेंगे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp